CEC ज्ञानेश कुमार के फैसलों पर 14 बार आपत्ति, JMM ने बताया लोकतंत्र पर कुठाराघात, रांची में करेगा प्रदर्शन

वर्तमान में चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर बेहद गंभीर और चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्टों और आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा हाल ही में

लिए गए कई एकतरफा फैसलों पर आयोग के ही अन्य दो चुनाव आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी) ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार लिखित और औपचारिक आपत्तियां दर्ज कराई हैं। अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की चिंताओं को दरकिनार कर, बिना उनकी सहमति और

जानकारी के वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) में करोड़ों पात्र मतदाताओं के नाम हटाना और नियमों में एकतरफा बदलाव करना पूरी तरह से असंवैधानिक, अनधिकृत और अवैध कृत्य है। यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा कुठाराघात है।

इस लोकतंत्र विरोधी और पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा रांची जिला समिति एवं रांची महानगर समिति के संयुक्त तत्वाधान में रांची स्थित लोकभावन क समक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के बर्खास्तगी की माँग को लेकर दिनांक 30 सितम्बर 2026 दिन बुधवार को दिन के 11 बजे प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा |

उक्त कार्यक्रम में रांची अंतर्गत केन्द्रीय समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य गण, पार्टी के सभी माननीय सांसद एवं विधायक गण, सभी स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी|

-विनोद कुमार पांडेय,

महासचिव, केंद्रीय समिति

रांची में बनेगा अत्याधुनिक IT Park, 75 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार, CM हेमंत सोरेन ने RMZ ग्रुप के साथ की बैठक*

कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से RMZ Infrastructure के President श्री दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में अत्याधुनिक IT Park विकसित करने, Global Capability Centre (GCC) की स्थापना तथा तकनीकी एवं औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही रांची को IT, innovation और high-skilled employment के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक अधोसंरचना एवं उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने के विषय पर भी चर्चा हुई।

2029 तक IT Park की शुरुआत, प्रथम चरण में 20 हजार और अगले तीन वर्षों में 75 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य

प्रस्तावित योजना के तहत वर्ष 2029 तक रांची में IT Park की शुरुआत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके प्रथम चरण में लगभग 20,000 रोजगार के अवसर सृजित करने तथा अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर करीब 75,000 रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य के स्थानीय एवं प्रतिभाशाली युवाओं को तकनीकी और उच्च-कौशल आधारित रोजगार के नए अवसर प्राप्त होने की संभावनाएं हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए IIM Ranchi, नए विधानसभा परिसर एवं हाईकोर्ट परिसर के निकट उपलब्ध लगभग 100 एकड़ भूमि को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित IT Park में आधुनिक कार्यालय एवं डिजिटल अधोसंरचना के साथ वैश्विक स्तर की तकनीकी कंपनियों और संस्थानों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की परिकल्पना है। यह पहल झारखंड की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने तथा रांची को IT, innovation और high-skilled employment के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

झारखंड में IT, AI, GCC और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में निवेश को मिलेगा बढ़ावा

बैठक के दौरान Global Capability Centre (GCC) की स्थापना की संभावनाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। GCC के माध्यम से वैश्विक कंपनियों के लिए IT एवं AI सेवाओं, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी तथा अन्य उच्च-कौशल वाले कार्यों का संचालन झारखंड से किया जा सकता है। इससे राज्य में निजी निवेश, तकनीकी रोजगार और उच्च-कौशल वाली नौकरियों के अवसरों के विस्तार को गति मिलने की संभावना है। उक्त बैठक में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड को भविष्य की तकनीकों और नई औद्योगिक संभावनाओं से जोड़ते हुए एक मजबूत एवं आधुनिक IT तथा तकनीकी इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उच्च-कौशल आधारित अवसरों का सृजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रांची को IT, innovation और emerging technologies का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए उद्योग जगत के साथ मिलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। राज्य में उपलब्ध प्रतिभाशाली मानव संसाधन, प्राकृतिक संसाधनों और विकास की संभावनाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर झारखंड को नई अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर संभावित रूप से अक्टूबर माह में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का एक प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल वहां विकसित IT Park, तकनीकी इकोसिस्टम एवं Global Capability Centre मॉडल का अध्ययन करेगा तथा IT अधोसंरचना, निवेश व्यवस्था और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करेगा। इस अध्ययन के आधार पर झारखंड में IT Park और संबंधित तकनीकी इकोसिस्टम के विकास के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

RMZ Infrastructure की ओर से झारखंड में अत्याधुनिक IT Park, डिजिटल अधोसंरचना तथा भविष्य की तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की गई। बैठक में राज्य में तकनीकी एवं औद्योगिक निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों तथा संभावित सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में आधुनिक तकनीक, नवाचार और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के माध्यम से युवाओं के लिए राज्य में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा रांची को देश के प्रमुख IT केंद्रों में विकसित करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव श्रीमती पूजा सिंघल, झारखंड स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (JSAC) की निदेशक सुश्री माधवी मिश्रा उपस्थित रहीं।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को अपवित्र, अपमानित एवं क्षतिग्रस्त करने के मामले में झारखंड भाजपा ने दर्ज कराई प्राथमिकी

राजधानी रांची में हरमू स्थित राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को अपवित्र करने, कालिख पोतने और उस पर अभद्र टिप्पणी लिखने को लेकर झारखंड भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस मामले को लेकर बकायदा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में झारखंड़ भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल के द्वारा अरगोड़ा थाना जाकर अज्ञात असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गई और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनता पार्टी के सैद्धान्तिक अधिष्ठान के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और भाजपा के विचारधारा के प्रमुख व्यक्तित्वों में से एक थे।उनकी प्रतिमा को अपमानित करने के उद्देश्य से कालिख पोतने एवं उसे क्षतिग्रस्त करने के कुत्सित प्रयास से हम सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं को अत्यंत पीड़ा, दुःख एवं आघात पहुंचा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी हमारे लिए केवल एक महापुरुष नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले हमारे पुरोधा और प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित में लगाया और जम्मू-कश्मीर की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष करते हुए अपना बलिदान दिया। ऐसे महान राष्ट्रनायक की प्रतिमा के साथ इस प्रकार का घृणित एवं अपमानजनक कृत्य किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं गंभीर विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर प्रतिमा को अपवित्र करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया जा सकता है, लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को नहीं मिटाया जा सकता।

उन्होंने कहा कि देश के कोई भी महापुरुष हों, किसी भी जाति, धर्म और वर्ग के हों, उनकी प्रतिमाएँ देश के प्रति उनके योगदान, राष्ट्रभक्ति, त्याग, तपस्या, राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक होता है। उनकी प्रतिमा के प्रति घृणा प्रदर्शित करना, इसे क्षतिग्रस्त करना या अपमानित करना सभ्य समाज की पहचान नहीं हो सकती है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।

उन्होंने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन की सरकार के शासनकाल में गुंडों, बदमाशों, चोर उचक्कों, असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे देश के महापुरुषों को अपमानित करने की हिम्मत कर रहे हैं। उन्होंने सरकार एवं पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि इस सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने तथा घिनौनी हरकत करने वालों की पहचान कर उन्हें अविलम्ब गिरफ्तार करे और उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई करें वरना भाजपा इस कुकृत्य के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी एवं सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी।

इस मामले को लेकर भाजपा के हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भाजपा द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 324/298/196 /352/356 एवं प्रिवेंशन ऑफ इन्सल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित एवं निष्पक्ष अनुसंधान करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क एवं उनकी प्रतिमा की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

इस दौरान भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, रांची महानगर के उप मेयर नीरज कुमार, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, सुधीर श्रीवास्तव, दीनदयाल वर्णवाल, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सूरज शाहदेव, सतीश सिन्हा,अजय राय, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रमेश सिंह, अरुण झा, सुनील साहू, राजू सिंह, जितेंद्र वर्मा, इंद्रजीत यादव, अर्चना सिंह, विशाल साहू, उमेश यादव, अभिचल सिंह, सुशील दुबे, चंदन सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत बनाम वेस्टइंडीज के द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के सफल आयोजन हेतु उच्चस्तरीय बैठक

क्रिकेट मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई

दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं जेएससीए पदाधिकारियों को संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन राँची की छवि को और मजबूत करने वाला साबित हो

======================

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम, एचईसी परिसर, धुर्वा, राँची में दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज के द्वितीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

उक्त मैच के सफल आयोजन हेतु विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के प्रभावी समन्वय के उद्देश्य से बैठक आहूत की गई।

बैठक में क्रिकेट मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला दण्डाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन की व्यापक एवं पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूरे स्टेडियम परिसर एवं उसके आस-पास की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि दोपहर 3 बजे इंट्री शुरू होने से पूर्व बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आस-पास इकट्ठा नहीं होने दिया जाए, ताकि मैच के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे इंट्री गेट खुलने से पूर्व ही पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लग जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे आनंदपूर्वक मैच का लुत्फ उठा सकें। साथ ही, दर्शकों से अनुरोध है की वे कोई भी प्रतिबंधित वस्तु लेकर स्टेडियम परिसर में प्रवेश न करें।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं जेएससीए पदाधिकारियों को संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन राँची की छवि को और मजबूत करने वाला साबित हो।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची, श्री राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), राँची – श्री धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, राँची, श्री कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर), राँची – श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात), राँची – श्री राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी – सुश्री आस्था शरण, अध्यक्ष, जेएससीए, धुर्वा, राँची – श्री अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष, जेएससीए, धुर्वा, राँची – श्री संजय पाण्डेय, सचिव, जेएससीए, धुर्वा, राँची – श्री सौरभ तिवारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने शहरवासियों एवं क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि यह अंतरराष्ट्रीय मैच पूरी शांति, सुरक्षा एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

UPI पर चार्ज लगाए जाने पर रोक से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, केंद्र व आरबीआई से मांगा जवाब

#upitransactionschargessupremecourtnoticetocentrerbiandnpci

सुप्रीम कोर्ट ने यूपीआई पेमेंट पर MDR लगाने पर रोक लगाने से फ‍िलहाल इनकार कर द‍िया है। हालांक‍ि, सीजेआई सूर्यकांत की अध्‍यक्षता वाली पीठ ने केंद्र सरकार, रिजर्व बैंक (RBI), नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इंड‍िया यानी NPCI को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इन्‍हें चार हफ्ते में यह बताने को कहा है क‍ि चार्ज क्‍यों लगाना जरूरी है।

केंद्र सरकार ने ये फैसला लिया है कि 15 अक्टूबर से ₹2,000 से ज़्यादा के कुछ खास UPI 'पर्सन-टू-मर्चेंट' ट्रांजैक्शन पर MDR लगाया जाना है। शुल्क लगाने की केंद्र सरकार की अधिसूचना को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने 4 हफ्ते के भीतर मांगा हलफनामा

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह मामला कानूनी से ज्यादा तकनीकी है। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने केंद्र सरकार, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया समेत सभी पक्षों को चार हफ्ते के भीतर अपना जवाब (काउंटर एफिडेविट) दाखिल करने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने उस रिट याचिका पर ये नोटिस जारी किया है जिसमें केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा 14 और 15 सितंबर को जारी उन गजट नोटिफिकेशन्स को रद्द करने की मांग की गई है, जिनमें 2,000 रुपये से ज्यादा के कमर्शियल UPI ट्रांजैक्शन पर चार्ज लगाने की घोषणा की गई थी।

क्या है याचिकाकर्ता की दलील

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि UPI के आने के बाद ब्लैक मनी से जुड़े ट्रांजैक्शन में कमी आई है। याचिका में नई MDR व्यवस्था के कानूनी आधार पर भी सवाल उठाया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि 2,000 रुपये से अधिक के कुछ UPI भुगतान पर शुल्क लगाने का फैसला पर्याप्त वैधानिक सुरक्षा, पारदर्शिता और सार्वजनिक परामर्श के बिना लिया गया। शुल्क लगाने से अर्थव्यवस्था में नकदी और काले धन के लेन-देन में बढ़ोतरी हो सकती है, और व्यापारी इस अतिरिक्त लागत का बोझ आम उपभोक्ताओं पर डाल सकते हैं।

क्या बोली सरकार?

एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि डेबिट/क्रेडिट कार्ड से लेन-देन करने में लागत आती है। UPI भी इससे अलग नहीं है। 2 ऑपरेटर यह सेवा देते हैं। एक तो बैंक हैं। यह भारत सरकार द्वारा की जाने वाली वैधानिक वसूली नहीं है। यह प्लेयर्स के बीच सेटलमेंट फीस है, जिसे NPCI सुविधाजनक बनाता है। सरकार इसमें से एक रुपया भी नहीं ले रही है।

क्या है मामला

इस महीने की शुरुआत में, केंद्र सरकार ने UPI के लिए एक नया फ्रेमवर्क घोषित किया, जिसके तहत ₹2,000 से ज़्यादा के UPI पेमेंट पर 0.4% का MDR लगेगा। सरकार का कहना है कि व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P) ट्रांजैक्शन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। सरकार के अनुसार, ट्रांसफर की गई रकम चाहे कितनी भी हो, सभी व्यक्ति-से-व्यक्ति ट्रांज़ैक्शन के लिए UPI पूरी तरह से मुफ़्त बना रहेगा। MDR मर्चेंट पेमेंट सिस्टम का एक चार्ज है, न कि UPI पेमेंट करने वाले ग्राहकों से लिया जाने वाला शुल्क। बैंकों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि मर्चेंट MDR का बोझ ग्राहकों पर न डालें, जबकि UPI ऐप्स को प्लेटफॉर्म फीस या छिपे हुए चार्ज लगाने से मना किया गया है।

राहुल जी झूठ सौ बार बोलने से सच नहीं बनता’, विपक्ष के आरोपों पर नड्डा का पलटवार

#naddahitsbackatopposition

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर को लेकर सियासी बवाल जारी है। आज कांग्रेस देशभर में कई शहरों में ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। विवाद पर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोपों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जानना चाहिए कि किसी झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता।

कांग्रेस और पूरा विपक्ष निराश और हताश

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने चुनाव आयोग विवाद पर कहा, आज जब देश अपने 140 करोड़ नागरिकों की कड़ी मेहनत से 'विकसित भारत' का संकल्प पूरा कर रहा है। दुनिया भर में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है, तो दुर्भाग्य से कांग्रेस और पूरा 'INDI अलायंस' इस तरक्की से निराश और हताश हैं। बिना किसी नीति या विजन के, वे अब देश में भ्रम और अराजकता फैलाने के लिए नई-नई चालें चल रहे हैं।

विपक्ष के हर झूठ की हवा निकल चुकी है-नड्डा

नड्डा ने कहा, विपक्ष के हर झूठ की हवा निकल चुकी है। यह नया परपंच कर रहे हैं। माहौल खराब करने में लगे हुए हैं। नड्डा ने कहा कि तथ्यों की कसौटी पर परखने पर विपक्ष के आरोप बार-बार खारिज किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके आरोपों की सच्चाई चुनाव आयोग और देश की सर्वोच्च अदालतों के सामने भी आ चुकी है।

राहुल गांधी-ममता बनर्जी और केजरीवाल पर हमला

केन्द्रीय मंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल...सबकी मानसिकता देश की संवैधनिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। यह सब सत्ता पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

विश्व पर्यटन दिवस पर ऑड्रे हाउस में सम्मान समारोह, पर्यटक मित्रों और स्टेकहोल्डर्स को किया गया सम्मानित

मुकेश कुमार , पर्यटन सचिव ने कहा कि पर्यटक मित्र राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों को स्थानीय जानकारी, सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र पर्यटकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहयोगी है। पर्यटन के क्षेत्र में काम करने वाले अन्य स्टेकहोल्डर्स भी अपनी डिजिटल पहुंच और रचनात्मक सामग्री के माध्यम से झारखंड के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध अनुभवों को देश-दुनिया के नए दर्शकों तक पहुंचाने में योगदान दिया है। वे रविवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राँची स्थित ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे । कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत मंत्री श्री सुदिव्य कुमार को पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

झारखंड पर्यटन के सहयोगियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान राज्य में पर्यटन को बेहतर अनुभव और व्यापक पहचान देने में योगदान कर रहे पर्यटक मित्रों, और अन्य स्टेकहोल्डर्स को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर श्री मुकेश कुमार ने कहा यह सम्मान उन सभी साझेदारों के योगदान को पहचान देने का प्रयास रहा, जो प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड को एक आकर्षक और यादगार पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

झारखंड पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में साझा प्रयास

पर्यटन निदेशक श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस का यह आयोजन झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के साझा संकल्प का प्रतीक बना है। पर्यटन विभाग द्वारा स्थानीय समुदायों, पर्यटक मित्रों, होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र और अन्य स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता के माध्यम से राज्य में पर्यटन अनुभव को और बेहतर बनाने तथा झारखंड के पर्यटन स्थलों की पहुंच व्यापक करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में श्री श्री प्रेम रंजन, प्रबंध निदेशक सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि थे.

शूटिंग में ईशा सिंह ने जीता सिल्वर मेडल, पिंकी को कुराश में कांस्य

#asiangames2026day10

एशियन गेम्स 2026 का आज 10वां दिन है। दिन का पहला मेडल पिंकी बलहारा ने कुराश में दिलाया है। पिंकी ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। पिंकी के बाद दिन का दूसरा मेडल ईशा सिंह ने अपने दिलाया।

ईशा ने शूटिंग में सिल्वर मेडल जीता

ईशा सिंह से 25 मीटर पिस्टल में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। उन्होंने फाइनल मैच में शानदार खेल दिखाया और चीनी खिलाड़ी को पूरे मैच में कांटे की टक्कर दी। अंत में शूटऑफ में उन्हें हार का सामना करना पड़ा और वह गोल्ड जीतने से चूक गईं। ईशा और चीन की जिआओ का स्कोर 38-38 की बराबरी पर रहा। इसके बाद शूटऑफ में चीनी शूटर ने जीत हासिल की।

पिंकी ने कुराश में जीता कांस्य

पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किग्रा कुराश में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने 2018 एशियन गेम्स के अपने प्रदर्शन को दोहराया। सेमीफाइनल में पिंकी को दक्षिण कोरिया की मौजूदा 2026 एशियन चैंपियन मो सुमिन से हार का सामना करना पड़ा। पूरे मुकाबले में पीछे रहने वाली पिंकी 0-5 से मुकाबला हार गईं। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक कांस्य पदक के लिए कोई प्लेऑफ मुकाबला नहीं होता। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है। इस तरह पिंकी ने भारत के लिए एक और पदक पक्का किया।

बॉक्सिंग में लवलीना ने पक्का किया पदक

बॉक्सर लवलीना ने महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में मेडल पक्का कर लिया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मैच में शानदार खेल दिखाया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। लवलीना का सेमीफाइनल में मुकाबला या तो मौजूदा 70 किलोग्राम भारवर्ग की वर्ल्ड चैंपियन कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा या वर्ल्ड ब्रॉन्ज मेडलिस्ट उज्बेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा से होगा।

उज्जैन में शाही मस्जिद पर कार्रवाई को लेकर बढ़ा विवाद, उपद्रवियों का पुलिस पर पथराव, जानें पूरा मामला

#ujjainroadwideningtensionovershahimasjid

उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण को लेकर शाही मस्जिद पर कार्रवाई ने विवाद बढ़ गया है। उज्जैन में सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना के खिलाफ लोग सड़क पर उतर आए हैं। छत्री चौक स्थित मस्जिद का करीब 11 फीट हिस्सा प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहा है। इसके विरोध में मुस्लिम पक्ष ने सोमवार सुबह पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

सिंहस्थ 2028 के लिए सड़कों का चौड़ीकरण

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क की जद में आने वाले कई धार्मिक स्थलों को हटाया जा चुका है। निर्माण में बाधा बन रहे 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। लेकिन अब शाही मस्जिद को लेकर मामला गरमा गया है। रविवार रात बड़ी संख्या में पुलिस बल और जेसीबी-पोकलैंड मशीनें मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद मुस्लिम समाज के लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए।

2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती

कार्रवाई की आशंका को देखते हुए यहां जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने के बाद शनिवार रात से मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास की सड़कों पर एकत्र होने लगे और नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध का सिलसिला रविवार रात तक जारी रहा। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।

मोहन यादव ने खुद तोड़ा था अपना घर

शाही मस्जिद के पास यह हालात, तब है जब एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद अपने पैतृक घर को तोड़ा। उन्होंने सिंहस्थ 2028 के लिए अपने घर को तोड़ने पर खुशी जताई थी। इसका वीडियो भी शेयर किया।

636 साल पुरानी है शाही मस्जिद

शाही मस्जिद की उम्र को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में अलग जानकारी सामने आई है। मस्जिद के इमाम मोहम्मद इब्राहिम के मुताबिक, यह मस्जिद वर्ष 1390 में बनी थी और करीब 636 साल पुरानी है। उन्होंने इसे उज्जैन के प्राचीन धार्मिक स्थलों में शामिल बताया है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में शाही मस्जिद की उम्र करीब 100 साल बताई गई है। मस्जिद पक्ष का कहना था कि वह सड़क के चौड़ीकरणमें सहयोग करने को तैयार है, लेकिन धार्मिक स्थल के ढांचे को बचाया जाना चाहिए। इमाम ने यह भी दावा किया कि मस्जिद के ढांचे में थोड़ा बदलाव भी किया गया तो पूरी इमारत प्रभावित हो सकती है।

प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड से चढ़ा दिल्ली का सियासी पारा, डैमेज कंट्रोल में जुटी बीजेपी

#delhiministerparveshsahibsinghvermaaccusedofslappingayouth

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मारने के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई। आम आदमी पार्टी (आप) समेत विपक्षी दल मंत्री की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी घटना के बाद डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। न केवल पार्टी, बल्कि खुद प्रवेश ने भी माना कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था, लेकिन इसके बाद भी यह विवाद अभी आसानी से थमता नहीं दिख रहा है।

प्रवेश वर्मा ने वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ जड़ा

दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा रविवार को तिलक नगर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता जांचने पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक वहां आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह भी मौजूद थे। सड़क की जांच के दौरान उस समय विवाद बढ़ गया, जब आप विधायक के साथ पहुंचे वीडियोग्राफर ने वीडियो बनाना शुरू किया। आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह भी मौजूद थे और वे जब प्रवेश वर्मा को सड़क उखाड़कर दिखा रहे थे तो युवा उसका वीडियो शूट कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री ने युवक को थप्पड़ मार दिया।

बीजेपी और आप आमने-सामने

इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और दोनों ओर से एक दूसरे पर हमले व बयानबाजी हो रही है। जहां आम आदमी पार्टी इस घटना के वीडियो पोस्ट कर बीजेपी पर गुंडागर्दी के आरोप लगा रही है, वहीं मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह पर सड़क बनाने में कमीशन मांगने और जिस युवा को थप्पड़ मारा है उस पर गालियां देने का आरोप लगाया है।

मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने मांग

घटना के बाद आप नेताओं ने पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने मांग की। इसी मांग को लेकर रविवार रात सौरभ भारद्वाज, जनरैल सिंह और कुलदीप कुमार कार्यकर्ताओं के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। आप नेताओं का आरोप था कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। पुलिस ने शिकायत की जांच किए जाने की बात कही। इससे नाराज आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसीपी कार्यलय के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर किया।

प्रवेश सिंह ने लगाया परिवार को गालियां देने का आरोप

थप्पड़ के मामले में प्रवेश साहिब सिंह का कहना है कि आप जरनैल सिंह के कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी थी, जिससे आवेश में आकर उन्होंने हाथ उठाया। प्रवेश साहिब सिंह के अनुसार, 'आप' के कुछ नेता जो विडियो सर्कुलेट कर रहे हैं, उसके पीछे की सच्चाई जानना लोगों के लिए भी जरूरी है। विकासपुरी रिंग रोड पर पिछले कई दिनों से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। जरनैल सिंह रोड निर्माण करने वाले ठेकेदार से कमिशन के लिए पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों को लगातार फोन कर कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाने की बात कह रहे थे। इसके लिए इंजीनियरों ने संबंधित थाने में शिकायत भी दी है। अब उनके खिलाफ FIR कराने की तैयारी है।

क्या बोले- आप विधायक जरनैल सिंह

आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा, प्रवेश वर्मा जी के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो गया जिसे देखकर वह आपे से बाहर हो गए। मुझे उनका फोन आता है कि दिखाओ सड़क तो ठीक बनी है, आप क्यों सड़क की बार-बार शिकायत कर रहे हो? जब मैंने दिखाया तो सड़क सच में उखड़ गई और हाथ में आ गई। यह मंत्री जी से बर्दाश्त नहीं हुआ। साहिब सिंह जो इन सभी का वीडियो बना रहा था, वो देख मंत्री जी तिलमिला गए। मैंने वहां पर सच दिखाया, सड़क उखाड़ के दिखाया तो उसके बाद भाजपा वालों के कैमरे एकदम बंद हो गए। हमारी तरफ से कैमरा चालू था तो मंत्री जी इतना तिलमिला गए कि साहिब सिंह के मुंह पर सीधा थप्पड़ जड़ दिया।