दुर्गा पूजा पंडालों एवं विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*
*संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से संयुक्त निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निस्तारण कराएं: जिलाधिकारी*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही । जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दृष्टिगत जनपद में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा अग्नि एवं अन्य दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी, तत्परता एवं लगन के साथ निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समस्त पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, विद्युत विभाग, पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक-पृथक मार्ग, मजबूत बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षित विद्युत वायरिंग, अस्थायी संरचनाओं की मजबूती तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था का परीक्षण किया जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों, सड़कों पर गड्ढों, बैरिकेडिंग की मजबूती एवं अन्य अवरोधों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को संबंधित आयोजकों के माध्यम से तत्काल दूर कराया जाए। किसी भी प्रकार की गंभीर कमी अथवा संभावित दुर्घटना की आशंका होने पर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दशहरा मेले एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान सतर्कता बरतते हुए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करें तथा निरीक्षण में पाई गई कमियों और उनके निस्तारण के संबंध में अनुपालन आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
Oct 18 2026, 19:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k