जमीन विवाद से परेशान किसान ने खुद को लगाई आग
जौनपुर में गंभीर रूप से झुलसा किसान अस्पताल में भर्ती

वीडियो बनाकर लगाए आरोप; पुलिस जांच में जुटी

जौनपुर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में जमीन विवाद से परेशान एक किसान ने शनिवार सुबह खुद को आग लगा ली। गंभीर रुप से झुलसे किसान काे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव के 35 वर्षीय किसान दिनेश कुमार मौर्य ने आज सुबह खुद काे आग लगा ली और गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसी हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आत्मदाह से पहले किसान ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

किसान दिनेश के मुताबिक, शुक्रवार को वह अपनी बहन को बीएचयू में भर्ती कराने गए थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान ने उनकी जमीन पर सड़क निर्माण शुरू करा दिया। उनकी पत्नी और बेटे लकी ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और मोबाइल छीन लिया। शनिवार भोर में घर लौटने पर दिनेश को सड़क निर्माण की जानकारी हुई। इससे परेशान होकर उन्होंने वीडियो बनाया, जिसमें अपनी पीड़ा और जमीन विवाद से जुड़ी बातें बताईं। इसके बाद उन्होंने खुद को आग लगा ली। घटना में उनके हाथ, पैर और गर्दन गंभीर रूप से झुलस गए। मामले में लाइन बाजार थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

मामले में जिलाधिकारी सैमुअल पाल ने बताया कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव निवासी दिनेश मौर्य ने आज सुबह अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया था, जिनका जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज शुरू कर दिया गया है। सीएमएस को निर्देशित किया गया है कि उनका बेहतर इलाज किया जाए। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्ट्या उनके लगभग 40 फीसदी बर्न इंजरी बताई है।डीएम ने बताया कि इस मामले में हम लोगों ने रेवेन्यू टीम को भी एक्टिवेट किया है। तहसीलदार, नायब तहसीलदार और लेखपाल को मौके पर भेजकर प्रकरण के सही तथ्यों की जानाकरी कराई जा रही है।

शुरूआत जानकारी में पता चला है कि 14 अक्टूबर को उस गांव में ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में पंचायत की गई थी। जिसमें एक रास्ता गांव के लोग इस्तेमाल कर रहे हैं और 300 मीटर की सड़क बनने की बात तय हुई थी। आपसी सहमति के आधार पर जो आदमी आत्मदाह करने वाला है उन्हीं की स्वेच्छा से उस रास्ते को प्रधान ने बनाने के लिए आगे बढ़ाया। लेकिन 15 अक्टूबर को बीच में कुछ कहासुनी हो गई और आपसी तालमेल बिगड़ गया। प्रधान द्वारा आज जब सड़क बनाने का प्रयास किया जा रहा था, जहां राजस्व अभिलेखों और नक्शा के अनुसार वहां पर कोई रास्ता नहीं है तथा काश्तकार की जमीन है।

इसलिए उन्होंने इसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रधान द्वारा बात नहीं मानी गई और उस पर रास्ता बनने लगे, इसी के कारण प्रथम दृष्ट्या आत्मदाह करने का मामला प्रतीत हो रहा है। उनके परिवार से बातचीत की जा रही है और उनकी समस्या पूरी तरीके से हल की जाएगी। प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
10 वर्षों में चंदवतपुर घाट पर कई मौतें, फिर भी नहीं बना पुल - भाजपा सरकार की नाकामी, फिर डूबा 30 वर्षीय युवक

*गोंडा।* देहात कोतवाली क्षेत्र के चंदवतपुर घाट (टेढ़ी नदी) पर दर्दनाक हादसा हो गया। पिपरा पदुम गांव निवासी 30 वर्षीय युवक पुत्तन शुक्ला नहाते समय नदी में डूब गए। सूचना पर पुलिस और SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सपा नेता सूरज सिंह ने पहुँचकर परिजन से भेंट की।

बताया जा रहा है कि पिछले 10 वर्षों में पुल न होने के कारण इस घाट पर कई लोगों की जान जा चुकी है।

स्थानीय कक्षा 9 के छात्र अंशुमान तिवारी ने बताया कि उसे पिछले 15 दिनों से अपने कपड़े-जूते उतारकर सिर पर रखकर इस घाट को पार करके स्कूल जाना पड़ रहा है।

मौके पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता व गोंडा सदर के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सूरज सिंह ने कहा -
"2017 से पहले कटरा से गोंडा तक का सड़क मार्ग सपा सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी के निर्देश पर माननीय पंडित सिंह जी के आग्रह पर बनवाया गया था। सड़क तो सपा ने बना दी, लेकिन पिछले 10 साल में भाजपा सरकार इस छोटे से चंदवतपुर घाट पर पुल का निर्माण तक नहीं करा पाई। इसी नाकामी के कारण आज फिर एक नौजवान की जान चली गई। यह हादसा नहीं, सरकार की लापरवाही से हुई हत्या है।"
उन्होंने कहा - "जब समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो जनपद का सबसे पहला बड़ा काम चंदवतपुर घाट पर पुल का निर्माण कराया जाएगा।"
आनंद पांडेय ने गधियाँवा सहित अन्य दुर्गा पंडालों में किए माँ दुर्गा के दर्शन
प्रतापगढ़। जनपद के पट्टी तहसील के ग्राम गधियाँवा में उद्योगपति एवं समाजसेवी धर्मवीर आनंद पांडेय ने माँ दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उनके आगमन से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। अजीत पांडेय के आयोजन और सूरज पांडेय के संयोजन में आनंद पांडेय ने युवाओं से संवाद करते हुए सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम गधियाँवा के लोगों के बीच आपसी सद्भाव, एकजुटता और सहयोग की भावना की सराहना करते हुए इसे समाज की मजबूती का आधार बताया। इस अवसर पर आनंद पांडेय ने अजीत पांडेय के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। अजीत पांडेय वर्तमान में मुंबई में अध्यापक हैं और उनके विशेष आमंत्रण पर ही आनंद पांडेय गांव पहुंचे थे। आनंद पांडेय ने ग्रामवासियों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी प्रेम, सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम गधियावा की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और अतिथि सत्कार की परंपरा विशेष रूप से देखने को मिली। माँ दुर्गा के दर्शन और ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद का यह अवसर गांव में चर्चा का विषय बना रहा।इस अवसर पर  पंकज पांडेय, प्रदीप पांडेय (प्रधान), श्री दिनेश कुमार पांडेय समाजसेवक , शिवकांत पांडेय, विनोद पांडेय , ऋतिक पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे ।
बृहद कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन
गोंडा। स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मालवीय नगर में शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि को बृहद कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कन्या पूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रवीण जी एवं प्रधानाचार्य रवि कुमार शुक्ला एवं उनकी श्रीमती मोनिका शुक्ला ने उपस्थित कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराया इस दौरान विद्यालय के सभी आचार्य भैया बहन एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
मऊ: खराब प्रगति पर तीन नगर निकायों के ईओ को नोटिस
मऊ। विकास कार्यों और साफ-सफाई की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने तीन नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सड़क किनारे कूड़ा मिला तो जिम्मेदार अधिकारियों की खैर नहीं
डीएम ने नगर क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सड़क किनारे कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मानकों की अनदेखी करने वाले खराब प्रदर्शन वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम का संदेश साफ है—लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, काम में गुणवत्ता और शहर की सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लूट के आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस से भिड़ीं महिलाएं, धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल
देवरिया के सल्लहपुर गांव में गिरफ्तारी के दौरान हुआ विवाद, महिला पुलिसकर्मियों को चोट लगने की सूचना; वीडियो सामने आने के बाद जांच में जुटी पुलिस

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भटनी थाना क्षेत्र स्थित सल्लहपुर गांव में लूट के मामले में वांछित विकास यादव को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम और उसके परिवार की महिलाओं के बीच झड़प हाे गई। शनिवार काे धक्का-मुक्की का वीडियाे वायरल हाे रहा है, जिसका संज्ञान लेकर पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है।

भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि भटनी पुलिस की टीम शुक्रवार रात लूट के मामले में वांछित विकास यादव को गिरफ्तार करने सल्लहपुर गांव पहुंची थी। इसी दौरान आरोपित के परिवार के लोगों और पुलिस टीम के बीच विवाद हो गया। परिवार के लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो शनिवार को सामने आया। वीडियो में परिवार के लोग युवक को पुलिस के साथ ले जाने से रोकते और पुलिसकर्मियों से बहस करते नजर आ रहे हैं। धक्का-मुक्की भी किया गया है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि झड़प के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अब यह जांच कर रही है कि झड़प किन परिस्थितियों में हुई। वास्तव में क्या-क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है, जिसकाे लेकर जांच की जा रही है।
गोंडा में सत्ता के संरक्षण में सरकारी नजूल भूमि पर कब्जा, हाईकोर्ट के आदेश को भी ठेंगा - कांग्रेस*

*गोंडा।* शहर के टेढ़ी बाजार, सुभाषनगर वार्ड-22 में स्थित सार्वजनिक कुएं और 3 बिस्सा सरकारी नजूल भूमि पर अवैध कब्जे का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। कलेक्ट्रेट गोंडा में तैनात सहायक स्वागती पूनम वर्मा पर अपने पद का दुरुपयोग कर सार्वजनिक संपत्ति पर परिवार को अवैध रूप से काबिज कराने का गंभीर आरोप है।

मामले को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी गोंडा के शहर उपाध्यक्ष मुकेश सोनी ने प्रशासन पर सीधा हमला बोला है।

मुकेश सोनी, शहर उपाध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, गोंडा ने कहा -

> "यह सिर्फ अतिक्रमण नहीं, यह सरकारी तंत्र का मजाक है। एक सरकारी कर्मचारी खुद स्वीकार करती है कि जमीन सरकारी नजूल की है, फिर भी उस पर टीनशेड डालकर कब्जा किया हुआ है। 2020 से लगातार नगर पालिका, डीएम, कमिश्नर तक शिकायतें दी गईं, लेकिन फाइलें कलेक्ट्रेट में ही दबा दी जाती हैं।"

> "माननीय उच्च न्यायालय लखनऊ ने याचिका संख्या 161/2025 में दिनांक 27.02.2025 को कब्जा हटाने का स्पष्ट आदेश दिया। आदेश की कॉपी 06.05.2025 को डीएम गोंडा को दी गई। 19.05.2025 को डीएम को रजिस्टर्ड शिकायत दी गई, 01.10.2026 को 10 रुपये के ई-स्टाम्प शपथ पत्र IN-UP12932887099100Y पर रिमाइंडर दिया गया, फिर भी प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। यह दर्शाता है कि कर्मचारी को उच्च अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है।"

> "यदि एक सरकारी कर्मचारी ही सरकारी जमीन हड़प लेगी और न्यायालय के आदेश की अवहेलना करेगी, तो आम जनता न्याय के लिए कहां जाएगी? यह उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 का खुला उल्लंघन है। अगर शीघ्र ही सार्वजनिक कुएं एवं रोड पटरी को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया तो  माननीय उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर की जाएगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।"

*मामले का पूरा घटनाक्रम -*
1. 15.09.2020 को पहली बार नगर पालिका अध्यक्ष को लिखित शिकायत।
2. जांच को प्रभावित करने के लिए परिवार के सदस्यों के नाम से सिविल कोर्ट में वाद संख्या 130/2021 दायर।
3. प्रशासन द्वारा कार्रवाई न करने पर हाईकोर्ट में जनहित याचिका।
4. हाईकोर्ट के आदेश दिनांक 27.02.2025 के बाद भी कब्जा बरकरार।

मोहल्लेवासियों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। सार्वजनिक कुएं के बंद होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
गोपीगंज में दुर्गा प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा, पूजन शुरू: पूर्व विधायक उदयभान सिंह के बेटे आशीष सिंह ने की आरती*



रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर शनिवार को देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। वहीं, नगर और ग्रामीण इलाकों में बनाए गए पूजन पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही दर्शन और पूजन का क्रम शुरू हो गया।

गोपीगंज के काली मोहाल में मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति शिवम क्लब ने प्रतिमा स्थापित की। पुरोहित शशिकला पाठक और विनय पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा कराई।

पूर्व विधायक उदयभान सिंह के बेटे आशीष कुमार सिंह ने मुख्य यजमान के तौर पर विधि-विधान से पूजन और आरती की। उन्होंने कहा कि त्योहारों की परंपरा को बनाए रखना समय की मांग है।

आशीष सिंह ने व्यवस्थापक रामकृष्ण खट्टू के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर रामकृष्ण खट्टू, नरऊरी गुरु, सुरेश तिवारी, मोहित बाबू, राजकुमार कौशल, विजय मोदनवाल, डब्लू मौर्य, मनीष मौर्य, दीपक प्रजापति, महेश गुप्ता (पंडा), धीरज सिंह, मंटू सिंह और मिट्ठू जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील करनैलगंज में आयोजित पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए


*पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस करनैलगंज में 112 शिकायतों में से 10 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दिया योजनाओं का लाभ*


*मिशन शक्ति कार्यक्रम अन्तर्गत कक्षा 12 की छात्रा सृष्टि शुक्ला एक दिवस के लिए बनी सांकेतिक जिलाधिकारी समाधान दिवस में की सुनवाई*


*गोण्डा 17 अक्टूबर, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील करनैलगंज में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा तथा "मिशन शक्ति" कार्यक्रम अन्तर्गत कक्षा 12 की छात्रा सृष्टि शुक्ला एक दिवस के लिए बनी सांकेतिक जिलाधिकारी ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील करनैलगंज में कुल 112 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 102 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर  पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

*तहसील करनैलगंज में जनसुनवाई के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों मुख्यमंत्री आवास स्वीकृति पत्र,  क्षय रोग रोगियों को पोषण पोटली, आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड के  लाभार्थियों को राशन कार्ड, कृषि विभाग के लाभार्थियों को बीज का मिनि किट सहित अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा तथा एक दिन के लिए बनाई गई सांकेतिक जिलाधिकारी सृष्टि शुक्ला एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के द्वारा वितरित किया गया।*

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी कर्नलगंज कुमार सत्यम जीत, तहसीलदार करनैलगंज, नायब तहसीलदार अतुल पाल, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला प्रोवेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, एलडीएम विनोद तिवारी, जिला कृषि अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
3 शातिर चोर गिरफ्तार, 5 किलो कॉपर वायर बरामद:भदोही पुलिस ने अंतर्जनपदीय गैंग का किया खुलासा, चोरी में इस्तेमाल बाइक भी मिली

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोर गैंग के 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 किलो कॉपर वायर और चोरी में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश उर्फ प्रधान (25), गोली बनवासी (25) और सर्वेश उर्फ अर्जुन बनवासी (20) के रूप में हुई है। मुकेश इस गैंग का लीडर है। ये सभी भदोही जिले के रहने वाले हैं।

यह गैंग रात में घरों और ट्यूबवेलों में सेंध लगाकर चोरी करता था। इन्होंने सुरियावां, ज्ञानपुर और दुर्गागंज थाना क्षेत्रों में कई चोरियां की थीं। चोरी के स्टेबलाइजर तोड़कर ये उसमें से तांबे का तार निकालते थे और उसे बेचने की फिराक में रहते थे।

पुलिस ने इनके पास से एक इनवर्टर, एक बैटरा, एक स्टेबलाइजर, 220 रुपये नकद और सेंधमारी के औजार भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में अपना गिरोह सक्रिय होने की बात कबूल की है।