सीतापुर में मिड-डे मील का राशन न पहुंचाने के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश
- परिवहन ठेकेदार पर एफआईआर, फर्म होगी ब्लैक लिस्ट; लापरवाह अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही : मनोज पाण्डेय

लखनऊ । सीतापुर जिले में सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत परिवहन ठेकेदार द्वारा मिड-डे मील का राशन संबंधित उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) तक न पहुंचाए जाने के गंभीर प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है।
मंत्री श्री पाण्डेय ने जिलाधिकारी, सीतापुर को संबंधित परिवहन ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत कराने तथा संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण में पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
श्री पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप भ्रष्टाचार, लापरवाही अथवा शासकीय खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जनता और बच्चों के हक के राशन में गड़बड़ी अत्यंत गंभीर विषय है। खाद्यान्न निर्धारित स्थान तक समय से पहुंचाना संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिम्मेदारी तय होगी और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित अनुश्रवण के भी निर्देश दिए हैं।
मऊ -: पशु क्रूरता के दोषी को कोर्ट उठने तक की सजा
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मऊ पुलिस की प्रभावी पैरवी, 50 रुपये का अर्थदंड भी लगाया

मऊ। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मऊ पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते पशुओं के प्रति क्रूरता के मामले में अदालत ने अभियुक्त को दोषी करार देते हुए न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 50 रुपये का अर्थदंड भी लगाया।

पुलिस के अनुसार मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र का है। प्रकरण में मु0अ0सं0 131/2023 के तहत धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले की साक्ष्यपरक विवेचना के साथ अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी की गई।

पुलिस के मुताबिक प्रस्तुत साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, मऊ ने अभियुक्त सद्दाम खां पुत्र सोदीन निवासी माहपुर, थाना मोहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ को दोषी ठहराया।

न्यायालय ने अभियुक्त को न्यायालय उठने तक की सजा तथा 50 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने का अभियान लगातार जारी है।
मऊ -: आकाश आनंद को बार-बार हटाए जाने से आहत धर्म सिंह गौतम ने बसपा से दिया इस्तीफा
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : बहुजन समाज पार्टी के 355 विधानसभा मुहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ के पूर्व प्रत्याशी डॉ धर्म सिंह गौतम ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बसपा नेता आकाश आनंद को पार्टी के सभी पदों से हटाए जाने और बार-बार पार्टी से निष्कासित किए जाने को अपने इस्तीफे का प्रमुख कारण बताया है। डॉ धर्म सिंह गौतम ने कहा कि आकाश आनंद को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में भ्रमण कर संगठन को मजबूत करने और पार्टी को सत्ता में लाने की दिशा में काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए था।

इसके बजाय उन्हें पार्टी के पदों से हटाकर दोबारा पार्टी से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बेहद दुखद और गलत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पार्टी को मजबूत करने के लिए युवा नेतृत्व की जरूरत है।

ऐसे समय में आकाश आनंद को प्रदेश में सक्रिय रूप से कार्य करने का अवसर दिए जाने के बजाय पार्टी से बाहर किया जाना कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए निराशाजनक है। डॉ गौतम ने कहा कि आकाश आनंद के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उससे वह काफी आहत हैं। इसी कारण उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों में वह पार्टी के साथ आगे काम करने की स्थिति में नहीं हैं।
डॉ. धर्म सिंह गौतम के इस्तीफे से स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
त्योहारों को देखते हुए जिले में 31 नवंबर तक धारा 163*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में धारा 163 लागू हो गया है जो 31 नवंबर तक जारी रहेगा। इसका उलंघन करने वालों के विरुद्ध विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी। चौदह से 25 सितंबर तक गणेश चतुर्थी, दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 11 अक्टूबर से शरदीय नवरात्र शुरू हो रहा है।

जिला प्रशासन की माने तो 20 अक्टूबर दशहरा, छह नवंबर को धनतेरस, आठ नवंबर दीपावली आदि त्योहार मनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था व त्यौहार आदि के दृष्टिगत असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों की गतिविधियों एवं उनके कार्य कलापों से शान्ति भंग होने की सम्भावना उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में जिले की सीमा के तहत लोक प्रशान्ति एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए डीएम शैलेश कुमार के निर्देशन में धारा-163 लागू रहेगा। डीएम ने बताया कि कोई भी व्यक्ति ईट-पत्थर, आग्नेयास्त्र / विस्फोटक पदार्थ, तलवार, भाला, भुजाली, लाठी . पांच सेमी या उससे अधिक फल काटने वाली छूरी व धारदार हथियार लेकर नहीं निकलेगा। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तथा सिख व गोरखा जाति के व्यक्तियों पर जो प्रथा के अनुसार कृपाण व खुखरी के अधिकारी है, पर लागू नहीं होगा।
मऊ में 11 सितंबर को आंदोलन की तैयारी, कलेक्ट्रेट में होगा प्रदर्शन
जनपद मऊ में आगामी 11 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में यूजीसी के नए कानून एवं आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

आंदोलन के माध्यम से संबंधित मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आवश्यक समीक्षा एवं सुधार की मांग उठाई जाएगी।

उसी को देखते हुए आज  सवर्ण समाज की एक आम बैठक जनपद मऊ में संपन्न हुई थी
काशी नरेश विश्वविद्यालय में हरियाली रंगोत्सव-2026 मनाया गया:विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, फैशन शो और मेहंदी प्रतियोगिता भी हुई*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही में रंग तरंग सांस्कृतिक क्लब ने हरियाली रंगोत्सव-2026 मनाया। यह आयोजन बहुत उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव थीं। विश्वविद्यालय की सभी महिला स्टाफ ने मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया।

विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भारतीय लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई। इसमें राधा-कृष्ण का भक्तिमय नृत्य, पहाड़ी नृत्य और 'सैयां मिले लड़कईय्या' जैसी प्रस्तुतियां शामिल थीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर मेहंदी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का खास आकर्षण फैशन शो था। इसमें विद्यार्थियों ने अलग-अलग क्षेत्रीय संस्कृतियों से जुड़े कपड़े और दुपट्टा पहनने की पारंपरिक शैलियां दिखाईं। इन वेशभूषाओं और दुपट्टा पहनने के तरीकों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को खूबसूरती से पेश किया।

कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं। साथ ही, ये उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। इस कार्यक्रम ने "हरियाली की छांव में संस्कृति की नई पहचान" की भावना को साकार किया। मंच का संचालन डॉक्टर ऋचा और डॉक्टर रजनीश द्विवेदी ने किया।
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से भाजपा को मिलेगी नई गति : दिलीप पटेल। 
                  
                                                                 
अटल भवन में आयोजित मासिक जिला बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल तथा नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री राहुल राज रस्तोगी का हुआ भव्य स्वागत।                
                                  
बलरामपुर। जिला भाजपा कार्यालय ‘अटल भवन’,तुलसीपार्क में भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल तथा नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री,भाजपा अवध क्षेत्र एवं जिला प्रभारी बलरामपुर राहुल राज रस्तोगी का पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ,अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम,अनुशासन तथा समर्पण के बल पर भाजपा लगातार जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना हम सभी की प्राथमिकता है। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने अपने संबोधन में कहा कि बलरामपुर में संगठन को और अधिक मजबूत,सक्रिय एवं गतिशील बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ को मजबूत करना,जन-जन तक संगठन की नीतियों एवं केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना और संगठनात्मक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों,बूथ स्तर की गतिविधियों,कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा एवं उनके सफल क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी,विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम,विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ल,विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका परिषद बलरामपुर अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’,उतरौला नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप गुप्ता,पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह,पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश ‘गुड्डू’,जिला महामंत्री डॉ अजय सिंह ‘पिंकू’,महेंद्र पाण्डेय,ब्लॉक प्रमुखगण,सभासदगण,मंडल अध्यक्षगण सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सदर विधायक पल्टूराम ने किया समापन
बैठक के समापन अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम ने उपस्थित प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व तथा सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता,संगठन के प्रति समर्पण और नेतृत्व के मार्गदर्शन से संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक में यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि संगठन की शक्ति,कार्यकर्ताओं का समर्पण और नेतृत्व का मार्गदर्शन ही भाजपा की विजय यात्रा का आधार है।
वर्ल्ड इंक्लूज़न कॉन्फ्रेंस की सीख को विभागीय कार्यों में उतारने पर हुआ मंथन
- राज्य मंत्री असीम अरुण की मौजूदगी में अधिकारियों ने साझा किए अनुभव और दिए नवाचार के सुझाव

लखनऊ। नई दिल्ली में हुए वर्ल्ड इंक्लूज़न कॉन्फ्रेंस-2026 से मिली सीख अब समाज कल्याण विभाग के कामकाज में नई सोच और नए प्रयासों का आधार बनेगी। इसी उद्देश्य से बुधवार को गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में बैठक आयोजित की गई। “एक विश्व, सबका सम्मान” थीम पर हुई इस बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक आशीष, प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव और निदेशक संजीव सिंह समेत सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- नई जरूरतों के अनुरूप नीतियों पर विचार
कॉन्फ्रेंस में प्रतिभाग करने वाले नव नियुक्त जिला समाज कल्याण अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अपने अनुभव और सीख साझा की। बैठक में इस बात पर भी मंथन किया गया कि समाज कल्याण के क्षेत्र में उभरती नई जरूरतों की पहचान कर उनके अनुरूप नई नीतियों और प्रभावी कार्यक्रमों की दिशा में किस तरह आगे बढ़ा जा सकता है। अधिकारियों ने अपने अनुभवों के आधार पर नवाचार और समाधान आधारित दृष्टिकोण अपनाने की संभावनाएं साझा कीं।
- 'नई सोच के साथ नीतियां बनाने पर दें जोर’
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि कॉन्फ्रेंस में प्राप्त अनुभवों को केवल व्यक्तिगत सीख तक सीमित न रखते हुए नई सोच के साथ विभागीय कार्यों में ठोस बदलाव और बेहतर नीतियों के निर्माण के लिए उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से समाज कल्याण के क्षेत्र में नई आवश्यकताओं की पहचान कर नवाचार और समाधान आधारित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।
पंत की जयंती पर सीएम योगी ने किया नमन, स्वतंत्रता संग्राम से सुशासन तक योगदान को किया याद
- काकोरी क्रांतिकारियों की पैरवी से लेकर यूपी के प्रथम मुख्यमंत्री और देश के गृहमंत्री बनने तक पंत के योगदान को सीएम ने रेखांकित किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पंडित पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्र निर्माण और उत्तर प्रदेश के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता की ओर से पंत जी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को नमन किया।
- काकोरी के क्रांतिकारियों की मजबूती से की पैरवी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत एक कुशल अधिवक्ता होने के साथ प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी भी थे। वर्ष 1925 में काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद अंग्रेजी हुकूमत ने क्रांतिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया था। इस दौरान पंत ने क्रांतिकारियों की ओर से मजबूती से पैरवी की।
योगी ने कहा कि पंत ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए चलाए गए विभिन्न आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वर्ष 1937 में वह संयुक्त प्रांत के प्रीमियर बने, हालांकि बाद में पद छोड़कर स्वतंत्रता आंदोलन में फिर सक्रिय हो गए। भारत छोड़ो आंदोलन सहित आजादी के संघर्ष के कई महत्वपूर्ण चरणों में उनकी भूमिका रही।
- यूपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में रखी सुशासन की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में देश के स्वतंत्र होने के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने। उस समय वर्तमान उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था। ऐसे विशाल प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ उन्होंने आर्थिक विकास और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी।
योगी ने कहा कि पंत के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण सुधार हुए। भूमि सुधार के क्षेत्र में उनके प्रयासों को भी मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि पंत ने उत्तर प्रदेश में ऐसी प्रशासनिक और विकास व्यवस्था की नींव रखने का प्रयास किया, जिसका प्रभाव आगे लंबे समय तक दिखाई दिया।
- गृहमंत्री के तौर पर भाषाई विवाद सुलझाने में निभाई भूमिका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1954 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत देश के गृहमंत्री बने। इस जिम्मेदारी के दौरान उन्होंने देश में उठ रहे भाषाई विवादों और सामाजिक स्तर पर उभर रहे तनाव को समझदारी के साथ संभालने का प्रयास किया।
योगी ने कहा कि हिंदी को राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठा दिलाने में भी पंडित पंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजाद भारत में प्रशासन और राष्ट्र निर्माण तक उनका सार्वजनिक जीवन देश के लिए उल्लेखनीय योगदान से जुड़ा रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। राष्ट्र और समाज के प्रति उनके समर्पण तथा सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका को हमेशा स्मरण किया जाएगा।
राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने पर सत्येंद्र सिंह का अधिकारियों और शिक्षकों ने किया सम्मान
सुल्तानपुर। विकास खंड पी पी कमैंचा जिला सुलतानपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय ,साढ़ापुर के कर्मठ, जुझारू, बच्चों के हित के लिए सदैव तत्पर,सरल व्यक्तित्व के धनी,होनहार शिक्षक सत्येन्द्र सिंह को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर, ब्लॉक संसाधन केंद्र, प्रतापपुर कमैंचा पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों द्वारा उनका सम्मान किया गया। एआरपी डॉ सपना मिश्रा ने कहा कि अपनी कर्तव्यनिष्ठा, लगन, बच्चों के प्रति समर्पण और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी प्रयासों से सत्येंद्र सिंह ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी पूजा पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मिश्रा, जूनियर शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष विनय पांडे,प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह व उनकी टीम, शिक्षामित्र के संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा व उनकी टीम, शिक्षामित्र एवं प्रतापपुर कमैंचा ब्लॉक के सभी सम्मानित अध्यापक उपस्थित रहे।