नवरात्रि एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर माँ पाटेश्वरी मंदिर परिसर में शिक्षा, संस्कार एवं बालिका सशक्तीकरण का संगम*


*थाना कोतवाली देहात एवं साइबर सेल गोण्डा की संयुक्त टीम द्वारा फर्जी केवाईसी व कूटरचित आधार कार्ड से अवैध सिम एक्टिवेट कर साइबर ठगों को बेचने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, मोबाइल फोन, 02 सिम कार्ड व फर्जी आधार कार्ड बरामद-*

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गृह मंत्रालय, भारत सरकार के एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल, समन्वय, जेएमआईएस (JMIS) पोर्टल, प्रतिबिम्ब एवं अन्य डिजिटल इंटेलिजेंस माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं के परीक्षण में प्रकाश में आया कि पीओएस एजेंट अजय कुमार सिंह द्वारा जारी किए गए कई सिम कार्डों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं। जांच के दौरान संबंधित सिम धारकों से पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उन्होंने केवल अपने निजी उपयोग हेतु सिम प्राप्त किए थे तथा उनके नाम पर जारी अन्य संदिग्ध सिम कार्डों की उन्हें जानकारी नहीं थी। उक्त तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 972/2026 धारा 318(4), 338 बीएनएस एवं धारा 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

*कार्यवाही-*
दिनांक 11.10.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस एवं साइबर सेल गोण्डा की संयुक्त टीम द्वारा मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त अजय कुमार सिंह को मुखबिर की सूचना पर बालपुर जाट केशवजोत मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो एयरटेल सिम कार्ड तथा एक कूटरचित आधार कार्ड बरामद किया गया।
*अपराध करने का तरीका-*
जांच में प्रकाश में आया कि अभियुक्त अजय कुमार सिंह अधिकृत सिम विक्रेत (पीओएस एजेंट कोडः 03381995AJAYINGH) है। अभियुक्त सिम खरीदने अथवा पोर्ट कराने आने वाले ग्राहकों से सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर एक से अधिक बार फेस केवाईसी कराता था। इसके बाद ग्राहक को एक सिम उपलब्ध कराने के साथ ही उसी ग्राहक की दोबारा कराई गई फेस केवाईसी का दुरुपयोग कर दूसरा सिम एक्टिवेट कर लेता था। इसके अतिरिक्त फोटो एडिट कर कूटरचित आधार कार्ड तैयार करने तथा अन्य ग्राहकों की फेस आईडी का दुरुपयो कर अवैध रूप से सिम एक्टिवेट करने की बात भी प्रकाश में आई है। अभियुक्त इन सि कार्डों को टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था तथा कथित तौर प साइबर धोखाधड़ी की कुल धनराशि का 25 प्रतिशत नकद कमीशन कूरियर  माध्यम से प्राप्त करता था।

*गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-*
01- अजय कुमार सिंह पुत्र धनलाल सिंह, निवासी ठठिया मठिया, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा

*पंजीकृत अभियोग-*
01- मु0अ0सं0 972/2026, धारा 318(4), 338 बीएनएस एवं धारा 66C, 66D आईटी एक्ट, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोण्डा।

*बरामदगी-*
1. एक मोबाइल फोन वीवो (VIVO Y31 5G)।
2. दो एयरटेल सिम कार्ड।
3. एक कूटरचित/फर्जी आधार कार्ड, जिस पर एडिटेड फोटो लगी हुई थी।

*गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम-*
1. अतिरिक्त निरीक्षक श्रवण कुमार वर्मा थाना कोतवाली देहात, गोण्डा।
2. उ0नि0 संत शरण यादव, थाना कोतवाली देहात, गोण्डा।
3. का0 जागेश्वर गौड़, थाना कोतवाली देहात, गोण्डा।
4. का0 मनीष कुशवाहा, थाना कोतवाली देहात, गोण्डा।
5. साइबर सेल गोण्डा की टीम।

*मीडिया सेल, गोण्डा।*
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के अंतर्गत छात्राओं को वितरित की स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद पत्र*

*माँ शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण*

*देवीपाटन मण्डल में स्टडी टेबल वितरण में माननीय मुख्यमंत्री जी ने मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की विशेष प्रशंसा

*मुख्यमंत्री जी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत आशीर्व पत्र प्रदान कर बढ़ाया उत्साह, शिक्षा के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की दी प्रेरणा*

सूचना विभाग, गोण्डा। नवरात्रि एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर माँ पाटेश्वरी मंदिर परिसर में दिव्यता, संस्कार एवं शिक्षा का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के अंतर्गत छात्राओं को स्टडी टेबल एवं आशीर्वाद पत्र वितरित किए। माँ शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में आयोजित इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अभियान के अंतर्गत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होने की महत्वपूर्ण उपलब्धि भी रेखांकित की गई। मुख्यमंत्री जी ने बच्चों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

नवरात्रि का पावन अवसर जहाँ शक्ति, श्रद्धा एवं संस्कार का प्रतीक है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं की शिक्षा, समान अवसरों एवं सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित करता है। इन दोनों अवसरों के संगम पर आयोजित यह पहल बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देती है।

*‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के अंतर्गत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण*

देवीपाटन मंडल में स्टडी टेबल के वितरण लक्ष्य के सापेक्ष अधिक होने पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की विशेष प्रशंसा की तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को और बेहतर एवं संचालन में गति प्रदान कर आगे बढ़ाये।

*‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान का उद्देश्य* विद्यार्थियों को घर पर अध्ययन के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक एवं संसाधन संबंधी कठिनाइयाँ उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। अभियान के अंतर्गत एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होना देवीपाटन मण्डल में विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

स्टडी टेबल मिलने से विद्यार्थियों को घर पर व्यवस्थित ढंग से बैठकर पढ़ाई करने, नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने तथा एकाग्रता एवं अनुशासन के साथ अपने शैक्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास करने में सहायता मिलेगी। यह पहल बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक होगी।

*मुख्यमंत्री जी के व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र से विद्यार्थियों का बढ़ा उत्साह*

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत आशीर्वाद पत्र प्रदान करना इस पहल का विशेष आकर्षण रहा। आशीर्वाद पत्र बच्चों के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन का माध्यम हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को मेहनत, लगन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश मिलता है।

यह पहल विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाने का प्रयास है कि उनकी शिक्षा, प्रतिभा एवं उज्ज्वल भविष्य महत्वपूर्ण हैं। उचित मार्गदर्शन, अनुकूल अध्ययन वातावरण और निरंतर परिश्रम के बल पर वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं तथा परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

*अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिका शिक्षा एवं सशक्तीकरण का संदेश*

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर स्टडी टेबल वितरण की यह पहल बालिकाओं की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित करती है। शिक्षा बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।

नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ शैलपुत्री के आशीर्वादमय सान्निध्य में यह पहल शिक्षा एवं संस्कार के महत्व को जोड़ते हुए बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

*‘शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन’ के संकल्प को मिल रही गति*

‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के माध्यम से गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जनपदों में विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य केवल स्टडी टेबल वितरित करना नहीं, बल्कि बच्चों में नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है।

एक लाख स्टडी टेबल वितरण का लक्ष्य पूर्ण होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल ‘शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर उपलब्ध कराने की भावना को साकार करती है।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त  दुर्गा शक्ति नागपाल,पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी  विपिन जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
साइबर धोखाधड़ी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खाते के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 01 मोबाइल फोन बरामद

गोगो गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एनसीआरपी पोर्टल, समन्वय, प्रतिबिम्ब एवं अन्य डिजिटल इंटेलिजेंस माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं के परीक्षण में अभियुक्त दिवाकर शुक्ला पुत्र विजय कुमार शुक्ला निवासी ग्राम सेवरही सेवराहा, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा से संबंधित कैनरा बैंक खाते एवं लिंक मोबाइल नंबरों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से साइबर अपराध की 02 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी प्राप्त हुई। जांच में प्रकाश में आया कि संबंधित बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के लेन-देन हेतु म्यूल बैंक खाते के रूप में किया जा रहा था। उक्त प्रकरण में दोनों शिकायतकर्ताओं को कुल लगभग ₹5,04,800 की आर्थिक क्षति होने का उल्लेख है। इस संबंध में थाना खरगूपुर पर अभियोग पंजीकृत किया गया था।

*कार्यवाहीः *
दिनांक 11.10.2026 को उपनिरीक्षक शंकर सोनकर मय हमराह कांस्टेबल गौरव सिंह क्षेत्र में वांछित अभियुक्त की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि अभियुक्त दिवाकर शुक्ला सेवरहा तिराहे पर मौजूद है तथा कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 अदद मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया गया।
मऊ वृद्धाश्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग और भंडारे का आयोजन
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। परम पूज्य करुणामयी माता श्री मंगला जी के पावन जन्मोत्सव सप्ताह के अवसर पर हंस ज्योति, हंस कल्चरल सेंटर की मऊ शाखा की ओर से रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्धाश्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग एवं भंडारा-प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में भजन-कीर्तन के माध्यम से प्रभु का स्मरण किया गया। सत्संग के दौरान प्रेम, करुणा, सद्भाव, परोपकार और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और अपनत्व की भावना को मजबूत करना रहा।

इस दौरान आयोजकों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनसे आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना। बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उन्हें अपनत्व का एहसास कराने का प्रयास किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का मानवीय दायित्व है।

कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए भंडारा-प्रसाद की व्यवस्था की गई। सभी को श्रद्धापूर्वक भोजन एवं प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजकों ने कहा कि आध्यात्मिकता तभी सार्थक है, जब वह जीवन में करुणा, विनम्रता और सेवा के रूप में दिखाई दे। माता श्री मंगला जी के जन्मोत्सव सप्ताह पर आयोजित यह कार्यक्रम सेवा, भक्ति और मानव कल्याण की भावना को समर्पित रहा।

कार्यक्रम के अंत में परम पूज्य करुणामयी माता श्री मंगला जी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन एवं दीर्घायु की मंगलकामना की गई। साथ ही समाज में सुख, शांति, सद्भाव और मानवता की भावना के विस्तार की प्रार्थना की गई।
मेहनौन समेत 60 सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही अपना दल (कमेरावादी): संतोष पटेल
डॉ0 पल्लवी पटेल के आगमन पर जुटे कार्यकर्ता, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर



गोण्डा। सिराथू विधायक डॉ0 पल्लवी पटेल के गोंडा आगमन पर मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर असिधा स्थित राम तेज पटेल स्मारक इंटर कॉलेज में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान अपना दल (कमेरावादी) के जिलाध्यक्ष एडवोकेट संतोष कुमार पटेल ने कहा कि पार्टी प्रदेश की 60 सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है।उन्होंने मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में अब तक पटेल समाज से विधायक नहीं चुने जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस दिशा में राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की अहम ताकत बताते हुए कहा कि चुनाव में जीत और हार कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी निर्भर करती है।जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क करने और लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में लगभग एक हजार लोग मौजूद रहे।
तड़के 3.30 बजे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग,पीठ और हाथ में लगी गोली,हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
*चार पहिया वाहन से पहुंचे थे हमलावर

गोंडा।जिले के छपिया थाना क्षेत्र में तड़के बाइक सवार युवक पर चार पहिया वाहन से पहुंचे लोगों ने कई राउंड फायरिंग कर दिया।छपिया के मदनपुर गांव के पास मसकनवां गौराचौकी मार्ग पर हुई इस घटना में भोला पांडेय (33) घायल हो गये।उनके दाहिने हाथ की उंगली और पीठ में गोली लगी है।उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है,जहाँ उनका इलाज चल रहा है।घटना के बाद छपिया थाने की पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दिया है।पीड़ित भोला पांडेय छपिया थाना क्षेत्र के सुमेरपुर नाकई बनकट के निवासी हैं।उनकी तहरीर के अनुसार रविवार तड़के 3.30 बजे वह अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पाण्डेय के साथ बाइक से मसकनवां गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास पहुंचे थे।वे गोंडा जाने के लिए वहाँ रुके हुए थे कि इसी दौरान मसकनवां की तरफ से चार पहिया वाहन में सवार हो कर कई लोग पहुंचे।भोला पांडेय का आरोप है कि अभिषेक राणा निवासी नरिचा,थाना छपिया,विवेक मदनवाल निवासी चंद्रदीप घाट,थाना खोड़ारे,शशांक पांडेय और कुछ अज्ञात लोग असलहे और अन्य हथियार लेकर आए।आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दिया और उनके ऊपर कई राउंड फायरिंग कर दिया।गोली लगने से भोला घायल हो गये।फायरिंग के दौरान भोला के साथ मौजूद सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय सुरक्षित बच गए।घायल भोला किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज रिफर कर दिया जहाँ चिकित्सकीय परीक्षण के बाद भर्ती कर लिया गया।छपिया थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर गोलीकांड हुआ है।पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मेडिकल कालेज पहुंचकर घायल भोला पांडेय से भी घटना के संबंध में जानकारी किया।आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
आस्था: 25 वर्षों से मां के विंध्याचल में भक्तों की सेवा में जुटे रतन मोहन मिश्र, नवरात्र में कराते हैं निःशुल्क प्रसाद वितरण
*हरि प्रसाद कनौडिया और मां के भक्तों के सहयोग से सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सेवा, नवमी पर पूड़ी-सब्जी और हलवे का प्रसाद*

विंध्याचल, मिर्ज़ापुर। मां विंध्यवासिनी की पावन नगरी विंध्याचल में शारदीय नवरात्र के दौरान भक्ति और आस्था के साथ सेवा की अनूठी मिसाल भी देखने को मिल रही है। पिछले 25 वर्षों से फलाहार और प्रसाद वितरण के माध्यम से मां के भक्तों की सेवा में जुटे पंडित रतन मोहन मिश्र आज भी अपनी परंपरा को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। उनके संयोजन में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्रसाद वितरित किया जा रहा है।

पकरीतर स्थित शीतला मंदिर के सामने प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रसाद वितरण किया जाता है। यह सेवा हरि प्रसाद कनौडिया (कोलकाता) और मां के अन्य भक्तों के सहयोग से संचालित हो रही है। कार्यक्रम के संयोजक पंडित रतन मोहन मिश्र स्वयं व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंचाने में जुटे रहते हैं।

रतन मोहन मिश्र का सेवाभाव कोरोना काल के लॉकडाउन के दौरान भी चर्चा में रहा था। उस कठिन समय में जरूरतमंदों की सेवा के चलते उन्हें लॉकडाउन के हीरो के रूप में पहचान मिली थी। परिस्थितियां बदलने के बावजूद सेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी कायम है। अपने यजमान हरि प्रसाद कनौडिया सहित मां के अन्य भक्तों के सहयोग से वह धार्मिक आयोजनों के साथ जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

पिछले 25 वर्षों से नवरात्र में फलाहार वितरण उनकी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। वहीं, नवरात्र की नवमी तिथि पर श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी और हलवे का प्रसाद वितरित किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से मां के भक्तों की सेवा के साथ आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदना का संदेश भी दिया जा रहा है। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए दूर-दराज से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच यह सेवा धार्मिक आस्था को जनकल्याण की भावना से जोड़ रही है।
महिला चिकित्सालय व नई बाजार को 132 से जोड़ने की मांग पत्र मुख्य मंत्री को सौंपा।

तुलसीपुर, बलरामपुर।11 अक्टूबर तुलसीपुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों से चली आ रही प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल, बलरामपुर ने बड़ी पहल की है। देवीपाटन आगमन पर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता ने जनहित से जुड़ी दो महत्वपूर्ण मांगों के संबंध में मांग पत्र सौंपे। इनमें तुलसीपुर में आधुनिक महिला चिकित्सालय की स्थापना और नई बाजार स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ने की मांग शामिल है। दिलीप कुमार गुप्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री जी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।

तुलसीपुर में बने और आधुनिक महिला चिकित्सालय, महिलाओं को मिले बेहतर इलाज

मांग पत्र में महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि तुलसीपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जनपद मुख्यालय के अतिरिक्त क्षेत्र में आधुनिक महिला चिकित्सालय की सुविधा उपलब्ध न होना गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने हनुमानगढ़ी तिराहे के निकट पुराने अस्पताल परिसर की लगभग 25 बीघा खाली भूमि पर आधुनिक महिला चिकित्सालय स्थापित करने की मांग की। प्रस्तावित चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, प्रसूति विभाग और 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि महिला चिकित्सालय की स्थापना होने से क्षेत्र की हजारों महिलाओं और बच्चों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। और सरकार की मंशा के अनुरुप गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी और गंभीर परिस्थितियों में दूसरे शहरों की ओर भागने की मजबूरी भी कम होगी।

दूसरी प्रमुख मांग बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर उठाई गई। नई बाजार स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र को तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ने की मांग करते हुए  मौजूदा व्यवस्था के कारण खराब मौसम या बाहरी विद्युत लाइनों में खराबी आने पर बिजली आपूर्ति बहाल होने में कई घंटे लग जाते हैं।

इसका खामियाजा तुलसीपुर नगर के बड़े हिस्से और लगभग 450 गांवों के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। बिजली संकट से आम नागरिकों ग्रामीणों के साथ व्यापारियों को भी आर्थिक  परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।

उन्होंने मांग की कि नई बाजार विद्युत उपकेंद्र को 33 केवी लाइनों के माध्यम से तुलसीपुर के 132 केवी विद्युत केंद्र से जोड़ा जाए, जिससे वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो और बिजली बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

दिलीप कुमार गुप्ता ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुचारु बिजली आपूर्ति जनता की बुनियादी जरूरतें हैं। इन समस्याओं का समाधान होने से तुलसीपुर नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि दोनों प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
142 क्विंटल राशन गायब, कोटेदार पर मुकदमा दर्ज
*गोदाम में 56 क्विंटल गेहूं और 86 क्विंटल चावल का स्टॉक नदारद, ग्रामीण करते रहे इंतजार,

*अनुबंध निलंबन की संस्तुति


गोंडा।जिले के बभनजोत ब्लॉक की ग्राम पंचायत घारीघाट में सरकारी राशन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में कोटेदार के गोदाम से 142 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न गायब मिला है। पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार की शिकायत पर खोड़ारे थाने में कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूरा मामला घारीघाट के उचित दर विक्रेता अखिलेश कुमार यादव का है। आरोप है कि राशन कार्डधारक अपने हिस्से के अनाज का इंतजार करते रहे,जबकि कोटेदार ने खाद्यान्न को बाजार में बेच दिया। हालांकि मामले में अंतिम पुष्टि जांच के बाद होगी।विभाग के अनुसार 5 अक्टूबर को जांच अधिकारी दुकान पर पहुंचे तो कोटेदार अनुपस्थित मिला। मौके पर उसके पिता राम भगवत मौजूद थे। गोदाम के सत्यापन के दौरान ई-पॉस मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और स्टॉक रजिस्टर भी नहीं मिले। गोदाम में सिर्फ 32 बोरी मक्का मिला।ई-चालान और पोर्टल के रिकॉर्ड के अनुसार गोदाम में 56.17 क्विंटल गेहूं, 86.50 क्विंटल चावल और 0.27 क्विंटल चीनी होनी चाहिए थी, जो मौके पर नहीं मिली।
गोदाम में मिली 32 बोरी मक्का को वितरण के लिए उसी पंचायत के दूसरे कोटेदार मिश्रीलाल को सौंप दिया गया है।पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार यादव की तहरीर पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद शनिवार शाम 4:30 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। कोटेदार के अनुबंध को निलंबित करने की संस्तुति भी भेजी गई है।
विंध्याचल धाम: शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, मां विंध्यवासिनी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
मिर्ज़ापुर। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही विख्यात देवी धाम विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन को लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।

पौन फटने के बाद गंगा नदी में स्नान ध्यान करने के बाद मंगला आरती से ही भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। 2526 पुलिसकर्मियों के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी; 222 सीसीटीवी कैमरों और चार ड्रोन से निगरानी हो रही है

मां विंध्यवासिनी धाम में रविवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया। नवरात्र के प्रथम दिन मां विंध्यवासिनी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर में मंगला आरती से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए प्रतिदिन 21 घंटे की व्यवस्था की गई है, जबकि चरण स्पर्श पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में पांच प्रवेश द्वारों से दर्शन की व्यवस्था की है। गेट नंबर एक वीआईपी दर्शन, गेट नंबर दो न्यू वीआईपी मार्ग और गेट नंबर तीन झांकी दर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, गेट नंबर चार और पांच से गंगा घाट की ओर जाने की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शनार्थियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

*10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र*

शारदीय नवरात्र मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 2526 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 363 ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 222 सीसीटीवी कैमरे और चार ड्रोन लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एटीएस के साथ क्यूआरटी, स्वाट, पीएसी, एसडीआरएफ और आरआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

*यातायात व्यवस्था के लिए 21 पार्किंग स्थल*

नवरात्र मेले में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 21 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 170 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

*क्यूआर कोड मार्ग संकेतक से मिलेगी राह*

श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने और दर्शन के बाद वापस जाने में परेशानी न हो, इसके लिए मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड आधारित मार्ग संकेतक लगाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों की जानकारी मिल सकेगी और वे रास्ता भटकने से बच सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
पिकअप व डंपर की भिडन्त में बच्चे सहित मां की मौत कई घायल*

अमृतपुर फर्रुखाबाद 10 अक्टूबर। राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के निकट शनिवार को शाम ढलते ढलते पिकअप और डंपर की भिड़ंत में चार वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया। जानकारी पर पहुँची पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से पिकअप की खिड़की कटवाकर ड्राइवर को बाहर निकलवाया।जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहा था। जैनापुर के पास उनकी पिकअप की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने 25 वर्षीय पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल विमलेश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर सैकड़ो लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई और इसके पीछे क्या कारण रहा इसको लेकर पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है।