सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपी स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन ने श्रमिक जोन एवं जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
सुलतानपुर,मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपी स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन श्री मनोज कुमार सिंह ने दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन एवं जिला अस्पताल का निरीक्षण कर श्रमिकों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रम विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि निर्माण श्रमिकों एवं नियोक्ताओं का यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप पर निःशुल्क पंजीकरण, यूपीबीओसीडब्ल्यू पोर्टल के माध्यम से निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण, ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कर्मकारों का पंजीकरण तथा मानधन पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम, 1923 के अंतर्गत मृतक आश्रितों को चेक वितरण, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को अनुमन्य हितलाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में टीबी, बुखार, आंखों की जांच, शुगर एवं ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
नगर पालिका परिषद द्वारा श्रमिक जोन में श्रमिकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली, पेयजल, जिम एवं सीएचसी सहित विभिन्न आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि श्रमिक जोन में उपलब्ध व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के लिए टीम गठित की गई है, जिससे श्रमिकों को सुविधाओं का लाभ सुचारु रूप से मिलता रहे।
इसके उपरांत मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपी स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, प्रतिदिन की ओपीडी, चिकित्सकों की उपलब्धता, 24 घंटे प्रसव सुविधा, मातृ मृत्यु दर (एमएमआर), घर-घर पोषण तथा गंभीर मरीजों के उपचार आदि से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 5 से 6 हजार ओपीडी होती है तथा कुल 60 चिकित्सक और 7 स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। जनपद में मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में घर-घर पोषण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कुपोषण एवं एनीमिया से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार महिलाओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सके।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी तथा आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा श्रमिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
Oct 14 2026, 19:10
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k