चरित्र प्रमाण पत्र में लापरवाही पर एसपी सख्त, थानाध्यक्ष और कंप्यूटर ऑपरेटर सस्पेंड
*करनैलगंज कोतवाली का मामला


गोंडा। चरित्र प्रमाण पत्र  के सत्यापन में हुई पुलिसिया चूक पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने लापरवाही बरतने पर करनैलगंज कोतवाली के तत्कालीन कोतवाल और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार चरित्र सत्यापन के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी गोंडा ने करनैलगंज के तत्कालीन कोतवाल रहे और वर्तमान में एएचटी थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप राय को निलंबित कर दिया है।इसके साथ ही करनैलगंज कोतवाली में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर संजय मिश्रा को भी निलंबित किया गया है।एसपी ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एएसपी पश्चिमी नितेश सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी अभिषेक झा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फर्रुखाबाद के वैभव सिंह राठौर को राष्ट्रीय चेंजमेकर अवॉर्ड*

*स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में देशभर के 51 चेंजमेकरों के बीच उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व*

फर्रुखाबाद । जनपद के वैभव सिंह राठौर के सामाजिक कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय चेंजमेकर मीट एवं चेंजमेकर अवॉर्ड्स 2026 में रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ वैभव को व्यक्तिगत चेंजमेकर श्रेणी में देशभर के 51 चेंजमेकरों में शामिल कर सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय आयोजन में वैभव ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। चार दिवसीय यह आयोजन 1 से 4 अक्टूबर तक चला। वैभव को गुजरात सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्रसिंह चुडासमा, जायडेक्स समूह के अध्यक्ष डॉ. अजय रांका और समन्वय प्रतिष्ठान के संयोजक डॉ. जिगर इनामदार ने सम्मान प्रदान किया।

*28 राज्यों के प्रतिनिधि जुटे:* वडोदरा की समन्वय प्रतिष्ठान ने इंडिया फाउंडेशन और द चेंजमेकर्स नेटवर्क के साथ मिलकर यह आयोजन किया। इसमें 28 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से जमीनी स्तर पर काम करने वाले 51 प्रतिनिधि शामिल हुए। उद्घाटन सत्र में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी मौजूद रहे। आवासीय कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण किया, जबकि 4 अक्टूबर को समापन समारोह और अवॉर्ड संध्या में सम्मान प्रदान किए गए।

*10,000 फलदार पेड़, हर पेड़ का एक छात्र रखवाला:* रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण, शिक्षा, मासिक धर्म स्वास्थ्य, कौशल विकास और कचरा प्रबंधन पर काम कर रहा है। संस्था की फलदार परियोजना के तहत 120 से अधिक सरकारी विद्यालय परिसरों में करीब 10,000 फलदार पेड़ लगाए गए हैं। हर पेड़ की देखभाल की जिम्मेदारी छात्र खुद उठाते हैं। संस्था पेड़ों की गिनती से ज्यादा उनके जीवित रहने पर जोर देती है, और इसी का नतीजा है कि लगभग 75 प्रतिशत पेड़ आज भी जीवित हैं। मार्च 2026 में द बेटर इंडिया ने इस परियोजना पर विशेष रिपोर्ट प्रकाशित की थी।

*किशोरियों की सेहत और सम्मान:* उद्धति परियोजना और पीरियड डायरी के माध्यम से संस्था किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा पर काम कर रही है। अब तक 5,000 से अधिक किशोरियां इस पहल से जुड़ चुकी हैं।

*स्कूल से छूटे बच्चों को फिर कक्षा तक:* प्रतिज्ञा अभियान के तहत स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा औपचारिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। बच्चों के स्कूल से बाहर होने के कारणों पर संस्था ने जमीनी अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट कानपुर नगर के जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सौंपी है। सरकारी विद्यालयों के लिए कहानी आधारित शिक्षण कार्यक्रम खोज भी संस्था के कार्यों में शामिल है।

*युवाओं को हुनर, माताओं को आजीविका:* समर्थ परियोजना के जरिए वंचित युवाओं को कौशल और डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रगति कार्यक्रम के तहत सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पहले चरण में ग्रामीण उत्तर प्रदेश के 10 सरकारी विद्यालय समुदायों की 500 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य है। वहीं भक्षक परियोजना के तहत गांवों में मछली के आकार की संरचनाएं लगाकर समुदाय स्तर पर प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाता है।

*170 स्वयंसेवकों की टीम:* संस्था उत्तर प्रदेश में पंजीकृत धारा 8 कंपनी है और 80जी व 12एबी प्रमाणित है। इसकी टीम में 4 पूर्णकालिक कर्मचारी, 20 अंशकालिक प्रशिक्षक और 170 स्वयंसेवक काम कर रहे हैं।

सेवा, शोध और संकल्प: वैभव ने समाज कार्य में स्नातकोत्तर (एमएसडब्ल्यू) किया है और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से समाज कार्य में पीएचडी कर रहे हैं। वे ग्रामीण फर्रुखाबाद में सक्रिय फर्रुखाबाद युवा सेवा समिति के सह संस्थापक हैं और "वैभव्स वर्डिक्ट" नाम से पॉडकास्ट भी चलाते हैं। "सेवा, शोध, संकल्प" को अपना मूल मंत्र मानने वाले वैभव इससे पहले यस फेलोशिप, जागरण संस्कारशाला, जागरण गुरु मंत्र और फर्रुखाबाद पुनरुत्थान जैसे मंचों से जुड़ चुके हैं।

सम्मान मिलने पर वैभव ने कहा, "यह सम्मान उन बच्चों, किशोरियों और ग्रामीणों का है जो हमारे हर अभियान की असली ताकत हैं। देशभर के चेंजमेकरों से मिलकर जो सीखा है, उसे उत्तर प्रदेश के गांवों तक ले जाएंगे।"
निजी शीतगृहों के लाइसेंस नवीनीकरण हेतु आवेदन 31 अक्टूबर तक करें*

फर्रुखाबाद।  आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह द्वारा जनपद के समस्त निजी शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों को सूचित किया गया है कि वर्ष 2027 के लिए शीतगृह लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्धारित प्रपत्रों एवं आवश्यक अभिलेखों सहित ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
उन्होंने शीतगृह स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे लाइसेंस नवीनीकरण के लिए वेबसाइट *www.janhit.uphorticulture.in* के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन पत्र में सभी आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से अंकित की जाएं तथा निर्धारित अभिलेखों की प्रति हार्डकॉपी में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
लाइसेंस नवीनीकरण के लिए निर्धारित शुल्क ऑनलाइन अथवा कोषागार चालान के माध्यम से 31 अक्टूबर 2026 तक जमा करना होगा। इसके पश्चात विलंब शुल्क सहित 31 दिसंबर 2026 तक शुल्क जमा किया जा सकेगा।
नवीनीकरण आवेदन के साथ भवन की सुदृढ़ता प्रमाणित करने हेतु सक्षम संस्था में पंजीकृत सिविल अभियंता की निरीक्षण रिपोर्ट, मशीनरी की सुदृढ़ता एवं कार्यशीलता तथा अविरत संचालन क्षमता संबंधी सक्षम अभियंता की रिपोर्ट, बीमा पॉलिसी की सत्यापित प्रति, स्वीकृत विद्युत लोड एवं वैकल्पिक व्यवस्था हेतु जनरेटर की उपलब्धता का प्रमाण, अग्निशमन सुविधाओं की उपलब्धता संबंधी प्रमाण-पत्र, आवश्यक मरम्मत का प्रमाण-पत्र, अंतिम विद्युत बिल एवं भुगतान रसीद तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण-पत्र की सत्यापित छायाप्रति सहित निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत करना होगा।
आलू उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए शीतगृहों द्वारा आलू भंडारण के समय जारी की जाने वाली पावती रसीद पर भंडारण की अवधि (15 फरवरी से 30 नवंबर तक) का उल्लेख करना अनिवार्य होगा। किसान अधिकार पत्र पर जनपद के जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी का सी.यू.जी. नंबर तथा जिला उद्यान अधिकारी का सी.यू.जी. मोबाइल नंबर भी अंकित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने सभी निजी शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन एवं शुल्क जमा कर लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2026 के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा संबंधित शीतगृह का लाइसेंस स्वतः निरस्त हो जाएगा।*
मऊ में मानदेय समेत 10 मांगों को लेकर अर्बन आशा वर्करों ने सौंपा ज्ञापन, नियमित भुगतान की उठाई मांग

मऊ। मानदेय और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अर्बन आशा वर्करों ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), मऊ को ज्ञापन सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल की चेतावनी भी दी।

ज्ञापन में आशा वर्करों ने कहा कि उनसे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्य कराए जाते हैं, लेकिन मानदेय और भुगतान समय से नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रत्येक माह पारदर्शी एवं नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

आशा वर्करों की प्रमुख मांगें
आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कथित आश्वासन के अनुरूप 26 हजार रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय देने, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, राज्य कर्मचारी का दर्जा तथा राज्य कर्मचारियों की तरह सुविधाएं देने की मांग की।

इसके अलावा मानदेय सहित छह माह का प्रसूति अवकाश, वर्ष में कम से कम 30 दिन का अवकाश, तीन वर्ष का अनुभव पूरा करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को एएनएम का निःशुल्क प्रशिक्षण एवं पदोन्नति देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

आशा वर्करों ने जिला महिला अस्पताल में डिलीवरी के लिए आने वाली आशा कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए सुरक्षित कक्ष, बेड और बिस्तर की व्यवस्था कराने की मांग की।

कार्य के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने की स्थिति में आश्रित को सरकारी नौकरी तथा नाबालिग बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की मांग भी उठाई गई।
इसके साथ ही ईपीएफ, ईएसआई और मोबाइल रिचार्ज का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान किया जाए, ताकि वे बेहतर परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत लगाने की अपील

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग दोहराई। उन्होंने बहुजन समाज को अपना असली परिवार बताते हुए पार्टी और आंदोलन को परिवारवाद से मुक्त रखने तथा बहुजन समाज को सत्ता की मास्टर चाबी के जरिए शासक वर्ग बनाने का संकल्प दोहराया। 

मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की। साथ ही गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी और अशिक्षा जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए सरकारों से जनकल्याण के बुनियादी क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया। मायावती ने शुक्रवार को पार्टी संस्थापक कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ स्थित बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय, 9 माल एवेन्यू में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांशीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों तथा मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

मायावती ने कहा कि उनके लिए बहुजन समाज के करोड़ों लोग ही उनका असली परिवार हैं और समाज का हित, कल्याण तथा अस्मिता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आत्मसम्मान और स्वाभिमान के कारवां को आगे बढ़ाने के लिए कांशीराम ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया। वह भी उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए पार्टी और आंदोलन को परिवारवाद से मुक्त रखकर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज को शोषित वर्ग से शासक वर्ग बनाने और संवैधानिक बहुजन युग को धरातल पर उतारने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित कर जो विश्वास जताया था, उस पर वह कभी आंच नहीं आने देंगी। बसपा प्रमुख ने कहा कि बहुजन समाज को अपने महापुरुषों के सपनों को साकार करने के लिए सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करनी होगी।
कांशीराम की सीख का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को सत्ता किसी की दया या मेहरबानी से नहीं, बल्कि संविधान से मिले मताधिकार की ताकत से प्राप्त होगी। इसलिए अपने वोट के अधिकार की रक्षा करना बेहद जरूरी है। मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तन, मन और धन से जुटने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कांशीराम के मिशन को उसके वास्तविक उद्देश्य तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मायावती ने केंद्र सरकार से कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग फिर उठाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान और बहुजन समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि कांशीराम भी सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन के प्रमुख नायक रहे हैं और उनके योगदान को उचित राष्ट्रीय सम्मान मिलना चाहिए।

मायावती ने कहा कि बसपा को इतना मजबूत बनाना होगा कि बहुजन समाज के आत्मसम्मान और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों की उपेक्षा न की जा सके। बसपा प्रमुख ने आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को फेक न्यूज, पेड न्यूज, प्रायोजित खबरों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी मीडिया, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर बसपा का ध्यान चुनावी तैयारियों से भटकाने की कोशिश कर सकते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे प्रचार से सावधान रहते हुए पार्टी के मिशन पर एकाग्र रहने को कहा। मायावती ने कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तर प्रदेश में प्रदेश स्तर पर और अन्य राज्यों में जोन स्तर पर संगोष्ठियों तथा श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार भी जताया। मायावती ने कहा कि देश में गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, अशिक्षा और पिछड़ेपन जैसी गंभीर समस्याओं के रहते कुछ मुट्ठी भर लोगों के लिए फीलगुड का माहौल बनाकर पूरे देश को सुखी और संपन्न नहीं बनाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि सरकारों को लोगों को रोजगार से जोड़ने, उन्हें मजबूत बनाने और देश को सशक्त बनाने के लिए ठोस तथा टिकाऊ कदम उठाने चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार को जनहित तथा जनकल्याण के बुनियादी क्षेत्र बताते हुए कहा कि इन मामलों में सरकारों को निजी क्षेत्र पर निर्भर रहने के बजाय अपनी जिम्मेदारी और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। उनके मुताबिक, संवैधानिक सोच के अनुरूप जनकल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि हर सेवा को केवल लाभ-हानि के कारोबारी नजरिये से देखा जाना चाहिए।

बसपा प्रमुख ने कहा कि नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी और जेन-अल्फा, शिक्षा, रोजगार और बेहतर बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को लेकर मुखर हो रही है। उन्होंने सरकारों से इन सवालों पर केवल दावे करने के बजाय ठोस काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनावी वादों, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के मामलों में जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। मायावती ने बसपा की 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा में समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और किसानों के हित निहित हैं।बसपा प्रमुख ने कांशीराम के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करना और बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना जरूरी है।
टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला नया जोश, फर्रुखाबाद में JOSH टीमों ने संभाली कमान, TB मुक्त भारत ऐप से होगी गतिविधियों की रिपोर्टिंग*
फर्रुखाबाद। टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और टीबी उन्मूलन की मुहिम में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देश पर में आयोजित हुआ। देशभर में आज केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में  जोश टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ के साथ ही यह पहल जमीन पर शुरू की गई है।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय यादव, उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुनय कुटार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों डॉ. आरसी माथुर, डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. परीक्षित सफीर और डॉ. सरवर इकबाल सिद्दीकी ने कहा कि  इसका उद्देश्य टीबी के प्रति जागरूकता, समुदाय को जोड़ने, संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए सहयोग तथा टीबी मरीजों को नियमित उपचार के लिए प्रेरित करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
टीबी मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार पर भी जोर
प्रशिक्षण में केवल प्रचार-प्रसार ही नहीं, बल्कि टीबी मरीजों की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। टीमों को परिवारों एवं संवेदनशील समूहों के बीच टीबी की रोकथाम, लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और उपचार पूरा करने के लिए जागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस का लक्ष्य टीबी मुक्त भारत का संदेश स्वास्थ्य केंद्रों से आगे सीधे गांव, परिवार और समुदाय तक पहुंचाना है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम इस नई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन, माई भारत स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेटों के साथ समन्वय कर टीबी उन्मूलन अभियान को और गति देने में जुटी है।
अखिलेश से मिले संग्राम सिंह पटेल, क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा
रोडवेज बस स्टेशन, कन्या डिग्री कॉलेज, स्टेडियम और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। जनता जनार्दन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता संग्राम सिंह पटेल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की। सपा सुप्रीमो से मुलाकात के बाद क्षेत्र में बढ़ी सियासी हलचल। बुधवार को  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से जनता जनार्दन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संग्राम सिंह पटेल ने मुलाकात कर उन्हें श्री राधा कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर लहरपुर नगर में रोडवेज बस स्टेशन, बंद पड़े कन्या डिग्री कॉलेज को खोलने, स्टेडियम निर्माण व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की उनकी इस मुलाकात से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। इस संबंध में जनता जनार्दन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संग्राम सिंह पटेल ने  इस मुलाकात को एक औपचारिक मुलाकात बताया।
बाढ़ प्रभावित आशा की मड़ैया में सीएमओ ने परखी चिकित्सकीय व्यवस्था, डॉक्टरों और स्वास्थ्य टीम के कामकाज का लिया जायजा; दो शिविरों में 184 मरीजों

फर्रुखाबाद।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने गुरुवार को आशा की मड़ैया क्षेत्र का निरीक्षण कर मौके पर उपलब्ध चिकित्सकीय व्यवस्था, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में मरीजों की जांच, उपचार और दवा वितरण की व्यवस्था देखी तथा स्वास्थ्य टीम को बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पी एच सी सबलपुर के अंतर्गत आशा की मड़ैया में 69 मरीजों की जांच की गई। इनमें त्वचा संबंधी बीमारी के 40 मरीज, बुखार के 13, जोड़ों के दर्द के 10, मधुमेह के तीन और उच्च रक्तचाप के तीन मरीज शामिल रहे। सीएमओ ने मौके पर चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता के साथ मरीजों को मिल रही उपचार व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। यहां डॉ. नेहा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रशांत सहित संबंधित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
तौफीक मड़ैया में स्वास्थ्य शिविर के दौरान 115 मरीजों की जांच की गई। इनमें 26 मरीज त्वचा संबंधी समस्या, 23 बुखार, 15 सर्दी-खांसी, 15 आंख-कान संबंधी समस्या, आठ डायरिया, पांच गठिया तथा 10 मरीज अन्य एवं पुरानी बीमारियों से संबंधित पाए गए। जरूरतमंद 12 लोगों को ओआरएस भी उपलब्ध कराया गया।
तौफीक मड़ैया में डॉ. अभिनव, फार्मासिस्ट अनुज कुमार, स्टाफ नर्स अंशिका कटियार और लैब टेक्नीशियन ललित कुमार सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांच और उपचार किया। एनएमएमयू वैन के माध्यम से भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सकीय सेवाएं पहुंचाई गईं।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में केवल स्वास्थ्य शिविर लगाना ही नहीं, बल्कि मौके पर चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, मरीजों की जांच-उपचार व्यवस्था तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
भदोही में हाईवे पर 3 नए ट्रैफिक बूथ शुरू:एसपी अभिनव त्यागी ने मिर्जापुर तिराहा बूथ का उद्घाटन किया, जाम से मिलेगी राहत।*



नितेश श्रीवास्तव

भदोही पुलिस ने यातायात को बेहतर बनाने के लिए एक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह के साथ मिर्जापुर तिराहा पर नए ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन किया। यह बूथ गोपीगंज थाना क्षेत्र में है।

इसके साथ ही हाईवे पर कुल 3 नए ट्रैफिक बूथ शुरू किए गए हैं। ये बूथ मिर्जापुर तिराहा, औराई चौराहा और गोपीगंज चौराहा पर बने हैं।

इन बूथों से हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही को अच्छे से कंट्रोल किया जा सकेगा। इससे अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। ये बूथ सड़क हादसों को रोकने और पीड़ितों को तुरंत मदद पहुंचाने में भी काम आएंगे।

उद्घाटन के दौरान एसपी ने ट्रैफिक कर्मियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे जनता से अच्छा व्यवहार करें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाएं। भदोही पुलिस का मकसद लोगों को सुरक्षित सफर देना है।
समाज की आहुतियाँ दी जा रही हैं एससीएसटी एक्ट काले कानून से : सूरज प्रसाद चौबे

लखनऊ । सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे आज घोरावल के भरौली गांव में  सुरेन्द्र नाथ तिवारी के आवास पर सवर्ण समाज की बैठक में शामिल हुए, बैठक में बोलते हुए सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे ने कहा कि क्या आज सवर्ण होना गुनाह हो गया है हरदोई में लेखपाल जमीन की पैमाइश करने गए थे पूछे कि आप का नाम उन्होंने सर नेम पाण्डेय बताया लेखपाल बोले इसके ऊपर SCST वाला केस लगादो इसी तरह हरियाणा में चोर चोरी करने गया जिसके घर चोरी कर रहा था सवर्ण थे चोर को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया चोर दलित था चोर ने कहा कि इन्होंने जाति सूचक गाली पुलिस ने एससीएसटी एक्ट में FIR दर्ज कर जेल भेज दिया अभी चित्रकूट में देवा द्विवेदी,25 साल का होनहार युवा जिस तरह कुछ माह पूर्व फर्जी एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ था परेशान हो कर आत्महत्या कर लिया सैकड़ों लोगों ने आत्महत्या कर ली है कई हजार लोग फर्जी एससीएसटी एक्ट में जेल में बंद है अब तो इसका नाम मोदी एक्ट है बीजेपी जिसे सवर्ण सपोर्ट कर के 2 सीट से बहुमत की सरकार तक बनवाया आज वही सामान्य वर्ग को मिटाने का प्रयास कर रही है यूजीसी एक ऐसा काला कानून है तो सवर्ण के बच्चों को उच्च शिक्षा से दूर कर देगा यूजीसी रोल बैक किए जाने हेतु आज देश भर में आंदोलन हो रहा है अभी दो दिन पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार में छात्रवृत्ति दिए जाने का आदेश जारी किय है जिसमे अल्पसंख्यक तक को छात्रवृति दी जा रही है लेकिन सामान्य वर्ग को नहीं सामान्य वर्ग में पैदा होना गुनाह है क्या सामान्य वर्ग गरीब नहीं है गरीबी जाति देख कर आती है क्या सवर्ण होना गुनाह है जाति देख कर न्याय की कल्पना नहीं किया गया था सामान्य वर्ग के लोग जो राजनीतिक दल में बूथ अध्यक्ष मण्डल अध्यक्ष बन कर जिला अध्यक्ष आदि है बीजेपी का झंडा उठा रहे हैं दरी बिछाने का काम कर रहे हैं इन्हें समाज माफ नहीं करेगा 2027 ने बीजेपी सरकार को जान तय है भाजपा गई तो क्या होगा कहके डराने वाले चाटुकारो अपनी सोचो तुम्हे पार्टी चलानी है केवल सवर्ण ने ही इस देश का ठेका थोड़े ले रखा है अगर यूजीसी रोल बैक एससीएसटी एक्ट में सुधार और आरक्षण सुधार नहीं हुआ तो सरकार का जाना तय है बांटोगे तो काटोगे का रांग अलापने वाले यूजीसी और एससीएसटी एक्ट पर क्यों मौन है अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों को छात्रवृत्ति मिल सकती है तो सवर्ण के बच्चे बच्चे नहीं है क्या सामान्य के घर में पैदा होना गुनाह है बीजेपी की नजर में
सवर्ण पहले अपने बच्चों को एससीएसटी एक्ट यूजीसी और आरक्षण से बचा लो हिन्दू राष्ट्र तो वो भी बना लेंगे, जिन्हें सरकार हाराम का खिला रही है बैठक में जिला अध्यक्ष पंकज कुमार शुक्ला राजू पाण्डेय अवधेश चौबे गोविंद तिवारी राधे कृष्णा अनिल कुमार पाठक जीतेन्द्र पाठक प्रमुख रहे