मऊ त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में 700 सीसी कैमरे दुरुस्त
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। दशहरा, दीपावली समेत आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया है।

त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कोतवाली क्षेत्र में लगाए गए करीब 700 सीसी कैमरों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया गया है।

पुलिस के अनुसार वलीदपुर, कोइरियापार, देवलास, सीकटिया, करहा, मुहम्मदाबाद गोहना, अतरारी चुंगी, शहीद चौक, विजय स्तंभ और कैलेंडर तिराहा समेत प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों को ठीक कराया गया है। इससे बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी व्यवस्था और मजबूत होगी।

त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ने के साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों, मेलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।

ऐसे में सीसी कैमरों के माध्यम से पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। चोरी, छिनैती सहित अन्य घटनाओं की स्थिति में फुटेज के आधार पर जांच और संदिग्धों की पहचान करने में भी सहूलियत होगी।

वहीं, दशहरा पर्व को लेकर कोतवाली क्षेत्र में कुल 46 और मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में पांच दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने की तैयारियां आयोजकों द्वारा तेज कर दी गई हैं।

रविवार से माता दुर्गा के भव्य श्रृंगार और पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से त्योहारों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
मऊ मुहम्मदाबाद गोहना में संपूर्ण समाधान दिवस: 109 शिकायतों में 9 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय तहसील परिसर के सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने की।

इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यों के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 109 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

वहीं, अन्य मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की टीमें गठित कर भेजने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग की सबसे अधिक शिकायतें
प्राप्त प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग से संबंधित 55, पुलिस विभाग से 27 तथा अन्य विभागों से संबंधित 27 शिकायतें शामिल रहीं।

इस दौरान श्याम देव यादव निवासी शाहपुर ने खतौनी में गलत अंश निर्धारण, बालचंद निवासी अरीपुर ने चकमार्ग पर निर्माण, कृष्ण कुमार राय ने जमीन के हिस्से पर कब्जा नहीं मिलने तथा दिनेश शर्मा निवासी पालगढ़ ने चकमार्ग के सीमांकन को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
वहीं, प्रमोद कुमार निवासी रसूलपुर, चिरैयाकोट ने पेड़ काटने और शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।

सोनी मौर्य निवासी चिरैयाकोट ने गांव के एक व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत की।
जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की जांच कर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

ये अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, तहसीलदार सुधांशु शेखर, तहसीलदार न्यायिक डॉ. धर्मेंद्र कुमार पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत महेश चंद्र विश्वकर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, वरिष्ठ हाट निरीक्षक मोहम्मद इसरार, अधिशासी अभियंता नगर पंचायत देवेश मिश्रा सहित अन्य जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
17 दिन से धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं ने टीकाकरण कक्ष बंद किया, पुलिस पहुंची तो माफी की शर्त पर अड़ीं

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आशा बहुओं और आशा संगिनियों का आंदोलन शनिवार को और तेज हो गया। मांगें पूरी न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कोल्ड चेन रूम में ताला लगा दिया। इससे क्षेत्र में टीकाकरण का काम प्रभावित हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आशा बहुओं से ताला खोलने को कहा, लेकिन वे संबंधित प्रभारी से माफी मांगने की मांग पर अड़ गईं।

आशा बहुएं और आशा संगिनियां एक अक्टूबर से लगातार धरने पर बैठी हैं। उनका कहना है कि वे जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को मांगपत्र सौंप चुकी हैं, लेकिन अब तक मानदेय बढ़ाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और न ही उन्हें कोई आश्वासन मिला है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्षों से मिलने वाले दो हजार रुपये के मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है।

आशा कार्यकर्ताओं ने आशा संगिनियों के लिए 26 हजार रुपये और आशा बहुओं के लिए 21 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर उनकी मांगें स्वीकार कराने की अपील की।

प्रभारी ने पुलिस और अधिकारियों को दी सूचना

कोल्ड चेन रूम प्रभारी रामनरेश ने तालाबंदी के संबंध में उच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना देने के लिए पत्र भेजा। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आशा बहुओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक संबंधित प्रभारी उनसे माफी नहीं मांगेंगे, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा।

प्रभारी रामनरेश के अनुसार, शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और क्षेत्र में टीकाकरण कार्यक्रम प्रस्तावित था। कोल्ड चेन रूम बंद होने से टीकाकरण नियमित रूप से नहीं हो सका। कोल्ड चैन रूम प्रभारी रामनरेश ने बताया कि बीते 10 अक्टूबर से आशा बंहुए कोल्ड चैन रूम में ताला लगा रही है, जिससे टीकाकरण प्रभावित हो रहा है ।

वहीं, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने चेतावनी दी कि तालाबंदी से टीकाकरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आशा बहुओं को तालाबंदी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

अधीक्षक डॉ विपिन सिंह से वार्ता के बाद करीब 3:45 बजे आशा बहुओं एवं आशा संगीनियों ने कोल्ड चैन रूम का ताला खोल दिया ।

धरने के दौरान जिलाध्यक्ष शिप्रा सक्सेना, उर्मिला, अर्चना, पूजा, सविता, उषा, सुशील शाक्य, सुदामा देवी, रजनी और सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
एन के एकेडमी विद्यालय में नवरात्रि पर कार्यक्रम का आयोजन

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। नवरात्रि के पावन अवसर पर एन के एकेडमी विद्यालय परिसर में शनिवार को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नौ देवियों के स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। जिसके साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों मर्यादा और भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाले रामायण मंचन का भी बच्चों द्वारा आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति धार्मिक परम्पराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को प्रस्तुत कर पूरे कार्यक्रम में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातारण बना रहा। जिसमें सभी  अतिथियों एवं अभिभावक गणों ने बच्चों द्वारा की गई प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आनंद लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अनुपम चन्द्र अग्रवाल एवं डायरेक्टर मधू अग्रवाल प्रिंसिपल शिवानी प्रसाद एच.ओ.डी मोहित दुबे एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
छात्राओं और महिलाओं को मिशन शक्ति के तहत किया गया जागरूक

फर्रुखाबाद।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के साथ-साथ महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाओं तथा बाल मजदूरी न कराने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

*
किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु 21 अक्टूबर को आयोजित होगा किसान दिवस*
फर्रुखाबाद। किसानों की समस्याओं के प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस आयोजित किए जाने के निर्देशों के क्रम में माह अक्टूबर, 2026 का किसान दिवस  21 अक्टूबर, 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से विकास भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा। किसान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर द्वारा की जाएगी।

उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्र ने जनपद के समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपनी-अपनी विभागीय सूचनाओं के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर किसान दिवस में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।

उन्होंने बताया कि किसान दिवस में उपस्थित कृषकों एवं कृषक प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का त्वरित एवं यथाशीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, पूर्व में आयोजित किसान दिवस की बैठक में दिए गए निर्देशों एवं कार्यवाही का अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसानों को कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सुविधा मिल सके।
ऐतिहासिक स्थलों के वाहन को सी डी ओ ने दिखाई हरी झंडी

फर्रुखाबाद।
सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन माह के अंतर्गत पर्यटन विभाग के माध्यम से आज  सोशल इनफ्लुएंसर, युटुबर, ब्लॉगर की टीम को जनपद से आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराए जाने हेतु मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया गयाl इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि इन कार्यक्रमों से जनपद में पर्यटन के क्षेत्र में लोगों के मध्य जागरूकता बढ़ेगी साथ ही पर्यटन स्थलों को और अधिक अच्छे से एक्सप्लोर किया जा सकता हैl उन्होंने यह भी  बताया कि इस तरह के टूर पर्यटन विभाग के माध्यम से  आगे भी कराए जाते रहेंगेl
पूर्व में  कई सोशल इनफ्लुएंसर द्वारा जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एक्सप्लोर किया गया था तथा भ्रमण कर उसे पर्यटन के नक्शे पर लाए जाने तथा आम लोगों को जागरुक कर जनपद र्में पर्यटकों को आकर्षित किए जाने का कार्य किया गया इस दौरान कार्यक्रम के संयोजन कर रहे पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ एम0 मकबूल उपस्थित रहे ।
आर्मी पब्लिक स्कूल में ‘सृजन’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन*


फर्रुखाबाद । आर्मी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ कैण्ट में  ‘सृजन’ नाम से एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सिखलाई रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट एवं विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत विषयों में अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडलों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक घटनाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवन्त रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित आकर्षक चित्रों एवं पेंटिंग्स की आगन्तुक अभिभावकों तथा सैन्य अधिकारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। संगीत कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों के लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हिन्दी एवं अंग्रेजी की प्रदर्शनी में विषयवस्तु पर आधारित मॉडलों के साथ-साथ नाट्य कला का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। संस्कृत प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मॉडलों के अतिरिक्त प्राचीन भारतीय शिक्षा-पद्धति ‘गुरुकुल व्यवस्था’ के सजीव दृश्य ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परम्परा एवं प्राचीन शिक्षा-व्यवस्था की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस दौरान मेजर राकेश राघव, मेजर सी. आई. सिंह सहित अनेक सैन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा तथा उपप्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति, कलात्मक प्रतिभा, भाषा कौशल एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी रुचि को प्रदर्शित करने का एक सराहनीय माध्यम बनी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रावासों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 26 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
स्नातक और एलएलबी पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं को राहत, आवंटित छात्रावास में प्रक्रिया पूरी कर ले सकेंगे प्रवेश

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के छात्रावासों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 26 अक्टूबर कर दी है। अब स्नातक (यूजी) और विधि स्नातक (एलएलबी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी सोमवार, 26 अक्टूबर तक अपने आवंटित छात्रावास में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय में छात्रावास में प्रवेश नहीं ले पाए थे।

विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सूर्या भान सिंह ने शनिवार को बताया कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। जिन छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर छात्रावास आवंटित किया गया है, वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए 26 अक्टूबर तक प्रवेश ले सकते हैं।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी आवास संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी प्रयासरत है। छात्रावास में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देना है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल समय की कमी के कारण प्रवेश से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा कि संबंधित छात्र-छात्राएं अपने आवंटित छात्रावास के वार्डन या अधीक्षक से संपर्क कर प्रवेश की औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में उन्हें छात्रावास की सुविधा का लाभ मिल सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रावासों के वार्डन और अधीक्षकों को भी इस संबंध में सूचना भेज दी है, ताकि विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने में आवश्यक सहयोग मिल सके।
श्रावस्ती: चोरी की सूचना पर कार्रवाई न करने वाले चौकी प्रभारी निलंबित
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में चोरी की सूचना पर कार्रवाई और घटनास्थल का निरीक्षण न करने के आरोप में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने शनिवार को लक्ष्मनपुर बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, 15 अक्टूबर को लक्ष्मनपुर बाजार निवासी बुद्धू उर्फ रफातुल्ला ने चौकी प्रभारी को 50 हजार रुपये चोरी होने की सूचना दी थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद उपनिरीक्षक ने न तो घटनास्थल का निरीक्षण किया और न ही कोई विधिक कार्रवाई की। इसके अलावा मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत नहीं कराया गया।

प्रकरण की जांच में पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और अनियमितता सामने आने पर पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।