मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए निकला भव्य पैदल मार्च*
*जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, दुर्गागंज तिराहे से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर तक निकाली गई जागरूकता रैली*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलम्बन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य पैदल मार्च का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर।
पैदल मार्च दुर्गागंज तिराहे से प्रारम्भ होकर महिला थाना होते हुए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा आत्मनिर्भरता के महत्व को रेखांकित किया गया।
*महिला कल्याण विभाग की योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी*
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य), पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सहायता और सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा महिला हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 181 के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ उनका लाभ भी समयबद्ध रूप से प्राप्त हो। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया।
*मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत छह श्रेणियों में आर्थिक सहायता*
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने तक छह श्रेणियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके तहत बालिका के जन्म पर ₹5,000, एक वर्ष तक पूर्ण टीकाकरण के उपरांत ₹2,000, कक्षा एक में प्रवेश पर ₹3,000, कक्षा छह में प्रवेश पर ₹3,000, कक्षा नौ में प्रवेश पर ₹5,000 तथा कक्षा 12 उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक अथवा दो वर्षीय या उससे अधिक अवधि के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर ₹7,000 की सहायता का प्रावधान है।
इस प्रकार योजना की छह श्रेणियों के अंतर्गत पात्र बालिका को कुल ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जनपद भदोही में अब तक 20,307 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने तथा परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
*महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक और सशक्त बनाने पर जोर*
महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और महिला सशक्तीकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शत्रुधन, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित राजकुमार गुप्ता, किरन, मीना, सोनी चौरासिया, आनन्द मौर्या तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Oct 14 2026, 17:33
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1