142 क्विंटल राशन गायब, कोटेदार पर मुकदमा दर्ज
*गोदाम में 56 क्विंटल गेहूं और 86 क्विंटल चावल का स्टॉक नदारद, ग्रामीण करते रहे इंतजार,

*अनुबंध निलंबन की संस्तुति


गोंडा।जिले के बभनजोत ब्लॉक की ग्राम पंचायत घारीघाट में सरकारी राशन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में कोटेदार के गोदाम से 142 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न गायब मिला है। पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार की शिकायत पर खोड़ारे थाने में कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूरा मामला घारीघाट के उचित दर विक्रेता अखिलेश कुमार यादव का है। आरोप है कि राशन कार्डधारक अपने हिस्से के अनाज का इंतजार करते रहे,जबकि कोटेदार ने खाद्यान्न को बाजार में बेच दिया। हालांकि मामले में अंतिम पुष्टि जांच के बाद होगी।विभाग के अनुसार 5 अक्टूबर को जांच अधिकारी दुकान पर पहुंचे तो कोटेदार अनुपस्थित मिला। मौके पर उसके पिता राम भगवत मौजूद थे। गोदाम के सत्यापन के दौरान ई-पॉस मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और स्टॉक रजिस्टर भी नहीं मिले। गोदाम में सिर्फ 32 बोरी मक्का मिला।ई-चालान और पोर्टल के रिकॉर्ड के अनुसार गोदाम में 56.17 क्विंटल गेहूं, 86.50 क्विंटल चावल और 0.27 क्विंटल चीनी होनी चाहिए थी, जो मौके पर नहीं मिली।
गोदाम में मिली 32 बोरी मक्का को वितरण के लिए उसी पंचायत के दूसरे कोटेदार मिश्रीलाल को सौंप दिया गया है।पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार यादव की तहरीर पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद शनिवार शाम 4:30 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। कोटेदार के अनुबंध को निलंबित करने की संस्तुति भी भेजी गई है।
विंध्याचल धाम: शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, मां विंध्यवासिनी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
मिर्ज़ापुर। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही विख्यात देवी धाम विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन को लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।

पौन फटने के बाद गंगा नदी में स्नान ध्यान करने के बाद मंगला आरती से ही भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। 2526 पुलिसकर्मियों के कंधों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी; 222 सीसीटीवी कैमरों और चार ड्रोन से निगरानी हो रही है

मां विंध्यवासिनी धाम में रविवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया। नवरात्र के प्रथम दिन मां विंध्यवासिनी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर में मंगला आरती से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए प्रतिदिन 21 घंटे की व्यवस्था की गई है, जबकि चरण स्पर्श पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र में पांच प्रवेश द्वारों से दर्शन की व्यवस्था की है। गेट नंबर एक वीआईपी दर्शन, गेट नंबर दो न्यू वीआईपी मार्ग और गेट नंबर तीन झांकी दर्शन के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, गेट नंबर चार और पांच से गंगा घाट की ओर जाने की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि दर्शनार्थियों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।

*10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र*

शारदीय नवरात्र मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 2526 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 363 ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 222 सीसीटीवी कैमरे और चार ड्रोन लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एटीएस के साथ क्यूआरटी, स्वाट, पीएसी, एसडीआरएफ और आरआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

*यातायात व्यवस्था के लिए 21 पार्किंग स्थल*

नवरात्र मेले में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 21 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 170 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

*क्यूआर कोड मार्ग संकेतक से मिलेगी राह*

श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने और दर्शन के बाद वापस जाने में परेशानी न हो, इसके लिए मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड आधारित मार्ग संकेतक लगाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों की जानकारी मिल सकेगी और वे रास्ता भटकने से बच सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
पिकअप व डंपर की भिडन्त में बच्चे सहित मां की मौत कई घायल*

अमृतपुर फर्रुखाबाद 10 अक्टूबर। राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के निकट शनिवार को शाम ढलते ढलते पिकअप और डंपर की भिड़ंत में चार वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया। जानकारी पर पहुँची पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से पिकअप की खिड़की कटवाकर ड्राइवर को बाहर निकलवाया।जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहा था। जैनापुर के पास उनकी पिकअप की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने 25 वर्षीय पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल विमलेश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर सैकड़ो लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई और इसके पीछे क्या कारण रहा इसको लेकर पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रयागराज पुलिस अलर्ट, डीसीपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
प्रयागराज
Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह

आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने नौ अक्तूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसीपी, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीस कमेटी की बैठक में शांति व्यवस्था की अपील

अमृतपुर, फर्रुखाबाद 10 अक्टूबर। अमृतपुर थाने में शनिवार को उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू एवं क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे को कायम रखने को लेकर चर्चा की गई।बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी श्वेता साहू एवं क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार द्विवेदी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों एवं अन्य आयोजनों के दौरान सभी लोग आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ रहें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक खबरों से सावधान रहने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों बुजुर्गों व्यापारियों व अन्य लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया गया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
चोरों ने दो बंद घरों के ताले तोड़कर  चोरी की घटना को दिया अंजाम*
*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने दो बंद घरों के मेंन गेट के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव अरियारा निवासी जौंहरी श्रीवास्तव के घर को चोरों ने पहले निशाना बनाया और मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखें 4 हजार रुपए नगद व एक सोने की जंजीर,दो जोड़ी कुंडल, दो कंगन दो अंगूठी,गुच्छा व अन्य लाखों रुपए का कीमती जेवरात चोरी कर लिया ।जानकारी देते हुए जौहरी श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी सास का पूर्व में निधन हो गया था। जिनकी तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए पत्नी के साथ ससुराल गए थे। इसके अलावा चोरों ने  गांव के ही स्व०जितेंद्र कुमार राजपूत सीओ सेवानिवृत के घर को भी निशाना बनाया। चोरो ने मुख्य दरवाजा का ताला तोड़कर अंदर स्टोर रूम व कमरे का ताला तोड़कर तांबा व पीतल के भारी भरकम कीमती बर्तन चोरी कर ले गए। बताया गया कि घर पर कोई नहीं रहता था। उनके घर पर गांव की एक महिला लड़ैती देवी रात को सोती थी लेकिन उसकी अचानक तबीयत खराब होने से वह उस रात अपने घर पर ही थी। और उसी रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया लोगों ने बताया कि उनका परिवार बाहर रहता है उनके परिवार के लोगों को फोन पर जानकारी दे दी गई है। परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद ही पता चलेगा कि अन्य सामान क्या ले गए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जांच पड़ताल के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मानदेय बढ़ाने की मांग पर अड़ीं आशा कार्यकर्ता,10 वें दिन भी धरना जारी, कोल्ड चेन रूम में जड़ा ताला

15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज की आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों का धरना शनिवार को 10वें दिन भी जारी रहा। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित कोल्ड चेन रूम में ताला लगा दिया। इससे टीकाकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभाती हैं। इसके अलावा समय-समय पर उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती हैं। महंगाई बढ़ने और काम का दबाव अधिक होने के बावजूद मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर कई बार अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। शनिवार को धरने के दौरान उन्होंने दोहराया कि 15 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल, कोल्ड चेन रूम में तालाबंदी के चलते टीकाकरण कार्य प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
आशीष वर्मा लगातार तीसरे साल टॉप 2 वैज्ञानिकों में शामिल: स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की लिस्ट में काशी नरेश कॉलेज के विज्ञानी का नाम*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही ‌। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर भदोही के भौतिक विज्ञानी डॉ. आशीष वर्मा को लगातार तीसरे साल स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की दुनिया के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। इस गौरव से कॉलेज के प्राचार्य और सभी प्रोफेसर बहुत खुश हैं।

कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद यादव ने डॉ. वर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में स्थित प्रदेश के इस सबसे पुराने संस्थान के लिए यह बहुत खास उपलब्धि है। डॉ. वर्मा को शिक्षा जगत के कई बड़े विद्वानों से बधाई संदेश मिल रहे हैं।

डॉ. वर्मा सैद्धांतिक भौतिकी में प्लाज्मा और नैनो-कणों के साथ उच्च शक्ति लेजर बीम इंटरैक्शन के विशेषज्ञ हैं। अपनी 6 साल की सरकारी सेवा में उन्होंने 49 उच्च गुणवत्ता वाले शोध आलेख ऑनलाइन स्कोपस इंडेक्स जर्नल्स में प्रकाशित किए हैं।

स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय हर साल एक सार्वजनिक डेटाबेस जारी करता है। यह शोधकर्ताओं को उनके प्रकाशित शोध आलेख, एच-इंडेक्स और साइटेशन स्कोर के आधार पर रैंकिंग देता है। यह सूची 22 वैज्ञानिक क्षेत्रों और 174 उप-क्षेत्रों में शीर्ष 100,000 वैज्ञानिकों पर आधारित है।
कायमगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई आयोजित*

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली में शारदीय नवरात्रि और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई ।उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई ।वहीं क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने आयोजकों से कहा कि जिस स्थान पर दुर्गा पंडाल लगाए जाने हैं, वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएं। जिससे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनी रहे। उन्होंने कहा कि विसर्जन का भी समय प्रत्येक पंडाल को निश्चित करना होगा ।आयोजकों से उन्होंने कहा कि विसर्जन यात्राएं पंडाल से किस समय निकलेगी और कहां विसर्जन होगा इसकी जानकारी पुलिस को पूर्व में ही उपलब्ध कराई जाए।  मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर सुरक्षा साफ-सफाई एवं पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने विद्युत विभाग को जर्जर तार और खंभों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी तथा डीजे व लाउडस्पीकर का प्रयोग तय मानकों के अनुसार करने की हिदायत दी गई है।इस दौरान अधिशासी अधिकारी डॉक्टर लव कुमार मिश्र,प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
ज्ञानपुर के बड़वापुर में नवरात्र पर रामकथा: अष्टमी पर 501 कन्याओं का पूजन, कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज करेंगे वाचन*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर के बड़वापुर गांव में नवरात्र के मौके पर रामकथा का आयोजन होगा। इस दौरान नवरात्र अष्टमी को 501 कन्याओं का पूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं।

कन्या पूजन के लिए आसपास के प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाली 10 साल तक की बच्चियों को बुलाया जाएगा। यह पूजन मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा जताने के लिए किया जाएगा।

आयोजक उत्कर्ष त्रिपाठी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी रामकथा हो रही है। कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और आदर्शों पर प्रवचन देंगे। इसका मकसद लोगों को धर्म और संस्कृति से जोड़ना है।

कार्यक्रम में भोजपुरी गायक और प्रदेश के कई नेता भी शामिल हो सकते हैं। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से रामकथा सुनने और पुण्य कमाने की अपील की है।