जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुई संचारी रोग  अभियान की बैठक
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता मे संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा नालियों की नियमित सफाई, जलभराव का निस्तारण और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की जिन विभागों के फ्रंटलाइन वर्कर्स का प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण शेष रह गया है वे कल तक पूरा करा ले। बाढ़ प्रभावित ग्रामों में मच्छरो की रोकथाम हेतु पंचायती राज विभाग द्वारा एंटी लार्वा स्प्रे करवाया जाए और स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करें और साथ ही क्लोरीन की गोलियों का वितरण करें। इसके अतिरिक्त आपने निर्देश दिया कि यह समय डेंगू चिकनगुनिया का है इसलिए जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी पर अलग से व्यवस्था होनी चाहिए। पंचायती राज विभाग ग्रामों और नगर विकास विभाग नगर निकायों में साफ सफाई की व्यवस्था चाक चौबंद रखें।  ग्रामों में अभियान चला कर झाड़ियां की कटाई सफाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी हरदोई को नालों की साफ-सफाई तथा फागिंग कराने के निर्देश दिये।
बैठक मे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भवनाथ पाण्डेय, सभी ब्लाको के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी,  और नगर निकायों के अधिशाषी अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद फर्रुखाबाद में विशेष रोजगार सृजन दिवस पर 29,000 मानव दिवस का लक्ष्य पूर्ण
बीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत जनपद एवं विकासखंड स्तर पर अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण,अभियान की निगरानी की

फर्रुखाबाद । बीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित विशेष रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान के लिए शासन द्वारा निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को जनपद ने पूर्ण किया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना रहा।

अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए शासन स्तर से जनपद  में दो वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार को विकासखंड कमालगंज एवं शमशाबाद और जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार को विकासखंड मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, राजेपुर एवं कायमगंज का नोडल अधिकारी नामित किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम में परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार द्वारा विकासखंड कमालगंज की ग्राम पंचायत कुंदन गणेशपुर, सितौली, ताजपुर एवं अहिमलापुर में पहुंचकर विशेष रोजगार सृजन अभियान की गतिविधियों में प्रतिभाग किया गया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संचालित कार्यों का जायजा लिया गया।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा विकासखंड राजेपुर की ग्राम पंचायत डाबरी, बिलालपुर, त्रिकुटा, गांधी, उजरामऊ एवं नया गांव में पहुंचकर अभियान में प्रतिभाग किया गया तथा रोजगार सृजन से संबंधित गतिविधियों की निगरानी की गई।

जनपद स्तर पर जिलाधिकारी द्वारा समस्त खंड विकास अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण किया गया। अधिकारियों के समन्वित प्रयासों, विकासखंड स्तर पर प्रभावी निगरानी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान के क्रियान्वयन के फलस्वरूप जनपद ने शासन द्वारा निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को पूर्ण किया।

इस विशेष अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को गति देने, श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।
मऊ 24 घंटे बाद गोदाम घाट के पास मिला तमसा में डूबे 19 वर्षीय आकाश गोंड का शव
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर तमसा नदी में छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय आकाश गोंड का शव करीब 24 घंटे बाद सोमवार को बरामद हुआ। घटनास्थल से लगभग 7-8 किलोमीटर दूर मुहम्मदाबाद गोहना और रानीपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित गोदाम घाट के पास दोपहर करीब 1:30 बजे शव उतराता मिला।

शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पट्टी गांव निवासी आकाश ने रविवार दोपहर करीब दो बजे कस्बे में तमसा नदी पर बने पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से तत्काल तलाश शुरू कराई थी।

बताया गया कि आकाश ने इंटरमीडिएट और आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी और गांव के पास गुमटी में चाय-पकौड़ी की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार, घरेलू विवाद में डांट से क्षुब्ध होकर वह घर से निकला था।

रविवार देर शाम तक तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को भी पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा खोज अभियान जारी रखा गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद गोदाम घाट के पास उसका शव बरामद हुआ।

कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सरदार पटेल जयंती पर सभी जिलों में होंगे भव्य कार्यक्रम — उमेश पटेल (राष्ट्रीय महासचिव- अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा)*
प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण प्राथमिकता पर कराने के निर्देश;*

*जरूरत पर राष्ट्रीय संगठन से आर्थिक सहयोग भी मिलेगा

फर्रुखाबाद । अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव ने राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल के टेलीफोनिक निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती पर महासभा के बैनर तले प्रदेश के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल ने यह भी आश्वासन दिया है कि यदि किसी जिले में आर्थिक संसाधनों की कमी आती है, तो राष्ट्रीय स्तर से आर्थिक मदद एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी जिले में जयंती की तैयारियां प्रभावित न हों।
पटेल कैलाश उमराव ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उनकी जयंती पर भव्य आयोजन करना और उनकी प्रतिमाओं का सम्मानजनक रखरखाव करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से अपील की कि आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूर्ण करें और सरदार पटेल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
राष्ट्रीय महासचिव का निर्देश अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा के उत्तर प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान के लखनऊ आवास में रविवार को उनके साथ बैठक हुई ।
साथ ही साथ प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान के साथ सामाजिक मुद्दों एवं आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कुर्मी समाज की भागीदारी पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस मौके पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव, कानपुर इकाई के  संरक्षक सुरेश सचान, मंडल महासचिव रामराज पटेल, जिला महासचिव पावेन्द्र कटियार एडवोकेट, युवाध्यक्ष मोहित सचान, इंजीनियर गौरव सचान एवं अश्विनी कुमार एडवोकेट उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा राजस्थान के धौलपुर के लाल पत्थर से सौन्दर्यीकरण कराया गया
आज दिनांक 12 अक्टूबर को नगर क्षेत्र के वार्ड ठठेरी बाजार स्थित रामलीला मैदान का दशकों पूर्व निर्मित प्रवेश द्वार अत्यन्त जर्जर अवस्था में होने के कारण नगर पालिका परिषद सुलतानपुर द्वारा राजस्थान के धौलपुर के लाल पत्थर से सौन्दर्यीकरण कराया गया है, जिसका पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने विधिवत मन्त्रोच्चारण सहित पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि यह द्वार लगभग 50 वर्ष पूर्व स्व0 रामदास सहाय अग्रहरि के द्वारा बनवाया गया था, जो अत्यन्त जर्जर हो गया था, स्थानीय सभासद दिनेश चौरसिया, रामलीला कमेटी, दुर्गा पूजा समितियों, अग्रहरि समाज व स्थानीय निवासियों की मॉग पर सैंकड़ो वर्षों से निरन्तर प्रतिवर्ष ऐतिहासिक रामलीला मंचन का आयोजन किये जाने वाले रामलीला मैदान व अति प्राचीन पौराणिक महत्व के सिद्धेश्वरनाथ मन्दिर को जाने वाले इस द्वार को स्व0 रामदास महाशय अग्रहरि की स्मृति में ‘‘बाबा सिद्धेश्वरनाथ द्वार’’ के रूप में पुनरोद्धार व सौन्दर्यीकरण कार्य पूर्ण कराकर लोकार्पण किया गया है, जिस पर विशेष रूप से भगवान राम के प्रतीक के रूप में तीर-धनुष की स्थापना की गयी है, जो इसकी भव्यता व सौन्दर्य को बढ़ाता है। यह द्वार आमजनमानस व श्रद्धालुओं की आस्था के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। इस रामलीला ग्राउण्ड परिसर में विद्यालय सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में दुर्गापूजा सहित रामलीला का मंचन किया जाता है, यह द्वार अपनी भव्यता से लोगों को आकर्षित करेगा। लोकार्पण के इस अवसर पर स्थानीय लोगांे ने पालिकाध्यक्ष की सराहना करते हुए इस पुनीत कार्य हेतु धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व पालिकाध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल, सभासद दिनेश चौरसिया, रमेश सिंह टिन्नू, संदीप गुप्ता, प्रवीण मिश्र तथा स्थानीय एडवोकेट अरूण श्रीवास्तव, सुनील सोनी, बंगाली सोनी, विष्णु अग्रहरि, भरत जी सोनी, संजय सोमवंशी, शंकरलाल कैलाशी, दिलीप अग्रवाल आदि सहित भारी संख्या में स्थानीय बन्धुजन उपस्थित रहे।
जनपद न्यायालय परिसर में चार वृक्षों की नीलामी 17 अक्टूबर को*

*इच्छुक ठेकेदार 10 हजार रुपये जमा कर नीलामी प्रक्रिया में कर सकेंगे प्रतिभाग*

*गोण्डा, 12 अक्टूबर 2026*  - जनपद न्यायालय गोण्डा के नजारत अनुभाग की ओर से सार्वजनिक नीलामी की सूचना जारी की गई है। इसके तहत भारी बारिश एवं तेज हवा के कारण जड़ से उखड़े यूकेलिप्टस, आंवला और शीशम के एक-एक पेड़ तथा जनपद न्यायालय परिसर में डीएलएसए भवन के उत्तर दिशा में स्थित एक सूखे सागौन के पेड़ की नीलामी की जाएगी।

नीलामी प्रक्रिया दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे जनपद न्यायालय गोण्डा के मीटिंग हॉल में नीलामी समिति के समक्ष संपन्न होगी। जनपद गोण्डा के स्थानीय इच्छुक ठेकेदार नीलामी में प्रतिभाग करने के लिए निर्धारित तिथि को अपराह्न 02:00 बजे तक नजारत अनुभाग में 10,000 रुपये की धनराशि जमा कर सकते हैं।

नीलामी में वृक्ष प्राप्त करने वाले ठेकेदार को कटान से पूर्व नियमानुसार पातन अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा निर्धारित पातन अनुमति शुल्क क्षेत्रीय वनाधिकारी, गोण्डा के यहां जमा करना होगा। कटान के दौरान किसी भी प्रकार की राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी क्षतिपूर्ति का उत्तरदायित्व संबंधित ठेकेदार का होगा।

इसके अतिरिक्त, नीलामी धनराशि पर यदि कोई कर देय होता है तो उसके भुगतान की जिम्मेदारी भी नीलामी प्राप्त करने वाले व्यक्ति की होगी। अंतिम बोली स्वीकृत होने के पश्चात नीलामी की संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करना अनिवार्य होगा। नीलामी
मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में किसानों को वितरित किए गए डेमो चेक एवं मिनीकिट बीज*
*जिला पंचायत सभागार में कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित*



*जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित हुआ कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम*


*गोण्डा 12 अक्टूबर,2026*।
जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में माननीय मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण के माध्यम से कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा से प्रभावित किसानों को राहत सहायता उपलब्ध कराना तथा कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को आवश्यक कृषि निवेश एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जनपद की तहसील सदर गोण्डा में आपदा राहत विभाग द्वारा 120 से अधिक किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा तहसील सदर के 35 से अधिक किसानों को चना, मसूर, मटर, सरसों आदि फसलों के मिनीकिट बीज वितरित किए गए, जिससे किसानों को आगामी फसल की बुवाई में सहायता मिल सके और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिले।

इस अवसर पर  विधायक मेहनौन श्री विनय कुमार द्विवेदी,  विधायक गोण्डा सदर श्री प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, अपर जिलाधिकारी श्री प्रमोद झा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा किसानों को डेमो चेक एवं मिनीकिट बीज वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।

कृषि निवेश अनुदान एवं आपदा राहत सहायता वितरण कार्यक्रम जनपद गोण्डा की सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा राहत विभाग द्वारा प्रभावित किसानों को राहत सहायता के प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को सहायता प्रदान करना तथा कृषि कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग देना रहा। वहीं, कृषि विभाग द्वारा बीज मिनीकिट वितरण के माध्यम से किसानों को विभिन्न फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को शासन द्वारा संचालित कृषि एवं आपदा राहत संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सहायता के प्रति जागरूक किया गया। जनपद प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा श्री जितेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा श्री मनीष कुमार, उपनिदेशक कृषि श्री संतोष कुमार द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर महिला परिचालक की निजी फोटो/वीडियो प्रसारित कर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद-


गोण्डा। बहराइच डिपो में कार्यरत महिला परिचालक द्वारा दिनांक 23.09.2026 को थाना कोतवाली नगर पर तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि अमन श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव, निवासी मालवीय नगर, जनपद गोण्डा द्वारा दिनांक 20.09.2026 को उनकी निजी फोटो/वीडियो सोशल मीडिया एवं विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रसारित की गई। आरोप है कि उक्त सामग्री उनके रिश्तेदारों, पति, भाई-बहन, मकान मालिक तथा परिवहन विभाग से संबंधित ग्रुपों में भी साझा की गई। इसके अतिरिक्त अभियुक्त द्वारा उनके इंचार्ज के साथ गाली-गलौज कर उन्हें नौकरी से हटाने एवं ड्यूटी न देने के लिए धमकाया गया तथा वादिनी को लगातार मैसेज भेजकर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 877/2026 धारा 352, 351(3), 64(1) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 66E आईटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

कार्यवाही-
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर अति0 प्रभारी निरीक्षक अरविन्द यादव मय हमराह पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के मालवीय नगर स्थित घर पहुंचकर उसे घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त की जामा तलाशी में घटना में प्रयुक्त एक अदद मोबाइल फोन VIVO Y28s 5G बरामद हुआ, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना को0 नगर पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
जनपद के समस्त सीएचसी अधीक्षकों को भेजा गया चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश

*गोण्डा 12 अक्टूबर,2026*।
जनपद में सामु० स्वा० केन्द्र से लेकर मेडिकल कालेज तक ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पत्रकार साथियों को चिकित्सा सेवाओं में सुविधा उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया है कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा अनुरोध किया गया है कि यूनियन के कार्डधारक पत्रकारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर मेडिकल कालेज तक पंजीकरण चिकित्सीय परामर्श जांच एवं औषधि वितरण आदि के दौरान लम्बी कतारों के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है।

जनपद के रजिस्टर्ड पत्रकारों को शासनादेशों एवं प्रचलित नियमों के अनुरुप आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए हैं।
एबीवीपी का जिला युवती सम्मेलन ‘मणिकर्णिका’ सम्पन्न

फर्रुखाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का नारायण आर्य कन्या पाठशाला  डिग्री कॉलेज, फर्रुखाबाद में जिला युवती सम्मेलन ‘मणिकर्णिका’ का आयोजन सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि आज की युवतियां शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। युवतियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और संस्कार युवतियों की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और युवतियों को समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवतियों से शिक्षा को अपना आधार बनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

समाजसेविका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने कहा कि युवतियां अपने व्यक्तित्व और प्रतिभा के बल पर हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवतियों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

प्रो. रश्मि प्रियदर्शनी ने कहा कि शिक्षा युवतियों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर अध्ययन, आत्मअनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया।

डॉ. अर्चना पांडे ने कहा कि युवतियों को अपने स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक और आत्मनिर्भर युवतियां ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकती हैं।

कार्यक्रम संयोजक रिनी चौहान ने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘मणिकर्णिका’ सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम वन्तेमातरम राष्ट्रीय गीत के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर के 8 इंटर कॉलेज, 4 महाविद्याय और आईटीआई सहित विभिन्न संस्थानों की बहन उपस्थिति रही ,

जिसमें विभाग छात्रा प्रमुख जाह्नवी वर्मा, प्रधानाचार्य रागिनी मिश्रा, मानसी अग्निहोत्री, दृष्टि वर्मा, शुभ्रा मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।