बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 34177 लोगों को मिला उपचार
फर्रुखाबाद।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी बरकरार, 34,177 लोगों को अब तक उपचार; 52 बाढ़ चौकियों के साथ मुख्यालय की दो रैपिड रिस्पांस टीमें भी सक्रिय
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सक्रिय रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में बाढ़ चौकियों, स्वास्थ्य टीमों और रैपिड रिस्पांस टीमों के माध्यम से प्रभावित लोगों को उपचार, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रतिदिन की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय किया जा रहा है।
13 सितंबर की फ्लड डेली रिपोर्ट के अनुसार एक दिन में 717 लोगों को उपचार उपलब्ध कराया गया, जबकि 435 लोगों ओo आरoएसo पैकेट का वितरण किया और 740 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गईं। अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 34,177 लोगों का उपचार, 25,605 ऑक्सीजन जांच तथा 39,442 क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया जा चुका है।
बाढ़ के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या पर तत्काल कार्रवाई के लिए मुख्यालय स्तर पर दो रैपिड रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। टीम-ए में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी माथुर के साथ फार्मासिस्ट राजीव सहाय, एलटी श्री शिवम राजपूत एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रविंद्र यादव को शामिल किया गया है। वहीं टीम-बी में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, फार्मासिस्ट विकास गुप्ता, एलटी महेंद्र एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री संतोष शामिल हैं। यह टीमें आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार रखी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 52 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इनमें कमालगंज में 2, बरौन में 2, कायमगंज में 5, शमसाबाद में 10 तथा राजेपुर क्षेत्र में 33 बाढ़ चौकियां शामिल हैं। इन चौकियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा रही है तथा किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य टीमों को निर्देशित किया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न आने पाए। उन्होंने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, संक्रामक रोगों की रोकथाम, समय से उपचार तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने कहा कि बाढ़ के दौरान विभाग की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को उनके नजदीक ही समय से उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वास्थ्य टीमों को क्षेत्र में सक्रिय रखा गया है और प्रतिदिन की स्थिति की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को आवश्यकता के अनुसार और मजबूत किया जा रहा है।
Sep 14 2026, 13:05
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1