विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन के लिए जिलों में अभियान चलाकर बढ़ाएं मानव दिवस सृजन : केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना-ग्रामीण के 6.18 लाख आवासों को समयबद्ध ढंग से स्वीकृत कर पूर्ण कराने के दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जनपदों में अभियान चलाकर मानव दिवस सृजन में बढ़ोतरी के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने योजना के अंतर्गत कार्य करने वाले श्रमिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के कार्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य भी शामिल हैं। ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे योजना अपने उद्देश्यों को प्राप्त करते हुए विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित जनपद और विकसित ग्राम पंचायत के संकल्प को साकार करने में प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित कराया जाय कि सभी खंड विकास अधिकारी योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा करें 

श्री मौर्य ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश को 6.18 लाख आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सभी जनपद इन आवासों को समयबद्ध ढंग से स्वीकृत करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत बेसहारा पात्र महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य प्राथमिकता श्रेणी के पात्र परिवारों, जिन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर चिन्हित किया जाए और पात्रता के अनुसार योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपालों में योजना की पात्रता एवं अन्य शर्तों की विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों को चिन्हित करने तथा उन्हें आवास उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था की जाए।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकसित भारत-जी राम जी योजना की महिला श्रमिकों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन समूहों को अभी तक सीसीएल अथवा बैंक क्रेडिट की सुविधा नहीं मिली है, ऐसे सभी पात्र समूहों को शत-प्रतिशत सीसीएल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। यह सुनिश्चित कराया जाय कि सभी खंड विकास अधिकारी इसकी नियमित निगरानी करें। प्रदेश में नए स्वयं सहायता समूहों के गठन के कार्य में भी तेजी लाई जाए। समूह सखियों के मानदेय में वृद्धि के लिए अन्य राज्यों में लागू बेहतर मॉडलों का अध्ययन कर अपेक्षित कार्रवाई की जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत कैडर के मानदेय का भुगतान भी अनिवार्य रूप से समय से सुनिश्चित किया जाए।

श्री मौर्य ने टीएचआर प्लांट्स की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सोलर एवं खाद्य संस्करण सब्सिडी का पूरा-पूरा लाभ उठाते हुए प्लांट्स को और अधिक प्रभावी एवं ऊर्जा दक्ष बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम चौपालों को और अधिक सार्थक एवं प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम चौपालों का त्रैमासिक रोस्टर तैयार कर माननीय सांसद एवं विधायकगण के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित लोगों को भी उपलब्ध कराया जाए। ग्राम चौपालों की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि इनमें ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी प्रभावी ढंग से हो।

उन्होंने प्रदेश में निर्मित सभी अमृत सरोवरों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अमृत सरोवरों को स्वच्छ, उपयोगी एवं बेहतर स्वरूप में रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में इनके निर्माण का उद्देश्य पूर्ण हो सके।

श्री मौर्य ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में दृष्टि की बैठक अभी तक नहीं हुई है, वहां तत्काल बैठक आयोजित कर उसकी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर कार्य करने वाले जनपदों एवं विकासखंडों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों और विकासखंडों को प्रोत्साहित किया जाए, जिससे अन्य क्षेत्र भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने कार्यों में सुधार कर सकें।

संत कबीर अकादमी की कार्यकारणी की बैठक सम्पन्न

अकादमी द्वारा संचालित समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रम शिक्षण संस्थाओं के सहयोग से कराये जाए : जयवीर सिंह

लखनऊ। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में संत कबीर अकादमी की कार्यकारणी की बैठक पर्यटन भवन के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि अकादमी द्वारा कराए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं गतिविधियां प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों विश्वविद्यालय में महाविद्यालय में सहयोग से आयोजित की जाएं, इसके साथ ही अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा पंचामृत योजना के अंतर्गत शोध, सर्वेक्षण प्रकाशन आदि कार्यों तथा कबीर पर आधारित सांस्कृतिक गतिविधियां छमाही पत्रिका का प्रकाशन आदि पर विस्तृत चर्चा की गईं एवं आगामी कार्यक्रम की कार्ययोजना पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। 

बैठक में मुख्य रूप से जयवीर सिंह माननीय मंत्री संस्कृति एवं पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश, अमृत अभिजात अपर मुख्य सचिव संस्कृति एवं पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश शासन, प्रोफेसर हिमांशु शुक्ला डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या, संजय कुमार सिंह निदेशक संस्कृति निदेशालय उत्तर प्रदेश, अनिल कुमार सिंह विशेष सचिव नियोजन विभाग उत्तर प्रदेश शासन, हृदय राम तिवारी उप जिला अधिकारी खलीलाबाद, महंत विचार दास कबीर मठ संत कबीर नगर मगहर के प्रतिनिधि सदस्य हरि शरण दास के साथ ही ऑनलाइन के माध्यम से हरि प्रसाद जी गोरखपुर एवं गोपाल सिंह चौहान राजस्थान एवं अतुल द्विवेदी निदेशक संत कबीर अकादमी उपस्थित रहे बैठक के अंत में निदेशक द्वारा अध्यक्ष एवं बैठक में उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक संपन्न हुई।

भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर बोला हमला, कहा- ‘सपा शासनकाल में सैफई से आती थी नौकरी की सूची’

- बोले- परिवार और जाति से आगे नहीं बढ़ रहा सपा का एजेंडा

- अखिलेश को सोते हुए दिख रही सत्ता, भाजपा बोली- 2027 का सपना मुंगेरीलाल वाला

- अखिलेश के ‘Gen-Z’ पर भाजपा का पलटवार, ‘युवा के हाथ में कट्टा थमाने वाली सपा अब युवाओं की बात कर रही’

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा नेताओं ने सपा और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी को युवा विरोधी पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान नौकरियों में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताएं आम थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में निकलने वाली सरकारी नौकरियों की सूची सैफई से आती थी और एक परिवार व एक बिरादरी तक सीमित रहती थी।

- ‘सैफई से आती थी नौकरी की सूची’

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं के विरोध में रही है। उनके मुताबिक सपा सरकार में जमकर पेपर लीक होते थे और परीक्षाएं ठेके पर कराई जाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी नौकरी निकलती थी, वह केवल एक परिवार और एक बिरादरी के लिए होती थी और उसकी सूची सैफई से आती थी।

- 'हारते हैं तो ईवीएम को दोष देते हैं’

भूपेंद्र चौधरी ने ईवीएम के मुद्दे पर भी सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जब चुनाव जीतती है तो ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन चुनाव हारने के बाद उसी ईवीएम को दोष देने लगती है और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करती है।

- ‘परिवार और जाति से आगे नहीं बढ़ता सपा का एजेंडा’

अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जाति की राजनीति की है। सर्व समाज को साथ लेकर चलने की बात उसके एजेंडे में कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि जब सपा विपक्ष में होती है तो सर्व समाज की बात करती है, लेकिन सत्ता में आते ही उसका एजेंडा परिवार और जाति तक सिमट जाता है। भूपेंद्र चौधरी ने AI वीडियो को लेकर भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह के वीडियो जारी करना प्रदेश की 25 करोड़ जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता ने योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया है और AI के जरिए उसकी तस्वीर बदलकर पेश करना जनता के जनादेश का अपमान है।

- ‘अखिलेश को सोते हुए सरकार बनती नजर आ रही’

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी और उसके नेता को सोते हुए सरकार बनती नजर आ रही है। अखिलेश यादव के ‘जेन जी’ वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके ‘जेन जी’ का मतलब जनता ने देखा है।

दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के हर जिले में एक-एक माफिया पैदा करने का काम किया और उन्हीं के संरक्षण में सरकार चलती थी। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार के दौरान जितनी वैकेंसी निकलीं, उनमें से एक भी नियुक्ति वह नहीं कर पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में युवाओं के हाथ में कट्टा देने और वसूली करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि ‘जेन जी’ पहले भी भाजपा के साथ था, आज भी भाजपा के साथ है और आगे भी भाजपा के साथ ही रहेगा।

- PDA मतलब- 'पराया धन अपना’

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सत्ता से बाहर होते ही उनकी ‘पर्ची और खर्ची’ बंद हो गई। इसी वजह से आज सपा PDA की राजनीति कर रही है। उन्होंने अखिलेश यादव के पुराने बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने चौरसिया, शाक्य और वर्मा समाज के लोगों को बोलने से रोकने की बात कही थी। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने पहले भी इन समाजों का अपमान किया और आज भी कर रहे हैं। PDA को लेकर उन्होंने तंज कसा कि अखिलेश यादव के लिए PDA का मतलब ‘पराया धन अपना’ है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, समाजवादी पार्टी के लोगों का मानसिक संतुलन बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा की पूरी राजनीति X, प्रेस और अब पोस्टर तक सीमित होकर रह गई है।

- ‘अखिलेश और सपा फ्रस्टेशन में’

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मोहसिन रजा ने भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के लोग फ्रस्टेशन में हैं, क्योंकि पूरा प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम से सहमत है।मोहसिन रजा ने कहा कि मोदी और योगी सरकारों ने कानून-व्यवस्था पर काम कर लोगों को सुरक्षा देने का काम किया है और यही वजह है कि विपक्ष परेशान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का यह अंतिम चुनाव है और 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

- ‘अखिलेश खुद कार्यक्रम जारी करते हैं और खुद कैंसिल करते हैं’

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अखिलेश यादव के रद्द हुए दौरों को लेकर सपा के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले अखिलेश यादव का सहारनपुर दौरा रद्द हुआ और फिर बुलंदशहर का दौरा भी रद्द हो गया। इसके बाद सरकार पर परमिशन नहीं देने का आरोप लगाया गया। अनिल कुमार ने कहा कि ये बातें निराधार हैं। उनके मुताबिक अखिलेश यादव खुद कार्यक्रम जारी करते हैं और खुद ही उसे कैंसल कर देते हैं। अनिल कुमार ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में देश में बड़ा बदलाव हुआ है। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष हर काम को नकारने की आदत बना चुका है।

प्राथमिक विद्यालयों में बेहतर पढ़ाई, अभिभावक बच्चों को भेजें स्कूल : मुकेश सिंह
जौनपुर। आदर्श मानस सेवा संस्था की ओर से रेहारी स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को निशुल्क शिक्षण सामग्री और बिस्किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 60 बच्चों को कापी, पेन, पेंसिल, कटर और बिस्किट दिए गए। कक्षा एक से पांच तक अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले मेधावी बच्चों को कापी-पेन देकर सम्मानित भी किया गया। संस्था के अध्यक्ष संतोष सिंह बंटी और संयोजक अरुण चौबे ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रसोइया और उपस्थित अतिथियों को फूलमाला तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। शिक्षकों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। प्राथमिक विद्यालयों में बेहतर शिक्षा का दावा संस्था के प्रबंधक मुकेश कुमार सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में भेजें। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलती है। अभिभावक जिस तरह निजी नर्सरी विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई, पोशाक, बस्ता और गृहकार्य पर ध्यान देते हैं, उसी तरह प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों पर भी ध्यान दें तो यहां के बच्चे भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ अभिभावकों का सहयोग और प्रोत्साहन उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में शिक्षण सामग्री और बिस्किट वितरण में प्रमोद ठाकुर, आदेश सिंह और विपुल प्रभा सिंह का सहयोग रहा। इस अवसर पर मुन्ना सिंह, अमित चौबे, मनोज सिंह, मनीष मिश्रा, लव चौबे, प्रधानाध्यापक राघवेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक हिमांशु त्रिपाठी, प्रमिला देवी, अर्चना देवी, दुर्गावती, आशा सिंह सहित विद्यालय के बच्चे, ग्रामवासी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मऊ पुलिस ने बरामद किए 13 गुम मोबाइल, कीमत ₹3.08 लाख
मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस की साइबर टीम ने CEIR पोर्टल के जरिए गुम/खोए हुए 13 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹3.08 लाख है।

पुलिस के मुताबिक तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयास के बाद ये मोबाइल बरामद हुए। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया।

मऊ पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
चौरा डीह में सजा सांस्कृतिक मंच, गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में जुटे कलाकार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय महासचिव शेषनारायण सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रेश दुबे को अवगत कराते हुए बताया कि राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण सिंह की देखरेख में ग्राम सभा चौरा डीह में संस्कृत कार्यक्रम  संस्कृतिक आयोजन हुआ संपन्न


नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय महासचिव  शेषनारायण  सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रेश दुबे को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय महासचिव शेषनारायण सिंह के देखरेख में आज दिनांक 10.9.2026 दिन बृहस्पतिवार ग्राम सभा चौरा डीह जिला कौशांबी मैं सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन हुआ जिसमें गुरु दक्षिणा का कार्यक्रम किया गया जिसमें जिला जौनपुर से आए कवि किशोरी जनार्दन सिंह उर्फ सागर और डॉक्टर शिव भवन सरोज ने गुरु दक्षिणा का कार्यक्रम किया।
नेशनल एंटी करप्शन एजेंसी संगठन राष्ट्रीय महासचिव शेषनारायण सिंह ने बताया कि हमारे भारतवर्ष की संस्कृत भाषा मातृभूमि मातृभाषा की पहचान संस्कृत से ही किया जाता है जिसमें तमाम कलाकार उपस्थित थे गायक राम प्रकाश पटेल गुलाब भारतीय गुलाब सिंह रामानंद साहू जमुना प्रसाद गुप्त गंगा प्रसाद तिलवाड़ा कंचनलाल बच्चालाल आदि कलाकार उपस्थित रहे इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रेश दुबे भी मौजूद रहे
आधी रात पुलिस कार्रवाई के बाद फिर गरजा पत्थर गिरजाघर, TGT-PGT अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज
20 हजार से अधिक पदों पर पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न से विज्ञापन जारी करने की मांग, आमरण अनशन जारी

प्रयागराज, 10 सितंबर 2026। TGT-PGT के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर युवा मंच का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 31 अगस्त से पत्थर गिरजाघर, सिविल लाइंस धरना स्थल पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के बीच 5 सितंबर से पांच अभ्यर्थियों द्वारा आमरण अनशन शुरू किए जाने के बाद आंदोलन ने और व्यापक रूप ले लिया है।

युवा मंच के अनुसार, 8 सितंबर को माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी द्वारा फोन पर आंदोलनकारियों को यह आश्वासन दिया गया कि मामले को लेकर अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है और छात्रों के पक्ष में समाधान का प्रयास किया जाएगा। इससे आंदोलनरत अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी थी कि सरकार अचानक बदली गई नियमावली पर पुनर्विचार करते हुए छात्रों के हित में शीघ्र निर्णय लेगी।

लेकिन 9 सितंबर की मध्यरात्रि को पुलिस प्रशासन बड़ी संख्या में पुलिस बल, तीन एंबुलेंस एवं दर्जनों वाहनों के साथ पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पहुंचा। आंदोलनकारियों के मुताबिक, पुलिस ने धारा 163 से संबंधित आदेश दिखाते हुए धरना स्थल खाली कराने की कार्रवाई शुरू की और कई आंदोलनकारियों को वाहनों में बैठाकर वहां से हटाया गया। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई तथा कुछ छात्रों को हल्की चोटें आने की बात कही गई है। युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह को भी रात में ही हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस कार्रवाई के बाद अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पुनः पत्थर गिरजाघर, सिविल लाइंस धरना स्थल पर पहुंच गए और पुरानी नियमावली व पुराने पैटर्न पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन धरना-प्रदर्शन चलता रहा और आंदोलनकारियों ने पुनः धरना स्थल पर आंदोलन शुरू कर दिया।

आमरण अनशन कर रहे अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक वे आमरण अनशन समाप्त नहीं करेंगे। आंदोलनकारियों का कहना है कि 16 सितंबर 2025 को नियमावली में किए गए बदलाव से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सामने शिक्षक बनने के अवसर प्रभावित हुए हैं। उनका आरोप है कि अचानक नियमों में बदलाव से लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

प्रदर्शन में एल.के. चौधरी, बृजेश सिंह, अखिलेश वर्मा, राकेश चौरसिया, सुशोभित, आरती सिंह, रिंकी चौहान, भानू शुक्ल, के.डी. वर्मा, दीपा सिंह सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।

युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को तत्काल निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि आंदोलन को दबाने से अभ्यर्थियों की समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर 2025 को लागू की गई नई व्यवस्था को वापस लेकर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न के आधार पर TGT-PGT का विज्ञापन तत्काल जारी किया जाए।

अनिल सिंह ने कहा कि सामान्य अध्ययन (GK/GS), TET/CTET जैसी नई शर्तों तथा अन्य विवादित प्रावधानों को वापस लेकर सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि जब तक छात्रों के हित में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, युवा मंच का आंदोलन जारी रहेगा।
नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश निवेश और नवाचार का नया केंद्र बन रहा : एके शर्मा
- भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 के लखनऊ रोड शो का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने किया शुभारंभ
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में विश्व को नई दिशा दे रहा : ऊर्जा मंत्री
- उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड मिलकर स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बनाएंगे नई संभावनाएं

लखनऊ। ताज होटल, लखनऊ में आज भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 के “Invest, Innovate, Inspire” कार्यक्रम के लखनऊ एडिशन रोड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाला समय स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ ऊर्जा का है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी इस दिशा में निवेश, नवाचार और नई तकनीक को बढ़ावा देते हुए देश की ऊर्जा यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश में सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी, बायो एनर्जी और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई तकनीकों के प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी ऊर्जा व्यवस्था विकसित करना है, जो बढ़ती हुई ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को भी गति दे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर भारत और फ्रांस द्वारा वर्ष 2015 में इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) की शुरुआत की गई थी। यह भारत की उस वैश्विक सोच का जीता-जागता उदाहरण है, जिसमें भारत स्वयं आगे बढ़ने के साथ पूरी दुनिया को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है। इंटरनेशनल सोलर अलायंस के माध्यम से सौर ऊर्जा की अपार संभावनाओं वाले देशों को एक मंच पर लाकर तकनीक, निवेश, वित्त और अनुभव साझा किए जा रहे हैं।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड जैसे राज्यों के सामूहिक प्रयासों से देश में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र को और अधिक गति दी जा सकती है। उन्होंने उद्योग जगत, निवेशकों, मैन्युफैक्चरर्स, तकनीकी विशेषज्ञों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों का आह्वान किया कि वे नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं और प्रदेश के विकास में भागीदार बनें।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार सरकार के अधिकारियों के साथ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य गणमान्यजनों ने सहभागिता की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी नवाचार, भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं तथा स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।इस अवसर पर बताया गया कि भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026 का मुख्य आयोजन नवंबर 2026 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में होगा। इसमें देश-विदेश के मैन्युफैक्चरर्स, निवेशक, बिजनेस प्रतिनिधि, ऊर्जा विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थान तथा नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल, निदेशक यूपी नोएडा रविंद्र कुमार , एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सीतापुर में मिड-डे मील का राशन न पहुंचाने के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश
- परिवहन ठेकेदार पर एफआईआर, फर्म होगी ब्लैक लिस्ट; लापरवाह अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही : मनोज पाण्डेय

लखनऊ । सीतापुर जिले में सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत परिवहन ठेकेदार द्वारा मिड-डे मील का राशन संबंधित उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) तक न पहुंचाए जाने के गंभीर प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है।
मंत्री श्री पाण्डेय ने जिलाधिकारी, सीतापुर को संबंधित परिवहन ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत कराने तथा संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण में पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
श्री पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप भ्रष्टाचार, लापरवाही अथवा शासकीय खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जनता और बच्चों के हक के राशन में गड़बड़ी अत्यंत गंभीर विषय है। खाद्यान्न निर्धारित स्थान तक समय से पहुंचाना संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिम्मेदारी तय होगी और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित अनुश्रवण के भी निर्देश दिए हैं।
मऊ -: पशु क्रूरता के दोषी को कोर्ट उठने तक की सजा
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मऊ पुलिस की प्रभावी पैरवी, 50 रुपये का अर्थदंड भी लगाया

मऊ। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मऊ पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते पशुओं के प्रति क्रूरता के मामले में अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार देते हुए न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 50 रुपये का अर्थदंड भी लगाया।

पुलिस के अनुसार मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र का है। प्रकरण में मु0अ0सं0 131/2023 के तहत धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले की साक्ष्यपरक विवेचना के साथ अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी की गई।

पुलिस के मुताबिक प्रस्तुत साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, मऊ ने अभियुक्त सद्दाम खां पुत्र सोदीन निवासी माहपुर, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ को दोषी ठहराया।

न्यायालय ने अभियुक्त को न्यायालय उठने तक की सजा तथा 50 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने का अभियान लगातार जारी है।