जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू,फील्ड ट्रेनरों को दिए जा रहे आवश्यक दिशा-निर्देश।
                                     
बलरामपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बलरामपुर नगर स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिवपुरा एवं बलरामपुर ब्लॉक के फील्ड ट्रेनरों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं,कार्यप्रणाली एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित,सटीक,पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए फील्ड ट्रेनरों को तैयार करना है। इसके तहत प्रतिभागियों को जनगणना की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने,आंकड़ों के सही संकलन तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना के माध्यम से एकत्रित किए जाने वाले आंकड़े विभिन्न सरकारी योजनाओं के निर्माण,संसाधनों के उचित वितरण तथा विकास संबंधी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना से जुड़े प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है कि वह निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी सावधानी,निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।

कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण के माध्यम से इस प्रकार तैयार किया जा रहा है,जिससे वे आगे जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को सही जानकारी उपलब्ध करा सकें और क्षेत्र में कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर चंद्रमणि मिश्र एवं गोविंद सहित पायल,तान्या,जीवन ज्योति,अखिलेश शुक्ला,महमूदुल एवं सत्यप्रकाश उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना-2027 के निर्धारित कार्यों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
ई-रिक्शा चालक भोले (55) की पेड़ गिरने से मौत, आंधी-तूफान बना काल*
संभल के असमोली क्षेत्र में आज तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पुराना पेड़ अचानक भरभराकर ई-रिक्शा पर गिर गया।

ई-रिक्शा पर बैठे चालक *भोले पुत्र... उम्र 55 वर्ष* की पेड़ के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने जेसीबी बुलाकर पेड़ हटवाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

*रिपोर्ट - मोहम्मद शफी आलम, संभल*
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज: चंदौली में 12 अक्टूबर से EVM की जांच, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी FLC
चंदौली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने लगी हैं। चंदौली में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) 12 अक्टूबर से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। जांच प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में ईवीएम की तकनीकी जांच को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। इसके तहत मशीनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इंजीनियरों की तकनीकी टीम जांच करेगी। इस दौरान मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल की प्रक्रिया भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था पर डीएम का जोरनिरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने 24 घंटे सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन यंत्रों, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वैध प्रवेश पास के बिना किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं सचिवों को एफएलसी की जानकारी देकर निर्धारित समय पर प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई है।एमएलसी चुनाव की तैयारियों का भी निरीक्षणइसी क्रम में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने स्टेशनरी सामग्री, मतपेटियों की सफाई और रखरखाव का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।विधानसभा चुनाव 2027 और एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन की सक्रियता से जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियों को गति मिल रही है।
वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद्र शर्मा से दीप की सामाजिक चिंतन पर परिचर्चा
जौनपुर । जनपद के साथ संपूर्ण पूर्वांचल में अपना अमिट छाप एवं समाजसेवी के रुप पहचान बनाने वाले सुरेशचंद्र शर्मा शाखा प्रबंधक काशी गोमती सं. ग्रामीण बैंक जौनपुर उत्तर प्रदेश से महानगर मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार,समाजसेवी एवं लेखक कवि विनय शर्मा दीप ने मुलाकात किया। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप इस समय अपने पैतृक जनपद जौनपुर में साहित्यिक एवं सामाजिक संगठनों में सहभागिता करने हेतु उपस्थित हैं।मुलाकात में पारिवारिक रुप से स्वास्थ्य संबंधी हालचाल पश्चात सामाजिक चिंतन पर घंटों वार्तालाप हुई। वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद्र शर्मा एवं दीप के बीच तमाम संगठनों के क्रियान्वयन तथा वर्तमान सामाजिक हालात,शिक्षा एवं बेरोजगार युवा के भविष्य को लेकर बातचीत हुई।सामाजिक उत्थान हेतु चलाए जा रहे NSCT एवं FRCT संस्थान की तरफ से समाज में पीड़ित, असहाय परिवार के दुख एवं बेटी के विवाह में सहायक योजनाओं पर परिचर्चा हुई जिसे समाज हित में सराहनीय कदम बताया। उक्त परिचर्चा में जनपद के चर्चित गीतकार एवं युवा समाजसेवी रविन्द्र कुमार शर्मा दीप ने भी अपने मंतव्य रखे।
यूपीआई पेमेंट क . 4% के विरोध में वित्त मंत्री को व्यापार मंडल द्वारा ज्ञापन।
तुलसीपुर - केन्द्र द्वारा आगामी 15 अक्टूबर से लागू किए जाने वाले 2000 रुपये से अधिक यू पी आई लेन देन पर0.4% मर्चेन्ट डिस्काउंट रेट वापस लिए जाने को लेकर उ.प्र.उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल पदाधिकारियों ने जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित तीन सूत्रीय मांग पत्र उप जिलाधिकारी हेमंत कुमार गुप्ता को सौंपा।
ज़िला महामन्त्री दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि यू पी आइ देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी सफलता है।इसे दीर्घकालिक रूप से मजबूत एवं समावेशी बनाए रखने के लिए सभी पक्षों मर्चेंट्स,व्यापारी और ग्राहक के बीच संतुलन आवश्यक है।इसे विगत वर्षों में शून्य MDR नीति के तहत व्यापक स्वीकार्यता मिल रही थी इसको ही कायम रखा जाए क्योकि इस शुल्क लगाये जाने से लोग पुनः नकदी में लेन देन करने की ओर बढ़ेंगे इस शुल्क लगाया जाना किसी के भी हित में नहीं है।
नगर महामन्त्री रूप चन्द्र गुप्ता ने कहा कि इस फैसले से व्यापार जगत में निराशा का माहौल है जिसके कारण केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सभी जिला,मंडल और नगर कमेटियों द्वारा एक साथ इस पर पुनर्विचार कर तत्काल सरकार वापस लेने की मांग के साथ पत्र दिया जा रहा है,क्योंकि मर्चेंट्स पर पड़ने वाले वास्तविक प्रभाव का सर्वेक्षण किए बिना इसे लागू किया जा रहा है।युवा अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता,उपाध्यक्ष सरदार बबलू सिंह,गैंसड़ी अध्यक्ष बैजनाथ जायसवाल,महामन्त्री राजन पटवा, राधेश्याम चौरसिया,ओम प्रकाश अग्रहरि,मीडिया प्रभारी जय सिंह,राम दयाल सोनी,उदय प्रकाश आदि मौजूद रहे।
सड़क हादसे में टेंट व्यवसायी की मौत, सगा भाई घायल
*उतरौला रोड पर बग्गीरोड के पास हुआ हादसा, सालपुर से पहले टकराई गाड़ी


गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उतरौला रोड पर बग्गीरोड के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रानीपुरवा निवासी रिजवान के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रिजवान अपनी टेंट की दुकान का सामान लेकर बग्गीरोड गए थे। वापसी के दौरान सालपुर से पहले उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंचे परिजनों व स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके सगे भाई का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
चरित्र प्रमाण पत्र में लापरवाही पर एसपी सख्त, थानाध्यक्ष और कंप्यूटर ऑपरेटर सस्पेंड
*करनैलगंज कोतवाली का मामला


गोंडा। चरित्र प्रमाण पत्र  के सत्यापन में हुई पुलिसिया चूक पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने लापरवाही बरतने पर करनैलगंज कोतवाली के तत्कालीन कोतवाल और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार चरित्र सत्यापन के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी गोंडा ने करनैलगंज के तत्कालीन कोतवाल रहे और वर्तमान में एएचटी थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप राय को निलंबित कर दिया है।इसके साथ ही करनैलगंज कोतवाली में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर संजय मिश्रा को भी निलंबित किया गया है।एसपी ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एएसपी पश्चिमी नितेश सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी अभिषेक झा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फर्रुखाबाद के वैभव सिंह राठौर को राष्ट्रीय चेंजमेकर अवॉर्ड*

*स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में देशभर के 51 चेंजमेकरों के बीच उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व*

फर्रुखाबाद । जनपद के वैभव सिंह राठौर के सामाजिक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय चेंजमेकर मीट एवं चेंजमेकर अवॉर्ड्स 2026 में रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ वैभव को व्यक्तिगत चेंजमेकर श्रेणी में देशभर के 51 चेंजमेकरों में शामिल कर सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय आयोजन में वैभव ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। चार दिवसीय यह आयोजन 1 से 4 अक्टूबर तक चला। वैभव को गुजरात सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्रसिंह चुडासमा, जायडेक्स समूह के अध्यक्ष डॉ. अजय रांका और समन्वय प्रतिष्ठान के संयोजक डॉ. जिगर इनामदार ने सम्मान प्रदान किया।

*28 राज्यों के प्रतिनिधि जुटे:* वडोदरा की समन्वय प्रतिष्ठान ने इंडिया फाउंडेशन और द चेंजमेकर्स नेटवर्क के साथ मिलकर यह आयोजन किया। इसमें 28 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से जमीनी स्तर पर काम करने वाले 51 प्रतिनिधि शामिल हुए। उद्घाटन सत्र में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी मौजूद रहे। आवासीय कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण किया, जबकि 4 अक्टूबर को समापन समारोह और अवॉर्ड संध्या में सम्मान प्रदान किए गए।

*10,000 फलदार पेड़, हर पेड़ का एक छात्र रखवाला:* रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण, शिक्षा, मासिक धर्म स्वास्थ्य, कौशल विकास और कचरा प्रबंधन पर काम कर रहा है। संस्था की फलदार परियोजना के तहत 120 से अधिक सरकारी विद्यालय परिसरों में करीब 10,000 फलदार पेड़ लगाए गए हैं। हर पेड़ की देखभाल की जिम्मेदारी छात्र खुद उठाते हैं। संस्था पेड़ों की गिनती से ज्यादा उनके जीवित रहने पर जोर देती है, और इसी का नतीजा है कि लगभग 75 प्रतिशत पेड़ आज भी जीवित हैं। मार्च 2026 में द बेटर इंडिया ने इस परियोजना पर विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

*किशोरियों की सेहत और सम्मान:* उद्धति परियोजना और पीरियड डायरी के माध्यम से संस्था किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा पर काम कर रही है। अब तक 5,000 से अधिक किशोरियां इस पहल से जुड़ चुकी हैं।

*स्कूल से छूटे बच्चों को फिर कक्षा तक:* प्रतिज्ञा अभियान के तहत स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा औपचारिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। बच्चों के स्कूल से बाहर होने के कारणों पर संस्था ने जमीनी अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट कानपुर नगर के जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सौंपी है। सरकारी विद्यालयों के लिए कहानी आधारित शिक्षण कार्यक्रम खोज भी संस्था के कार्यों में शामिल है।

*युवाओं को हुनर, माताओं को आजीविका:* समर्थ परियोजना के जरिए वंचित युवाओं को कौशल और डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रगति कार्यक्रम के तहत सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पहले चरण में ग्रामीण उत्तर प्रदेश के 10 सरकारी विद्यालय समुदायों की 500 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य है। वहीं भक्षक परियोजना के तहत गांवों में मछली के आकार की संरचनाएं लगाकर समुदाय स्तर पर प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाता है।

*170 स्वयंसेवकों की टीम:* संस्था उत्तर प्रदेश में पंजीकृत धारा 8 कंपनी है और 80जी व 12एबी प्रमाणित है। इसकी टीम में 4 पूर्णकालिक कर्मचारी, 20 अंशकालिक प्रशिक्षक और 170 स्वयंसेवक काम कर रहे हैं।

सेवा, शोध और संकल्प: वैभव ने समाज कार्य में स्नातकोत्तर (एमएसडब्ल्यू) किया है और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से समाज कार्य में पीएचडी कर रहे हैं। वे ग्रामीण फर्रुखाबाद में सक्रिय फर्रुखाबाद युवा सेवा समिति के सह संस्थापक हैं और "वैभव्स वर्डिक्ट" नाम से पॉडकास्ट भी चलाते हैं। "सेवा, शोध, संकल्प" को अपना मूल मंत्र मानने वाले वैभव इससे पहले यस फेलोशिप, जागरण संस्कारशाला, जागरण गुरु मंत्र और फर्रुखाबाद पुनरुत्थान जैसे मंचों से जुड़ चुके हैं।

सम्मान मिलने पर वैभव ने कहा, "यह सम्मान उन बच्चों, किशोरियों और ग्रामीणों का है जो हमारे हर अभियान की असली ताकत हैं। देशभर के चेंजमेकरों से मिलकर जो सीखा है, उसे उत्तर प्रदेश के गांवों तक ले जाएंगे।"
निजी शीतगृहों के लाइसेंस नवीनीकरण हेतु आवेदन 31 अक्टूबर तक करें*

फर्रुखाबाद।  आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह द्वारा जनपद के समस्त निजी शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों को सूचित किया गया है कि वर्ष 2027 के लिए शीतगृह लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्धारित प्रपत्रों एवं आवश्यक अभिलेखों सहित ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
उन्होंने शीतगृह स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे लाइसेंस नवीनीकरण के लिए वेबसाइट *www.janhit.uphorticulture.in* के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन पत्र में सभी आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से अंकित की जाएं तथा निर्धारित अभिलेखों की प्रति हार्डकॉपी में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
लाइसेंस नवीनीकरण के लिए निर्धारित शुल्क ऑनलाइन अथवा कोषागार चालान के माध्यम से 31 अक्टूबर 2026 तक जमा करना होगा। इसके पश्चात विलंब शुल्क सहित 31 दिसंबर 2026 तक शुल्क जमा किया जा सकेगा।
नवीनीकरण आवेदन के साथ भवन की सुदृढ़ता प्रमाणित करने हेतु सक्षम संस्था में पंजीकृत सिविल अभियंता की निरीक्षण रिपोर्ट, मशीनरी की सुदृढ़ता एवं कार्यशीलता तथा अविरत संचालन क्षमता संबंधी सक्षम अभियंता की रिपोर्ट, बीमा पॉलिसी की सत्यापित प्रति, स्वीकृत विद्युत लोड एवं वैकल्पिक व्यवस्था हेतु जनरेटर की उपलब्धता का प्रमाण, अग्निशमन सुविधाओं की उपलब्धता संबंधी प्रमाण-पत्र, आवश्यक मरम्मत का प्रमाण-पत्र, अंतिम विद्युत बिल एवं भुगतान रसीद तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण-पत्र की सत्यापित छायाप्रति सहित निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत करना होगा।
आलू उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए शीतगृहों द्वारा आलू भंडारण के समय जारी की जाने वाली पावती रसीद पर भंडारण की अवधि (15 फरवरी से 30 नवंबर तक) का उल्लेख करना अनिवार्य होगा। किसान अधिकार पत्र पर जनपद के जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी का सी.यू.जी. नंबर तथा जिला उद्यान अधिकारी का सी.यू.जी. मोबाइल नंबर भी अंकित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने सभी निजी शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन एवं शुल्क जमा कर लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2026 के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा संबंधित शीतगृह का लाइसेंस स्वतः निरस्त हो जाएगा।*
मऊ में मानदेय समेत 10 मांगों को लेकर अर्बन आशा वर्करों ने सौंपा ज्ञापन, नियमित भुगतान की उठाई मांग

मऊ। मानदेय और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अर्बन आशा वर्करों ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मऊ को ज्ञापन सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल की चेतावनी भी दी।

ज्ञापन में आशा वर्करों ने कहा कि उनसे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्य कराए जाते हैं, लेकिन मानदेय और भुगतान समय से नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रत्येक माह पारदर्शी एवं नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

आशा वर्करों की प्रमुख मांगें
आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कथित आश्वासन के अनुरूप 26 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय देने, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, राज्य कर्मचारी का दर्जा तथा राज्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं देने की मांग की।

इसके अलावा मानदेय सहित छह माह का प्रसूति अवकाश, वर्ष में कम से कम 30 दिन का अवकाश, तीन वर्ष का अनुभव पूरा करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को एएनएम का निःशुल्क प्रशिक्षण एवं पदोन्नति देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

आशा वर्करों ने जिला महिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए आने वाली आशा कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए सुरक्षित कक्ष, बेड और बिस्तर की व्यवस्था कराने की मांग की।

कार्य के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने की स्थिति में आश्रित को सरकारी नौकरी तथा नाबालिग बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की मांग भी उठाई गई।
इसके साथ ही ईपीएफ, ईएसआई और मोबाइल रिचार्ज का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान किया जाए, ताकि वे बेहतर परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।