मुख्यमंत्री योगी द्वारा आपदा प्रभावित कृषकों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि लाभार्थियों को वितरित की गई
*कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण के बाद जनप्रतिनिधियों ने 55 लाभार्थियों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि का किया वितरण, मत्स्य एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से भी लाभार्थी हुए लाभान्वित
*आपदा की घड़ी में पीड़ितों को राहत पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं द्वारा जिला प्रशासन का सहयोग किए जाने पर जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया
फर्रुखाबाद। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात के कारण फसल क्षति से प्रभावित प्रदेश के कृषकों को डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से कृषि निवेश अनुदान राशि के अंतरण का कार्यक्रम महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन भूमि गोरखपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदर्शित किया गया। इस दौरान विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि एवं निषाद राज पार्टी के अध्यक्ष अनिल निषाद की भी उपस्थिति रही। सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आपदा पीड़ितों एवं लाभार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना गया।
सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य क्षति से प्रभावित कृषकों तथा परिवारों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा आपदा प्रभावित लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई, जिससे प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उबरने में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत *तहसील सदर के 09, तहसील अमृतपुर के 32 तथा तहसील कायमगंज के 14 सहित कुल 55 आपदा पीड़ितों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि का वितरण किया गया। यह सहायता प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य नुकसान से प्रभावित कृषकों और परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि के वितरण के साथ-साथ मत्स्य विभाग एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के माध्यम से भी लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। *मत्स्य विभाग के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम एवं बोट का वितरण किया गया, जिससे मत्स्य पालन से जुड़े लाभार्थियों को अपने व्यवसाय एवं आजीविका को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकेगी। वहीं, *उद्यान विभाग के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे वे सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने जिला प्रशासन की ओर से आपदा पीड़ितों के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर उन्हें हौसला प्रदान करते हुए कहा कि 01 अगस्त से लेकर लगभग 02 माह तक जनपद बाढ़ के प्रभाव से ग्रसित रहा है। जनपद में बाढ़ के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र तहसील अमृतपुर, उसके पश्चात तहसील कायमगंज एवं तहसील सदर रहा। जनपद में कुछ स्थानों पर काटन भी हुआ जिसके कारण बाढ़ पीड़ितों को अपने मकान की क्षति का भी सामना करना पड़ा, जिन स्थानों पर 02 महीने तक लगातार खेतों में पानी भरा रहा, वहां पर फसलों को भी नुकसान हुआ। इसके पश्चात बाढ़ के पानी के स्तर में कमी होने पर जनपद में बारिश हुई और गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होने पर बाढ़ की स्थिति पुनः उत्पन्न हुई। इस आपदा की घड़ी में जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग से आप सभी तक बाढ़ राहत सामग्री एवं राहत अनुदान राशि का वितरण सहित प्रत्येक संभव सहायता पहुंचने का प्रयास किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बाढ़ के प्रभाव से लगभग *22 हजार 627 किसानों (14708 किसान अमृतपुर, 902 किसान फर्रुखाबाद एवं 7015 किसान कायमगंज) को जिला प्रशासन द्वारा 11.50 करोड़ रुपए की राहत धनराशि प्रदान की जा रही है, जिसमें वर्तमान समय तक 11 हजार 399 किसानों को 05 करोड़ 50 लाख रुपए की धनराशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है, शेष किसानों का डाटा भी फीड हो चुका है जिन्हें बजट की उपलब्धता के अनुरूप शीघ्र ही फसल की क्षति का भुगतान किया जाएगा।
अतिवृष्टि के कारण फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसमें *317 कृषकों की फसल का कुल प्रभावित क्षेत्रफल 105 हेक्टेयर है, जिसमें अभी तक 204 किसानों को 10 लाख 55 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, डाटा फीडिंग की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात शेष किसानों को भी अतिवृष्टि के कारण फसल की क्षति की धनराशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त *मकान की क्षति के 405 प्रकरणों में 28 लाख की धनराशि का भुगतान किया जा रहा है, जिसमें अब तक 275 पीड़ित लोगों को 14 लाख 12 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, शेष पीड़ित लोगों को अवशेष धनराशि का शीघ्र ही भुगतान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के कारण जनपद की *कायमगंज तहसील में 01 जनहानि हुई, जिसमे जिला प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशानुसार पीड़ित को 04 लाख रुपए की धनराशि का तत्काल भुगतान किया गया, इसी प्रकार बाढ़ के पानी के वेग से कटान के कारण तहसील सदर एवं कायमगंज में पीड़ित लोगों को निर्धारित समय अवधि के भीतर 01 लाख 30 हजार रुपए की राहत अनुदान राशि का भुगतान किया गया। इस आपदा की घड़ी में पीड़ितों को राहत पहुंचाने में जनपद के स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं द्वारा जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग किया गया, जिसके लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया ।
इस दौरान प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को राहत पहुंचाने तथा कृषि एवं संबंधित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि का वितरण आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के माध्यम से जनपद में आपदा प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, समस्त तहसीलदार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया, आपदा प्रबंधन आयुष्मान परिहार सहित अन्य अधिकारी एवं कृषि निवेश अनुदान तथा राहत सहायता राशि प्राप्तकर्ता उपस्थित रहे।
Oct 12 2026, 18:02
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1