कोटेदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज
*जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने दर्ज कराया मुकदमा


गोंडा। जिले के सदर तहसील अंतर्गत विकास खंड रुपईडीह के ग्राम पंचायत बिशुनापुर बेलभरिया के उचित दर विक्रेता राम चरन पुत्र सुरजू के विरुद्ध क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने जांच के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता कम पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत खरगूपुर थाने में दर्ज कराया गया है। ज्ञातव्य हो कि उक्त आरोपी उचित दर विक्रेता के विरुद्ध विशुनापुर बेलभरिया निवासी दिलीप कुमार पुत्र शोभाराम ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में उपस्थित होकर कोटेदार रामचरन पुत्र सुरजू द्वारा खाद्यान्न के कालाबाजारी किए जाने की शिकायत किया था।शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को दुकान व गोदाम का निरीक्षण कर आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया, जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने बीते 6 अक्टूबर को दुकान व गोदाम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान 189 बोरा चावल व 4 बोरा गेहूं कम मिला,जिसकी रिपोर्ट पूर्ति निरीक्षक द्वारा उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने उक्त रिपोर्ट को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।जांच आख्या प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पूर्ति निरीक्षक को तत्काल अभियोग पंजीकृत कराने तथा अनुबंध पत्र निलंबित करने का निर्देश दिया।जिसके पश्चात पूर्ति निरीक्षक रणधीर यादव ने खरगूपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया और उक्त के अनुबंध पत्र को निलंबित कर दिया।
गंगा तट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

फर्रुखाबाद।
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में चल रहे स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत आज गंगातट पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में गंगा तट पर एस वी एन ग्लोबल स्कूल के बच्चों के द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें घाट पर फैली गंदगी,प्लास्टिक, पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां, कपड़े इत्यादि को एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बच्चों को जागरुक करते हुए कहा कि गंगा हमारी पवित्र नदी है यह न सिर्फ हमारी धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि करोड़ों लोग इससे अपना जीवन यापन भी करते हैं।प्रतिदिन देखा जाता है कि लोग गंगा में स्नान करने आते हैं और बड़ी मात्रा में कूड़ा गंदगी इत्यादि वहीं छोड़ देते हैं इससे न सिर्फ हमारे गंगा का जल दूषित होता है बल्कि गंगा में निवास करने वाली जीव जंतु को भी हानि पहुंचती है।कानपुर से आए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई  दीपक कुमार ने भी बच्चों को जागरूक किया एवं प्रदूषण के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। समर्पण फाउंडेशन के अध्यक्ष  रोहित दीक्षित ने बच्चों को प्रतिदिन स्वच्छता के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।अन्य लोगों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये।बच्चों ने स्लोगन के माध्यम से गंगा तट पर रैली निकालकर गंगा स्नान करने आए लोगों एवं घाट पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया। अंत में सभी लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामरहीश
कुशवाहा, गंगा योद्धा घनश्याम,प्रियांशु एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
साल भर में 7 बार चला अभियान फिर भी तिराहों-चौराहों पर है अतिक्रमण*

*कहीं पटरियों पर सज रही दुकानें तो कहीं सड़क पर आटो- ठेले वालों का कब्जा*



नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में एक साल में यातायात, राजस्व व निकायों की टीम ने सात बार अभियान चलाकर बाजारों और चाैराहों से अतिक्रमण हटवाया। दोबारा अतिक्रमण करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।



अतिक्रमण करने वालों पर इसका असर नहीं है। फिर से जिले के तिराहे और चौराहे अतिक्रमण की जद में हैं। कहीं पटरी के ऊपर तक दुकानें सज रही हैं कहीं बेतरतीब वाहन खड़े हो रहे हैं तो कहीं ऑटो और ई-रिक्शावालों का कब्जा हो गया। हमारी टीम ने शुक्रवार को तिराहों और चौराहों की पड़ताल की।


पुलिस बूथ के पास वाले रजपुरा चौराहा, बड़ा चौराहा और औराई कोतवाली से 50 मीटर दूर हाईवे के चौराहे के साथ ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज तिराहे पर अतिक्रमण दिखा।


कहीं पटरी पर तो कहीं सड़क तक दुकानें सजीं दिखीं। चौराहे पर ऑटो व ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से लोग जाम जूझते दिखे।
जिले की आबादी 20 लाख है। सात निकाय और 22 से अधिक ग्रामीण बाजार है। त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है।
बाजारों में हर दिन भीड़ हो रही है। निकायों के हर बाजार में हर दिन


अतिक्रमण को लेकर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। इसके बाद भी अतिक्रमण कर लिया जाता है। अब वेडिंग जोन बनाया जा रहा है। सभी दुकानदारों को उसी शिफ्ट किया जाएगा। जिससे तिराहे - चौराहे अतिक्रमण मुक्त रहे।

दयाशंकर वर्मा ईओ भदोही


नगरों में अतिक्रमण पर मजबूत कार्रवाई तभी हो सकती है,जब स्थायी बाॅडी की ओर से सख्त कदम उठाए जाएं। पुलिस व यातायात लगातार अभियान चलाती रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए अब स्थानीय प्रशासन और पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी,जो इस तरह अतिक्रमण करने वाले और वाहन चालकों पर कार्रवाई करेगी।

अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित

फर्रुखाबाद। आगामी त्योहारों (शारदीय नवरात्रि, रामलीला मंचन एवं दशहरा मेला) के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई।

बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। धार्मिक स्थलों, रामलीला मंचन स्थलों एवं दशहरा मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के वातावरण में संपन्न हों। संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी समस्या की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग शहर में क्षतिग्रस्त पोलों, जर्जर विद्युत तार को दुरुस्त कराएं इसके साथ ही दुर्गा पंडालों में विद्युत आपूर्ति की समस्याओं का निस्तारण कराएं, शिकायत पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। दुर्गा प्रतिमाओं के स्थापना स्थलों एवं देवी मंदिरों में नगर पालिका के अधिकारी नियमित रूप से साफ सफाई कराएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों को नियमानुसार दुरुस्त कराएं। समस्त उप जिलाधिकारी अपने तहसील क्षेत्रों में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कराएं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग आपसी सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित संबंधित अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
मऊ के इस्लामाबाद पहुंचे AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
मऊ। जनपद के इस्लामाबाद क्षेत्र में विद्युत स्पर्शाघात की घटना के बाद AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

शौकत अली ने कहा कि यह बुनकर बाहुल्य क्षेत्र है और यहां कई गलियों में बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए हैं।

उनके मुताबिक, यदि बिजली विभाग के जिम्मेदार कर्मचारी समय रहते इन तारों की स्थिति पर ध्यान देते और आवश्यक कार्रवाई करते तो इतनी बड़ी घटना को टाला जा सकता था।

उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों में बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

वहीं, प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए शौकत अली ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि मुसलमान भाजपा को वोट नहीं देता और कहा कि AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में कुछ दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी।

हालांकि, गठबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर अंतिम तस्वीर आने वाले समय में ही स्पष्ट होगी।
मतदाता सूची में छूटे एवं विलोपित नामों को शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण तथा पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि मतदाता पंजीकरण एक सतत प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करना है, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है अथवा पूर्व में सूची में शामिल होने के बाद विलोपित हो गया है। ऐसे नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वर्तमान मतदाता सूची की तुलना विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व प्रकाशित निर्वाचक नामावली, दिनांक 07 जनवरी 2025, से की जाएगी। इस प्रक्रिया के अंतर्गत पूर्व की मतदाता सूची में शामिल रहे ऐसे मतदाताओं को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी, जिनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करें। सत्यापन के दौरान यदि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटा हुआ पाया जाता है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से उसका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने स्तर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
           इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, भाजपा अध्यक्ष दीपक मिश्रा, धर्मेन्द्र कुमार मिश्र उर्फ़ पप्पू, राजेश्वर दूबे कांग्रेस, राम प्रसाद यादव, बसपा जिलाध्यक्ष एवं समस्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधिगण एवं समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
केएनयू : पीजी की रिक्त सीटों पर अब 12 तक मिलेगा प्रवेश*


*पहले 30 सितंबर तक प्रवेश की सुविधा दी गई थी*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय में परास्नातक की रिक्त सीटों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मौका दिया है। अब 12 अक्तूबर तक काउंसिलिंग की जाएगी। विज्ञान संकाय में मेरिट जबकि अन्य विषयों में सीधे प्रवेश मिलेगा। छात्र-छात्राएं आवश्यक दस्तावेज लेकर प्रवेश पा सकेंगे।



काशी नरेश विश्वविद्यालय में यूजी की कक्षाओं में प्रवेश हो चुका है। परास्नातक में प्रवेश के लिए अब तक तीन कट ऑफ सूची जारी हो चुकी है।
प्रवेश संयोजक प्रो. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि प्राचीन इतिहास, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, दर्शनशास्त्र, मध्य इतिहास, राजनीतिशास्त्र, मनोविज्ञान, संस्कृत, गणित, चित्रकला, समाजशास्त्र, भूगोल, गृह विज्ञान, हिंदी, भौतिक विज्ञान और एमकाॅम सहित 16 विषयों में आवेदकों को सीधे प्रवेश मिलेंगे। वहीं, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान और जंतु विज्ञान के लिए सामान्य, पिछड़ा, ईडब्ल्यूएस और अनुसूचित जाति वर्ग की अलग-अलग मेरिट बनाई गई है।


पहले 30 सितंबर तक प्रवेश की सुविधा दी गई थी, लेकिन अब 12 अक्तूबर तक तिथि बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 12 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग में उपस्थित होकर काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश रिक्त सीटों के सापेक्ष निर्धारित मेरिट के आधार पर ही किया जाएगा और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अंतिम निर्णय प्रवेश समिति का होगा।
एसडीएम ने सोमनाथ मंदिर जैसे बन रहे दुर्गा पंडाल का निरीक्षण किया: निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था देखी, जरूरी निर्देश दिए


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। शहर के काली देवी में मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति (शिवम क्लब) श्री सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर दुर्गा पूजा पंडाल बना रही है। शुक्रवार को एसडीएम अरुण दीक्षित ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काम की प्रगति देखी और संबंधित लोगों को जरूरी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पंडाल की व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समय में व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था करने को कहा। इससे दुर्गा पूजा के दौरान दर्शन करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति शिवम क्लब इस साल सोमनाथ मंदिर जैसा पंडाल तैयार करा रही है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता है। निर्माण पूरा होने के बाद यह शहर में दुर्गा पूजा के मुख्य आकर्षणों में शामिल होने की उम्मीद है।

इस दौरान समिति के रामकृष्ण खट्टू समेत शिवम क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
भंडोरा ऑर्गेनिक्स की यूनिट का छात्रों और किसानों ने किया भ्रमण, जैविक खाद बनाने की तकनीक की ली जानकारी
बहसूमा। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली (ICAR-IARI) की ओर से रुद्रा इंस्टीट्यूट, मवाना खुर्द, मेरठ के छात्र-छात्राओं और कुछ किसानों ने बहसूमा स्थित भंडोरा ऑर्गेनिक्स कंपनी की ऑर्गेनिक यूनिट का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कंपनी में उपस्थित रविंद्र कुमार और ललित शर्मा ने भ्रमण पर आए छात्र-छात्राओं एवं किसानों को भारत की स्वदेशी और आधुनिक तकनीक बंकरमैन के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से वातावरण से हानिकारक गैसों को सोखकर ऑक्सीजन गैस प्राप्त की जाती है। इसके साथ ही इस प्रक्रिया में बचे अवशेषों का उपयोग मिनरल रिच ऑर्गेनिक मैन्योर यानी खनिज तत्वों से भरपूर जैविक खाद बनाने में किया जाता है।
उन्होंने बताया कि जैविक खाद का कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। इसके इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार करने और फसलों के बेहतर विकास में मदद मिल सकती है। किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने तथा जैविक खेती की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस तकनीक के संस्थापक डॉ. मेजर जनरल डॉ. श्रीपाल हैं, जो भंडोरा ऑर्गेनिक्स कंपनी के चेयरमैन भी हैं। कंपनी की ओर से किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने और पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
भ्रमण के दौरान रविंद्र कुमार ने विद्यार्थियों और किसानों को वर्मी कंपोस्ट तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि वर्मी कंपोस्ट किस प्रकार बनाया जाता है और खेती में इसका उपयोग कैसे किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने पूरी प्रक्रिया को समझा और कृषि से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खाद के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
मऊ इंदारा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, स्थानीय लोगों में जगी आस
मऊ। जनपद मऊ के इंदारा रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ने से स्थानीय लोगों में राहत और उम्मीद की किरण जगी है। लंबे समय से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से परेशान लोगों को अब ओवरब्रिज के जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकेगी और क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।

निर्माण कार्य में तेजी को देखते हुए लोगों को उम्मीद है कि परियोजना निर्धारित समय में पूरी होकर आम जनता के लिए शुरू हो जाएगी।
स्थानीय लोगों की निगाहें अब ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के पूरा होने पर टिकी हैं।