अपर पुलिस महानिदेशक ने मंदिरों किया निरीक्षण, किया जिम का उद्घाटन
फर्रुखाबाद।
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन फतेहगढ़  में जिम का शिलापट्टिका अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया गया। पुलिस जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखने तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना मऊदरवाजा क्षेत्रान्तर्गत गुड़गांव देवी मंदिर, थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत शीतला देवी मंदिर एवं रामलीला मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं ।
Mirzapur: पूर्व IAS  दिव्या मित्तल ने गड़बड़ा धाम सहित लहुरियादह गांव का किया भ्रमण, स्वागत में उमड़े ग्रामीण, तो भावुक हो उठी पूर्व IAS  दिव्या
मीरजापुर। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने शुक्रवार को हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किया। उन्होंने मां शीतला का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इससे पहले उन्होंने हलिया में लोगों से जनसंपर्क किया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने उनकी नई पार्टी जननीति भारत बनाने पर बधाई दी और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उनके साथ रहने और समर्थन देने का नारा भी लगाया। दिव्या मित्तल ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि वह हमेशा जनता के हित के लिए काम करती रहेंगी। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर अरूण मिश्रा, कमलेश तिवारी, शिवा अग्रहरि, शनी अग्रहरि, राकेश अग्रहरि, मुन्ना सिंह, मंगलधारी मिश्रा, ज्ञानेश्वर दूबे, रविशंकर तिवारी, मंगलधारी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में मेला प्रभारी श्याम लाल पुलिस कर्मियों के साथ लगे रहे वहीं एलआईओ टीम की  भी मौजूद रहीं।

*"बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया आजु इच्छा पूरी होगइ हमार, तोहके जी भरि क देखि लिहा देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावंइ"*

हलिया क्षेत्र के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान दिव्या मित्तल पहाड़ पर बसे लहुरियादह गांव को ख़ासकर दुईजा देवी को नहीं भूली। वह लहुरियादह गांव में पहुंच दुईजादेवी से मिलकर भावुक हो उठी।
लहुरियादह गांव में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से दुईजी देवी बोली "बहुत दिन से तोहार इंतजार करत रहे बिटिया आजु इच्छा पूरी होगइ हमार तोहके जी भरि क देखि लिहा देवी मइया तोहरे ऊपर कृपा बनावंइ"
इस दौरान ग्रामीणों ने गाजे बाजे के साथ उनका स्वागत किया है। दिव्या ने विद्यालय की मांग करने वाली देवकली को माला पहनाई, गले मिली। कहा लहुरियादह के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करूंगी। यहां की आवाज़ उठाने से पीछे नहीं रहूंगी, यहां से जो स्नेह मिला है वह भूलने वाला नहीं है। वह पल और आज का पल मुझे याद है। इस दौरान गांव में पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के आने मात्र की खबर से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में बाइक सवार  की मौत*

पुलिस ने डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लिए

राजेपुर फर्रुखाबाद 16 अक्टूबर।थाना राजेपुर क्षेत्र के जमापुर के पास इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार देर शाम डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच बाइक सवार युवक आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान गांधी गांव निवासी मोहन जाटव (31) पुत्र रामचरन जाटव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।उपनिरीक्षक महेश सिंह ने बताया कि डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के दौरान बाइक सवार दोनों वाहनों के बीच आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त के बाद दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की गयी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण के संबंध में बैठक आयोजित

*मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित समयसीमा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश*

फर्रुखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी  विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई, बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यकतानुसार मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की कार्यवाही की जाए। नए मतदेय स्थल स्थापित किए जाने की आवश्यकता होने पर उपयुक्त भवनों का चिन्हांकन किया जाए तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण एवं नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए भवनों के चिन्हांकन तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण की जानी है। मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची 19 अक्टूबर, 2026 को प्रकाशित की जाएगी तथा आपत्तियों एवं सुझावों के लिए इसे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्तमान स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण करने के उपरांत 26 अक्टूबर, 2026 को सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने के लिए 27 अक्टूबर, 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा। मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण की समस्त कार्यवाही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया गया।

बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही 02 नवंबर, 2026 तक, एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नए मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु निर्धारित प्रारूप-6 भरवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि मतदाताओं को सुगम एवं बेहतर निर्वाचन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्निर्धारण से संबंधित सभी कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं प्रस्ताव समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी से मुकेश गुप्ता, बहुजन समाज पार्टी से रामरतन गौतम, समाजवादी पार्टी से सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से अंकुश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद ने प्रथम चार्टर दिवस पर आयोजित किया ‘आरोग्य संकल्प’ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
फर्रुखाबाद ।
रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद के प्रथम चार्टर दिवस के अवसर पर आज एन.ए.के.पी. इंटर कॉलेज, लोहाई रोड, फर्रुखाबाद में छात्राओं के लिए ‘आरोग्य संकल्प’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में रोटेरियन डॉ. वी.के. गुप्ता, एन्स डॉ. सरोज बाला सिंह, रोटेरियन डॉ. अनुराग अग्रवाल, रोटेरियन डॉ. रोहित तिवारी एवं एन्स डॉ. आकांक्षा तिवारी ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक खन्ना ने रोटरी के उद्देश्यों एवं क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि रोटरी क्लब समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। क्लब का उद्देश्य समाज एवं शहर के उत्थान के लिए सेवा कार्यों के माध्यम से जनकल्याण में योगदान देना है।

क्लब सचिव रोटेरियन संदीप अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, क्लब सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन उदित अग्रवाल तथा कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती इंदु मिश्रा का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटेरियन हर्षित मेहरोत्रा, रोटेरियन अभिषेक साध, रोटेरियन अंकुर रस्तोगी, रोटेरियन वासु अग्रवाल तथा एन्स डॉ. रीतू गुप्ता, मोनिका खन्ना, रुचि अग्रवाल, साक्षी साध, नेहा रस्तोगी, मोनिका रस्तोगी, दीपाली अग्रवाल, शिरीषा अग्रवाल, प्राची अग्रवाल एवं अल्पना टंडन का विशेष सहयोग रहा।

रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद अपने प्रथम वर्ष की उपलब्धियों के साथ सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद घरों तक पहुंच रहे सांप*

अमृतपुर फर्रुखाबाद 16 अक्टूबर। कस्बा अमृतपुर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहरीले कीड़ों का खतरा बना हुआ है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी ग्रामीणों को जहरीले कीड़ों और सांपों का भय सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी तो गांवों से निकल गया, लेकिन अपने साथ लाए जहरीले जीव-जंतुओं को घरों और आसपास के इलाकों में छोड़ गया है। शाम होते ही लोगों में इनका भय बढ़ जाता है।
बीते करीब दो दिन पहले कस्बे में सर्वेश के घर में काला सांप निकलने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना पर पहुंचे शेर सिंह ने सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया था। इस घटना के बाद अब कस्बे के खेरे मोहल्ले में एक बार फिर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से सांप को घर से बाहर निकाला और खेतों की तरफ छोड़ दिया। लगातार घरों में सांप निकलने की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का मानना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी भरने के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी की ओर आ रहे हैं।बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब ग्रामीणों के सामने जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव की चुनौती खड़ी हो गई है। लोगों को आशंका है कि घरों, आंगन, सामान के आसपास और खेतों में छिपे सांप किसी भी समय खतरा पैदा कर सकते हैं।ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है। वन विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी जा रही है कि सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लें।
मऊ टूटते रिश्तों को जोड़ने में जुटी मऊ पुलिस, सुलह करने वाले परिवारों का बढ़ाया हौसला
मऊ। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने पारिवारिक विवादों को सुलझाने और टूटते रिश्तों को बचाने की दिशा में सराहनीय पहल की।

काउंसलिंग के माध्यम से विवाद सुलझाकर साथ रह रहे दंपतियों और उनके परिजनों को थाने बुलाकर सम्मानित किया गया।

पुलिस टीम ने परिवारों से संवाद कर उनके रिश्तों में आए बदलाव और आपसी तालमेल का फीडबैक लिया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमेन्द्र सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी तृप्ति पाण्डेय, उपनिरीक्षक सपना सहित एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम मौजूद रही।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास और संवाद को मजबूत कर रिश्तों को टूटने से बचाना भी है।
श्री आदर्श रामलीला में विनोद खटीक ने किया श्रीराम का पूजन
**45 हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक पद के प्रबल दावेदार विनोद खटीक ने रामलीला मंचन के दौरान रखे अपने विचार**

**बहसूमा (मेरठ)।** कस्बा बहसूमा में आयोजित श्री आदर्श रामलीला महोत्सव में 45 हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक पद के प्रबल दावेदार विनोद खटीक ने पहुंचकर भगवान श्रीराम का विधिवत पूजन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को नमन करते हुए उपस्थित लोगों के सामने अपने विचार रखे।

विनोद खटीक ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला हमारी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं कस्बे के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मऊ के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर का बदलेगा स्वरूप, पुराने गुंबद को हटाकर शुरू हुआ नया निर्माण
मऊ। जनपद के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर को भव्य और नया स्वरूप देने की दिशा में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर के पुराने गुंबद को हटाने का कार्य मजदूरों और मशीनों की मदद से किया जा रहा है।

पुराने गुंबद के हटने के बाद अब मंदिर के नए स्वरूप के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर का नया और भव्य रूप कैसा होगा, इसे लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।

निर्माण कार्य के चलते मंदिर परिसर में गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब सभी की नजरें शीतला माता मंदिर के नए स्वरूप पर टिकी हैं।
डी मोनफोर अकादमी में हुई भारतीय बुद्धिमत्ता परीक्षा, विद्यार्थियों ने परखी प्रतिभा
**दैनिक जागरण की ओर से आयोजित परीक्षा में कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया भाग, तार्किक क्षमता और सामान्य ज्ञान का हुआ आकलन**

**रामराज (मेरठ)।** डी मोनफोर अकादमी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दैनिक जागरण की ओर से भारतीय बुद्धिमत्ता परीक्षा (इंडियन इंटेलिजेंस टेस्ट) का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा पांच से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक चिंतन, सामान्य ज्ञान और विश्लेषणात्मक कौशल का आकलन करना था।

परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा परखने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला। इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने के साथ ही भविष्य की शैक्षिक चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद करती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता विकसित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाती हैं।

विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता और प्रतिभा का विकास करना भी है। ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों को अपनी योग्यता पहचानने का अवसर देती हैं।

विद्यालय के निदेशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि दैनिक जागरण की ओर से आयोजित इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में सहायक हैं।

उप-प्रधानाचार्या रितु चिकारा ने कहा कि बौद्धिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों की एकाग्रता, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता में सुधार होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।