सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्व0 ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, दौड़ प्रतियोगिता एवं अत्याधुनिक जिम का
फर्रुखाबाद । जिला अधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शासन के मंशानुरूप संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्व0 ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, दौड़ प्रतियोगिता तथा अत्याधुनिक जिम का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए व्यसनमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। साथ ही, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के देखरेख में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।*अत्याधुनिक जिम का हुआ उद्घाटन*खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्व0 ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थापित जिम के नवीनीकरण (जीर्णोद्धार) कार्य पूर्ण होने के उपरांत इसका शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। जिम के शुरू होने से स्थानीय धावकों एवं अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिटनेस सुविधाएं स्टेडियम परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।*विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित*दौड़ प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी महोदय के साथ विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और चमचमाती शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।*वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति*कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के साथ श्रम आयुक्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला व्यायाम शिक्षक, खेल प्रशिक्षक (कोच) तथा बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
सीएम योगी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर नवाबगंज में तैयारियां तेज, दो स्थलों का निरीक्षण

गोंडा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार शाम तरबगंज विधायक प्रेमनारायण पांडेय की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल के लिए दो जगहों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने नवाबगंज थाने के पास स्थित शत्रु संपत्ति की जमीन और भोपतपुर गांव के मैदान का जायजा लिया। स्थल की उपयुक्तता, पहुंच मार्ग और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखकर निरीक्षण किया गया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित कार्यक्रम में तरबगंज और मनकापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि कार्यक्रम की तिथि और विस्तृत रूपरेखा की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सविता शुक्ला, तहसीलदार आशुतोष पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, दो मामलों में कार्रवाई की मांग


गोंडा। अधिवक्ता अमन पांडे को जहर देने के आरोपियों की गिरफ्तारी और अधिवक्ता शिवेन्द्र मिश्रा के भाई सत्यम मिश्रा के परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। सिविल बार एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के नेतृत्व में दोपहर करीब 2:30 बजे अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। कलेक्ट्रेट परिसर से नारेबाजी करते हुए अधिवक्ताओं ने सिविल न्यायालय होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक मार्च निकाला और धरना दिया।अधिवक्ताओं का आरोप है कि 24 जुलाई को अधिवक्ता अमन पांडे को फोन कर बुलाकर विवाद के बाद जबरन जहर पिलाने का प्रयास किया गया। इस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वकीलों में रोष है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।वहीं दूसरे मामले में सत्यम मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई। अधिवक्ताओं ने बताया कि इस मामले में कुछ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अन्य फरार हैं। आरोप है कि पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं।प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नितेश सिंह को ज्ञापन सौंपा। एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री गौरी शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो अगला प्रदर्शन देवीपाटन मंडल के डीआईजी कार्यालय पर किया जाएगा।
डीएम व एसपी की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा/दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाये जाने विषयक हेतु की गई बैठक

*आगामी त्योहारों के मद्देनजर सम्बन्धित अधिकारीगण करें आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित- जिलाधिकारी*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव



भदोही। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दुर्गापूजा व दशहरा के तैयारी के संबंध पीस कमेटी की बैठक आहूत की गई।
        बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया आगामी नवरात्रि पर्व दुर्गा पूजा/दशहरा त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे बिजली, पानी, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए सम्भ्रान्त नागरिकों/दुर्गा पूजा मंडली के आयोजकों को धन्यवाद एवं दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्यौहारों को मनाए जाने की गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि इस परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं आनंद के वातावरण में आपसी भाई चारे एवं एक दूसरें की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए परम्परागत तरीके से त्योहार मनाए।
       जिलाधिकारी ने नवरात्रि के दौरान विद्युत व्यवस्था की आपूर्ति बनाए रखने हेतु सहायक अभियन्ता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा पंण्डालों के आस-पास एवं मूर्ति विसर्जन के रास्तों पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एवं लटके हुए विद्युत तारों को ठीक करा दिया जाए। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित सभी सबडिवीजन अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा में दुर्गा पांण्डालों की स्थापना से लेकर विसर्जन तक व्यवस्थओं के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन हेतु अपनी-अपनी जिम्मेदारियों एवं अपने विभागीय कार्यो से सम्बंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए समय रहते आवश्यकतानुसार ठीक करा लिया जाए।
         जिलाधिकारी ने जनपद में मूर्ति विसर्जन एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान पूरी संवेदनशीलता के साथ अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन करने हेतु अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी से उनके क्षेत्र में दुर्गा पूजा/दशहरा के दृष्टिगत की गयी तैयारियों की स्थानीय बैठकों आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
        जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने दुर्गा पूजा आयोजक समितियों के अध्यक्षों को निर्देशित किया कि पूजा पंडालों में विद्युत आपूर्ति के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं विद्युत विभाग के एसडीओ को निर्देश दिए कि बड़े दुर्गा पूजा आयोजनों वाले स्थलों पर स्वयं जाकर निरीक्षण करें तथा विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा, सुदृढ़ता एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
        पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सभी दुर्गा पूजा मंडली के आयोजकों से कहा कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान चाक-चौबंद व्यवस्था का आश्वासन देते हुए कहा की त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी फिर भी उन्होंने स्थानीय लोगों से इस व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करने की अपील की तथा कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित किसी भी आशंका की स्थिति में वे स्थानीय पुलिस चौकी, थाने अथवा सीधा उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन की विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति की ऊंचाई ज्यादा ना रखें, डीजे की उचाई ज्यादा न रखे एवं तेज ध्वनि/वाईब्रेटर ध्वनि का उपयोग न किया जाए एवं शांति के साथ मूर्ति का विसर्जन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी संसाधनों के साथ पर्याप्त पुलिस बल सक्रिय रहेगा, फिर भी किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए आप सभी का सहयोग अपेक्षित रहेगा।
       एसपी ने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले को कतई बख्शा नहीं जाएगा एवं उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने दुर्गा पूजा पाण्डालों में गुणवत्तायुक्त विद्युत तारों के साथ उचित कनेक्शन करने, मूर्ति पाण्डलों के पास सुरक्षा के दृष्टिगत आग बुझाने वालें संसाधनों, सीसीटीवी कैमरा का उपयोग किये जाने का निर्देश देते हुए कहा कि इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि दुर्गा पूजा पाण्डाल का फ्रन्ट साईड सड़क के तरफ न हो। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अराजक तत्वों पर कार्यवाही करते हुए पाबन्ध किया जाए, दुर्गा पण्डालों में सार्वजनिक जगहो/सड़कों पर द्वार न बनाया जाए जिसे अवागमन बाधित हो, सुरक्षा/कानून व्यवस्था के दृष्टिगत फोटोग्राफी/वीडियों ग्राफी भी कराई जाए, जुलुस के साथ अनिवार्य रूप से पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सभी तैयारियों की समीक्षा पहले से ही कर ली जाए।
       इस अवसर पर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व शुभांगी शुक्ला, उपजिलाधिकारी, ज्ञानपुर औराई, व भदोही, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, सीएमओ, समस्त ई0ओ0, थाना प्रभारी,पालिका चेयरमैन व सदस्य ,सम्भ्रान्त नागरिक व दुर्गापूजा रामलीला आयोजक सहित अन्य सम्बन्धित लोग उपस्थित रहे।
दूध गर्म करते समय सिलेंडर में लगी आग,अधेड़ झुलसा,हालत गंभीर

*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात अहमदगंज निवासी 58 वर्षीय रामलड़ैते अपने घर पर रसोई में गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रहे थे । इसी दौरान सिलेंडर के पाइप में आग लग गई । देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । चीख पुकार मचाने के साथ रामलड़ैते आग बुझाने लगे ।आग बुझाने के दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गए चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग पर पानी और बालू डालकर काबू पा लिया लेकिन रामलड़ैते गंभीर रूप से झुलस गए ।आनन - फानन में उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अमरेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद  के लिए रेफर कर दिया । बताया गया कि रामलड़ैते जनपद एटा के थाना व कस्बा राजा का रामपुर के निवासी हैं ।वह बीते कई दशक से अपने पुत्र हुकुम सिंह और सत्यपाल के साथ अहमदगंज में मशीनरी की दुकान रखे हुए हैं । उनकी पत्नी की पूर्व में मौत हो चुकी है । दोनों पुत्र आज रिश्तेदारी में गए हुए थे ।रामलड़ैते घर पर अकेले थे।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर भाजपा के आठ और सपा के दो उम्मीदवार जीते


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए सियासी तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ और समाजवादी पार्टी (सपा) के दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। नामांकन पत्रों की जांच में दो निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज होने और नाम वापसी की समयसीमा तक किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं रहने से सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।

इसके साथ ही 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान की आवश्यकता समाप्त हो गई और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रतिनिधित्व भी खत्म हो गया। भाजपा की ओर से राज्यसभा पहुंचने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा के प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्यासागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी ने उच्च सदन में जगह बनाई है। निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार वर्मा ने शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिकताएं पूरी करते हुए नवनिर्वाचित सदस्यों के प्रमाणपत्र जारी किए। विधानसभा परिसर में आयोजित प्रक्रिया के दौरान भाजपा के अधिकांश उम्मीदवार स्वयं पहुंचे और अपने प्रमाणपत्र प्राप्त किए।

राधाकांत ओझा की ओर से उनके प्रतिनिधि ने प्रमाणपत्र लिया, जबकि राम गोपाल यादव की ओर से पूर्व एमएलसी राकेश यादव प्रमाणपत्र लेने पहुंचे। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद प्रकाश पाल ने कहा कि वह पिछले 36 वर्षों से पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। अब सदन में प्रदेश और देश की जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

उन्होंने भाजपा की आठ सीटों पर जीत को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संकेत बताते हुए दावा किया कि 2027 के चुनाव में भाजपा 80 प्रतिशत सीटें जीतेगी, जबकि विपक्षी गठबंधन को 20 प्रतिशत सीटें मिलेंगी। भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने इसे भाजपा की कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि पार्टी में मेहनत करने वाला कार्यकर्ता उच्च पदों तक पहुंच सकता है।

उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का विश्वास भी जताया। सपा को दो सीटें मिलने से उच्च सदन में उसकी संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पार्टी के मौजूदा सदस्यों में राम गोपाल यादव, जावेद अली, रामजी लाल सुमन और जया बच्चन शामिल हैं।

राम गोपाल यादव के दोबारा निर्वाचित होने और धनराज परिमल नथवानी के पहली बार राज्यसभा पहुंचने से पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है।

नथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया है और वह उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े उनके दृष्टिकोण को संसद में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेंगे। वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इन सीटों में पहले भाजपा के पास आठ, सपा के पास एक और बसपा के पास एक सीट थी। नए निर्वाचन के बाद भाजपा गठबंधन की आठ और सपा की दो सीटों पर जीत ने राज्यसभा में उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरण को बदल दिया है।
कोटेदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज
*जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने दर्ज कराया मुकदमा


गोंडा। जिले के सदर तहसील अंतर्गत विकास खंड रुपईडीह के ग्राम पंचायत बिशुनापुर बेलभरिया के उचित दर विक्रेता राम चरन पुत्र सुरजू के विरुद्ध क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने जांच के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता कम पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत खरगूपुर थाने में दर्ज कराया गया है। ज्ञातव्य हो कि उक्त आरोपी उचित दर विक्रेता के विरुद्ध विशुनापुर बेलभरिया निवासी दिलीप कुमार पुत्र शोभाराम ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में उपस्थित होकर कोटेदार रामचरन पुत्र सुरजू द्वारा खाद्यान्न के कालाबाजारी किए जाने की शिकायत किया था।शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को दुकान व गोदाम का निरीक्षण कर आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया, जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने बीते 6 अक्टूबर को दुकान व गोदाम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान 189 बोरा चावल व 4 बोरा गेहूं कम मिला,जिसकी रिपोर्ट पूर्ति निरीक्षक द्वारा उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने उक्त रिपोर्ट को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।जांच आख्या प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पूर्ति निरीक्षक को तत्काल अभियोग पंजीकृत कराने तथा अनुबंध पत्र निलंबित करने का निर्देश दिया।जिसके पश्चात पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने खरगूपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया और उक्त के अनुबंध पत्र को निलंबित कर दिया।
गंगा तट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

फर्रुखाबाद।
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में चल रहे स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत आज गंगातट पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में गंगा तट पर एस वी एन ग्लोबल स्कूल के बच्चों के द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें घाट पर फैली गंदगी,प्लास्टिक, पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां, कपड़े इत्यादि को एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बच्चों को जागरुक करते हुए कहा कि गंगा हमारी पवित्र नदी है यह न सिर्फ हमारी धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि करोड़ों लोग इससे अपना जीवन यापन भी करते हैं।प्रतिदिन देखा जाता है कि लोग गंगा में स्नान करने आते हैं और बड़ी मात्रा में कूड़ा गंदगी इत्यादि वहीं छोड़ देते हैं इससे न सिर्फ हमारे गंगा का जल दूषित होता है बल्कि गंगा में निवास करने वाली जीव जंतु को भी हानि पहुंचती है।कानपुर से आए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई  दीपक कुमार ने भी बच्चों को जागरूक किया एवं प्रदूषण के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। समर्पण फाउंडेशन के अध्यक्ष  रोहित दीक्षित ने बच्चों को प्रतिदिन स्वच्छता के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।अन्य लोगों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये।बच्चों ने स्लोगन के माध्यम से गंगा तट पर रैली निकालकर गंगा स्नान करने आए लोगों एवं घाट पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया। अंत में सभी लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामरहीश
कुशवाहा, गंगा योद्धा घनश्याम,प्रियांशु एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
साल भर में 7 बार चला अभियान फिर भी तिराहों-चौराहों पर है अतिक्रमण*

*कहीं पटरियों पर सज रही दुकानें तो कहीं सड़क पर आटो- ठेले वालों का कब्जा*



नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में एक साल में यातायात, राजस्व व निकायों की टीम ने सात बार अभियान चलाकर बाजारों और चाैराहों से अतिक्रमण हटवाया। दोबारा अतिक्रमण करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।



अतिक्रमण करने वालों पर इसका असर नहीं है। फिर से जिले के तिराहे और चौराहे अतिक्रमण की जद में हैं। कहीं पटरी के ऊपर तक दुकानें सज रही हैं कहीं बेतरतीब वाहन खड़े हो रहे हैं तो कहीं ऑटो और ई-रिक्शावालों का कब्जा हो गया। हमारी टीम ने शुक्रवार को तिराहों और चौराहों की पड़ताल की।


पुलिस बूथ के पास वाले रजपुरा चौराहा, बड़ा चौराहा और औराई कोतवाली से 50 मीटर दूर हाईवे के चौराहे के साथ ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज तिराहे पर अतिक्रमण दिखा।


कहीं पटरी पर तो कहीं सड़क तक दुकानें सजीं दिखीं। चौराहे पर ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से लोग जाम जूझते दिखे।
जिले की आबादी 20 लाख है। सात निकाय और 22 से अधिक ग्रामीण बाजार है। त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है।
बाजारों में हर दिन भीड़ हो रही है। निकायों के हर बाजार में हर दिन


अतिक्रमण को लेकर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। इसके बाद भी अतिक्रमण कर लिया जाता है। अब वेडिंग जोन बनाया जा रहा है। सभी दुकानदारों को उसी शिफ्ट किया जाएगा। जिससे तिराहे - चौराहे अतिक्रमण मुक्त रहे।

दयाशंकर वर्मा ईओ भदोही


नगरों में अतिक्रमण पर मजबूत कार्रवाई तभी हो सकती है,जब स्थायी बाॅडी की ओर से सख्त कदम उठाए जाएं। पुलिस व यातायात लगातार अभियान चलाती रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए अब स्थानीय प्रशासन और पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी,जो इस तरह अतिक्रमण करने वाले और वाहन चालकों पर कार्रवाई करेगी।

अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद। आगामी त्योहारों (शारदीय नवरात्रि, रामलीला मंचन एवं दशहरा मेला) के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। धार्मिक स्थलों, रामलीला मंचन स्थलों एवं दशहरा मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के वातावरण में संपन्न हों। संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग शहर में क्षतिग्रस्त पोलों, जर्जर विद्युत तार को दुरुस्त कराएं इसके साथ ही दुर्गा पंडालों में विद्युत आपूर्ति की समस्याओं का निस्तारण कराएं, शिकायत पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। दुर्गा प्रतिमाओं के स्थापना स्थलों एवं देवी मंदिरों में नगर पालिका के अधिकारी नियमित रूप से साफ सफाई कराएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों को नियमानुसार दुरुस्त कराएं। समस्त उप जिलाधिकारी अपने तहसील क्षेत्रों में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कराएं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित संबंधित अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।