गोलीकांड के तीन दिन बाद भी आरोपी फरार, 15 लोगों से हुई पूछताछ
*3 जिलों में 50 से ज्यादा छापेमारी

गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मसकनवां गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास रविवार तड़के लगभग 3.30 बजे हुए भोला पांडेय गोलीकांड का तीन दिन बीत जाने के बावजूद भी छपिया थाने की पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।आज मंगलवार सुबह 9.00 से ही छपिया थाना क्षेत्र के कई इलाकों में छपिया थाने की पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।3 दिन के अंदर गोंडा, बस्ती और अयोध्या में लगभग 50 से अधिक स्थानों पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर के छापेमारी कर चुकी है,परन्तु फिर भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।आरोपियों की गिरफ्तारी और आरोपियों की सटीक पहचान के लिए छपिया थाने की पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे 10 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया गया है।सीसीटीवी कैमरे के आधार पर भी छपिया थाने की पुलिस जांच कर रही है।किसी भी सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट तस्वीरें नहीं आई हैं।घटना में फरार आरोपियों के परिचितों और उनके रिश्तेदारों के यहां भी लगातार छापेमारी की जा रही है।अब तक इस पूरी घटना को लेकर के 15 से अधिक लोगों से भी छपिया थाने की पुलिस पूछताछ कर चुकी है।बताते चलें कि बीते रविवार को तड़के लगभग 3.30 बजे भोला पांडेय अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय के साथ मोटरसाइकिल से मदनपुर गांव के पास पहुंचे थे और दोनों को गोंडा जाने के लिए छोड़ने के लिए सड़क पर खड़े हुए थे कि इसी दौरान मसकनवां के तरफ से चार पहिया वाहन से कई लोग आये,जिसमें अभिषेक राणा,शशांक पांडेय, विवेक और कुछ अन्य लोग भी थे।इन लोगों ने भोला पांडेय पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया।जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में दो दिन इलाज के बाद फिलहाल भोला पांडेय को डिस्चार्ज कर दिया गया है।इस पूरी घटना को लेकर के लगातार छपिया थाने की पुलिस जांच कर रही है।वहीं भोला पांडेय और उनके परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किया है।वहीं मामले में छपिया थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि आज भी सुबह से छापेमारी की जा रही है और तीन दिन से भी हमारी कई टीमें लगी हुई है तथा अब तक हमलोग लगभग 50 से अधिक स्थानों पर तीन जिलों में छापेमारी कर चुके हैं।जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार ककर इस पूरे गोलीकांड का पुलिस द्वारा खुलासा किया जाएगा।
तालाब की जमीन पर बने लगभग एक दर्जन मकान ढहाए गये,2 घंटे चला बुल्डोजर
*उच्च न्यायालय के निर्देश पर देर शाम हुई कार्रवाई

गोंडा।जिले के सदर तहसील अंतर्गत भटपी गांव में सोमवार देर शाम प्रशासन ने सरकारी तालाब की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए बुल्डोजर चलाया।देर शाम लगभग 7 बजे तक चली कार्रवाई में तालाब की जमीन पर बने 10 से अधिक मकानों को ढहा दिया गया।प्रशासन के अनुसार,कब्जा हटाने के बाद जमीन ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी गई है।प्रशासन के अनुसार भटपी गांव में गाटा संख्या 1367 राजस्व अभिलेखों में तालाब का नाम दर्ज है।आरोप है कि कई लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर मकान और अन्य निर्माण कर लिया था।सदर तहसील प्रशासन की तरफ से कई बार अवैध कब्जा हटाने के लिए नोटिस दिया गया, परन्तु कब्जा नहीं हटाया गया।भटपी गांव निवासी इमामुद्दीन ने तालाब की जमीन पर कब्जे के मामले में उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ का दरवाजा खटखटाया था।बताया गया कि अदालत ने जिला प्रशासन को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया।परन्तु आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने पर इमामुद्दीन ने दोबारा अवमानना संबंधी शिकायत किया।इसके बाद प्रशासन ने सोमवार को मौके पर पहुंच कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्रवाई के दौरान सदर तहसील के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।बुल्डोजर की मदद से तालाब पर बने मकानों और अन्य निर्माण को हटाया गया।तहसीलदार सदर मनीष कुमार ने बताया कि तालाब की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान और अन्य निर्माण किया गया था।कार्रवाई के पश्चात जमीन ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी गई है तथा कब्जा करने वाले लोगों को तोड़े गए निर्माण का मलबा हटाने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मऊ अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर किशोरियों को शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला ग्रामोद्योग सेवा समिति द्वारा संचालित ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत परियोजना क्षेत्र में किशोरियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, समानता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में किशोरियों को बताया गया कि बालिकाएं समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उन्हें भी लड़कों के समान शिक्षा, सम्मान तथा आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए।

इस दौरान बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और बालिकाओं के साथ होने वाली हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।

किशोरियों को अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने अधिकारों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में परिवार, शिक्षक और संबंधित सहायता सेवाओं से सहयोग लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने और ऐसा समाज बनाने का संदेश दिया गया, जहां प्रत्येक बालिका को सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अधिकार मिले।

“बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान दें, तभी मजबूत होगा समाज और सशक्त होगा देश।”
मऊ कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा जिलाध्यक्ष ने फूंका पुतला, पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
सवाल यह है कि कानून सबके लिए समान है या राजनीतिक दल देखकर बदल जाता है?

भाजपा के जिलाध्यक्ष द्वारा कांग्रेस कार्यालय के सामने पुलिस की मौजूदगी में पुतला दहन किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।

विपक्षी दलों का कहना है कि यदि सत्ता पक्ष को पुलिस की मौजूदगी में इस तरह प्रदर्शन और पुतला दहन की अनुमति मिल सकती है, तो विपक्ष द्वारा इसी तरह के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज या कार्रवाई क्यों?
लोकतंत्र में विरोध-प्रदर्शन का अधिकार सभी को समान रूप से प्राप्त है।

ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कानून और प्रशासनिक कार्रवाई के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष का पैमाना अलग-अलग होना चाहिए?

जनता का सवाल साफ है—अगर कानून है तो सबके लिए एक जैसा हो, और अगर प्रदर्शन का अधिकार है तो वह भी सभी के लिए समान होना चाहिए।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान

गोण्डा। गोण्डा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर की मिशन शक्ति टीम, महिला थाना की मिशन शक्ति टीम एवं एनसीसी छात्राओं द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां आमजन एवं महिलाओं/बालिकाओं को दी गईं तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध सहायता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही वाहन चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के दौरान हेलमेट लगाकर यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताते हुए भविष्य में हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। गोण्डा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने की अपील की गई। गोण्डा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा यातायात जागरूकता के लिए निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में खुला प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट  की मुख्य शाखा

गोण्डा। शारदीय नवरात्र में  सनातन प्रेमियों ने पूजन हवन के साथ नए व्यवसाय शुरू कर रहे हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बार एसोसिएशन परिसर में प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट के मुख्य शाखा का शुभारंभ  विधान भवन लखनऊ में  अनुरक्षण का देख रेख कर रहे इंजीनियर सुरेश दूबे ने   हवन पूजन के साथ किया। इस मौके पर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि  मानव जीवन में रोटी कपड़े के बाद भवन की सर्वाधिक आवश्यकता है। मानव की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ऐसे भवन आवश्यक हैं जो परिवार के जरुरतों व मौसम के अनुरूप सुख सुविधा को पूरा कर सकें। एसोसिएट का दायित्व है कि वह कम लागत में लोगों के रुचि के अनुकूल मजबूत भवन निर्माण में सहयोग करेगा।
प्राइम इंजीनियर्स के प्रभारी इंजीनियर उत्कर्ष दूबे ने उद्घाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस संस्थान की स्थापना उनके पिता व गीता गोष्ठी के संयोजक सुरेश दूबे ने 1994 में की थी। वह स्वयं लखनऊ में भवन निर्माण में भवन निर्माण क्षेत्र में तकनीकी सहयोग का दायित्व संभाल रहे थे। नवरात्र से अब वह अपने गृह क्षेत्र में लोगों को भवन निर्माण के लिए मानचित्र डिजाइन व लागत का परामर्श सेवा देंगे।
उद्घाटन समारोह में बार एसोसिएशन से जुड़े भारी संख्या में अधिवक्ताओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथियों में पंकज सिन्हा, रमेश दूबे राजेश दूबे, जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय आदि शामिल रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-11 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ी*
*गोण्डा 13 अक्टूबर 2026*  - पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मनकापुर, गोण्डा में सत्र 2027-28 में कक्षा-11 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।

विद्यालय के प्राचार्य लालता प्रसाद शर्मा ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन  *सीबीएसईआईटीएमएस डॉट एनआईसी डॉट आईएन* के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश से संबंधित विस्तृत विवरणिका एवं आवश्यक दिशा-निर्देश पंजीकरण पोर्टल पर उपलब्ध हैं।

प्राचार्य ने पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर लें।

बीकेटी में कच्चे रास्ते पर मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका
आचारामऊ से मलाक जाने वाले मार्ग पर मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

लखनऊ। बीकेटी थाना क्षेत्र में आचारामऊ से मलाक जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कच्चे रास्ते पर एक अज्ञात पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर शव के सिर के पास जूट का एक अन्य बोरा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो एसीपी बीकेटी के मोबाइल नंबर 9454401500 या प्रभारी निरीक्षक, थाना बीकेटी के नंबर 9454403842 पर सूचना दें।
ब्राह्मण समाज के खिलाफ़ अपशब्द कहने पर, हिंदू समाज के लोगों में आक्रोश, मुख मार्गों पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा

फर्रुखाबाद। ब्राह्मण समाज के लिए सोशल मीडिया पर अपशब्द बोलने वाले सिली सिंह उर्फ सापा के विरुद्ध अभी तक कार्रवाई न होने के विरोध में सर्व समाज के लोगों ने फर्रुखाबाद विकास मंच जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ज्ञापन देकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की, यदि शीघ्र कार्रवाई न होने पर जबरदस्त आंदोलन की चेतावनी की दी गई, पी डब्ल्यू डी तिराहे पर सभी लोगों ने इकट्ठे होकर वहां से विशाल जुलूस की शक्ल में फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए साथ में लोग नारे लगा रहे थे ब्राह्मण समाज का अपमान नहीं रहेगा हिंदुस्तान, ब्राह्मण समाज के सम्मान में सर्व समाज मैदान में, सर्व समाज एकता जिंदाबाद ब्राह्मण समाज एकता जिंदाबाद के जोरदार नारे लगाते हुए फतेहगढ़ चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां जबरदस्त नारेबाजी कर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया की बहुत जल्द इसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी किसी भी समाज के विरुद्ध अगर कोई गलत टिप्पणी करेगा तो उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि ऐसे समाज विरोधी तत्वों की जगह जेल में है जो समाज को आपस में लड़ने का काम करते हैं यह समाज के दुश्मन है किसी भी समाज के लिए शारीरिक रूप से गलत भाषा का इस्तेमाल करना बहुत गलत है हम सब एक हैं एक रहेंगे और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई हो इसके लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे पूर्व ब्लाक प्रमुख हरपालपुर कमलेश पाठक ने कहा समाज में सामाजिक समरसता बनी रहे इसके के लिए आवश्यक है इस जैसे समाज विरोधी तत्वों को प्रशासन कठोर कार्रवाई करके जेल में डालें क्योंकि पूर्व में यह घटना अपने शहर में हो चुकी है इसलिए प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करें राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अंगद पांडे उर्फ कोमल ने कहा यह आदतन अपराधी है और अपराधी की जगह बाहर न होकर जेल होनी चाहिए क्योंकि ऐसे व्यक्ति समाज में सिर्फ और सिर्फ अराजकता फैलाएंगे और जातीय एवं सामाजिकता  वैमनस्यता फैलाएंगे मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने कहा हमारा संगठन ऐसे लोगों के विरुद्ध जो समाज में अराजकता फैलाते हैं प्रशासन ऐसे लोगों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करें जिससे कि यह लोग समाज में गंदगी न फ़ैला  पाए संडे व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने कहा ब्राह्मण सदैव पूजनीय रहा है ब्राह्मण में सदैव समाज को राह दिखाने का कार्य किया है और उसके लिए इस प्रकार से कोई यह हमारे अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करता है तो उसके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा समाज को बांटने वाले लोगों को हम सब लोगों को पहचान कर बहिष्कृत करना चाहिए ब्राह्मण सदैव हमारे आदर्श पूजनीय हैं और रहेंगे नीरज यादव ने कहा इसकी मानसिकता बहुत गृणित है इसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के बाद पुलिस अधीक्षक को भी इनके विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए ज्ञापन सौंपा । पुलिस ने भी भरोसा दिया बहुत जल्द इसके विरोध कार्रवाई की जाएगी आज के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुनीष चंद्र मिश्रा पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रामवीर शुक्ला, श्यामेंद्र दुबे नीरज,अनिल द्विवेदी, विजय शुक्ला डॉक्टर मिथिलेश पाठक अभिषेक दुबे रत्नेश पांडे विष्णु मिश्रा एडवोकेट  कार्तिकेय शुक्ला लक्की अनुज मिश्रा एडवोकेट श्याम मोहन शुक्ला एडवोकेट प्रशांत मिश्रा एडवोकेट नंदराम दुबे बंटू दुबे मनीष यादव हेमंत शाक्य राजीव वर्मा बाबू अग्निहोत्री सभासद दीपक बाजपेई ओम निवास पाठक शिवेंद्र दीक्षित विपिन अवस्थी  लव बाजपेई अनुज तिवारी एडवोकेट शिवेंद्र बाजपेई राहुल दीक्षित गुड्डा राम रघुवंशी पंकज दुबे दिलीप अग्निहोत्री मंजुल मिश्रा देवेश दिक्षित हरिओम दुबे शैलेंद्र दीक्षित विवेक मिश्रा एडवोकेट सीटू पांडे एडवोकेट आयुष सक्सेना एडवोकेट आकाश चतुर्वेदी विग्नेश सिंह अनंत राम श्रीवास्तव कुलदीप दीक्षित अजय मिश्रा शालू सक्सेना सनी बाथम महिपाल सिंह राजपूत सचिन पांडे भगत सुंदर अमित वर्मा शिवम ठाकुर सत्यम सिंह चौहान विपिन दीक्षित सचिन पांडे सत्यम गुप्ता शाहिद बहुत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे ।
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, सिपाही की मौत

पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को किलोमीटर 145 के कट के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सिपाही अभिषेक त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन चालक के भी घायल होने की सूचना है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद सुब्रत पाठक सैफई से कन्नौज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी सुरक्षा में चल रही स्कॉर्पियो आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 145 के कट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

*सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष*

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सकरावा के थानाध्यक्ष भागमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए घायल सिपाही और वाहन चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की। हादसे में सिपाही अभिषेक त्रिपाठी की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

*हादसे के कारणों की जांच जारी*

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस हादसे से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।