निजी शीतगृहों में भण्डारित आलू पर अनुदान एवं भागशाह भाग स्थिरता कोष की स्थापना हेतु बैठक आयोजित
फर्रुखाबाद।
बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में निजी शीतगृहों में भण्डारित आलू पर अनुदान की योजनान्तर्गत तथा भागशाह भाग स्थिरता कोष की स्थापना की योजनान्तर्गत बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*निजी शीतगृहों में भण्डारित आलू पर अनुदान योजना* के अंतर्गत जनपद के कुल 531 कृषकों को 5,77,85,700 रुपये का अनुदान धनराशि अंतरित किया जा चुका है। बैठक में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक कृषकों को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, शीतगृह स्वामियों एवं कृषकों से योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की गई।
योजनान्तर्गत आलू भण्डारण पर 100 रुपये प्रति कुन्तल की दर से अनुदान देय है। इसके लिए प्रति कृषक अधिकतम 02 हेक्टेयर क्षेत्रफल एवं 200 कुन्तल प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 500 कुन्तल आलू भण्डारण पर कुल 50,000 रुपये तक अनुदान अनुमन्य है।
*भागशाह भाग स्थिरता कोष की स्थापना योजना* के अंतर्गत जनपद के आलू उत्पादक कृषकों को लाभान्वित किए जाने का प्रावधान है। इस योजना में अधिकतम 02 हेक्टेयर आलू रोपित क्षेत्रफल पर प्रति कृषक अधिकतम 200 कुन्तल तक अनुदान देय है। योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत आलू उत्पादक एवं आईडी धारक कृषक ही पात्र होंगे।
बैठक में जनपद के समस्त आलू उत्पादक कृषकों को अवगत कराया गया कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन करें। इनमें मोबाइल नम्बर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, कृषक आईडी, भूमि संबंधी अभिलेख (खतौनी), कोल्ड स्टोरेज की रसीदें, हस्ताक्षरित भण्डार रसीद, कोल्ड स्टोरेज किराया भुगतान रसीद, गेट पास/लॉट निकासी रसीद तथा बोरी गणना/चट्टा रसीद आदि सम्मिलित हैं।
इच्छुक कृषक विभागीय ऑनलाइन पोर्टल https://potato.uphorticulture.in/ पर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त उद्यान निरीक्षक भूपेन्द्र यादव (मोबाइल नम्बर 8318370646) एवं सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार (मोबाइल नम्बर 9026189437) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक में आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी, मंडी परिषद सातनपुर के प्रतिनिधि, वरिष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक, शीतगृह एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गंगवार, शीतगृह स्वामी एवं कृषक उपस्थित रहे।
Oct 14 2026, 18:33
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.8k