गोलीकांड के तीन दिन बाद भी आरोपी फरार, 15 लोगों से हुई पूछताछ
*3 जिलों में 50 से ज्यादा छापेमारी

गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मसकनवां गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास रविवार तड़के लगभग 3.30 बजे हुए भोला पांडेय गोलीकांड का तीन दिन बीत जाने के बावजूद भी छपिया थाने की पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।आज मंगलवार सुबह 9.00 से ही छपिया थाना क्षेत्र के कई इलाकों में छपिया थाने की पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।3 दिन के अंदर गोंडा, बस्ती और अयोध्या में लगभग 50 से अधिक स्थानों पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर के छापेमारी कर चुकी है,परन्तु फिर भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।आरोपियों की गिरफ्तारी और आरोपियों की सटीक पहचान के लिए छपिया थाने की पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे 10 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया गया है।सीसीटीवी कैमरे के आधार पर भी छपिया थाने की पुलिस जांच कर रही है।किसी भी सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट तस्वीरें नहीं आई हैं।घटना में फरार आरोपियों के परिचितों और उनके रिश्तेदारों के यहां भी लगातार छापेमारी की जा रही है।अब तक इस पूरी घटना को लेकर के 15 से अधिक लोगों से भी छपिया थाने की पुलिस पूछताछ कर चुकी है।बताते चलें कि बीते रविवार को तड़के लगभग 3.30 बजे भोला पांडेय अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय के साथ मोटरसाइकिल से मदनपुर गांव के पास पहुंचे थे और दोनों को गोंडा जाने के लिए छोड़ने के लिए सड़क पर खड़े हुए थे कि इसी दौरान मसकनवां के तरफ से चार पहिया वाहन से कई लोग आये,जिसमें अभिषेक राणा,शशांक पांडेय, विवेक और कुछ अन्य लोग भी थे।इन लोगों ने भोला पांडेय पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया।जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में दो दिन इलाज के बाद फिलहाल भोला पांडेय को डिस्चार्ज कर दिया गया है।इस पूरी घटना को लेकर के लगातार छपिया थाने की पुलिस जांच कर रही है।वहीं भोला पांडेय और उनके परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग किया है।वहीं मामले में छपिया थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि आज भी सुबह से छापेमारी की जा रही है और तीन दिन से भी हमारी कई टीमें लगी हुई है तथा अब तक हमलोग लगभग 50 से अधिक स्थानों पर तीन जिलों में छापेमारी कर चुके हैं।जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार ककर इस पूरे गोलीकांड का पुलिस द्वारा खुलासा किया जाएगा।
ज्ञानपुर देहात में छात्रा अनामिका सरोज बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापिका:बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए की गई पहल


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। ज्ञानपुर देहात के कंपोजिट विद्यालय में लड़कियों में लीडरशिप, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने के लिए एक अच्छी पहल हुई।

इस दौरान कक्षा 7 की छात्रा अनामिका सरोज (रतन लाल की बेटी) को एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनाया गया। अनामिका ने प्रधानाध्यापिका के तौर पर स्कूल की गतिविधियों को संभाला और अपनी जिम्मेदारियां उत्साह से निभाईं।

इस पहल का मकसद लड़कियों को लीडरशिप के मौके देना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और उन्हें अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। ऐसी गतिविधियां उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने और अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

इस मौके पर प्रधानाध्यापिका अनीता मालवीय, सहायक अध्यापिकाएं रेखा राय, पूनम कुमारी, अर्चना, वैशाली, पूनम श्रीवास्तव, हर्षिता, मंसा मैम और शिक्षक भानु प्रकाश मौजूद थे। सभी ने अनामिका का हौसला बढ़ाया और लड़कियों को शिक्षा व लीडरशिप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधानसभा चुनाव 2027: चंदौली में EVM की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में खुला वेयरहाउस

चंदौली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने लगी हैं। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चंदौली जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस को सोमवार, 12 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और वीडियोग्राफी के बीच खोला गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेयरहाउस को बंद कर दिया गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुसार, ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) से संबंधित प्रक्रिया के तहत वेयरहाउस खोला गया। इस दौरान वेयरहाउस के अंदर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया

ईवीएम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वेयरहाउस खोलने और बंद करने की निर्धारित प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष उदित नारायण पटेल, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सिंह, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव संदीप सिंह, भाजपा के सदस्य हरेराम पाण्डेय, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अजीत कुमार भारती शामिल रहे।

चुनाव की विश्वसनीयता के लिए महत्वपूर्ण है निगरानी

चुनाव में ईवीएम की सुरक्षा, रखरखाव और जांच की प्रक्रिया मतदाताओं के विश्वास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार इन प्रक्रियाओं का संचालन किया जाता है। वेयरहाउस खोलने और बंद करने के दौरान वीडियोग्राफी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।

जिला प्रशासन आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है। ईवीएम से संबंधित प्रक्रियाओं पर राजनीतिक दलों की निगरानी और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन निर्वाचन व्यवस्था की विश्वसनीयता के लिए अहम है।

ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट देखी जा सकती है।
साकेत कॉलेज में उपजिलाधिकारी वंदना पाण्डेय ने विद्यार्थियों को किया संबोधित

अयोध्या।  उठें! अपनी शक्ति को पहचानें और स्वयं में विश्वास करते हुए पूरे दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जुट जाएं तो सफलता अवश्यंभावी है। यह बातें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ,अयोध्या की उपजिलाधिकारी वंदना पाण्डेय ने कामता प्रसाद सुंदर लाल साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अयोध्या में सोमवार को 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 'सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज प्रोग्राम एवं करियर काउंसलिंग सत्र' में मुख्य वक्ता के रूप में कहीं। उन्होंने छात्र- छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए राष्ट्र एवं  मानवता के लिए अपना योगदान देने का आवाहन किया। साकेत महाविद्यालय में पहली बार उनके आगमन पर महाविद्यालय की महिला प्राध्यापिकाओं में विशेष उत्साह दिखाई पड़ा। अश्वनी तिवारी ने मीडिया को जानकारी दी कि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० दानपति तिवारी ने मुख्य अतिथि वंदना पाण्डेय का बुके ,अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया । प्राचार्य ने सेवा परमो धर्म: के सूत्र वाक्य को व्याख्यायित किया। वही सांस्कृतिक परिषद् के अध्यक्ष एवं 'सेवा संकल्प अभियान समिति' के मण्डल सदस्य डॉ.असीम त्रिपाठी ने पूरे एक माह के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य नियंता डॉ. बी० के० सिंह, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. रामलाल विश्वकर्मा, उप नोडल अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार की गौरवशाली उपस्थिति रही। एक माह में सम्पन्न हुए प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक परिषद् की उपाध्यक्ष डॉ. नीता पाण्डेय एवं आभार ज्ञापन परिषद् की सचिव डॉ.सुरभि पाल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. निधि मिश्रा, डॉ. सरला शुक्ला, डॉ. नीलम, डॉ.ऋचा पाठक, मृणालिनी, डॉ. पल्लवी, डॉ. बुशरा खातून, डॉ. रीता दुबे, अम्बरीष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. रमेंद्र कुमार द्विवेदी, सुमधुर, संतराम, पंकज कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*जिला पंचायत सभागार में कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित


मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में किसानों को वितरित किए गए डेमो चेक एवं मिनीकिट बीज*


*जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित हुआ कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम*


*गोण्डा 12 अक्टूबर,2026*।
जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में माननीय मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण के माध्यम से कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा से प्रभावित किसानों को राहत सहायता उपलब्ध कराना तथा कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को आवश्यक कृषि निवेश एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जनपद की तहसील सदर गोण्डा में आपदा राहत विभाग द्वारा 120 से अधिक किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा तहसील सदर के 35 से अधिक किसानों को चना, मसूर, मटर, सरसों आदि फसलों के मिनीकिट बीज वितरित किए गए, जिससे किसानों को आगामी फसल की बुवाई में सहायता मिल सके और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिले।

इस अवसर पर  विधायक मेहनौन श्री विनय कुमार द्विवेदी,  विधायक गोण्डा सदर श्री प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, अपर जिलाधिकारी श्री प्रमोद झा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा किसानों को डेमो चेक एवं मिनीकिट बीज वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।

कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम जनपद गोण्डा की सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा राहत विभाग द्वारा प्रभावित किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान करना तथा कृषि कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग देना रहा। वहीं, कृषि विभाग द्वारा बीज मिनीकिट वितरण के माध्यम से किसानों को विभिन्न फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि एवं आपदा राहत संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सहायता के प्रति जागरूक किया गया। जनपद प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा श्री जितेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा श्री मनीष कुमार, उपनिदेशक कृषि श्री संतोष कुमार द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद न्यायालय परिसर में चार वृक्षों की नीलामी 17 अक्टूबर को

*इच्छुक ठेकेदार 10 हजार रुपये जमा कर नीलामी प्रक्रिया में कर सकेंगे प्रतिभाग*

*गोण्डा, 12 अक्टूबर 2026*  - जनपद न्यायालय गोण्डा के नजारत अनुभाग की ओर से सार्वजनिक नीलामी की सूचना जारी की गई है। इसके तहत भारी बारिश एवं तेज हवा के कारण जड़ से उखड़े यूकेलिप्टस, आंवला और शीशम के एक-एक पेड़ तथा जनपद न्यायालय परिसर में डीएलएसए भवन के उत्तर दिशा में स्थित एक सूखे सागौन के पेड़ की नीलामी की जाएगी।

नीलामी प्रक्रिया दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे जनपद न्यायालय गोण्डा के मीटिंग हॉल में नीलामी समिति के समक्ष संपन्न होगी। जनपद गोण्डा के स्थानीय इच्छुक ठेकेदार नीलामी में प्रतिभाग करने के लिए निर्धारित तिथि को अपराह्न 02:00 बजे तक नजारत अनुभाग में 10,000 रुपये की धनराशि जमा कर सकते हैं।

नीलामी में वृक्ष प्राप्त करने वाले ठेकेदार को कटान से पूर्व नियमानुसार पातन अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा निर्धारित पातन अनुमति शुल्क क्षेत्रीय वनाधिकारी, गोण्डा के यहां जमा करना होगा। कटान के दौरान किसी भी प्रकार की राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी क्षतिपूर्ति का उत्तरदायित्व संबंधित ठेकेदार का होगा।

इसके अतिरिक्त, नीलामी धनराशि पर यदि कोई कर देय होता है तो उसके भुगतान की जिम्मेदारी भी नीलामी प्राप्त करने वाले व्यक्ति की होगी। अंतिम बोली स्वीकृत होने के पश्चात नीलामी की संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करना अनिवार्य होगा। नीलामी से संबंधित किसी भी विवाद के निस्तारण का क्षेत्राधिकार केवल जनपद न्यायालय गोण्डा का होगा।
मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान*

*डीएम ने मीडिया बंधुओं के साथ बैठक कर दी अभियान की जानकारी, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे पात्र मतदाताओं की पहचान*

*आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व*

*दिवंगत पत्रकार सुलेमान की पत्नी को रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से ₹20 हजार की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान*

*गोण्डा, 12 अक्टूबर 2026* - भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन विभिन्न कारणों से एसआईआर के बाद तैयार मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया बंधुओं के साथ बैठक कर अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे तथा ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगे, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। अभियान के दौरान मृतक, स्थानांतरित तथा अन्य श्रेणियों के मतदाताओं की स्थिति का भी नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।

*पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर जोड़ा जाएगा नाम*

अभियान के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं सहित 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीएलओ घर-घर संपर्क कर पात्र व्यक्तियों को आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देंगे और नाम दर्ज कराने में सहायता करेंगे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस सूची को राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जाएगा, जिससे अभियान में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।

*आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की भी दी जानकारी*

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मीडिया बंधुओं के साथ आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्वाचन से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व भी आवंटित कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

*मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए जरूरी*

जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार के पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टि अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, इसलिए पात्र नागरिकों को किसी भी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में समय रहते आवेदन करना चाहिए।

उन्होंने मीडिया बंधुओं से भी मतदाता सूची संबंधी विशेष अभियान और आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के बारे में जनसामान्य को जागरूक करने में सहयोग की अपेक्षा की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

*दिवंगत पत्रकार सुलेमान की पत्नी को रेडक्रॉस सोसाइटी ने दी ₹20 हजार की सहायता*

इसी क्रम में जनपद के वरिष्ठ पत्रकार सुलेमान के निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ग्राम गढ़ी, मोतीगंज, मनकापुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुलेमान का गंभीर बीमारी के कारण 15 सितंबर को निधन हो गया था। वह श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सदस्य थे। उनके निधन के बाद परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने पहल की थी।

यूनियन के आग्रह पर जिलाधिकारी द्वारा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से दिवंगत पत्रकार सुलेमान की पत्नी सायरा बानो को ₹20,000 का चेक प्रदान किया गया। इस सहायता से दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने का प्रयास किया गया।

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने दिवंगत पत्रकार के परिवार के  प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने देवीपाटन मण्डल के विद्यार्थियों के आभार पत्रों की सराहना कर भेजा आशीर्वाद पत्र*
*‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत मण्डल में 1,06,805 स्टडी टेबल वितरित, 77 विद्यार्थियों ने हस्तलिखित पत्र भेजकर जताया आभार*

*मुख्यमंत्री जी के आत्मीय प्रत्युत्तर से विद्यार्थियों का बढ़ेगा उत्साह, आत्मविश्वास एवं पढ़ाई के प्रति रुझान*

*गोण्डा, दिनांक: 12 अक्टूबर 2026।*

माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पहल एवं मार्गदर्शन में देवीपाटन मण्डल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के अंतर्गत मण्डल के चारों जनपदों में कुल 1,06,805 स्टडी टेबल का वितरण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर पर ही अध्ययन के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है।

अभियान के अंतर्गत स्टडी टेबल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री जी ने बच्चों के इन पत्रों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री जी की ओर से मिले इस आत्मीय प्रत्युत्तर से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी। यह पहल बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने तथा उनकी मेहनत, प्रतिभा और सपनों को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास है।

आभार पत्र वितरण का शुभारंभ छात्राओं को मुख्यमंत्री जी ने जनपद बलरामपुर में छात्राओं को आभार पत्र प्रेषित कर किया इसके अतिरिक्त आज जनपद गोण्डा में मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जनपद श्रावस्ती में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी बहराइच में जिलाधिकारी ने बच्चों को माननीय मुख्यमंत्री जी की तरफ से आभार पत्र प्राप्त होने बच्चों ने माननीय मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद प्रेषित किया

*जनपदवार स्टडी टेबल वितरण का विवरण निम्नवत है*

- गोण्डा: 32,638 स्टडी टेबल
- बलरामपुर: 19,605 स्टडी टेबल
- बहराइच: 42,506 स्टडी टेबल
- श्रावस्ती: 12,056 स्टडी टेबल

इस प्रकार चारों जनपदों में कुल 1,06,805 स्टडी टेबल वितरित की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि विद्यार्थियों को घर पर अध्ययन के लिए अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अभियान की महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है।

*आभार पत्र प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या,*
जनपद गोण्डा के 26, श्रावस्ती के 18, बहराइच के 17 तथा बलरामपुर के 16 विद्यार्थियों ने स्टडी टेबल प्राप्त होने पर  मुख्यमंत्री जी को आभार पत्र प्रेषित किए। इस प्रकार चारों जनपदों के कुल 77 विद्यार्थियों ने अपने हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से प्रसन्नता एवं कृतज्ञता व्यक्त की। मुख्यमंत्री जी द्वारा इन पत्रों की सराहना कर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं भेजना उनके लिए उत्साहवर्धक अनुभव है।

मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में संचालित ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को घर पर ही पढ़ाई के लिए अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टडी टेबल वितरण का उद्देश्य बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करना, उनकी एकाग्रता बढ़ाना तथा उनमें अनुशासित अध्ययन की आदत विकसित करना है, ताकि वे अपनी शैक्षिक क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकें।

अभियान के अंतर्गत मेधावी एवं परिश्रमी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। यह पहल इस संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं प्रोत्साहन उपलब्ध हों।

‘हर घर बने पढ़ाई का स्थान—हर मेधा को मिले सम्मान’ की भावना के अनुरूप ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मण्डल में 1,06,805 स्टडी टेबल का वितरण तथा मुख्यमंत्री जी द्वारा विद्यार्थियों के आभार पत्रों की सराहना कर उन्हें शुभकामनाएं भेजना इस अभियान की सार्थकता, विद्यार्थियों के उत्साह और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करता है।
सरदार पटेल जयंती पर सभी जिलों में होंगे भव्य कार्यक्रम — उमेश पटेल (राष्ट्रीय महासचिव- अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा)*

प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण प्राथमिकता पर कराने के निर्देश;*

*जरूरत पर राष्ट्रीय संगठन से आर्थिक सहयोग भी मिलेगा

फर्रुखाबाद । अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव ने राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल के टेलीफोनिक निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर महासभा के बैनर तले प्रदेश के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल ने यह भी आश्वासन दिया है कि यदि किसी जिले में आर्थिक संसाधनों की कमी आती है, तो राष्ट्रीय स्तर से आर्थिक मदद एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी जिले में जयंती की तैयारियां प्रभावित न हों।
पटेल कैलाश उमराव ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उनकी जयंती पर भव्य आयोजन करना और उनकी प्रतिमाओं का सम्मानजनक रखरखाव करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपील की कि आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूर्ण करें और सरदार पटेल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
राष्ट्रीय महासचिव का निर्देश अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा के उत्तर प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान के लखनऊ आवास में रविवार को उनके साथ बैठक हुई ।
साथ ही साथ प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान के साथ सामाजिक मुद्दों एवं आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कुर्मी समाज की भागीदारी पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव, कानपुर इकाई के  संरक्षक सुरेश सचान, मंडल महासचिव रामराज पटेल, जिला महासचिव पावेन्द्र कटियार एडवोकेट, युवाध्यक्ष मोहित सचान, इंजीनियर गौरव सचान एवं अश्विनी कुमार एडवोकेट उपस्थित रहे।
आलू कम बिकने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता

फर्रुखाबाद। किसान नेता अरविन्द राजपूत ने जानकारी देते हुए  बताया कि आलू हाईब्रिड लगभग 150 से 250 रु प्रति पैकेट कोल्ड भाड़ा सहित , हाइलैंड 500 से 550 रु, चिप्सोना 430 से 480 रु ,और कुफरी बहार 3797 आलू 350 से 450 रु भाव में बिक रहा है ,बिकवाली बहुत ढीली है, बारिश के बाद बलुई मिट्टी में गड़ाई चालू हो गई , कोल्ड स्टोरेज की आलू निकासी लगभग 45 प्रतिशत पर पहुंची है जबकि पिछली साल इस समय 60_65 प्रतिशत तक आलू निकासी हो चुकी थी,ऐसे हालात से अनुमान लगाया जा रहा है कि कम से कम बीस प्रतिशत आलू कोल्ड में ही बचेगा ।