जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई पीस कमेटी की बैठक
गोण्डा। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 08.10.2026 को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था, आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारीगण द्वारा कहा गया कि जनपद में सभी समुदायों के लोग अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक/भड़काऊ सामग्री का प्रसार न किया जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना के प्रसारित होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को अवगत कराया जाए। बैठक में त्योहारों के दौरान जुलूस/शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग, धार्मिक स्थलों के आसपास की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में निरंतर भ्रमण एवं पेट्रोलिंग करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा विवाद की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि त्योहारों को प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी समन्वय के साथ मनाएं तथा कानून एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और अफवाहों को फैलाने से बचें। बैठक के दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों द्वारा प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा जनपद में शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया गया।

गोण्डा पुलिस द्वारा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार भ्रमण, निगरानी एवं आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
47 कर्मचारियों के गांधी जयंती राष्ट्रीय पर्व पर रहे गायब,सी डी ओ ने मांगा स्पष्टीकरण, एक दिन का वेतन काटने के आदेश


फर्रुखाबाद ।  गांधी जयंती (राष्ट्रीय पर्व) पर विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति हेतु पूर्व में निर्देश जारी किये गये थे।
निर्देशों के बावजूद विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के 47 अधिकारी/कर्मचारी बिना सक्षम स्तर से पूर्व अनुमति प्राप्त किये राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में अनुपस्थित पाये गये। अनुपस्थिति को शासकीय दायित्वों एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों के प्रति उदासीनता के रूप में लिया गया है।
प्रकरण में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा संबंधित 47 अधिकारियों/कर्मचारियों का 02 अक्टूबर, 2026 (01 दिवस) के वेतन के आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी अनुपस्थिति के संबंध में 03 दिवस के अंदर उचित माध्यम से अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त न होने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाये जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अगली कार्यवाही की जायेगी।
कार की टक्कर से बाइक सवार दो घायल,हालत गंभीर
*संवाददाता कायमगंज*

कायमगंज। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव देवरा महसोना निवासी कमलेश (35) व सौदान सिंह (65) अपनी बाइक से ढाई घाट शमशाबाद से अपने गांव वापस जा रहे थे। जब बाइक सवार अचरा मार्ग पर स्थित कोतवाली क्षेत्र के गांव लुधैइया के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए मौके से कार चालक कार लेकर भाग गया आसपास मौजूद लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया।
शिव बारात के साथ श्री आदर्श रामलीला का शुभारंभ
शुभम लांबा ने फीता काटकर किया शिव बारात का शुभारंभ, रात में हुआ रामलीला मंचन

बहसूमा। कस्बे में श्री आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से बुधवार को शिव बारात के साथ रामलीला मंचन का शुभारंभ किया गया। शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारात का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शुभम लांबा ने फीता काटकर किया। इसके बाद शिव बारात कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला स्थल पर पहुंची। बारात में भगवान शिव, माता पार्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए।

रात्रि में रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का मंचन कलाकारों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुकड़ी, बिंदर चाहल, विनोद चाहल, जयवीर अहलावत, संदीप चौधरी, सुशील गोयल, सुमित चहल, विनोद सैनी, राम बहादुर शर्मा, इंद्र लांबा, दिले सिंह प्रजापति, दीपक अग्रवाल, वीरेंद्र नागर, अमित गोयल, पवन बैरागी, प्रेम भगत, मोहित सिंधु, निशु रस्तोगी, विशाल शर्मा, प्रमोद गर्ग, शिवम माहेश्वरी, मीडिया प्रभारी अभिषेक गौड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शिव बारात और रामलीला मंचन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई। थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, राकेश कुमार, उपनिरीक्षक दुर्वेश कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, जगमोहन, अंकुर पवार, रणधीर सिंह गुर्जर, महिला आरक्षी पूनम, नंदनी आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विधान परिषद खण्ड स्नातक/खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में मतदाता फोटो पहचान पत्र न होने पर वैकल्पिक दस्तावेजों से मत
*फर्रुखाबाद।* भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खण्ड स्नातक/खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 हेतु दिनांक *23 अक्टूबर, 2026* को होने वाले मतदान में प्रतिरूपण को रोकने के दृष्टिगत मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने बताया कि जिन मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र जारी किए गए हैं, उन्हें मतदान के समय अपनी पहचान सिद्ध करने के लिए मतदान से पूर्व अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता अपना निर्वाचन फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो वह अपनी पहचान स्थापित करने के लिए *किसी एक वैकल्पिक दस्तावेज* को प्रस्तुत कर मतदान कर सकता है—

1. आधार कार्ड।
2. ड्राइविंग लाइसेंस।
3. पैन कार्ड।
4. भारतीय पासपोर्ट।
5. राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान-पत्र।
6. सांसदों/विधायकों/पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र।
7. संबंधित शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नियोजित करने वाली शैक्षणिक संस्था द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र।
8. विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री/डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र।
9. सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र।
10. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी  कार्ड।

*जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन निर्धारित पहचान-पत्र साथ लेकर मतदान केंद्र पर पहुंचें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपने मताधिकार का प्रयोग करें
फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा, लापरवाही पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस

फर्रुखाबाद। मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 2,50,162 कृषकों की आईडी बनाई जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,08,390 कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है। लगभग 42,000 कृषकों की फार्मर आईडी बनाया जाना अभी शेष है।

मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाते हुए शेष कृषकों की फार्मर आईडी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे पात्र कृषकों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।

समीक्षा के दौरान विकासखंड स्तर पर ड्यूटी में लगाए गए पंचायत सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों, ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों द्वारा एक भी फार्मर रजिस्ट्री न बनाए जाने के संबंध में कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर 304 पंचायत सहायकों, 88 लेखपालों, 27 ग्राम पंचायत सचिवों, 47 ग्राम रोजगार सेवकों तथा 23 ग्राम विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
23 अक्टूबर को होगा गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन का मतदान

*गोण्डा में 12 मतदेय स्थलों पर प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान*


*23 अक्टूबर को 12 मतदेय स्थलों पर होगा शिक्षक निर्वाचन का मतदान*

*गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026: 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां*

*शिक्षक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने की तैयारियां, जिला पंचायत सभागार में बनेगा अस्थाई स्ट्रांग रूम*


*गोण्डा, 08 अक्टूबर 2026* - गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए जनपद गोण्डा में मतदान दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक निर्धारित 12 मतदेय स्थलों पर कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा बताया गया कि मतदान को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों तथा जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रस्थान 22 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा से कराया जाएगा।

मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत सभागार, गोण्डा के बगल स्थित कमरे को अस्थाई स्ट्रांग रूम घोषित किया गया है। मतदान सम्पन्न होने के बाद सभी सील्ड मतपेटिकाओं, गोपनीय अभिलेखों तथा संबंधित प्रपत्रों को अस्थाई स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी के उपरांत सील्ड मतपेटिकाओं एवं गोपनीय अभिलेखों को पीठासीन अधिकारी तथा नियुक्त मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सशस्त्र पुलिस बल की अभिरक्षा में निर्धारित जमा स्थल पं. दीनदयाल उपाध्याय, गोरखपुर विश्वविद्यालय में दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को जमा कराया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
चीनी मिलों के पेराई सत्र की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा


*गन्ना मूल्य भुगतान में तेजी लाने के निर्देश, किसानों की शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित होंगे*


*सुरक्षित गन्ना परिवहन, सड़क व्यवस्था और समय से पेराई सत्र शुरू कराने पर जोर*

*गोण्डा 08 अक्टूबर,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद की समस्त चीनी मिलों के अध्यासी/प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ पेराई सत्र की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषकों को समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान, उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, गन्ना परिवहन, सड़क व्यवस्था, जीपीएस एवं सुरक्षा उपायों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि पेराई सत्र से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने चीनी मिल कुन्दुरखी द्वारा अब तक मात्र 51.86 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि चक्रवात एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कृषकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध अन्य मदों से भी गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्देशों का अनुपालन न होने पर चीनी मिल के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने समस्त चीनी मिलों को अपने-अपने परिसर में कृषकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में 08-08 घंटे की पालीवार ड्यूटी लगाई जाएगी तथा शिकायतों के लिए पृथक रजिस्टर बनाया जाएगा। प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व गन्ना ढुलाई करने वाले वाहनों पर 2.5×5 मीटर का लाल कपड़ा तथा रिफ्लेक्टर क्रॉस अनिवार्य रूप से लगाया जाए। क्रय केंद्र से मिल गेट तक गन्ना ढोने वाले सभी वाहनों में जीपीएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही चीनी मिलों के गन्ना चेकिंग कर्मचारियों एवं अधिकारियों को गन्ने की प्रजाति की पहचान के लिए प्रशिक्षण दिलाया जाए, ताकि गन्ना डी-ग्रेड करने की प्रक्रिया पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

जिलाधिकारी ने किसानों से भी अपील की कि चीनी मिल द्वारा जिस प्रजाति की पर्ची जारी की जाए, उसी प्रजाति का गन्ना मिल को आपूर्ति करें।
चीनी मिलों को अपने-अपने परिक्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर गन्ना परिवहन मार्गों की स्थिति का परीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार मरम्मत एवं सुधार कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए, जिससे पेराई सत्र के दौरान किसानों और गन्ना परिवहन वाहनों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

बैठक में अवगत कराया गया कि चीनी मिल कुन्दुरखी में 15 नवंबर 2026, चीनी मिल मनकापुर में 18 नवंबर 2026 तथा चीनी मिल मैजापुर में 11 नवंबर 2026 से पेराई सत्र प्रारम्भ होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने संबंधित मिल प्रबंधनों को निर्देशित किया कि पेराई सत्र प्रारम्भ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कृषकों को गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, सहायक चीनी आयुक्त गोण्डा कुशलपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह, चीनी मिल्स के अधिकारी उपस्थित रहे।
जौनपुर में राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर के प्रथम आगमन पर स्वागत जुलूस की तैयारी
जौनपुर।  भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर के पदभार ग्रहण करने के उपरांत प्रथम जनपद आगमन पर दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनता द्वारा भव्य स्वागत, अभिनंदन एवं कार्यक्रम मां शीतला चौकिया धाम  होते हुए यात्रा का विशाल आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सायं 5:00 बजे जनपद की सीमा सिंगरामऊ बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं द्वारा  सांसद महोदय की अगवानी के साथ होगी। अगवानी के पश्चात सर्वप्रथम बदलापुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं कुल्हनामऊ में भगवान परशुराम की प्रतिमाओं पर कार्यकर्ताओं संग पुष्पार्चन व माल्यार्पण किया जाएगा।महापुरुषों को नमन करने के उपरांत सायं 6:30 बजे नगर स्थित बंधन वाटिका (निकट बालू मंडी, मड़ियाहूं रोड) से यह कार्यक्रम एक भव्य मां शीतला चौकिया धाम यात्रा के रूप में प्रारंभ होगा।
यह पवित्र चौकिया धाम यात्रा बंधन वाटिका से प्रारंभ होकर पॉलिटेक्निक चौराहा, ओलंदगंज, ऐतिहासिक शाही पुल, चहारसू तिराहा, कसेरी बाजार, कोतवाली हनुमान मंदिर, सुतहट्टी और भंडारी स्टेशन होते हुए सिद्धपीठ मां शीतला धाम चौकियां पहुंचेगी। धाम में सांसद महोदय कार्यकर्ताओं संग मां शीतला के दर्शन-पूजन एवं विशेष प्रार्थना कर क्षेत्र व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। तत्पश्चात यात्रा कुत्तूपुर होते हुए सुक्खीपुर स्थित सांसद  के निज आवास पर पहुंचकर संपन्न होगी।
श्री सोनकर के प्रथम आगमन व चौकिया धाम यात्रा को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पूरे मार्ग में तोरण द्वार सजाए गए हैं तथा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियाँ की गई हैं। भारतीय जनता पार्टी, जनपद जौनपुर की आयोजन समिति ने समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं जनसामान्य से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक चौकिया धाम यात्रा एवं स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाएं।
मऊ यूनियन बैंक ने दो लाभार्थियों को दिए दो-दो लाख के चेक, व्यापारियों को ढाई करोड़ का ऋण स्वीकृत
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। सब्जी मंडी के निकट स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की प्रीमियम शाखा में गुरुवार की शाम विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाभार्थियों को दो-दो लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के श्री टी. कामेश्वर राव एवं वाराणसी आंचल के अधिकारी दीप्तिमान गुप्ता ने लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) के अंतर्गत स्थानीय तहसील क्षेत्र के व्यापारियों को विभिन्न व्यावसायिक जरूरतों के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये के ऋण की स्वीकृति भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं के साथ वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऋण सुविधा के माध्यम से छोटे-बड़े व्यापारी अपने कारोबार का विस्तार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

बैंक ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए सदैव तत्पर है।
अधिकारियों ने बैंक की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ग्राहकों एवं उपस्थित लोगों को दी।

कार्यक्रम में मुहम्मदाबाद गोहना, खैराबाद, वलीदपुर, नदवासराय, करहां, दोहरीघाट, चिरैयाकोट, सरसेना सहित विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक, बैंक कर्मचारी, खाताधारक एवं क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।

इस दौरान यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख शिवकुमार शुक्ला, शाखा प्रबंधक सूर्यकांत मिश्रा, विवेक कुमार, उदय प्रताप सिंह, आशीष कुमार सोनकर, अरविंद कुमार, आशीष कुमार अग्रवाल, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं सम्मानित खाताधारक उपस्थित रहे।