मऊ ग्राम सभा अमारी में भव्य सीता स्वयंवर का आयोजन, राम-सीता विवाह प्रसंग ने मोहा दर्शकों का मन
मऊ। जनपद मऊ के ग्राम सभा अमारी में शनिवार की रात्रि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत भव्य सीता स्वयंवर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर रामलीला के मनोहारी मंचन का आनंद लिया।

सीता स्वयंवर के प्रसंग में भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करने और माता सीता द्वारा श्रीराम को वरमाला पहनाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

इसके साथ ही श्रीराम-सीता विवाह तथा लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के विवाह से जुड़े प्रसंगों का भी भव्य मंचन किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजन समिति के संयोजक अरविंद राय, अशोक राय राजेश राय, बेचू राय , सिकंदर राय, राहुल राय एवं ग्रामीणों की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रही।
मऊ के ग्रामीण इलाकों में छाया घना कोहरा, ठंड का बढ़ा असर

मऊ। रविवार सुबह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी नजर आई। ग्रामीण इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए।

कोहरे का असर खासकर खुले ग्रामीण मार्गों और खेत-खलिहानों के आसपास अधिक देखने को मिला।

सुबह की धुंध ने जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को सर्दी का एहसास भी हुआ।
चंदौली में शराब तस्करी का नेटवर्क फिर सक्रिय या बदला ठिकाना?

चंदौली। बिहार में शराबबंदी के बावजूद चंदौली जनपद में अवैध शराब की तस्करी का मामला समय-समय पर सामने आता रहा है। डीडीयू जंक्शन और मुगलसराय के नगर क्षेत्र से लेकर सकलडीहा और तुलसी आश्रम तक शराब तस्करी से जुड़ी खबरें चर्चा में रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जिले में शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगा है या तस्करों ने अपना तरीका और ठिकाना बदल लिया है?

विगत दिनों सकलडीहा और तुलसी आश्रम क्षेत्र से शराब तस्करी की खबरें लगातार सामने आती रही हैं। वहीं, डीडीयू जंक्शन और मुगलसराय के नगर क्षेत्र से पिछले कुछ दिनों में शराब बरामदगी की खबरें सामने नहीं आने से सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, बरामदगी की खबरें सामने नहीं आने का मतलब यह नहीं है कि तस्करी बंद हो गई है या तस्करों को किसी तरह की छूट मिल रही है। इसकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के आंकड़ों की पड़ताल जरूरी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल बरामदगी तक सीमित है या तस्करी के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है? क्या डीडीयू जंक्शन, मुगलसराय नगर क्षेत्र, सकलडीहा और तुलसी आश्रम में निगरानी की व्यवस्था समान रूप से प्रभावी है? क्या संबंधित एजेंसियां तस्करी के संभावित मार्गों और नेटवर्क की पहचान कर रही हैं?

इन सवालों के बीच स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। संबंधित विभागों की ओर से हाल के दिनों में की गई चेकिंग, शराब बरामदगी और तस्करी के मामलों में दर्ज कार्रवाई का विवरण सामने आने से स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग केवल बरामदगी के मामलों पर ही नहीं, बल्कि शराब की तस्करी के संभावित मार्गों और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क पर भी ध्यान दें। साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक हो, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तस्करी पर वास्तव में अंकुश लगा है या तस्वीर कुछ और है।
चंदौली में 6.5 कुंतल कथित गोमांस बरामद, एक गिरफ्तार; दो फरार

चंदौली। जिले में अलीनगर पुलिस ने सिंधीताली पुल के पास कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 6 कुंतल 500 ग्राम कथित गोमांस बरामद किया है। मौके से बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने इनोवा कार को सीज कर दिया है। मौके से दो चापड़ भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बरामद मांस का पशु चिकित्साधिकारी से भौतिक परीक्षण कराया। चिकित्साधिकारी ने मांस को गोमांस बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों मुगलसराय निवासी हैं। मामले में इनोवा कार की मालकिन के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

भारी मात्रा में मांस की बरामदगी और दो आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश और बरामद मांस के स्रोत से संबंधित तथ्यों की पुष्टि जांच के महत्वपूर्ण पहलू होंगे।
नगर क्षेत्र में संचालित एस एन हॉस्पिटल तहसीलदार व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सील, जांच में मिलीं प्रतिबंधित दवाएं
कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। नगर क्षेत्र में संचालित एस एन हॉस्पिटल तहसीलदार व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सील, जांच में मिलीं प्रतिबंधित दवाएं। नहर कॉलोनी के निकट संचालित एस एन हॉस्पिटल को शिकायत के बाद शनिवार को सील कर दिया गया। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेई के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल की जांच की, इस दौरान प्रतिबंधित दवाएं मिलने और पंजीकरण सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न करा पाने पर सील करने की कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश पर पहुंची टीम ने अस्पताल में जांच-पड़ताल की अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल संचालक पंजीकरण सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके व जांच के दौरान मिली प्रतिबंधित दवाओं को जब्त कर  अस्पताल को सील कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेई ने बताया कि, अस्पताल के विरुद्ध आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत मिली थी। शिकायत में सीजर, प्रसव और अन्य उपचार अवैध तरीके से किए जाने के आरोप लगाए गए थे। शिकायत के आधार पर जांच की गई, जिसमें कमियां मिलने पर कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, क्षेत्र के अन्य अस्पतालों में भी हलचल देखने को मिली। कार्रवाई के दौरान डॉ. गोविंद गुप्ता, डॉ. प्रणव और फार्मासिस्ट डीसी गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
नवरात्रि की अष्टमी पर गौरव कुमार ने श्रद्धा और भक्ति के साथ किया कन्या पूजन, कन्याओं को कराया भोजनp

मोनू भाटी संवाददाता मवाना।

मवाना।फलावदा ।नवरात्रि की पावन अष्टमी के शुभ अवसर पर फलावदा के भगत सिंह चौक निवासी गौरव कुमार ने पूरे श्रद्धा-भाव और धार्मिक उत्साह के साथ कन्या पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानी जाने वाली कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में भक्तिभाव और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

नवरात्रि के पावन पर्व पर घरों और मंदिरों में मां दुर्गा की आराधना के साथ कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए गौरव कुमार ने कन्याओं को आदरपूर्वक आमंत्रित किया और उनके चरण धोकर तिलक लगाया। इसके बाद श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।

इस अवसर पर गौरव कुमार व्यापारी नेता ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें शक्ति, श्रद्धा, सेवा और संस्कारों का संदेश देता है। कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसमें बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया जाता है। बेटियां परिवार और समाज की खुशहाली का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को बेटियों का सम्मान करना चाहिए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक, संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा
मऊ बड़ागांव स्थित मंगलम भवन में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के संबंध में आयोजित बैठक में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल होकर संगठनात्मक तैयारियों एवं आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की किए |

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा  भाजपा जिलाध्यक्ष  रामाश्रय मौर्य  सहित पार्टी के सम्मानित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, आपसी समन्वय और रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321E द्वारा प्रयागराज में डांडिया रास एवं गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन

लायन सदस्यों एवं उनके परिवारों ने उत्साह और उमंग के साथ लिया भाग, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321E द्वारा प्रयागराज में डांडिया रास एवं गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उत्सवपूर्ण वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में लायन सदस्यों, उनके परिवारजनों तथा आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पारंपरिक संगीत एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।कार्यक्रम के मुख्य व्यवस्थापक लायन जगमोहन अग्रवाल ने बताया कि मंडलाध्यक्ष लायन उदय चन्दानी के मुख्य आतिथ्य तथा निवर्तमान मंडलाध्यक्ष लायन डॉ. अर्पण धर दुबे एवं उपमंडलाध्यक्ष लायन उमेश चंद्र कक्कड़ की विशिष्ट उपस्थिति में डांडिया रास के साथ विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष लायन उदय चन्दानी ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों को संबोधित किया। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों को लायंस के सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता और जनसहयोग के माध्यम से लायंस क्लब द्वारा संचालित जनहितकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंडलाध्यक्ष लायन डॉ. आनंद श्रीवास्तव, लायन कुंवर बी.एम. सिंह, मंडल कैबिनेट सेक्रेटरी लायन राकेश मोहन बाला, कैबिनेट कोषाध्यक्ष लायन सतीश टंडन, जनसंपर्क अधिकारी लायन बृजेंद्र वाजपेयी सहित आयोजन समिति के लायन अनिल जायसवाल, लायन संजय गुप्ता, लायन वीरेंद्र जायसवाल एवं लायन ऋषि सेठी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न रीजन एवं जोन अधिकारियों तथा अनेक लायंस क्लबों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।डांडिया और गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों, मनोरंजक प्रतियोगिताओं तथा सदस्यों के उत्साहपूर्ण सहयोग से पूरा आयोजन उल्लास, सौहार्द और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक बन गया। इस आयोजन ने लायंस परिवार के सदस्यों के बीच आपसी मेलजोल, एकता और सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहित करने के साथ सेवा भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की।
सूरत के पिपलोद निर्माण साइट से 200000 रुपए का लोहे का तार चोरी , हड़कंप

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

शहर के पिपलोद स्थित नया चौक जी आईडीसी क्षेत्र में चोरी का एक मामला सामने आया है। हर्ष अस्पताल के पास जल रहे सेलिब्रेशन प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन साइट से चोरों ने लगभग 2 लख रुपए की कीमत का लोगे वह सेटिरग का तार पर कर दिया घटना का पता शुक्रवार को सुबह चला।
मूल रूप से मांडा (प्रयागराज) के निवासी और वर्तमान में  A-411 जीआईडीसी नया चौक पिपलोद सूरत में रह रहे आवेदक प्रमोद हरिभान सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी दी। पीड़ित प्रमोद हरिवन के अनुसार प्रोजेक्ट साइट पर काम के लिए लोहे और शटरिंग के तार के 15 से 16 बंडल रखे हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:00 बजे जब साइट पर सामान की जांच की गई तो तार के बंडल गायब मिले । जब सामान का कोई पता नहीं चला तब चोरी की पुष्टि हुई। इस चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज कंगाल कर चोरों का सुराग लगाने की कार्रवाई कर रही है।
सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर समेत तीन के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में विधानसभा चुनाव-2022 के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड-19 गाइडलाइंस के उल्लंघन के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने शनिवार को सख्त रुख अपनाया। अदालत ने व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश के बावजूद अनुपस्थित रहने पर समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक डॉ. रागिनी सोनकर समेत तीन आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया। आरोपितों की ओर से पेशी से छूट और सुनवाई स्थगित करने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र को अदालत ने खारिज कर दिया।

मामले के अनुसार, 17 फरवरी 2022 को मछलीशहर थाने में तत्कालीन सपा उम्मीदवार डॉ. रागिनी सोनकर, सरवर राईन, मोहम्मद मुस्ताक, राजेश यादव, कैलाश सोनकर और 100 से 125 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि चुनाव के दौरान समर्थकों के साथ वाहन और पैदल जुलूस निकालकर आवागमन बाधित किया गया। पुलिस के मुताबिक, जुलूस में झंडे और बैनर लहराए जा रहे थे। समझाने के बावजूद निर्वाचन आयोग के निर्देशों और कोविड नियमों का उल्लंघन किया गया।

पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान दर्ज होने के बाद मामला आरोपितों के बयान दर्ज करने के लिए नियत किया गया। पिछली तारीख पर अदालत ने सभी आरोपितों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

शनिवार को सुनवाई के दौरान सरवर राईन और मोहम्मद मुस्ताक अदालत में उपस्थित हुए, जबकि डॉ. रागिनी सोनकर समेत तीन आरोपित अनुपस्थित रहे। डॉ. रागिनी सोनकर और कैलाश सोनकर की ओर से पेशी से छूट की अर्जी दी गई। इसमें विधानसभा की बैठक के सिलसिले में लखनऊ जाने के कारण अदालत में उपस्थित नहीं हो पाने का हवाला दिया गया। अदालत ने अर्जी स्वीकार नहीं की और अनुपस्थित तीन आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।

इस मामले में विधायक डॉ. रागिनी सोनकर में बताया कि सिर्फ गुमराह करने के लिए यह खबर चलाई जा रही है। 2022 का मामला है इस मामले में हमारे अधिवक्ता लगातार तारीखों पर उपस्थित होकर कार्रवाई कर रहे हैं। अगली तारीख 22 अक्टूबर को है। इस मामले में मैं अपने अधिवक्ता से बात कर रही हूं यह सब खबर भ्रामक फैलाई जा रही है।