डी मोनफोर अकादमी में नवरात्रि उत्सव की धूम, डांडिया और नृत्य नाटिका ने मोहा मन
**‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका में विद्यार्थियों ने दिया महिला सशक्तीकरण का संदेश, इको-फ्रेंडली मुकुट बनाकर दिखाई रचनात्मकता**

**रामराज (मेरठ)।** डी मोनफोर अकादमी में सोमवार को नवरात्रि के पावन पर्व पर सांस्कृतिक गतिविधियों और डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्नों की डांडिया पार्टी रही। बच्चों ने संगीत की मधुर धुनों पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ‘शक्तिरूप’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रत्येक सदन से आठ-आठ प्रतिभागियों ने पांच मिनट की निर्धारित समय सीमा में नृत्य और अभिनय के माध्यम से नारी शक्ति, साहस, सामर्थ्य और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।

कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने नवदुर्गा मुकुट निर्माण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बच्चों ने कागज, ग्लिटर और ताजे फूलों सहित विभिन्न सामग्रियों का इस्तेमाल कर आकर्षक मुकुट तैयार किए। इको-फ्रेंडली सामग्री के प्रयोग के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी दिखाई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। ‘शक्तिरूप’ नृत्य नाटिका ने साहस और महिला सशक्तीकरण का प्रभावशाली संदेश दिया। निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की। निर्देशक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि नवरात्रि ऊर्जा, सकारात्मकता और अच्छाई की स्थापना का पर्व है। उप प्रधानाचार्य श्रीमती ऋतु चिकारा ने भी सभी सदनों के विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय के अनुरूप प्रस्तुति, समयबद्धता और प्रदर्शन के आधार पर किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन,अंबेडकर तिराहे पर लगाया जाम         
              
                                
अटल भवन से पैदल मार्च निकालकर महिला कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध,महिलाओं के सम्मान और गरिमा का मुद्दा उठाया        
                                 
बलरामपुर। महिलाओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने अटल भवन स्थित भाजपा कार्यालय से पैदल जुलूस निकाला और अंबेडकर तिराहे पर पहुंचकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क पर प्रदर्शन के चलते काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
प्रदर्शन का नेतृत्व उतरौला नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सविता गुप्ता,भाजपा जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह ‘पिंकी’ और वंदना पासवान ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस सांसद की कथित टिप्पणी पर विरोध जताते हुए महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित नेताओं से अपने बयान पर जवाब देने की मांग की।
उतरौला नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सविता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी भी सभ्य समाज की पहचान है। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी भाषा और आचरण की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के अधिकारों,सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमेशा आवाज उठाता रहेगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह ‘पिंकी’ ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। ऐसे में महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाओं का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि नेताओं के व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लगातार अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान आईटी सह संयोजक झूमा सिंह,महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष मंजू तिवारी,साधना पांडेय,नंदिनी शुक्ला,सरिता शुक्ला,सुधा शुक्ला,सरोज तिवारी,सरिता गुप्ता,मीनाक्षी अग्रवाल,सुनीता सिंह,सुधा पांडेय,उर्मिला,रेखा गुप्ता,लक्ष्मी गुप्ता,पूनम गुप्ता,कामिनी और पूनम सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
केडीआर फाउंडेशन द्वारा आयोजित नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

जौनपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य कर रही सामाजिक संस्था केडीआर फाउंडेशन द्वारा हर महीने बदलापुर तहसील अंतर्गत कठार गांव में निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया। संस्था के अध्यक्ष विनोद सिंह ने अपनी माता केवला देवी तथा पिता रामबहाल सिंह के नाम पर केडीआर फाउंडेशन की स्थापना की है। रविवार को हुए नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नितिन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। विनय सिंह, अशोक सिंह, ठाकुर अमरधारी सिंह, सौरभ सिंह, रुद्र प्रताप सिंह ,विकास सिंह, शिवम गुप्ता, सुंदरम गुप्ता और शिवा ने शिविर में आए हुए लोगों का स्वागत करते हुए, उनका परीक्षण कराया। यहां आए हुए मरीजों का नेत्र परीक्षण के बाद चयनित मरीजों को आवागमन और भोजन की सुविधा के साथ आर जे शंकरा अस्पताल, वाराणसी में इलाज कराया जाता है।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए निकाली गई रैली
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना-

गोण्डा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद गोण्डा में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।जागरूकता रैली थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के गुरुनानक चौक से प्रारंभ होकर गुडूमल चौराहा, ईदगाह एवं दुखहरण नाथ मंदिर होते हुए थाना कोतवाली नगर पर समाप्त हुई। रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने आमजनमानस को महिला सुरक्षा, महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने, तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-05 द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। गोण्डा पुलिस द्वारा आमजनमानस से अपील की जाती है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करें। किसी भी महिला संबंधी अपराध, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय से आवश्यक सहायता एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्र0नि0 को0 नगर, महिला थाना प्रभारी, प्रभारी WCSO सहित अन्य अधिकारी/ कर्मचारीगण मौजूद रहे।
इंस्टा की दोस्ती बनी जिंदगी भर का जख्म, गोंडा की बेटी से 40 लाख की ठगी
*विदेशी गिफ्ट, CBI का डर और पेनाल्टी के नाम पर लूटा परिवार, मां ने जेवर बेचकर भरे पैसे


गोंडा। इंस्टाग्राम पर हुई एक दोस्ती ने गोंडा के एक गरीब परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ दी। विदेश में बैठे जालसाज ने प्यार और तोहफे का जाल बुनकर एक मासूम युवती से 40 लाख रुपये ठग लिए। परिवार ने बेटी को बचाने के लिए अपने तन के जेवर तक बेच दिए, लेकिन ठगों का पेट नहीं भरा।मामला गोंडा के बनगाई बरवार गांव का है। पीड़िता की मां चांदनी सिंह ने शनिवार शाम 6:47 बजे साइबर थाने में फराज राजपूत के खिलाफ तहरीर दी। शिकायत की कॉपी रविवार रात सामने आई।
चांदनी सिंह ने बताया कि उनकी बेटी पायल की दोस्ती इंस्टाग्राम पर फराज राजपूत से हुई। +44 वाले विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर बात होने लगी। पायल ने अपना जन्मदिन 21 अगस्त बताया तो युवक ने गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और आधार कार्ड तक ले लिया।तत्पश्चात  फोन आया कि पार्सल भेज दिया है, 10 हजार दो। पार्सल में रानी हार, डायमंड रिंग और 50 हजार डॉलर होने का लालच दिया गया।
10 हजार लेने के बाद जालसाजों ने नया जाल फेंका। कभी CBI ने पार्सल पकड़ लिया, परमिशन लेटर के 2 लाख दो। कभी बाराबंकी में गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, 8 लाख भेजो। कभी फराज खुद लंदन से आ रहा था, मुंबई एयरपोर्ट पर CBI ने रोक लिया, 4 लाख की पेनाल्टी भरो।डर और लालच में परिवार फंसता चला गया अलग-अलग UPI स्कैनर से कुल 40 लाख रुपये वसूल लिए गए।पैसे खत्म हुए तो मां ने अपने जेवर बेच दिए। सोचा बेटी बच जाएगी, लेकिन ठगों की मांग खत्म नहीं हुई। आज परिवार कर्ज और आंसुओं में डूबा है।साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के सत्यापन के बाद कार्रवाई होगी।

*अपील: बेटियों को बचाओ, इस जाल में मत फंसो। विदेशी गिफ्ट, डॉलर और CBI के नाम पर कोई फोन आए तो तुरंत 1930 पर कॉल करो।
महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 21.30 लाख ठगे
*आरबीआई के फर्जी खाते में जमा कराए 21.30 लाख रूपए

गोंडा। जिला मुख्यालय स्थित मोहल्ला मालवीय नगर की रहने वाली बीना श्रीवास्तव को साइबर ठगों ने जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर व्हाट्सअप वीडियो कॉल किया।मनी लांड्रिंग और बैंक खातों से जुड़ी कथित गड़बड़ी का आरोप लगाकर गिरफ्तारी वारंट जारी होने की धमकी दिया और डर के माहौल में महिला से अलग अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिए 21 लाख 30 हजार 600 रूपए ट्रांसफर करवा लिया गया।रुपये भेजने के बाद जब आरोपियों से संपर्क नहीं हुआ, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।उसकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में 10 अक्टूबर की शाम लगभग 6.30 बजे मुकदमा दर्ज किया गया और सोमवार सुबह एफआईआर की प्रति सामने आई।पुलिस ने बैंक लेनदेन और व्हाट्सअप पर हुई बातचीत से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिया है।एफआईआर के अनुसार 9 अक्टूबर को बीना श्रीवास्तव के मोबाइल पर
7429557353 नंबर से व्हाट्सअप वीडियो कॉल आई।कॉल करने वाले ने खुद को जांच एजेंसी का प्रतिनिधि बताया और उसने दावा किया कि महिला का नाम वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लांड्रिंग के मामले में सामने आया है तथा साथ ही आईसीआईसीआई बैंक में उनके नाम से 24 लाख रुपए से जुड़े मामले का हवाला देकर गिरफ्तारी वारंट जारी होने की धमकी दिया।महिला ने बताया कि उनका इस बैंक में कोई खाता नहीं है,परन्तु आरोपी लगातार दबाव बनाते रहे।ठगों ने भरोसा जीतने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक, सेबी और एनआईए के नाम से कथित सरकारी लेटरहेड पर फर्जी पत्र भेजा।आरोपियों ने महिला से कहा कि जांच होने तक उनकी पूरी जमा पूंजी आरबीआई के सरकारी खाते में सुरक्षित रखी जाएगी और सत्यापन के बाद रकम वापस कर दिया जायेगा।गिरफ्तारी के डर और मानसिक दबाव में महिला ने उनके बताए खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिया।शिकायत के अनुसार, महिला के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाते से 14 लाख 300 रुपए और बैंक आफ बड़ौदा के खाते से 7 लाख 30 हजार 300 रूपए आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करवाया गया।दोनों रकम मिलाकर 21 लाख 30 हजार 600 रूपए होते हैं।पैसे भेजने के बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया।इसके बाद महिला को समझ में आया कि जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनके साथ आनलाइन ठगी की गई है।मामले की विवेचना साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव को सौंपी गई है।उन्होंने बताया कि पीड़िता से बैंक लेनदेन की पूरी जानकारी और व्हाट्सअप पर हुई बातचीत का विवरण मांगा गया है।यदि कॉल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध है तो उसे भी देने के लिए कहा गया है।पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहसिन पब्लिक स्कूल जलालपुर पहुँची ‘भारत विज्ञान यात्रा’, वैज्ञानिक प्रयोगों से विद्यार्थियों में जगी नई जिज्ञासा
- वैज्ञानिक सोच, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सार्थक पहल

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और भारत को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर तथा विश्व में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को मोहसिन पब्लिक स्कूल, जलालपुर, जनपद अम्बेडकर नगर, उत्तर प्रदेश में ‘भारत विज्ञान यात्रा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे प्रयोगों, गतिविधियों और व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से समझने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में वैज्ञानिक जिज्ञासा उत्पन्न करना, उनमें तार्किक चिंतन एवं प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना और उन्हें भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान, अंतरिक्ष विज्ञान तथा तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में भारत विज्ञान यात्रा की टीम ने विद्यार्थियों के साथ ही विज्ञान की कई विधाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रयोगों के माध्यम से संवाद किया एवं विज्ञान के ख़ास प्रयोगों ने समस्त विद्यार्थियों के साथ ही उपस्थित जन समूह को भी आश्चर्यचकित कर दिया,इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरलता से समझने और अपने आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। उनकी जिज्ञासा, सक्रिय सहभागिता और सीखने की उत्सुकता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। इस दौरान वैज्ञानिकों एवं विज्ञान शिक्षकों की टीम ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और इस ख़ास अवसर पर भारत विज्ञान यात्रा की टीम के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। इनमें अमर पाल सिंह, खगोलशास्त्री, वैज्ञानिक एवं खगोल विज्ञान प्रशिक्षक, वी.बी.एस. प्लेनेटेरियम, गोरखपुर।
दिशांक, सह-संस्थापक, भारत विज्ञान यात्रा; तथा एस. टी. अली, संस्थापक, भारत विज्ञान यात्रा शामिल रहे। टीम ने विद्यार्थियों को विज्ञान के महत्व, वैज्ञानिक सोच, प्रयोगों के माध्यम से सीखने तथा भविष्य में वैज्ञानिक अनुसंधान की संभावनाओं के बारे में प्रेरित किया। कार्यक्रम का मूल संदेश यह रहा कि विज्ञान को समझने की शुरुआत जिज्ञासा, अवलोकन, प्रश्न और प्रयोग से होती है। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया कि वे किसी भी घटना को केवल देखकर स्वीकार न करें, बल्कि उसके पीछे के वैज्ञानिक कारणों को समझने का प्रयास करें।
- सात प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्कृष्ट सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तर काल में दस विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नाम इस प्रकार हैं—
1. अबू बकर
2. अस्मा नवाज़
3. हलीमा सादिया
4. मोहम्मद अयान
5. मोहम्मद अजफर
6. मोहम्मद फिरोज
7. फ़िज़ा मरियम
8. शाज़ीन जहरा
9. आरिबा शेख
10. नायरा ख़ान
उपरोक्त विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित करने का उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा विज्ञान, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति सकारात्मक रुचि विकसित करना था। खगोलविद अमर पाल सिंह ने कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है। भारत विज्ञान यात्रा टीम के संस्थापक एसटी अली ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसीलिए हम सभी को समस्त समाज में वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पुष्ट वातावरण उत्पन्न करना ही होगा।
साथ ही भारत विज्ञान यात्रा टीम के सह -संस्थापक दिशांक श्रीवास्तब ने कहा कि भारत आज विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जैव प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीक सहित अनेक क्षेत्रों में नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही, टीम ने कहा कि विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए आवश्यक है कि देश के प्रत्येक विद्यार्थी को विज्ञान को समझने, प्रयोग करने, प्रश्न पूछने और नई खोजों के बारे में सोचने का अवसर मिले। भारत विज्ञान यात्रा इसी विचार के साथ विद्यार्थियों तक विज्ञान को सरल, रोचक और व्यावहारिक रूप में पहुँचाने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम का व्यापक उद्देश्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करने में योगदान देना है, जो वैज्ञानिक सोच से संपन्न हो, समस्याओं का समाधान खोज सके, नए विचार विकसित करे और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक वैज्ञानिक जागरूकता पहुँचाना भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
- विद्यालय प्रबंधन ने किया सहयोग
मोहसिन पब्लिक स्कूल जलालपुर, अम्बेडकर नगर के प्रधानाचार्य दानिश आलम एवं प्रबंधक परवेज आलम एवं दिवाकर चौरसिया के विशेष सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद इमरान काशमी, सहरयार , आलम सर एवं समस्त शिक्षकों के साथ में ही विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को सार्थक बनाया। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश मिला कि विज्ञान केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने, समाज की समस्याओं का समाधान खोजने और देश के विकास में योगदान देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
- हर विद्यार्थी में वैज्ञानिक सोच, विकसित भारत की ओर एक कदम
भारत विज्ञान यात्रा का संकल्प है कि देशभर के विद्यार्थियों तक विज्ञान की पहुँच को व्यापक बनाया जाए तथा उनमें वैज्ञानिक चेतना, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित की जाए। भारत विज्ञान यात्रा संस्था का मानना है कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर, शोधकर्ता और नवप्रवर्तक बनेंगे। उन्हें सही दिशा, प्रेरणा और सीखने के अवसर प्रदान करना राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने जैसा है। मोहसिन पब्लिक स्कूल, जलालपुर में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक सार्थक पहल रहा, जिसने विद्यार्थियों को विज्ञान के माध्यम से सीखने, सोचने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। भारत विज्ञान यात्रा का संदेश है कि विज्ञान से जागरूकता, नवाचार से आत्मनिर्भरता और युवा प्रतिभा से विकसित भारत।
अधिवक्ताओं के चैंबर पर चला बुल्डोजर,बार एसोसिएशन ने जताया विरोध
*10 के चैंबर तोड़े गए,4 ने खुद हटाया

गोंडा।कचहरी परिसर में रविवार देर शाम लगभग 6 बजे जिला प्रशासन ने बुल्डोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।रजिस्ट्री आफिस के सामने बने लगभग 10 अधिवक्ताओं के चैंबर जिला प्रशासन द्वारा तोड़कर हटा दिया गया।यह कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा की मौजूदगी में हुई।बताते चलें कि तीन दिन पहले प्रशासन ने अधिवक्ताओं को चैंबर हटाने का नोटिस जारी किया था।नोटिस मिलने के बाद लगभग 4 अधिवक्ताओं ने अपने चैंबर स्वयं हटा लिया था।उन्होंने यह कदम बुल्डोजर कार्रवाई से बचने के लिए उठाया।जिन अधिवक्ताओं ने चैंबर नहीं हटाए थे,प्रशासन ने उन्हें बुल्डोजर से तोड़ दिया।बताया गया कि कुछ अधिवक्ताओं ने चैंबर बनवाने के बाद लंबे समय से उसका इस्तेमाल भी नहीं किया था।प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों की पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध कराना बताया गया है।कचहरी परिसर में पार्किंग की जगह नहीं होने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय ने प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध किया।उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले अधिवक्ताओं को चैंबर हटाने का नोटिस जारी किया गया था,परन्तु बुल्डोजर चलाने से पहले अधिवक्ताओं को दूसरी जगह स्थापित किया जाना चाहिए था।उन्होंने कहा कि कचहरी की जमीन सरकारी है और अधिवक्ता भी इसी जमीन पर बैठते हैं।ऐसे में सभी अधिवक्ताओं के लिए बेहतर चैंबर की व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे वे वहाँ बैठकर काम कर सकें।महामंत्री ने आरोप लगाया कि जिले में पहले अधिवक्ताओं के चैंबर की बिजली काटी गई और अब उन्हें बुल्डोजर से तोड़ा जा रहा है।उन्होंने कहा कि अधिवक्ता प्रशासन की इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेंगे।
वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन (बीजेएमटीयू) ने वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव नितिन सिंह ने बीजेएमटीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश पाल की संस्तुति पर रविवार को जितेन्द्र बच्चन का नियुक्ति पत्र जारी करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

नितिन सिंह संगठन के राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भी हैं। उन्होंने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा है कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि श्री बच्चन अपने अनुभव, समर्पण एवं कुशल नेतृत्व से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने तथा श्रमिकों के हितों की आवाज को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

उल्लेखनीय है कि जितेन्द्र बच्चन वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ-साथ समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। बीजेएमटीयू  के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश पाल और अन्य कई पदाधिकारियों ने भी उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं। श्री बच्चन ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश पाल और राष्ट्रीय महासचिव नितिन सिंह का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त करने पर आभार जताया है। साथ ही कहा है कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन के साथ हैं। वे हमेशा भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन (भारत) के माध्यम व पत्रकारिता के जरिए मजदूरों, मजलूमों, गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज बुलंद करते रहेंगे।
सुल्तानपुर में श्रीराम पार्क का लोकार्पण
नवरात्रि के प्रथम दिन भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने किया उद्घाटन, स्थानीय लोगों के प्रयास से विकसित हुआ पार्क

सुल्तानपुर में आज दिनांक 11 अक्टूबर नवरात्रि के प्रथम दिवस पर नगर पालिका परिषद वार्ड सिविल लाइन में वेदान्ती आश्रम के बगल भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी के आवास निकट नगर पालिका द्वारा नवनिर्मित व बोर्ड द्वारा नामकरण किये गये ‘‘श्रीराम पार्क’’ का पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समारोहपूर्वक आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के कर कमलों से पूर्व जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी, गिरीश नरायन सिंह, जगजीत सिंह छंगू, एम0पी0सिंह, डा0 आर0ए0वर्मा, डा0 सीताशरण त्रिपाठी, पूर्व मंत्री व विधायक ओम प्रकाश पाण्डेय की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन वार्ड सभासद रमेश सिंह टिन्नू व मंच संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती प्रीती प्रकाश द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हम मोहल्लावासियों द्वारा पालिकाध्यक्ष को इस रिक्त पड़ी हुयी भूमि पर पार्क बनाने हेतु प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर अज्ञात लोगों द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, पालिकाध्यक्ष व सभासद के दृढ़ संकल्प व अथक प्रयास से आज इस पार्क को काफी संघर्षों के उपरान्त बनाकर लोकार्पण किया गया है, जिसके लिए हम सभी मोहल्लावासी नगर पालिका के आभारी हैं।

पार्क बनने से मोहल्लेवासियों एवं आमजन को घूमने, टहलने, योगाभ्यास व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन से लाभान्वित होेंगे। पालिकाध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में बताया कि पालिका द्वारा लगभग 09ः30 लाख रू0 व्यय करते हुए इस पार्क को बनाया गया है, जिसमें 02 गेट, पेयजल हेतु सबमरसिबल पम्प, बैठने के लिए बेंचें, एल0ई0डी0 लाइटें आदि की व्यवस्था की गयी है, स्थानीय सभासद व मोहल्लेवासियों के प्रयास से कई प्रकार के विरोध के बावजूद पार्क बनाकर लोगों को समर्पित किया गया है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने भाजपा के नेताओं, केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए नगर क्षेत्र में केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से कराये जा रहे कार्यों के विषय में भी विस्तार से बताया, जिसमें वंदन योजना के तहत सीताकुण्ड घाट की तर्ज पर निर्माण कराये जा रहे हनुमान घाट का शीघ्र लोकार्पण किये जाने एवं मुख्यमंत्री जी की महती वंदन योजना के तहत गोमती नदी के तट पर एक नये रामघाट के निर्माण हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

स्वीकृति उपरान्त शीघ्र एक और नये घाट की सौगात नगर वासियों को प्राप्त होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने अपने सम्बोधन में पालिका द्वारा नगर में पार्क, तालाबों का सौन्दर्यीकरण, सड़कों का निर्माण व महापुरूषों के नाम पर मार्गों का नामकरण किये जाने आदि केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत कराये जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह विकास कार्य सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के सुशासनराज में ही सम्भव है, हम आमजनमानस से आह्वाहन करते हैं कि केन्द्र में प्रधानमंत्री मा0 नरेन्द्र मोदी जी व प्रदेश में मा0 योगी जी के नेतृत्व में पुनः आप सभी दृढ़ संकल्प लेकर विश्वास करते हुए विकसित भारत के निर्माण हेतु आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत में लाने का कार्य करें। सेवा संकल्प अभियान के तहत 51 वृक्षारोपण का कार्य भी किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय सभासद रमेश सिंह टिन्नू, दिनेश चौरसिया, मो जाहिद, अरूण तिवारी, प्रवीण मिश्र, अरविन्द यादव, श्रीमती रेनू सिंह सहित भाजपा के जिले व नगर के पदाधिकारीगण कार्यकर्ता बन्धु, पूर्वअध्यक्षगण, अधिवक्ता, शिक्षक, स्थानीय जनमानस सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे।