बाढ़ का पानी उतरने के बाद घरों तक पहुंच रहे सांप*

अमृतपुर फर्रुखाबाद 16 अक्टूबर। कस्बा अमृतपुर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहरीले कीड़ों का खतरा बना हुआ है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी ग्रामीणों को जहरीले कीड़ों और सांपों का भय सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी तो गांवों से निकल गया, लेकिन अपने साथ लाए जहरीले जीव-जंतुओं को घरों और आसपास के इलाकों में छोड़ गया है। शाम होते ही लोगों में इनका भय बढ़ जाता है।
बीते करीब दो दिन पहले कस्बे में सर्वेश के घर में काला सांप निकलने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना पर पहुंचे शेर सिंह ने सांप का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया था। इस घटना के बाद अब कस्बे के खेरे मोहल्ले में एक बार फिर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से सांप को घर से बाहर निकाला और खेतों की तरफ छोड़ दिया। लगातार घरों में सांप निकलने की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का मानना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी भरने के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी की ओर आ रहे हैं।बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब ग्रामीणों के सामने जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव की चुनौती खड़ी हो गई है। लोगों को आशंका है कि घरों, आंगन, सामान के आसपास और खेतों में छिपे सांप किसी भी समय खतरा पैदा कर सकते हैं।ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई और सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है। वन विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी जा रही है कि सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लें।
मऊ टूटते रिश्तों को जोड़ने में जुटी मऊ पुलिस, सुलह करने वाले परिवारों का बढ़ाया हौसला
मऊ। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने पारिवारिक विवादों को सुलझाने और टूटते रिश्तों को बचाने की दिशा में सराहनीय पहल की।

काउंसलिंग के माध्यम से विवाद सुलझाकर साथ रह रहे दंपतियों और उनके परिजनों को थाने बुलाकर सम्मानित किया गया।

पुलिस टीम ने परिवारों से संवाद कर उनके रिश्तों में आए बदलाव और आपसी तालमेल का फीडबैक लिया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमेन्द्र सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी तृप्ति पाण्डेय, उपनिरीक्षक सपना सहित एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम मौजूद रही।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास और संवाद को मजबूत कर रिश्तों को टूटने से बचाना भी है।
श्री आदर्श रामलीला में विनोद खटीक ने किया श्रीराम का पूजन
**45 हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक पद के प्रबल दावेदार विनोद खटीक ने रामलीला मंचन के दौरान रखे अपने विचार**

**बहसूमा (मेरठ)।** कस्बा बहसूमा में आयोजित श्री आदर्श रामलीला महोत्सव में 45 हस्तिनापुर विधानसभा से विधायक पद के प्रबल दावेदार विनोद खटीक ने पहुंचकर भगवान श्रीराम का विधिवत पूजन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को नमन करते हुए उपस्थित लोगों के सामने अपने विचार रखे।

विनोद खटीक ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला हमारी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं कस्बे के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मऊ के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर का बदलेगा स्वरूप, पुराने गुंबद को हटाकर शुरू हुआ नया निर्माण
मऊ। जनपद के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर को भव्य और नया स्वरूप देने की दिशा में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर के पुराने गुंबद को हटाने का कार्य मजदूरों और मशीनों की मदद से किया जा रहा है।

पुराने गुंबद के हटने के बाद अब मंदिर के नए स्वरूप के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर का नया और भव्य रूप कैसा होगा, इसे लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।

निर्माण कार्य के चलते मंदिर परिसर में गतिविधियां बढ़ गई हैं। अब सभी की नजरें शीतला माता मंदिर के नए स्वरूप पर टिकी हैं।
डी मोनफोर अकादमी में हुई भारतीय बुद्धिमत्ता परीक्षा, विद्यार्थियों ने परखी प्रतिभा
**दैनिक जागरण की ओर से आयोजित परीक्षा में कक्षा 5 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया भाग, तार्किक क्षमता और सामान्य ज्ञान का हुआ आकलन**

**रामराज (मेरठ)।** डी मोनफोर अकादमी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दैनिक जागरण की ओर से भारतीय बुद्धिमत्ता परीक्षा (इंडियन इंटेलिजेंस टेस्ट) का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा पांच से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक चिंतन, सामान्य ज्ञान और विश्लेषणात्मक कौशल का आकलन करना था।

परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा परखने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला। इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने के साथ ही भविष्य की शैक्षिक चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद करती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता विकसित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाती हैं।

विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता और प्रतिभा का विकास करना भी है। ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों को अपनी योग्यता पहचानने का अवसर देती हैं।

विद्यालय के निदेशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि दैनिक जागरण की ओर से आयोजित इस प्रकार की परीक्षाएं विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में सहायक हैं।

उप-प्रधानाचार्या रितु चिकारा ने कहा कि बौद्धिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों की एकाग्रता, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता में सुधार होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिशन शक्ति फेज-6: महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा
मऊ। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महिला उपनिरीक्षकों को चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने महिला उपनिरीक्षक निशा त्रिपाठी को चौकी प्रभारी खीरीबाग, थाना कोतवाली तथा महिला उपनिरीक्षक मधु शर्मा को चौकी प्रभारी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली नगर नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति के माध्यम से महिला पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
मिठाइयों पर अब एक्सपायरी डेट अनिवार्य, 1800 रुपये किलो वाली मिठाई 2 दिन में खराब
*15 अक्टूबर से 'यूज बाय डेट' लिखना जरूरी, 1000 से अधिक दुकानों पर शुरू हुआ अभियान


गोंडा |जिले में बासी और खराब मिठाई बेचने वालों की अब खैर नहीं। यूपी सरकार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 15 अक्टूबर 2026 से मिठाइयों पर 'यूज बाय डेट' लिखना अनिवार्य कर दिया है।आदेश के मुताबिक अब हर दुकानदार को मिठाई के साथ निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि साफ-साफ लिखकर प्रदर्शित करनी होगी।नियम लागू होने के बाद गुरुवार शाम को दुकानों का जायजा लिया गया तो दुकानदार मिठाइयों पर तारीखें लिखते मिले। जांच में सामने आया कि बाजार में बिक रही कई महंगी मिठाइयां 2 दिन,4 दिन और 7 दिन में ही एक्सपायर हो रही हैं, जिनकी कीमत 1800 रुपये किलो तक है।
दुकानदारों ने कहा कि सरकार के नए नियम से उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, वे पूरी तरह पालन करेंगे। वहीं ग्राहकों ने कहा कि इससे बासी मिठाई की पहचान करना आसान होगा और त्योहारों में मिलावटखोरी पर रोक लगेगी।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जिलेभर में सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। विभागीय टीम ने जांच शुरू कर दी है। गोंडा में छोटी-बड़ी मिलाकर 1000 से अधिक मिठाई दुकानें हैं और अब सभी पर तारीख लिखने का काम तेजी से शुरू हो गया है।

*क्या है नया नियम?*
- 15 अक्टूबर से लागू
- हर मिठाई पर निर्माण + यूज बाय डेट जरूरी
- उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त और जुर्माने की कार्रवाई
अमर शहीद जीत कुमार राजपूत की पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण व श्रद्धांजलि सभा 25 को

फर्रुखाबाद।
भारतीय सेना की राजपुताना रेजीमेंट के शहीद जीत कुमार राजपूत की पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण व श्रद्धांजलि सभा 25 अक्टूबर रविवार को उनके पैतृक गांव मोहम्मदाबाद के लुकटपुरा में कार्यक्रम आयोजित होगा,मालूम हो 35 वर्षीय जवान जीत कुमार राजपूत सेना की गाड़ी के दुर्घटना में शहीद हो गये थे उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ पैतृक गांव लुकटपुरा में कई जन प्रतिनिधियों सहित हजारों लोगों की उपस्थिति में हुआ था । इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के अपरआयुक्त एडिशनल डायरेक्टर अमरपाल सिंह लोधी होगें व विशिष्ट अतिथि विधायक रायबरेली राहुल शिव गणेश लोधी , पूर्व मंत्री अबधेश वर्मा ,पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत व कई जनप्रतिनिधियों सहित लक्ष्य फाउंडेशन टीम के वीरपाल सिंह लोधी,जिलाध्यक्ष नबाव सिंह लोधी,मीडिया प्रभारी अरविन्द राजपूत सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद रहें।
समाजवादी पार्टी को झटका, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक में शामिल हुए रोहित कुमार सोमवंशी ‘दीपू’ सहित कई कार्यकर्ता
फर्रुखाबाद। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा के जिला उपाध्यक्ष रोहित कुमार सोमवंशी ‘दीपू’ ने अपने समर्थकों के साथ जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का दामन थाम लिया। उनके साथ समाजवादी पार्टी से आए अन्य कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पार्टी में शामिल होने वालों में रोहित कुमार सोमवंशी ‘दीपू’, मोहम्मद शाहिद शुऐब, सुमित कुमार शाक्य, हर्षवर्धन सिंह, अमित प्रताप सिंह, दयानंद जी, अनुपम राजपूत, सुमित कुमार वाल्मीकि, अंश भारद्वाज, देवेंद्र सिंह बिसेन, पप्पू, संदीप भदौरिया एवं अशोक सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

संगठन के प्रति समर्पण, सक्रियता एवं जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पदों पर दायित्व भी सौंपे गए। इनमें रोहित कुमार सोमवंशी को जिला उपाध्यक्ष, सुमित कुमार शाक्य को जिला मीडिया प्रभारी, अमित प्रताप सिंह को विधानसभा उपाध्यक्ष अमृतपुर, दयानंद जी को विधानसभा सचिव अमृतपुर, अनुपम राजपूत को ब्लॉक सचिव राजेपुर, अंश भारद्वाज को युवा मोर्चा नगर सचिव फर्रुखाबाद, देवेंद्र सिंह बिसेन को जिला सचिव तथा पप्पू को ग्राम अध्यक्ष दुबरी, किसान प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई।

इस दौरान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिलाध्यक्ष सुशील सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को मजबूती देना, युवाओं को उचित अवसर प्रदान करना, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों के लिए संघर्ष करना है। पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता संगठन की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

उन्होंने कहा कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का संगठनात्मक विस्तार कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष के बल पर आगे बढ़ रहा है। पार्टी में नए साथियों के जुड़ने से फर्रुखाबाद जनपद में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक जनसम्मान, जनहित और जनसेवा की राजनीति को प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
व्यापारियों के पुलिस अधीक्षक ने ली बैठक, शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील

फर्रुखाबाद। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखकर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह  द्वारा व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सहयोग की अपील की गई।