यूपी कांग्रेस में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बवाल, समर्थकों में भिड़ंत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के भीतर का विवाद खुलकर सामने आ गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद मुख्यालय में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल बना रहा। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अजय राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इसी बीच पार्टी की एक महिला नेता और अजय राय के बीच बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद अजय राय नाराज होकर कार्यालय से बाहर निकल गए। उनके समर्थकों ने संबंधित महिला नेता को बाहर करने और माफी मांगने की मांग रखी। उनका कहना था कि मांग पूरी होने के बाद ही अजय राय कार्यालय के भीतर लौटेंगे।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब पदभार ग्रहण समारोह में मौजूद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल चलने की खबर सामने आई। कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विवाद के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ती देख राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना भी अजय राय को मनाने के प्रयास में जुटीं। बताया जा रहा है कि प्रमोद तिवारी के आश्वासन के बाद अजय राय दोबारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई।

हालांकि, समारोह के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर आपसी मतभेदों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल, पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के आरोपों और विवाद की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
बहसूमा में मिशन शक्ति के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को बांटे पिंक कार्ड
**महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के प्रति किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी**

**बहसूमा।** थाना बहसूमा क्षेत्र के गांव मोड़ खुर्द स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में रविवार को मिशन शक्ति फेस 6.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक राखी विमल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिलाओं को पिंक कार्ड भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076 और 1098 समेत अन्य जरूरी नंबरों के बारे में बताया गया। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 की मदद लेने के लिए भी जागरूक किया गया।

उपनिरीक्षक राखी विमल ने महिलाओं से अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

इस मौके पर  महिला कांस्टेबल आरती और पिंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसी महिला ने कोई विशेष समस्या नहीं बताई।
धूमधाम से निकाली गई श्रीराम जी की बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत

**श्री आदर्श रामलीला कमेटी के पदाधिकारी रहे मौजूद, बारात में शामिल हुए श्रद्धालु**

**बहसूमा।** कस्बा बहसूमा में श्री आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। बारात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

श्रीराम बारात के आयोजन में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। कमेटी की ओर से रामलीला के सफल आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं की गईं। भगवान श्रीराम की बारात के साथ श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री आदर्श रामलीला में विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। रामलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया जा रहा है।
पहले नवरात्र पर गरीब के मकान निर्माण की शुरुआत, नगर पंचायत अध्यक्ष ने की पहल
अरविंद रस्तोगी उर्फ सूडू को मिला सहारा, सभासदों और गणमान्य लोगों ने भी किया सहयोग

**बहसूमा।** नवरात्र के पहले दिन नगर पंचायत बहसूमा के अध्यक्ष सचिन सुकड़ी ने जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए सराहनीय पहल की। उन्होंने गरीब अरविंद रस्तोगी उर्फ सूडू के मकान का निर्माण कार्य शुरू कराया। मां भगवती के आशीर्वाद के साथ शुरू हुए इस कार्य से परिवार को पक्की छत मिलने की उम्मीद जगी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुकड़ी की पहल पर शुरू हुए मकान निर्माण कार्य के दौरान सभासदों और नगर के गणमान्य लोगों ने भी सहयोग किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने जरूरतमंद परिवार की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया। नवरात्र के पहले दिन हुई इस पहल की नगर में चर्चा रही।

कार्यक्रम में सभासद अरुण कुमार, वीरेंद्र, दीपक गुर्जर, विष्णु, राजू राठी और मनीष अहलावत, व्यापार संघ अध्यक्ष अमन गोयल, गौरव राजवंशी, ललित, संदीप नागर, लोकेश सिंघल, मास्टर राम अवतार शर्मा, बिट्टू रस्तोगी, अनमोल रस्तोगी और निशु रस्तोगी सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती

*आधुनिक लाइब्रेरी का भी हुआ शिलान्यास*


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन प्रथम दिवस व अग्रकुल के प्रवर्तक, लोकतंत्र, अहिंसा और समाजवाद के प्रणेता महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। अग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में इस वर्ष भी समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल कुमार अग्रवाल मुन्ना बाबू के नेतृत्व में नगर के अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और भव्य आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसके क्रम में श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में प्रबंधक मनीष रत्न अग्रवाल, श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में प्रबंधक सुधीर अग्रवाल के सानिध्य, श्री अग्रसेन पुस्तकालय में प्रबंधक रवि भूषण गर्ग के मार्गदर्शन और श्री अग्रसेन धर्मशाला प्रबंधक डेविड अग्रवाल के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन एवं फलाहार का प्रबंध किया गया। इसी के साथ ही ट्रस्ट मंत्री शशि भूषण अग्रवाल मुकुल द्वारा दिए गए संकल्प को पूरा करते हुए अग्रसेन डिग्री कॉलेज में सर्वसमाज के हितार्थ एक आधुनिक लाइब्रेरी का शिलान्यास किया गया, जिसकी चहुंओर सराहना हो रही है। इस सफल आयोजन को मूर्त रूप देने में महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के साथ-साथ कोषाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल, आशीष गोयल, चंदन अग्रवाल, श्रेय अग्रवाल, शैलेंद्र अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, सुदर्शन दास अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, रितेश गोयल, रमेश अग्रवाल, गिरिराज सिंघल, आयुष अग्रवाल और हर्षित अग्रवाल सहित तमाम गणमान्य अग्रबंधुओं की सक्रिय और सराहनीय सहभागिता रही।
यह आयोजन न केवल महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और समाजवाद के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सफल रहा, बल्कि समाज को एकजुट करने का एक अनूठा उदाहरण भी प्रस्तुत कर गया
विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ की जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न

संगठन विस्तार के तहत नवीन दायित्वों की घोषणा


उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़:::विश्व हिन्दू परिषद गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ की जिला कार्यसमिति की बैठक सकुशल संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ गौमाता के चित्र के सम्मुख पुष्पार्चन के साथ किया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए विभिन्न पदों पर नवीन दायित्वों की घोषणा की गई।
बैठक में प्रान्त संरक्षक अशोक अग्रवाल, प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय सोनू, प्रान्त उपाध्यक्ष दीनानाथ, जिलाध्यक्ष चंदन सिंह एवं जिला कार्याध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संगठन विस्तार के क्रम में प्रभुनाथ सिंह पप्पू को आर्यमगढ़ विभाग का विभाग अध्यक्ष घोषित किया गया। अजीत राय, अंजू राय एवं शशांक तिवारी को जिला उपाध्यक्ष, शिवम सिंह एवं विजय कुमार को जिला सह मंत्री, पवन सिंह को जिला गौशाला सम्पर्क प्रमुख तथा शशांक मिश्रा एवं मकरध्वज यादव को जिला सह संयोजक का दायित्व सौंपा गया।
इसी क्रम में प्रखंड समितियों का विस्तार करते हुए लालचंद यादव को पल्हनी प्रखंड अध्यक्ष एवं रजनीश गुप्ता को पल्हनी प्रखंड मंत्री बनाया गया। संतोष चौहान को बिलरियागंज प्रखंड अध्यक्ष तथा अजीत शर्मा एवं अरविन्द चौरसिया को आर्यमगढ़ नगर उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
बैठक में रामकुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष नीरज अग्रवाल एवं रविन्द्र पाण्डेय, प्रान्त संयोजक गौरव रघुवंशी, जिला कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला मंत्री राघवेंद्र मिश्रा लड्डू, जिला संयोजक उत्कर्ष एवं जिला सह संयोजक अंकु गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा गौसेवा एवं गोरक्षा के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कृष्ण देव इंटर कॉलेज, कोरियापार में नैतिक शिक्षा से सशक्त युवा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


मऊ -: मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कृष्ण देव इंटर कॉलेज, कोरियापार में नैतिक शिक्षा से सशक्त युवा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया

कार्यक्रम में माउंट आबू, राजस्थान से आए बीके भगवान भाई ने छात्र-छात्राओं को नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बीके भगवान भाई ने कहा कि भौतिक शिक्षा से रोजगार प्राप्त किया जा सकता है, लेकिन परिवार, समाज और कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए नैतिक शिक्षा और मजबूत व्यक्तित्व आवश्यक है। आज के युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर बनकर सुख-सुविधापूर्ण जीवन जीना चाहते हैं, लेकिन जीवन में हर लक्ष्य पूरा नहीं होता।

ऐसे समय में नैतिक शिक्षा उन्हें सही दिशा और परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि भौतिक शिक्षा से भौतिक विकास होता है, जबकि नैतिक शिक्षा से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है। नैतिक मूल्यों से व्यक्तित्व में निखार और व्यवहार में सुधार आता है।

नैतिक मूल्यों का ह्रास व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय समस्याओं का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए नैतिक मूल्यों को मजबूत करना जरूरी है।

बीके भगवान भाई ने कहा कि नैतिक शिक्षा के माध्यम से आंतरिक सशक्तीकरण होता है और व्यक्ति अपनी अनावश्यक इच्छाओं को नियंत्रित कर भौतिकवाद की अंधी दौड़ से बच सकता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का आचरण उसकी जुबान से कहीं अधिक प्रभावशाली होता है। चरित्रवान और गुणवान युवा ही समाज एवं देश की मजबूत नींव होते हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन में नैतिक मूल्य होंगे तो व्यक्ति लालच, हिंसा, झूठ और कपट का विरोध करेगा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। मूल्यों की शिक्षा ही व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का मनोबल प्रदान करती है।

जब तक व्यक्ति अपने जीवन में मूल्यों और प्राथमिकताओं का निर्धारण कर स्वयं के लिए आचार-संहिता तय नहीं करता, तब तक वह जीवन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना नहीं कर सकता।

कार्यक्रम में बीके रामानंद भाई ने ब्रह्माकुमारी संस्था के कार्यों एवं उद्देश्यों का विस्तार से परिचय दिया। कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नैतिकता के बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक योगेंद्रनाथ, यादव राजेंद्र राम, मोतीचंद, रमेश भाई, अनिल भाई सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
श्रीराम कथा के प्रचार-प्रसार के लिए जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने प्रचार गाड़ी को किया रवाना
जौनपुर। आगामी 20 से 29 अक्टूबर 2026 तक जौनपुर में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के प्रचार-प्रसार के लिए आज माँ जयंती टूर एवं ट्रेवल्स, सुंदरनगर, जौनपुर से प्रचार गाड़ी का शुभारम्भ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार गाड़ी को रवाना किया।
सेवा भारती समिति के मार्गदर्शन एवं ज्ञानप्रकाश सिंह के द्वारा मुख्य रूप से आयोजित होने वाली इस श्रीराम कथा का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा एवं उनके जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना है। प्रचार गाड़ी के माध्यम से नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रीराम कथा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन से जुड़े और भगवान राम के आदर्शो का अपने जीवन मे आत्मसात करें।
बताते चले की भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश सिंह का इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह है की जनपद वासियों के जीवन मे खुशहाली आये और लोगो मे भाईचारा बढे, जिससे लोग आगे बढ़ सके और आनंद की अनुभूति कर सके।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री पियूष गुप्ता, कुंवर प्रदीप सिंह ‘रिंकू’, मधुकर तिवारी, रमेश सिंह "रामा", सुनील यादव, बबलू दूबे, नरेंद्र विश्वकर्मा, मयंक नारायण, नीरज श्रीवास्तव, शैलेंद्र सोनकर, आनंद सिंह, आशीष द्विवेदी, गीता दूबे, रजनी साहू, किरन सिंह, अंजू सिंह सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
मऊ में डंपर ने दो सगे भाइयों को रौंदा, बड़े भाई का हाथ कटा: गैस सिलेंडर भरवाने जा रहे थे दोनों, घर में चल रही थी ब्रह्मभोज की तैयारी

मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। ताजोपुर स्थित सिंधी कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई सौरभ राम (22) का दाहिना हाथ कटकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि छोटा भाई आर्यन (17) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बढ़ुआ गोदाम गांव निवासी सौरभ रविवार सुबह करीब नौ बजे अपने छोटे भाई आर्यन के साथ बाइक से बकवल स्थित एचपी गैस गोदाम पर सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान ताजोपुर में सिंधी कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ का दाहिना हाथ कट गया और दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।

घर में ब्रह्मभोज की तैयारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के बाबा सर्वजीत राम का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। 17 अक्टूबर को उनका ब्रह्मभोज होना था और घर में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। सौरभ के पिता रवि दुबई में रहते हैं। परिवार में हुई मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर आए थे।

एक तरफ परिवार बाबा के निधन के गम में डूबा था, वहीं दूसरी तरफ दोनों बेटों के साथ हुए हादसे ने परिजनों को तोड़कर रख दिया। दोनों की गंभीर हालत और बड़े बेटे का हाथ कट जाने की खबर सुनकर मां नीलम समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया

थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को थाने लाया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मऊ शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, माता शैलपुत्री की हुई पूजा-अर्चना
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया। घरों में भी लोगों ने व्रत रखकर माता दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की आराधना की।

नगर पंचायत के मोहल्ला सैदपुर स्थित दुर्गा मंदिर, चौक स्थित दुर्गा मंदिर, मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर तथा कैलेंडर तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने माता को चुनरी, नारियल एवं विभिन्न फल अर्पित किए और कलश स्थापित कर पूजा-अर्चना की।

मंदिरों में पूरे दिन माता दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने नवरात्र के नौ दिनों तक व्रत रखकर माता की आराधना करने का संकल्प लिया।

मंदिर के पुजारी सुमंत गिरी ने बताया कि श्रद्धा और विधि-विधान के साथ नौ दिनों तक माता दुर्गा की पूजा-अर्चना करने से भक्तों को आध्यात्मिक लाभ मिलता है और माता अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।

नवरात्र को लेकर मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न मंदिरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।