भाकियू ने विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर चलाया जन जागरण अभियान
संभल।भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा गुरुवार को ग्राम - चंदायन में जनजागरण अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया ! बैठक की अध्यक्षता चौ. ऋषिपाल सिंह एवं संचालन राजीव कुमार ने किया !
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि संगठन द्वारा जन जागरण अभियान के माध्यम से संगठन को गांव-गांव मजबूत करने, अधिक से अधिक किसानों और युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा ब्लॉक, तहसील और ग्राम स्तर पर कार्यकारिणियों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया ! किसानों की समस्याओं का समाधान तभी प्रभावी तरीके से कराया जा सकता है, जब किसान एकजुट होकर अपनी बात शासन-प्रशासन के सामने रखें ! किसान अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर एकजुट रहें। संगठन का उद्देश्य किसानों की आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है ! कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाएं ! साथ ही आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान, एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर गांव के चिन्हित बोर्ड, रहस्यमयी बुखार की रोकथाम हेतु स्प्रे एवं कीटनाशक का छिड़काव, राशन कार्ड, आवास सहित तमाम लाभकारी योजनाओं में पारदर्शिता, गन्ने का उचित मूल्य, समय पर भुगतान, बिजली, सिंचाई, खाद-बीज तथा रेल विस्तारीकरण एवं सरकारी विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया ! जिला प्रभारी सुभाष चाहल ने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से वार्ता, धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक तरीकों से भी मजबूती से आवाज उठाई जाएगी ! कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और संगठन के माध्यम से उन्हें उचित मंच तक पहुंचाएं ! कार्यकारिणी द्वारा संगठन विस्तार करते हुए सईद अहमद को ग्राम सचिव, महबूब को ग्राम सचिव, महमूद को ग्राम प्रभारी, वकार को ग्राम महासचिव नियुक्त किया गया !
मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, जिला प्रभारी सुभाष चाहल, जिला सचिव (कि. मो.) गौरव सेहरावत, जिला महामंत्री (अ. मो.) इस्माइल खां, जिला मंत्री (अ. मो.) सुफियान पाशा, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील महासचिव राजीव कुमार, तहसील अध्यक्ष (अ. मो.) मेंहदी हसन, तहसील प्रभारी मो. अमान, ब्लॉक अध्यक्ष संभल धीरेन्द्र त्यागी, ब्लॉक प्रभारी नरेन्द्र चौधरी, ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, वरिष्ठ कार्यकर्ता मुस्कुरान, जाबिर अली, ताहिर हुसैन, सोनू कुमार, अनिल कुमार, सईद अहमद, महबूब अली, वकार आद सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे !
भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने एक्सईएन विद्युत को सौंपा ज्ञापन, समय रहते सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संभल।भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा सोमवार को जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खंड सम्भल रघुनाथ तित्तल को ज्ञापन सौंपा !
जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि बिजलीघर सिंहपुरसानी एवं लखौरी जलालपुर में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है ! जिसको लेकर संगठन में आक्रोश है ! बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए, अघोषित कटौती पर प्रभावी रोक लगाई जाए, गलत एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर उनका नियमानुसार संशोधन किया जाए तथा मीटर रीडिंग और बिल वितरण व्यवस्था को नियमित बनाया जाए। इसके अतिरिक्त बिजली संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार विद्युत कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें ! उपभोक्ताओं को समय से बिल मिलना आवश्यक है। यदि मीटर रीडिंग नियमित रूप से नहीं ली जाती और बिल समय पर जारी नहीं होते, तो उपभोक्ताओं को भुगतान करने में कठिनाई होती है। कई बार एक साथ अधिक राशि का बिल आने से ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। इसलिए मीटर रीडरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें प्रत्येक माह समय से मीटर रीडिंग लेने और सही बिल जारी करने के निर्देश दिए जाएं ! ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से घरेलू कार्य प्रभावित होते हैं ! संगठन किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है। बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है और किसानों की खेती भी काफी हद तक बिजली आपूर्ति पर निर्भर करती है। ऐसे में विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करना चाहिए ! स्पष्ट किया कि किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से लगातार संवाद किया जाएगा ! चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते सुधार नहीं किया जाता है तो संगठन आंदोलन को विवश होगा ! जिसका जिम्मेदार पूर्णतः शासन व प्रशासन होगा !
मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी, जिला सचिव निर्देश कुमार, जिला प्रचार मंत्री सन्तवीर सिंह, जिला मंत्री (अ. मो.) सुफियान पाशा, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील प्रभारी मो. अमान, ब्लॉक महामंत्री मनीराम गूर्जर, ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, वरिष्ठ कार्यकर्ता रिंकू सिंह, मेवाराम सैनी, मुस्कुरान, महबूब अली, हिलाल, जाकिर अली, मुनाजिर, अंकित कुमार एवं महिला मोर्चा से जिला सचिव नन्हिया देवी, ब्लॉक सचिव निशा देवी, दिलवरी बेगम, शीला देवी, सुदेश देवी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे !
ग्रा, पत्रकार एसोसिएशन बलरामपुर अध्यक्ष ने सा, स्वा, अधीक्षक को किया सम्मानित

बलरामपुर 12 अक्टूबर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उ, प्र, जनपद बलरामपुर अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्रा व बलरामपुर तहसील अध्यक्ष अमरेश सोनी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के अधीक्षक डॉ सी,पी, सिह को सम्मानित किया गया तथा बधाई की गई। विगत दिनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा लखनऊ में इनको आयुष्मान से सम्मानित किया गया था।
बताया जाता है कि डॉक्टर सीपी सिंह एक अच्छे डॉक्टर के साथ-साथ अपने अस्पतालों में मानवता के मिसाल बने हुए हैं हर मरीज को संतुष्ट करने का प्रयास उनके द्वारा किया जा रहा है।
ऑनलाइन बैनामा नामांतरण व्यवस्था के खिलाफ लामबंद हुए अधिवक्ता, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
लेखपालों की मनमानी और भ्रष्टाचार का आरोप, वकीलों ने की पुरानी दाखिल-खारिज व्यवस्था बहाल करने की मांग

बलरामपुर में युवा अधिवक्ताओं का विरोध, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन देकर उठाई ऑनलाइन प्रक्रिया रद्द करने की मांग

बलरामपुर: राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा लागू की गई बैनामा नामांतरण की ऑनलाइन व्यवस्था के विरोध में जिले के अधिवक्ता उतर आए हैं। जिला युवा अधिवक्ता एसोसिएशन बलरामपुर ने सोमवार को राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप केला को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नई व्यवस्था के कारण काश्तकारों का उत्पीड़न बढ़ा है और लेखपाल विभिन्न बिंदुओं पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। एसोसिएशन ने चेताया कि मांग पूरी न होने पर किसानों के बैनामे खारिज करने की धमकियां दी जा रही हैं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि नई व्यवस्था से न केवल आम जनता परेशान है, बल्कि वकीलों का कार्यक्षेत्र सीमित होने से उनकी आजीविका पर भी सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांतरण मूलतः एक न्यायिक प्रक्रिया है, जिसे गुण-दोष के आधार पर सक्षम न्यायालय द्वारा तय किया जाना ही न्यायसंगत है। ऑनलाइन व्यवस्था ने इस न्यायिक संतुलन को बिगाड़कर भ्रष्टाचार के नए रास्ते खोल दिए हैं।

एसोसिएशन ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि किसानों व अधिवक्ताओं के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए बैनामा नामांतरण और दाखिल-खारिज की ऑनलाइन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। संगठन ने पूर्व की भांति ऑफलाइन न्यायिक प्रक्रिया को पुनः लागू करने के लिए शासनादेश पारित कराने का अनुरोध किया है। इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सव की धूम, डांडिया और नृत्य नाटिका ने मोहा मन
**‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका में विद्यार्थियों ने दिया महिला सशक्तीकरण का संदेश, इको-फ्रेंडली मुकुट बनाकर दिखाई रचनात्मकता**

**रामराज (मेरठ)।** डी मोनफोर अकादमी में सोमवार को नवरात्रि के पावन पर्व पर सांस्कृतिक गतिविधियों और डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्नों की डांडिया पार्टी रही। बच्चों ने संगीत की मधुर धुनों पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ‘शक्तिरूप’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रत्येक सदन से आठ-आठ प्रतिभागियों ने पांच मिनट की निर्धारित समय सीमा में नृत्य और अभिनय के माध्यम से नारी शक्ति, साहस, सामर्थ्य और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।

कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने नवदुर्गा मुकुट निर्माण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बच्चों ने कागज, ग्लिटर और ताजे फूलों सहित विभिन्न सामग्रियों का इस्तेमाल कर आकर्षक मुकुट तैयार किए। इको-फ्रेंडली सामग्री के प्रयोग के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी दिखाई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। ‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका ने साहस और महिला सशक्तीकरण का प्रभावशाली संदेश दिया। निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। निर्देशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि नवरात्रि ऊर्जा, सकारात्मकता और अच्छाई की स्थापना का पर्व है। उप प्रधानाचार्य श्रीमती ऋतु चिकारा ने भी सभी सदनों के विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय के अनुरूप प्रस्तुति, समयबद्धता और प्रदर्शन के आधार पर किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन,अंबेडकर तिराहे पर लगाया जाम         
              
                                
अटल भवन से पैदल मार्च निकालकर महिला कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध,महिलाओं के सम्मान और गरिमा का मुद्दा उठाया        
                                 
बलरामपुर। महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने अटल भवन स्थित भाजपा कार्यालय से पैदल जुलूस निकाला और अंबेडकर तिराहे पर पहुंचकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर प्रदर्शन के चलते काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
प्रदर्शन का नेतृत्व उतरौला नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सविता गुप्ता,भाजपा जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह ‘पिंकी’ और वंदना पासवान ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस सांसद की कथित टिप्पणी पर विरोध जताते हुए महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित नेताओं से अपने बयान पर जवाब देने की मांग की।
उतरौला नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सविता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी भाषा और आचरण की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के अधिकारों,सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमेशा आवाज उठाता रहेगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह ‘पिंकी’ ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। ऐसे में महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाओं का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि नेताओं के व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लगातार अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान आईटी सह संयोजक झूमा सिंह,महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी,साधना पांडेय,नंदिनी शुक्ला,सरिता शुक्ला,सुधा शुक्ला,सरोज तिवारी,सरिता गुप्ता,मीनाक्षी अग्रवाल,सुनीता सिंह,सुधा पांडेय,उर्मिला,रेखा गुप्ता,लक्ष्मी गुप्ता,पूनम गुप्ता,कामिनी और पूनम सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
केडीआर फाउंडेशन द्वारा आयोजित नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

जौनपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य कर रही सामाजिक संस्था केडीआर फाउंडेशन द्वारा हर महीने बदलापुर तहसील अंतर्गत कठार गांव में निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया। संस्था के अध्यक्ष विनोद सिंह ने अपनी माता केवला देवी तथा पिता रामबहाल सिंह के नाम पर केडीआर फाउंडेशन की स्थापना की है। रविवार को हुए नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नितिन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। विनय सिंह, अशोक सिंह, ठाकुर अमरधारी सिंह, सौरभ सिंह, रुद्र प्रताप सिंह ,विकास सिंह, शिवम गुप्ता, सुंदरम गुप्ता और शिवा ने शिविर में आए हुए लोगों का स्वागत करते हुए, उनका परीक्षण कराया। यहां आए हुए मरीजों का नेत्र परीक्षण के बाद चयनित मरीजों को आवागमन और भोजन की सुविधा के साथ आर जे शंकरा अस्पताल, वाराणसी में इलाज कराया जाता है।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए निकाली गई रैली
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना-

गोण्डा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद गोण्डा में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।जागरूकता रैली थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गुरुनानक चौक से प्रारंभ होकर गुडूमल चौराहा, ईदगाह एवं दुखहरण नाथ मंदिर होते हुए थाना कोतवाली नगर पर समाप्त हुई। रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने आमजनमानस को महिला सुरक्षा, महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने, तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-05 द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। गोण्डा पुलिस द्वारा आमजनमानस से अपील की जाती है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करें। किसी भी महिला संबंधी अपराध, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय से आवश्यक सहायता एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्र0नि0 को0 नगर, महिला थाना प्रभारी, प्रभारी WCSO सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण मौजूद रहे।
इंस्टा की दोस्ती बनी जिंदगी भर का जख्म, गोंडा की बेटी से 40 लाख की ठगी
*विदेशी गिफ्ट, CBI का डर और पेनाल्टी के नाम पर लूटा परिवार, मां ने जेवर बेचकर भरे पैसे


गोंडा। इंस्टाग्राम पर हुई एक दोस्ती ने गोंडा के एक गरीब परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ दी। विदेश में बैठे जालसाज ने प्यार और तोहफे का जाल बुनकर एक मासूम युवती से 40 लाख रुपये ठग लिए। परिवार ने बेटी को बचाने के लिए अपने तन के जेवर तक बेच दिए, लेकिन ठगों का पेट नहीं भरा।मामला गोंडा के बनगाई बरवार गांव का है। पीड़िता की मां चांदनी सिंह ने शनिवार शाम 6:47 बजे साइबर थाने में फराज राजपूत के खिलाफ तहरीर दी। शिकायत की कॉपी रविवार रात सामने आई।
चांदनी सिंह ने बताया कि उनकी बेटी पायल की दोस्ती इंस्टाग्राम पर फराज राजपूत से हुई। +44 वाले विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर बात होने लगी। पायल ने अपना जन्मदिन 21 अगस्त बताया तो युवक ने गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और आधार कार्ड तक ले लिया।तत्पश्चात  फोन आया कि पार्सल भेज दिया है, 10 हजार दो। पार्सल में रानी हार, डायमंड रिंग और 50 हजार डॉलर होने का लालच दिया गया।
10 हजार लेने के बाद जालसाजों ने नया जाल फेंका। कभी CBI ने पार्सल पकड़ लिया, परमिशन लेटर के 2 लाख दो। कभी बाराबंकी में गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, 8 लाख भेजो। कभी फराज खुद लंदन से आ रहा था, मुंबई एयरपोर्ट पर CBI ने रोक लिया, 4 लाख की पेनाल्टी भरो।डर और लालच में परिवार फंसता चला गया अलग-अलग UPI स्कैनर से कुल 40 लाख रुपये वसूल लिए गए।पैसे खत्म हुए तो मां ने अपने जेवर बेच दिए। सोचा बेटी बच जाएगी, लेकिन ठगों की मांग खत्म नहीं हुई। आज परिवार कर्ज और आंसुओं में डूबा है।साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के सत्यापन के बाद कार्रवाई होगी।

*अपील: बेटियों को बचाओ, इस जाल में मत फंसो। विदेशी गिफ्ट, डॉलर और CBI के नाम पर कोई फोन आए तो तुरंत 1930 पर कॉल करो।
महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 21.30 लाख ठगे
*आरबीआई के फर्जी खाते में जमा कराए 21.30 लाख रूपए

गोंडा। जिला मुख्यालय स्थित मोहल्ला मालवीय नगर की रहने वाली बीना श्रीवास्तव को साइबर ठगों ने जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर व्हाट्सअप वीडियो कॉल किया।मनी लांड्रिंग और बैंक खातों से जुड़ी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाकर गिरफ्तारी वारंट जारी होने की धमकी दिया और डर के माहौल में महिला से अलग अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए 21 लाख 30 हजार 600 रूपए ट्रांसफर करवा लिया गया।रुपये भेजने के बाद जब आरोपियों से संपर्क नहीं हुआ, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।उसकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में 10 अक्टूबर की शाम लगभग 6.30 बजे मुकदमा दर्ज किया गया और सोमवार सुबह एफआईआर की प्रति सामने आई।पुलिस ने बैंक लेनदेन और व्हाट्सअप पर हुई बातचीत से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिया है।एफआईआर के अनुसार 9 अक्टूबर को बीना श्रीवास्तव के मोबाइल पर
7429557353 नंबर से व्हाट्सअप वीडियो कॉल आई।कॉल करने वाले ने खुद को जांच एजेंसी का प्रतिनिधि बताया और उसने दावा किया कि महिला का नाम वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लांड्रिंग के मामले में सामने आया है तथा साथ ही आईसीआईसीआई बैंक में उनके नाम से 24 लाख रुपए से जुड़े मामले का हवाला देकर गिरफ्तारी वारंट जारी होने की धमकी दिया।महिला ने बताया कि उनका इस बैंक में कोई खाता नहीं है,परन्तु आरोपी लगातार दबाव बनाते रहे।ठगों ने भरोसा जीतने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक, सेबी और एनआईए के नाम से कथित सरकारी लेटरहेड पर फर्जी पत्र भेजा।आरोपियों ने महिला से कहा कि जांच होने तक उनकी पूरी जमा पूंजी आरबीआई के सरकारी खाते में सुरक्षित रखी जाएगी और सत्यापन के बाद रकम वापस कर दिया जायेगा।गिरफ्तारी के डर और मानसिक दबाव में महिला ने उनके बताए खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिया।शिकायत के अनुसार, महिला के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते से 14 लाख 300 रुपए और बैंक आफ बड़ौदा के खाते से 7 लाख 30 हजार 300 रूपए आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करवाया गया।दोनों रकम मिलाकर 21 लाख 30 हजार 600 रूपए होते हैं।पैसे भेजने के बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया।इसके बाद महिला को समझ में आया कि जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनके साथ आनलाइन ठगी की गई है।मामले की विवेचना साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव को सौंपी गई है।उन्होंने बताया कि पीड़िता से बैंक लेनदेन की पूरी जानकारी और व्हाट्सअप पर हुई बातचीत का विवरण मांगा गया है।यदि कॉल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध है तो उसे भी देने के लिए कहा गया है।पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।