मऊ में डंपर ने दो सगे भाइयों को रौंदा, बड़े भाई का हाथ कटा: गैस सिलेंडर भरवाने जा रहे थे दोनों, घर में चल रही थी ब्रह्मभोज की तैयारी

मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। ताजोपुर स्थित सिंधी कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई सौरभ राम (22) का दाहिना हाथ कटकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि छोटा भाई आर्यन (17) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बढ़ुआ गोदाम गांव निवासी सौरभ रविवार सुबह करीब नौ बजे अपने छोटे भाई आर्यन के साथ बाइक से बकवल स्थित एचपी गैस गोदाम पर सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान ताजोपुर में सिंधी कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ का दाहिना हाथ कट गया और दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।

घर में ब्रह्मभोज की तैयारी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के बाबा सर्वजीत राम का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। 17 अक्टूबर को उनका ब्रह्मभोज होना था और घर में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। सौरभ के पिता रवि दुबई में रहते हैं। परिवार में हुई मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर आए थे।

एक तरफ परिवार बाबा के निधन के गम में डूबा था, वहीं दूसरी तरफ दोनों बेटों के साथ हुए हादसे ने परिजनों को तोड़कर रख दिया। दोनों की गंभीर हालत और बड़े बेटे का हाथ कट जाने की खबर सुनकर मां नीलम समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया

थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को थाने लाया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मऊ शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, माता शैलपुत्री की हुई पूजा-अर्चना
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया। घरों में भी लोगों ने व्रत रखकर माता दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की आराधना की।

नगर पंचायत के मोहल्ला सैदपुर स्थित दुर्गा मंदिर, चौक स्थित दुर्गा मंदिर, मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर तथा कैलेंडर तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने माता को चुनरी, नारियल एवं विभिन्न फल अर्पित किए और कलश स्थापित कर पूजा-अर्चना की।

मंदिरों में पूरे दिन माता दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने नवरात्र के नौ दिनों तक व्रत रखकर माता की आराधना करने का संकल्प लिया।

मंदिर के पुजारी सुमंत गिरी ने बताया कि श्रद्धा और विधि-विधान के साथ नौ दिनों तक माता दुर्गा की पूजा-अर्चना करने से भक्तों को आध्यात्मिक लाभ मिलता है और माता अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।

नवरात्र को लेकर मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न मंदिरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक

मऊ मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा मोहम्मदाबाद गोहना की ओर से ब्लॉक सभागार में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों और संगठन की भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल मोहम्मदाबाद गोहना के अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने की। विधानसभा संयोजक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता छोटू प्रसाद तथा सहसंयोजक ठाकुर प्रसाद के साथ किसान मोर्चा के मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय सिंह कक्कू ने भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में करहां मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, रानीपुर मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह, खुरहट मंडल अध्यक्ष अर्पित उपाध्याय, मोहम्मदाबाद मंडल महामंत्री राहुल सिंह, मंत्री धर्मपाल चौहान, संतोष मल्होत्रा, राम नगीना चौहान, अजीत गुप्ता, चंद्रभूषण चौहान सहित विभिन्न शक्ति केंद्रों के संयोजक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
दिल्ली जाने से रोकने के लिए जिला कार्यालय पर पुलिस की पहरेदारी, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
गोंडा।आम आदमी पार्टी, जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र उर्फ़ अज्जू पण्डित ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने उन्हें और उनके साथियों को गोंडा स्थित जिला कार्यालय पर रोक रखा है।उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पहले ही दिल्ली जाने और जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की सूचना सार्वजनिक की गई थी। यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में प्रस्तावित था। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री संजय सिंह जी के आह्वान पर लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए यह कदम उठाया जा रहा था।जिलाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र उर्फ़ अज्जू पण्डित ने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राज्यों में मतदाताओं के नाम काटे जाने, पात्र मतदाताओं के मताधिकार प्रभावित होने तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आम आदमी पार्टी इन मुद्दों पर जवाबदेही की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर आशंकाएँ सामने आ रही हैं, उनसे आम जनमानस में अपने मताधिकार को लेकर चिंता पैदा हुई है। इन मुद्दों पर निष्पक्ष जाँच और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।उन्होंने बताया कि दिल्ली रवाना होने के लिए उनकी तैयारी पूरी थी और सामान की पैकिंग भी हो चुकी थी। उनके साथ जिला मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के निवासी एवं जिला उपाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह उर्फ़ राजू जी तथा जिला उपाध्यक्ष साधू शरण वर्मा जी सहित अन्य साथी अपने निजी साधन से दिल्ली जाने वाले थे।अजय कुमार मिश्र ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर साझा की गई सूचना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधिकारी सुबह लगभग सात बजे उनके आवास पर पहुँचे। उस समय वह घर से निकल चुके थे। बाद में परिजनों से इसकी जानकारी मिलने पर उन्हें पता चला कि पुलिस उनकी तलाश में आई थी। उन्होंने बताया कि उस समय वह आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय पर मौजूद थे और पुलिस वहाँ भी पहुँच गई। उनके अनुसार, सुबह लगभग साढ़े सात बजे से उन्हें और उनके साथियों को जिला कार्यालय से बाहर निकलकर दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए दिल्ली जाना चाहता है, तो उसे रोकने का क्या औचित्य है? क्या सरकार और प्रशासन आलोचना तथा विरोध की आवाज से इतना असहज हैं कि नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए भी स्वतंत्र नहीं छोड़ा जा रहा है?उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र की बुनियाद हैं। किसी भी राजनीतिक दल या नागरिक की आवाज को दबाने के बजाय उसके सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने का आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
अजय कुमार मिश्र उर्फ़ अज्जू पण्डित ने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें रोके जाने के बावजूद वे जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाना बंद नहीं करेंगे।उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में सत्ता से सवाल पूछना अपराध नहीं है और शांतिपूर्ण विरोध की आवाज को दबाकर जनता के सवालों से बचा नहीं जा सकता।
मां वाराही और खैरा भवानी दरबार में उमड़े भक्त,नेपाल समेत पड़ोसी जिलों से पहुंचे श्रद्धालु
*मंदिरों में पुलिस व पीएसी तैनात

गोंडा।शारदीय नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भींड़ उमड़ पड़ी।भक्तों ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद लिया।प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किया है।मंदिरों के आसपास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है,तो वहीं प्रमुख मंदिरों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है।जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर उमरीबेगमगंज स्थित शक्तिपीठ माँ बाराही देवी मंदिर में सुबह 6 बजे से ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे।यहाँ गोंडा के अतिरिक्त बलरामपुर,बहराइच और श्रावस्ती समेत पड़ोसी जिलों से भी भक्त आते हैं।पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन पूजन के लिए पहुंचते हैं।नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।खैरा कुंभ नगर स्थित मां खैरा भवानी मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार के सुख  समृद्धि की कामना की।यहाँ दूर दराज से लोग अपने छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार कराने भी पहुंचते हैं।खैरा भवानी मंदिर की ऐतिहासिक मान्यता भी है।शारदीय और चैत्र नवरात्र के अतिरिक्त प्रत्येक सोमवार,मंगलवार और शुक्रवार को भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।मंदिरों में भीड़ को देखते हुए वर्दी और सादे कपड़ो में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है।पुलिस ड्रोन कैमरों से प्रमुख मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही है,जिससे भीड़ प्रबंधन के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गए हैं।पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है।सभी दुर्गा मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति के तहत पैदल मार्च, बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक मुहम्मदाबाद गोहना

(मऊ)। शारदीय नवरात्र के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम एवं पीएसी बल के साथ पैदल मार्च किया गया। इस दौरान टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। मिशन शक्ति टीम की ओर से ग्राम आरिपुर और सोनौरा में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन कर महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। मिशन शक्ति प्रभारी ने महिलाओं को विभिन्न परिस्थितियों एवं आपदाओं के दौरान अपनी सुरक्षा के उपाय बताए। साथ ही सरकार द्वारा जारी महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करने और बिना भय के अपनी बात रखने की अपील की गई। महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के उद्देश्यों की भी जानकारी दी गई। इस मौके पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता सहित महिला कांस्टेबल एवं मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कन्नौज में नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, देवी पंडालों में बिखरी भक्ति की छटा, घरों में कलश स्थापना के साथ शुरू हुई मां द

पंकज श्रीवास्तव/विवेक कुमार

कन्नौज शहर शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कन्नौज शहर से लेकर गांवों तक भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह घरों में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई तो मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां फूलमती मंदिर समेत शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में दिनभर भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही देवी पंडाल रोशनी से जगमगा उठे और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

शहर के एसबीएस इंटर कॉलेज खेल मैदान में संमार्ग सेवा समिति की ओर से सजाए गए देवी पंडाल में नवरात्र के पहले दिन विशेष रौनक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मकरंदनगर स्थित पकरियानाथ मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज और मां के जयकारों के बीच निकली यात्रा में महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश रखकर चल रही थीं। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कलश यात्रा पंडाल पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हुआ।

पंडाल में आचार्य शिवांक अग्निहोत्री और सचिन तिवारी ने विधि-विधान से मां दुर्गा का पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दिन ढलने के साथ पंडाल में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। देर शाम मां की शृंगार आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान मां के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा और भक्त मां की आराधना में लीन नजर आए।

*भक्ति गीतों पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां*

शृंगार आरती के बाद संमार्ग पंडाल में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने देवी भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच देर शाम तक पंडाल में चहल-पहल बनी रही। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

*संमार्ग पंडाल में लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर*

शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को संमार्ग सेवा समिति की ओर से एसबीएस इंटर कॉलेज खेल मैदान स्थित देवी पंडाल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से लगने वाले शिविर में लखनऊ के बीएन हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। समिति ने क्षेत्र के लोगों से शिविर में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने की अपील की है।
नगर के चारों प्रमुख मार्गों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने की चेयरमैन डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मांग
                                  
‘शिक्षा की उड़ान’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ शामिल हुए चेयरमैन, विद्यार्थियों को स्टडी टेबल एवं लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र व आशीर्वाद पत्र
                                
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवी की पावन धरती पर आयोजित ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल के अंतर्गत स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद-पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के साथ नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सम्मिलित हुए। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ.धीरू ने मुख्यमंत्री के समक्ष बलरामपुर नगर के चारों प्रमुख मार्गों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी,जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा नगर के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को स्टडी टेबल तथा विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं आशीर्वाद-पत्र वितरित किए। ‘शिक्षा की उड़ान’ पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना,उन्हें अध्ययन के प्रति प्रेरित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े प्रयासों को प्रोत्साहित किया। शिक्षा को सशक्त, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चेयरमैन डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ द्वारा नगर के चारों प्रमुख मार्गों को डिवाइडर सहित फोरलेन बनाने की मांग को नगर के यातायात एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मांग के पूरा होने से नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने,सड़क सुरक्षा बढ़ाने और भविष्य की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में तुलसीपुर देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ जी महाराज,भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा,बलरामपुर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,गैसड़ी के निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’,जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी,नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित जनपद के सम्मानित अधिकारीगण,भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 की तैयारियों पर मंथन, तीन लाख लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य
21 से 24 नवंबर तक चलेगा अभियान, भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों के 300 गांवों में पहुंचेंगी चिकित्सा टीमें

बलरामपुर। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन, अवध प्रांत की ओर से आयोजित गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 की तैयारियों को लेकर रविवार को बलरामपुर स्थित निदान हॉस्पिटल में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के सफल संचालन, सीमावर्ती एवं दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा चिकित्सा शिविरों के आयोजन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष यात्रा के माध्यम से करीब तीन लाख लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास एवं यात्रा के अध्यक्ष प्रो. एमएलबी भट्ट, निदेशक कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, न्यासी डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक सौम्य अग्रवाल, विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक जितेंद्र, सीमा जागरण मंच के उपाध्यक्ष प्रो. जेपी पांडेय, जिला संयोजक राम कृपाल शुक्ला, सह संयोजक डॉ. शरद प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह और राधेश्याम वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सात जिलों के 300 गांवों में पहुंचेंगी चिकित्सा टीमें

बैठक में प्रो. एमएलबी भट्ट ने बताया कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का आयोजन आगामी 21, 22, 23 और 24 नवंबर 2026 को किया जाएगा। अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों के करीब 300 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान में देशभर के लगभग 1,500 चिकित्सकों और 150 चिकित्सा संस्थानों की सहभागिता प्रस्तावित है। चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चिकित्सा परामर्श, आवश्यक दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

थारू बहुल और दुर्गम क्षेत्रों पर रहेगा विशेष जोर, 70 गावों में लगेगा निशुल्क कैंप

यात्रा के जिला संयोजक राम कृपाल शुक्ला ने बताया कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाने वाला सेवा अभियान है। इसके माध्यम से दूरस्थ और दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है। इस बार भी थारू बहुल गांवों सहित ऐसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की योजना है, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने बताया कि चार विकास खंडों के 70 गावों में निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप लगाया जाएगा जिसमें थारू जनजाति के लोगों का इलाज किया जायेगा साथ दवा का भी वितरण किया जायेगा।

बैठक में सातों जिलों के चयनित गांवों में स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, यात्रा के प्रस्तावित मार्ग, चिकित्सा टीमों की तैनाती और स्थानीय जरूरतों के अनुसार संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने और आवश्यक दवाओं के वितरण के लिए समुचित व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया।

दवा वितरण की व्यवस्थाओं की समीक्षा

यात्रा के सफल संचालन के लिए आवास एवं प्रवास, परिवहन, दवा आपूर्ति और वितरण, प्रचार-प्रसार तथा मुख्य व्यवस्था टोली की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। विभिन्न कार्य टोलियों के बीच समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही देशभर से आने वाले चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों की सेवाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विचार किया गया। बलरामपुर  में आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। शिविर में चिकित्सकों की सहभागिता, मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा केवल चिकित्सा शिविरों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। बैठक में सभी संबंधित कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा के सातवें संस्करण को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

बैठक के दौरान एन.एम.ओ.के नवनिर्वाचित बलरामपुर जिले के जिला अध्यक्ष निदान हॉस्पिटल संचालक डॉ शरद प्रताप सिंह, मेगा कैंप संयोजक डॉ धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, सह संयोजक नीलमणि शुक्ला, सह संयोजक मनीष गुप्ता, डीपी सिंह, संजय शुक्ला, भानु प्रकाश, शुभेंद्र मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बोर्ड परीक्षा : ऑनलाइन हाजिरी से तय होगा केंद्र बनने का मानक


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण में विद्यार्थियों की शैक्षणिक मेधा और ऑनलाइन उपस्थिति महत्वपूर्ण होगी। वर्ष 2025 तक स्कूल भवन, कमरों की संख्या और बुनियादी सुविधाओं को आधार माना जाता था। परिषद ने इन मानकों के साथ कुछ नए बिंदु भी जोड़ दिया है। इसमें ऑनलाइन हाजिरी को भी शामिल कर लिया गया है। डीआईओएस कार्यालय ने विद्यालयों में भौतिक संसाधनों और सुविधाओं का सत्यापन कर रिपोर्ट परिषद को भेज दी है। अब 22 अक्तूबर तक केंद्र निर्धारण की सूची जारी हो सकती है।



जिले में तीन राजकीय इंटर काॅलेज, 38 राजकीय हाईस्कूल और 25 वित्तपोषित समेत 194 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। परीक्षा की तिथि अभी तय नहीं है, लेकिन केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में है। इसके लिए जिला केंद्र निर्धारण समिति ने विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया था।

परिषद के नए निर्देशों के मुताबिक विद्यालयों की रैंकिंग और रेटिंग तय करने में बायोमेट्रिक या ऑनलाइन माध्यम से दर्ज दैनिक उपस्थिति अहम आधार होगी। जिन स्कूलों में लगातार 180 दिनों तक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज हुई होगी, उन्हें परीक्षा केंद्रों की सूची में प्राथमिकता दी जाएगी। विद्यार्थियों के प्रदर्शन और परीक्षा में मिले अंकों को भी स्कूल की रेटिंग में शामिल किया जाएगा।



डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि सभी विद्यालयों की सत्यापन रिपोर्ट परिषद को भेज दी गई है। 22 अक्तूबर तक केंद्रों की सूची जारी हो सकती है। इसके बाद विद्यालयों से आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण कर सूची 27 से 28 अक्टूबर तक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।