मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित
*मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश*
फर्रुखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई, बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यकतानुसार मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की कार्यवाही की जाए। नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने की आवश्यकता होने पर उपयुक्त भवनों का चिन्हांकन किया जाए तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों के चिन्हांकन तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण की जानी है। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 19 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी तथा आपत्तियों एवं सुझावों के लिए इसे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
वर्तमान स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण करने के उपरांत 26 अक्टूबर, 2026 को सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने के लिए 27 अक्टूबर, 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा। मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की समस्त कार्यवाही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया गया।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर, 2026 तक, एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नए मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु निर्धारित प्रारूप-6 भरवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि मतदाताओं को सुगम एवं बेहतर निर्वाचन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं प्रस्ताव समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी से मुकेश गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम, समाजवादी पार्टी से सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से अंकुश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Oct 17 2026, 12:08
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1