पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने   01 अदद् ट्रक माउण्टेड स्काई लिफ्ट वाहन को झण्डी दिखाकर रवाना किया

सुलतानपुर ,आज दिनांक 12 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद सुलतानपुर कार्यालय प्रांगण में नगर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था को और चाक चौबन्द करने हेतु पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने   01 अदद् ट्रक माउण्टेड स्काई लिफ्ट वाहन को झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में चल रहे नवरात्रि दुर्गापूजा महोत्सव एवं नगर में मुख्य मार्गों घाट सहित अन्य स्थलों पर लगी हाईमास्ट लाइटों के खराब प्रकाश बिन्दुओं को ठीक करने हेतु 13 मी0 कार्यक्षमता की ट्रक माउण्टेड स्काई लिफ्ट वाहन क्रय किया गया है, जिसके उपयोग से सामान्य ऊॅंचाई से अधिक स्थित प्रकाश बिन्दुओं एवं हाईमास्ट लाइटों को तात्कालिक रूप से ठीक करने की व्यवस्था आसानी से सुलभ रहेगी। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सभासद अरविन्द यादव, दिनेश चौरसिया, संतोष चौधरी, आरिफ अंसारी, देवानन्द, सन्दीप गुप्ता, विजय कुमार जायसवाल सहित पालिका के प्र0 कार्यालय अधीक्षक पुनीत कुमार गुप्ता, मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय कुमार तिवारी, स्टोर इंचार्ज सुनील कुमार श्रीवास्तव, प्र0 सफाई हनुमान सिंह, लिपिक प्रशान्त रावत, दीपक रावत, साहिल आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी द्वारा आपदा प्रभावित कृषकों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि लाभार्थियों को वितरित की गई

*कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण के बाद जनप्रतिनिधियों ने 55 लाभार्थियों को कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि का किया वितरण, मत्स्य एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से भी लाभार्थी हुए लाभान्वित

*आपदा की घड़ी में पीड़ितों को राहत पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं द्वारा जिला प्रशासन का सहयोग किए जाने पर जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया


फर्रुखाबाद। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात के कारण फसल क्षति से प्रभावित प्रदेश के कृषकों को डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से कृषि निवेश अनुदान राशि के अंतरण का कार्यक्रम महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन भूमि गोरखपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदर्शित किया गया। इस दौरान विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक अमृतपुर  सुशील कुमार शाक्य विधायक कायमगंज डॉ0 सुरभि एवं निषाद राज पार्टी के अध्यक्ष अनिल निषाद की भी उपस्थिति रही। सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आपदा पीड़ितों एवं लाभार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना गया।
सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य क्षति से प्रभावित कृषकों तथा परिवारों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा आपदा प्रभावित लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई, जिससे प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को कठिन परिस्थितियों से उबरने में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत *तहसील सदर के 09, तहसील अमृतपुर के 32 तथा तहसील कायमगंज के 14 सहित कुल 55 आपदा पीड़ितों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि का वितरण किया गया। यह सहायता प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य नुकसान से प्रभावित कृषकों और परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि के वितरण के साथ-साथ मत्स्य विभाग एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के माध्यम से भी लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। *मत्स्य विभाग के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम एवं बोट का वितरण किया गया, जिससे मत्स्य पालन से जुड़े लाभार्थियों को अपने व्यवसाय एवं आजीविका को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकेगी। वहीं, *उद्यान विभाग के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे वे सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने जिला प्रशासन की ओर से आपदा पीड़ितों के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर उन्हें हौसला प्रदान करते हुए कहा कि 01 अगस्त से लेकर लगभग 02 माह तक जनपद बाढ़ के प्रभाव से ग्रसित रहा है। जनपद में बाढ़ के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र तहसील अमृतपुर, उसके पश्चात तहसील कायमगंज एवं तहसील सदर रहा। जनपद में कुछ स्थानों पर काटन भी हुआ जिसके कारण बाढ़ पीड़ितों को अपने मकान की क्षति का भी सामना करना पड़ा, जिन स्थानों पर 02 महीने तक लगातार खेतों में पानी भरा रहा, वहां पर फसलों को भी नुकसान हुआ। इसके पश्चात बाढ़ के पानी के स्तर में कमी होने पर जनपद में बारिश हुई और गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होने पर बाढ़ की स्थिति पुनः उत्पन्न हुई। इस आपदा की घड़ी में जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग से आप सभी तक बाढ़ राहत सामग्री एवं राहत अनुदान राशि का वितरण सहित प्रत्येक संभव सहायता पहुंचने का प्रयास किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बाढ़ के प्रभाव से लगभग *22 हजार 627 किसानों (14708 किसान अमृतपुर, 902 किसान फर्रुखाबाद एवं 7015 किसान कायमगंज) को जिला प्रशासन द्वारा 11.50 करोड़ रुपए की राहत धनराशि प्रदान की जा रही है, जिसमें वर्तमान  समय तक 11 हजार 399 किसानों को 05 करोड़ 50 लाख रुपए की धनराशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है, शेष किसानों का डाटा भी फीड हो चुका है जिन्हें बजट की उपलब्धता के अनुरूप शीघ्र ही फसल की क्षति का भुगतान किया जाएगा।
अतिवृष्टि के कारण फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसमें *317 कृषकों की फसल का कुल प्रभावित क्षेत्रफल 105 हेक्टेयर है, जिसमें अभी तक 204 किसानों को 10 लाख 55 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, डाटा फीडिंग की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात शेष किसानों को भी अतिवृष्टि के कारण फसल की क्षति की धनराशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त *मकान की क्षति के 405 प्रकरणों में 28 लाख की धनराशि का भुगतान किया जा रहा है, जिसमें अब तक 275 पीड़ित लोगों को 14 लाख 12 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, शेष पीड़ित लोगों को अवशेष धनराशि का शीघ्र ही भुगतान किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के कारण जनपद की *कायमगंज तहसील में 01 जनहानि हुई, जिसमे जिला प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशानुसार पीड़ित को 04 लाख रुपए की धनराशि का तत्काल भुगतान किया गया, इसी प्रकार बाढ़ के पानी के वेग से कटान के कारण तहसील सदर एवं कायमगंज में पीड़ित लोगों को निर्धारित समय अवधि के भीतर 01 लाख 30 हजार रुपए की राहत अनुदान राशि का भुगतान किया गया। इस आपदा की घड़ी में पीड़ितों को राहत पहुंचाने में जनपद के स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं द्वारा जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग किया गया, जिसके लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया ।

इस दौरान प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को राहत पहुंचाने तथा कृषि एवं संबंधित आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि का वितरण आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के माध्यम से जनपद में आपदा प्रभावित कृषकों एवं परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, समस्त तहसीलदार, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया, आपदा प्रबंधन आयुष्मान परिहार सहित अन्य अधिकारी एवं कृषि निवेश अनुदान तथा राहत सहायता राशि प्राप्तकर्ता उपस्थित रहे।
दिल्ली जाने से रोकने के लिए आप जिलाध्यक्ष अज्जू पण्डित को लगभग 20 घंटे तक हाउस अरेस्ट रखने का आरोप
*भाजपा पर लगाया लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप

गोंडा।आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा उर्फ़ अज्जू पण्डित ने आरोप लगाया कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने उन्हें लगातार लगभग 20 घंटे तक घर में नजरबंद रखा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने और लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की सूचना उन्होंने एक दिन पहले ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी। इसके बाद 11 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंचे। पहले से आशंका होने के कारण वह अपने घर से निकलकर जिला कार्यालय पहुंच गए, जहां उनके अनुसार एससीपीएम चौकी के प्रभारी पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और शाम करीब 7 बजे तक बैठाए रखा।इसके बाद वह अपने आवास शिवपुरी कॉलोनी, सिंचाई विभाग के पीछे, गोंडा पहुंचे। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि 11 अक्टूबर की शाम लगभग 7–8 बजे से पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया और 12 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे तक कहीं आने-जाने नहीं दिया। इस प्रकार जिला कार्यालय पर रोके जाने के समय सहित पुलिस की रोक-टोक का सिलसिला करीब 20 घंटे तक चला।उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई की पल-पल की जानकारी उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से जनता के साथ साझा की, ताकि लोगों को पता चल सके कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की इच्छा रखने वाले एक राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ क्या हो रहा है। उनके अनुसार, उन्होंने पुलिसकर्मियों से कई बार कहा कि अब दिल्ली जाने का समय निकल चुका है और वह कहीं नहीं जा रहे हैं, फिर भी उन्हें घर से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सिविल लाइन चौकी प्रभारी पवन कुमार सिंह से भी बातचीत की, लेकिन उनके मुताबिक, ऊपर से निर्देश मिलने की बात कहकर उन्हें रोके रखा गया।
अज्जू पण्डित ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की हत्या करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, कथित वोट चोरी या सरकार की नीतियों पर सवाल उठाता है, तो उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए की गई कार्रवाई इसी मानसिकता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना, अपनी असहमति व्यक्त करना और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लेना नागरिकों का अधिकार है। किसी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक गतिविधि और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की मंशा के कारण घंटों तक घर में नजरबंद रखना गंभीर सवाल खड़े करता है। सत्ता के बल पर आवाजें दबाई जा सकती हैं, लेकिन लोकतंत्र और जनता के अधिकारों के लिए उठने वाली आवाज को हमेशा के लिए खामोश नहीं किया जा सकता।जिलाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व का निर्देश मिलने पर वह भविष्य में भी लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के मुद्दे पर आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने को तैयार हैं।आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह उर्फ राजू तथा जिला उपाध्यक्ष साधु शरण वर्मा भी संगठनात्मक रूप से उनके साथ जुड़े रहे। योगेश प्रताप सिंह और साधू शरण वर्मा करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं।अंत में अजय कुमार मिश्रा उर्फ अज्जू पण्डित ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं, बल्कि नागरिकों को अपनी बात रखने और सत्ता से सवाल पूछने की स्वतंत्रता देने का भी नाम है। यदि विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। आम आदमी पार्टी जनता के अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
दुर्गा पूजा पंडाल में विद्युत से जुड़ी आवश्यक सावधानियां बरतें आयोजन समिति : सर्वेश दुबे

जौनपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर शांति, सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, सिंगरामऊ के अवर अभियंता सर्वेश कुमार दुबे ने दुर्गा पंडालों में बिजली सुरक्षा को लेकर एक जरूरी गाइडलाइन जारी की है। उन्होंने पूजा समितियों से विशेष अनुरोध किया है कि नवरात्रि के दौरान पंडालों में अत्यधिक भीड़-भाड़ को देखते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और दुर्गा पूजा का यह पावन महाउत्सव पूरी तरह से सुरक्षित और सफल रहे। विद्युत विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी स्थिति में दुर्गा पूजा पंडाल की स्थापना एच०टी० (हाई टेंशन) या एल०टी० (लो टेंशन) लाइन के तारों के नीचे न की जाए। इसके साथ ही, पंडालों को विद्युत परिवर्तक (ट्रांसफार्मर) अथवा बिजली के पोल के नजदीक स्थापित करने की सख्त मनाही है। अवर अभियंता ने स्पष्ट किया है कि पंडाल के भीतर वायरिंग और सजावट का काम केवल अनुभवी एवं लाइसेंस प्राप्त ठेकेदार से ही कराया जाए। विद्युत सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पंडाल में उचित क्षमता का फ्यूज और एम०सी०बी० (MCB) लगवाना अनिवार्य किया गया है। वायरिंग के लिए केवल आईएसआई (ISI) मार्क वाले और सही क्षमता के केबलों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि पंडाल में रखे सभी विद्युत उपकरणों की अर्थिंग सुनिश्चित की जाए। सजावट के लिए इस्तेमाल होने वाले बिजली के तार कहीं से भी कटे-फटे या खुले नहीं होने चाहिए और सभी जॉइंट्स पर अच्छी क्वालिटी का इंसुलेशन टेप जरूर लगा हो। एक बेहद महत्वपूर्ण निर्देश में कहा गया है कि कोई भी विद्युत केबल पंडाल में लगे लोहे के पाइप से सीधी न छुए, बल्कि पाइप और केबल के बीच कुचालक (इंसुलेटर) या सूखी लकड़ी का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए। इसके अतिरिक्त, पंडालों में अत्यधिक गर्मी और शॉर्ट सर्किट के खतरे को कम करने के लिए यथासंभव हैलोजन लाइट के उपयोग से बचने और उनकी जगह एलईडी (LED) बल्बों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों पर सख्त रुख अपनाते हुए अवर अभियंता सर्वेश दुबे ने कहा है कि पंडाल में सजावट या प्रकाश के लिए कटिया (अवैध हुकिंग) लगाकर विद्युत का प्रयोग बिल्कुल न करें। इसके लिए समितियों को नियमानुसार विद्युत विभाग में आवेदन करके अस्थाई विद्युत संयोजन (अस्थायी कनेक्शन) अवश्य प्राप्त कर लेना चाहिए। विभाग ने पूजा समितियों को सतर्क करते हुए कहा है कि जिस विद्युत उपकेंद्र से पंडाल को बिजली की आपूर्ति हो रही है, वहां के कंट्रोल रूम, अवर अभियंता (JE) और उपखंड अधिकारी (SDO) का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से अपने पास डायरी या बोर्ड पर नोट करके रखें, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति या आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उनसे संपर्क कर सहायता ली जा सके।
जनसमस्याओं को लेकर मऊ में सक्रियता बढ़ी
मऊ। जनसमस्याओं को लेकर मऊ में सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। इसी क्रम में सोमवार को कल्पना राय के पौत्र अनंत राय जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अनंत राय ने संबंधित समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

उनके इस दौरे को क्षेत्रीय समस्याओं को प्रशासन के सामने रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशासन के सामने उन्होंने समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी |
मऊ शहर में महिला पुलिसकर्मियों का शक्ति प्रदर्शन, मिशन शक्ति के तहत निकला जागरूकता मार्च
मऊ। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए मऊ शहर में महिला पुलिसकर्मियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए जागरूकता मार्च निकाला।

मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

इस दौरान महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता दिखाई दी।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, अपराधों के प्रति जागरूक करना और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित करना है।

संदेश साफ है—महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
मऊ: मिशन शक्ति फेज-6 के तहत घोसी में निकला जागरूकता मार्च
घोसी (मऊ)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत यम यश पूर्वांचल बालिका इंटर कॉलेज, नदवा सराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों और घोसी थाना पुलिस की सहभागिता में प्रमुख स्थानों पर पैदल जागरूकता मार्च निकाला गया। इस दौरान महिला सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़े पोस्टर-बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के जरिए नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश दिया गया।
काशी काव्य संगम की 105 वीं काव्य गोष्ठी संपन्न
वाराणसी । साहित्यिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था काशी काव्य संगम की 105 वीं काव्यगोष्ठी रविवार 11 अक्टूबर 2026 को डीएलडब्ल्यू पुस्तकालय संस्थान ब.रे.का. सभागृह में संपन्न हुई।गोष्ठी की अध्यक्षता वाराणसी के उत्कृष्ट साहित्यकार धर्मेन्द्र गुप्ता साहिल ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में मुंबई महानगर के चर्चित कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप उपस्थित थे।मंच का खूबसूरत संचालन वाणीपुत्र वरिष्ठ कलमकार परमहंस तिवारी परम ने किया। उक्त 105 वीं काव्यगोष्ठी में जनपद वाराणसी के आसपास मिर्जापुर, भदोही, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज,गाजीपुर जिलों से साहित्यकारों की उपस्थिति देखी गई जिसमें अखलाक भारतीय,आलोक सिंह बेताब,जयप्रकाश मिश्रा धानपुरी, गणेश सिंह प्रहरी,सूर्यदीप कुशवाहा व्यंग्यकार,रेखा सिंह,डॉ आलोक त्रिपाठी,डॉ नसीमा निशा,परमहंस तिवारी परम,डॉ महेंद्र अलंकार, रामनरेश नरेश,टीकाराम शर्मा आचार्य,त्रिभुवन सिंह भुवन,दिनेश दत्त पाठक,गौतम अरोड़ा सरस,विजय चंद्र त्रिपाठी,करुणा सिंह,अनु मिश्रा, गिरीश पांडे कौशिकेय,समीम ग़ाज़ीपुरी,प्रदीप कुमार,मृत्युंजय त्रिपाठी मलंग,पूनम गुप्ता पूर्वी, भुलक्कड़ बनारसी,अहमद हबीबी, कुंवर सिंह कुंवर,डॉ संजय सिंह सागर जौनपुर,गीतकार के. आर.स्नेही जौनपुर,विकास पांडे विदीप्त,माधुरी मिश्रा मधु,आनंद कृष्ण मासूम,डॉ शिव प्रकाश साहित्य,विमल बिहारी, विंध्याचल पांडे शगुन,दीपक शर्मा नवेद्धु,डॉ रामानंद दीक्षित,सीताराम राय विक्रांत,डॉ छोटेलाल सिंह मनमीत, श्रीनाथ सोनांचली,अजय केसरी,रामगोपाल, फुर्तिला बनारसी की पावन उपस्थिति रही। उपस्थित सभी कवि एवं कवयित्रियों ने अपने अपने विधाओं में काव्यपाठ करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्षता कर रहे साहिल जी ने उपस्थित सभी साहित्यकारों का अभिनन्दन किया तथा अपने कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ मुंबई से पधारे कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप का अंगवस्त्र से सम्मान किया। मुख्य अतिथि दीप ने काशी काव्य संगम के सभी पदाधिकारियों एवं कलमकारों का स्नेह भरा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपना छंद सुनाया।अंत में संचालक परमहंस तिवारी परम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए गोष्ठी का समापन किया।
श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह धूमधाम से सम्पन्न
बलरामपुर: अग्रवाल सभा, बलरामपुर द्वारा 67वें श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में कार्यक्रमों का आयोजन 4 अक्टूबर से प्रारंभ किया गया। बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए विभिन्न प्रकार की खेलकूद एवं अन्य विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में श्री हनुमान गौशाला में गौसेवा करने के साथ साथ हरा चारा, गुड़ व चूनी इत्यादि भी प्रदान किया गया।

समारोहों की श्रृंखला में अंतिम दिवस 11 अक्टूबर को प्रातः श्री महाराजा अग्रसेन जी का पूजन, हवन संपन्न हुआ और 11 बजे से 4 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

सायंकाल में श्री महाराजा अग्रसेन जी को माल्यार्पण करके पूजन व आरती के पश्चात सचिव विनोद बंसल द्वारा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अध्यक्ष सौम्य अग्रवाल द्वारा अपने सम्बोधन में समाज द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में बताया गया। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद पुरस्कार वितरण संपन्न हुआ। साथ ही अग्रकुल समाज के मेधावी बच्चों को विभिन्न कक्षाओं में सर्वोत्कृष्ट अंकों के आधार पर स्वर्णिम पदक एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।जयंती समारोह के समस्त कार्यक्रमों में उपाध्यक्ष देवीकांत अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल (बल०), सहसचिव सुनील अग्रवाल एवं शुभम बंसल सहित आलोक अग्रवाल, सुशील हमीरवासिया, मनीष तुलस्यान, अजय अग्रवाल , पवन अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, साकेत तुलस्यान, शरद अग्रवाल, अभिषेक सिंघल, अरुण केडिया, यश अग्रवाल सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
कन्नौज में कम मानदेय, काम ज्यादा; समय से भुगतान न मिलने पर समूह सखियों ने उठाई आवाज

पंकज श्रीवासरव/विवेक कुमार

कन्नौज जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में समूह सखी के पद पर कार्य कर रही महिलाओं ने अपने मानदेय और कार्यभार को लेकर नाराजगी जताई है। महिलाओं का आरोप है कि उनसे काम अधिक कराया जाता है, लेकिन इसके बदले उन्हें मात्र दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। इतना ही नहीं, यह राशि भी समय से नहीं मिलती, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

समूह सखी के पद पर कार्यरत महिलाओं ने बताया कि उन्हें गांवों में घर-घर जाकर महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देनी पड़ती है। इसके अलावा भी उन्हें कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। महिलाओं का कहना है कि काम की जिम्मेदारियां अधिक होने के बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है।

महिलाओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों को मिलने वाले भुगतान की तुलना करते हुए अपने मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठाई। उनका कहना है कि अधिक काम करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। समय से मानदेय का भुगतान न होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। समूह सखियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि उनके कार्यभार को देखते हुए मानदेय में बढ़ोतरी की जाए और भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना न करना पड़े।