मध्यस्थता अभियान 3.0 एवं मेगा/बृहद विधिक सेवा शिविर के सफल ,आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न
जनपद न्यायाधीश के आदेश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में मध्यस्थता अभियान 3.0 एवं मेगा/बृहद विधिक सेवा शिविर के सफल आयोजन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी अपर जिला जज संजय कुमार षष्ठम द्वारा की गई और बैठक का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।
बैठक में मध्यस्थता अभियान 3.0 के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उन्हें मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराना है, जिससे वादकारियों को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त हो सके तथा न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या में कमी लाई जा सके। इस संबंध में मध्यस्थ लोगों को निर्देशित किया गया कि न्यायालयों द्वारा मध्यस्थता हेतु संदर्भित मामलों में संबंधित पक्षकारों के मध्य शीघ्र सुलह-समझौता कराने का प्रयास करते हुए अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में आगामी मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन के संबंध में भी चर्चा की गई। शिविर का उद्देश्य आमजन को विभिन्न विधिक सेवाओं, शासकीय कल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता से संबंधित सुविधाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित करना है। इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जनसामान्य तक विधिक सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी मध्यस्थगण को मध्यस्थता अभियान 3.0 को सफल बनाने तथा मेगा/बृहद विधिक सेवा शिविर के माध्यम से अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कराने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बैठक में मध्यस्थ जवाहर सिंह गंगवार, सगीर अहमद खाँ, प्रभाशंकर औदिच्य, उमा मिश्रा, स्नेहलता, राजरानी, आनन्द यादव, धर्मेन्द्र कुमार, नन्द किशोर, अजिता मिश्रा, आलोक कुमार त्रिपाठी, जगदीश चन्द्र सागर, सतीश कुमार, समीर राजा एवं जेल विजिटर मो० अताउलहक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Oct 15 2026, 10:34
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k