अवैध पटाखों पर जिला प्रशासन सख्त,बिना लाइसेंस निर्माण या भंडारण पर होगी कार्रवाई

*चारों तहसीलों में पुलिस टीमें कर रही जांच

गोंडा।जिले में आगामी दशहरा,धनतेरस और दीपावली त्योहार में फोड़े जाने वाले पटाखे और उनके भंडारण को लेकर स्थानीय जिला प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर है।नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा द्वारा शनिवार सुबह 9.30 बजे पुलिस अधिकारियों और चारों तहसीलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पूरे जिले में पुलिस टीम के साथ अभियान चला करके जांच की जाए कि जिन दुकानों द्वारा पटाखों की बिक्री की जा रही है,उनके पास लाइसेंस है अथवा नहीं है और यदि बिक्री लाइसेंस है तो भंडारण कहाँ कर रहे हैं।भंडारण आबादी से बाहर कर रहे हैं अथवा आबादी वाले स्थान पर कर रहे हैं,क्षमता से अधिक भंडारण कर रहे हैं अथवा नहीं कर रहे हैं।नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि यदि कोई नियमों को दर किनार करके बिना लाइसेंस के भंडारण कर रहा है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।बिना लाइसेंस के यदि पटाखों की बिक्री कर रहा है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।इसके साथ ही साथ चारों तहसीलों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि अलग अलग स्थानों पर छापेमारी करके यह भी देखा जाए कि कहीं पर बिना लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखों का निर्माण तो नहीं हो रहा है,क्योंकि बीते 2 वर्ष पहले बेलसर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी।इसके बाद इस वर्ष स्थानीय जनपद का पुलिस प्रशासन भी पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने भी   जिले की 17 थानों की पुलिस फोर्स को निर्देश दिया है कि गोपनीय तरीके से एक एक स्थान की जांच की जाए और जहाँ कहीं भी वैसे शिकायत मिले तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में जिन स्थानों पर कोई घटनाएं हुई हैं अथवा जो लोग अवैध पटाखा बनाते हुए पकड़े गए हैं उनकी भी जांच करने के लिए कहा गया है।वहीं नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि किसी भी हालत में कहीं भी अवैध रूप से पटाखा नहीं बनने दिया जाएगा,फिर भी हमारी चारों तहसीलों में टीम सक्रिय है और लगातार अलग अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और जांच भी की जा रही है।
महानवमी पर 19 अक्टूबर को भी रहेगा सार्वजनिक अवकाश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने दुर्गा पूजा और शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर अवकाश देने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश शासन ने महानवमी के पावन अवसर पर 19 अक्टूबर (सोमवार) को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया।

जारी हुआ अवकाश का शासनादेश

प्रमुख सचिव (सामान्य प्रशासन) एस.वी.एस. रंगा राव द्वारा इस संबंध में शुक्रवार काे शासनादेश जारी किया है। इसके तहत पूर्व में निर्गत अवकाश सूची में संशोधन करते हुए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, उच्च न्यायालय, बैंकों एवं संबंधित विभागों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार दो दिन रहेगा अवकाश

उल्लेखनीय है कि पूर्व में 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयदशमी का अवकाश निर्धारित था, लेकिन पर्व के महत्व, पूजा-अर्चना और आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि अब 19 अक्टूबर (सोमवार) को भी महानवमी के पावन पर्व पर संपूर्ण सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
सड़क हादसे में घायल युवक की लखनऊ में मौत, तीन मासूम हुए अनाथ

गोंडा।जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गौहानी गांव निवासी 30 वर्षीय संदीप ओझा की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को संदीप ओझा बाइक से दुर्जनपुर बाजार जा रहे थे। रानीपुर पहाड़ी के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी।परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।शुक्रवार सुबह जैसे ही शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता राजबहादुर ओझा बेसुध हो गए।मृतक संदीप अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें पांच साल का टुनटुन, तीन साल का ढुनमुन और महज चार महीने की बेटी शामिल है। पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है।घटना के बाद ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
गोण्डा की सभी तहसीलों में 17 अक्टूबर को आयोजित होगा पिंक समाधान दिवस

*महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता पर होगा निस्तारण, महिला हेल्प डेस्क और पिंक स्टॉल के माध्यम से दी जाएंगी सुविधाएं*

*गोण्डा, 16 अक्टूबर 2026*  -  महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद गोण्डा की समस्त तहसीलों में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को पिंक (समाधान दिवस) / मिशन शक्ति तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए आयोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि तहसीलों के मुख्य द्वार एवं सभागार में पिंक समाधान दिवस से संबंधित बैनर लगाए जाएं। महिला शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए अलग से महिला कर्मचारी की तैनाती के साथ हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां आवश्यकता पड़ने पर प्रार्थना पत्र लिखने की भी व्यवस्था रहेगी। महिलाओं की शिकायतों के पंजीकरण के लिए दो काउंटर बनाए जाएंगे, जिन पर यथासंभव महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

शिकायतों को राजस्व एवं पुलिस से संबंधित तथा अन्य विभागों से संबंधित श्रेणियों में दर्ज किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। शिकायतों के निस्तारण के लिए तहसील दिवस के अध्यक्ष आवश्यक निर्देश जारी करेंगे तथा अंतिम निस्तारण संबंधित उप जिलाधिकारी के अनुमोदन से किया जाएगा।

*भूमि विवादों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंचेगी संयुक्त टीम*

राजस्व एवं पुलिस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिन भूमि विवादों में पुलिस की आवश्यकता होगी, उनमें राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम उसी दिन मौके पर जाकर जांच करेगी। टीम द्वारा स्पॉट मेमो, जियोटैग फोटोग्राफ और आवश्यक आख्या प्रस्तुत की जाएगी, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी हो सके।

बार-बार शिकायत करने वाले फरियादियों के मामलों में पूर्व में की गई शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण भी संलग्न किया जाएगा। संबंधित अधिकारी अब तक शिकायत का निस्तारण न होने के कारणों का स्पष्टीकरण एवं टिप्पणी दर्ज करेंगे। इसके लिए पंजीकरण काउंटर पर लैपटॉप और प्रिंटर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पुरानी शिकायतों की प्रतियां निकालकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

*महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगेंगे पिंक स्टॉल*

पिंक समाधान दिवस के अवसर पर कृषि, चिकित्सा, जिला कार्यक्रम, खाद्य एवं रसद, डीसी एनआरएलएम तथा जिला प्रोबेशन विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से पिंक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली किसी महिला कर्मचारी अथवा सामाजिक कार्यकर्ता को सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही, सबसे अच्छे स्टॉल को भी सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पूर्व में तहसील दिवस पर प्राप्त महिलाओं की दो-दो शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को जांच एवं निस्तारण के लिए दिया जाए। अधिकारी उसी दिन जांच कर स्पॉट मेमो, जियोटैग फोटोग्राफ और शिकायतकर्ता के बयान सहित अपनी आख्या संबंधित उप जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

पिंक समाधान दिवस के सफल आयोजन एवं की गई कार्रवाई की आख्या सभी संबंधित उप जिलाधिकारियों को 17 अक्टूबर 2026 को सायं 8 बजे तक कलेक्ट्रेट स्थित परिवाद सहायक को उपलब्ध करानी होगी।
अपर पुलिस महानिदेशक ने मंदिरों किया निरीक्षण, किया जिम का उद्घाटन
फर्रुखाबाद।
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन फतेहगढ़  में जिम का शिलापट्टिका अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया गया। पुलिस जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखने तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना मऊदरवाजा क्षेत्रान्तर्गत गुड़गांव देवी मंदिर, थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत शीतला देवी मंदिर एवं रामलीला मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं ।
Mirzapur: पूर्व IAS  दिव्या मित्तल ने गड़बड़ा धाम सहित लहुरियादह गांव का किया भ्रमण, स्वागत में उमड़े ग्रामीण, तो भावुक हो उठी पूर्व IAS  दिव्या
मीरजापुर। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने शुक्रवार को हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किया। उन्होंने मां शीतला का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इससे पहले उन्होंने हलिया में लोगों से जनसंपर्क किया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने उनकी नई पार्टी जननीति भारत बनाने पर बधाई दी और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उनके साथ रहने और समर्थन देने का नारा भी लगाया। दिव्या मित्तल ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि वह हमेशा जनता के हित के लिए काम करती रहेंगी। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर अरूण मिश्रा, कमलेश तिवारी, शिवा अग्रहरि, शनी अग्रहरि, राकेश अग्रहरि, मुन्ना सिंह, मंगलधारी मिश्रा, ज्ञानेश्वर दूबे, रविशंकर तिवारी, मंगलधारी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में मेला प्रभारी श्याम लाल पुलिस कर्मियों के साथ लगे रहे वहीं एलआईओ टीम की  भी मौजूद रहीं।

*"बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया आजु इच्छा पूरी होगइ हमार, तोहके जी भरि क देखि लिहा देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावंइ"*

हलिया क्षेत्र के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान दिव्या मित्तल पहाड़ पर बसे लहुरियादह गांव को ख़ासकर दुईजा देवी को नहीं भूली। वह लहुरियादह गांव में पहुंच दुईजादेवी से मिलकर भावुक हो उठी।
लहुरियादह गांव में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से दुईजी देवी बोली "बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया आजु इच्छा पूरी होगइ हमार तोहके जी भरि क देखि लिहा देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावंइ"
इस दौरान ग्रामीणों ने गाजे बाजे के साथ उनका स्वागत किया है। दिव्या ने विद्यालय की मांग करने वाली देवकली को माला पहनाई, गले मिली। कहा लहुरियादह के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी। यहां की आवाज़ उठाने से पीछे नहीं रहूंगी, यहां से जो स्नेह मिला है वह भूलने वाला नहीं है। वह पल और आज का पल मुझे याद है। इस दौरान गांव में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के आने मात्र की खबर से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में बाइक सवार  की मौत*

पुलिस ने डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लिए

राजेपुर फर्रुखाबाद 16 अक्टूबर।थाना राजेपुर क्षेत्र के जमापुर के पास इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार देर शाम डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच बाइक सवार युवक आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान गांधी गांव निवासी मोहन जाटव (31) पुत्र रामचरन जाटव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।उपनिरीक्षक महेश सिंह ने बताया कि डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के दौरान बाइक सवार दोनों वाहनों के बीच आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त के बाद दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की गयी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित

*मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश*

फर्रुखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी  विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई, बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यकतानुसार मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की कार्यवाही की जाए। नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने की आवश्यकता होने पर उपयुक्त भवनों का चिन्हांकन किया जाए तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों के चिन्हांकन तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण की जानी है। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 19 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी तथा आपत्तियों एवं सुझावों के लिए इसे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्तमान स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण करने के उपरांत 26 अक्टूबर, 2026 को सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने के लिए 27 अक्टूबर, 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा। मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की समस्त कार्यवाही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया गया।

बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर, 2026 तक, एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नए मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु निर्धारित प्रारूप-6 भरवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि मतदाताओं को सुगम एवं बेहतर निर्वाचन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं प्रस्ताव समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी से मुकेश गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम, समाजवादी पार्टी से सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से अंकुश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद ने प्रथम चार्टर दिवस पर आयोजित किया ‘आरोग्य संकल्प’ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
फर्रुखाबाद ।
रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद के प्रथम चार्टर दिवस के अवसर पर आज एन.ए.के.पी. इंटर कॉलेज, लोहाई रोड, फर्रुखाबाद में छात्राओं के लिए ‘आरोग्य संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में रोटेरियन डॉ. वी.के. गुप्ता, एन्स डॉ. सरोज बाला सिंह, रोटेरियन डॉ. अनुराग अग्रवाल, रोटेरियन डॉ. रोहित तिवारी एवं एन्स डॉ. आकांक्षा तिवारी ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक खन्ना ने रोटरी के उद्देश्यों एवं क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि रोटरी क्लब समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। क्लब का उद्देश्य समाज एवं शहर के उत्थान के लिए सेवा कार्यों के माध्यम से जनकल्याण में योगदान देना है।

क्लब सचिव रोटेरियन संदीप अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, क्लब सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन उदित अग्रवाल तथा कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती इंदु मिश्रा का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटेरियन हर्षित मेहरोत्रा, रोटेरियन अभिषेक साध, रोटेरियन अंकुर रस्तोगी, रोटेरियन वासु अग्रवाल तथा एन्स डॉ. रीतू गुप्ता, मोनिका खन्ना, रुचि अग्रवाल, साक्षी साध, नेहा रस्तोगी, मोनिका रस्तोगी, दीपाली अग्रवाल, शिरीषा अग्रवाल, प्राची अग्रवाल एवं अल्पना टंडन का विशेष सहयोग रहा।

रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद अपने प्रथम वर्ष की उपलब्धियों के साथ सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद घरों तक पहुंच रहे सांप*

अमृतपुर फर्रुखाबाद 16 अक्टूबर। कस्बा अमृतपुर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहरीले कीड़ों का खतरा बना हुआ है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी ग्रामीणों को जहरीले कीड़ों और सांपों का भय सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी तो गांवों से निकल गया, लेकिन अपने साथ लाए जहरीले जीव-जंतुओं को घरों और आसपास के इलाकों में छोड़ गया है। शाम होते ही लोगों में इनका भय बढ़ जाता है।
बीते करीब दो दिन पहले कस्बे में सर्वेश के घर में काला सांप निकलने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना पर पहुंचे शेर सिंह ने सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया था। इस घटना के बाद अब कस्बे के खेरे मोहल्ले में एक बार फिर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से सांप को घर से बाहर निकाला और खेतों की तरफ छोड़ दिया। लगातार घरों में सांप निकलने की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का मानना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी भरने के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी की ओर आ रहे हैं।बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब ग्रामीणों के सामने जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव की चुनौती खड़ी हो गई है। लोगों को आशंका है कि घरों, आंगन, सामान के आसपास और खेतों में छिपे सांप किसी भी समय खतरा पैदा कर सकते हैं।ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है। वन विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी जा रही है कि सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लें।