आमने-सामने भिड़े कार और ट्रक, कई लोग घायल

रामगंगा पुल पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार में मारी टक्कर

अमृतपुर फर्रुखाबाद 9 सितम्बर। बाबा नीमकरौरी महाराज के दर्शन कर हरदोई लौट रहे एक परिवार की कार को रामगंगा पुल पर सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार सवार परिवार के लोगों को चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।हरदोई निवासी शिखर सिन्हा ने राजेपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि वह आठ सितंबर को अपने परिवार के साथ कार संख्या यूपी 30 ए जे 4050 से बाबा नीमकरौरी महाराज के दर्शन करने के बाद हरदोई लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे रामगंगा पुल पर सामने से तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 76-12-7677 के चालक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में काफी नुकसान हो गया और उसमें सवार शिखर सिन्हा समेत परिवार के लोगों को चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित ने राजेपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेज दिया गया। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
इलाज के दौरान भैंस मरी ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक को पकड़ा*
अमृतपुर फर्रुखाबाद 9 सितम्बर।थाना क्षेत्र के रतनपुर पमारान गांव में भैंस की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। भैंस मालिक रूम सिंह कुशवाहा ने जहानगंज क्षेत्र निवासी राकेश यादव पर गलत इंजेक्शन लगाने और लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के करीब 20 मिनट बाद भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद कथित पशु चिकित्सक मौके से चला गया, लेकिन उसे दोबारा बुलाकर पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। मौत की असली वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। गंगा पार क्षेत्र के पशु चिकित्सालय में सरकार द्वारा डॉक्टरों की तैनाती न के बराबर की गई है। इसलिए क्षेत्रीय पशुपालक अपने बीमार पशुओं के इलाज के लिए फेरी वाले डॉक्टरों का सहारा लेती है। जिसके कभी-कभी गंभीर परिणाम सामने आते हैं। परंतु पशुपालक अपने बीमार पशुओं को लेकर कहां जाएं। इलाज तो उन्हें कराना ही पड़ता है।
श्री गणेश उत्सव को लेकर नगर कोतवाली बलरामपुर में पीस कमेटी की बैठक की गई
जनपद बलरामपुर नगर मे गणेश चतुर्थी को लेकर कोतवाली नगर परिसर में शांति समिति की बैठक में गणपति पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में कोतवाली नगर प्रभारी संतोष मिश्रा सहित विभिन्न गणेश पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे नगर प्रभारी ने सभी समितियों से पूजा व कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जायेगी,माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी गणपति पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में मूर्ति पंडालों में 13 सितंबर को रखी जाएगी,पूजा 14 सितंबर को की जाएगी तथा विसर्जन 21 सितंबर किया जाएगा जिसका रूट चार्ट भी साझा किया गया प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने आयोजकों से कहा कि शान्ति पूर्ण ढंग से कार्यक्रम को मनाएं,किसी भी तरह की समस्या तथा अराजकतत्वों की सूचना तुरंत डायल 112 तथा पुलिस को दें इस अवसर पर गणपति पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्रा,संरक्षक कमलेश त्रिपाठी,कोषाध्यक्ष आनंद गुप्ता चिंटू सभासद,उपाध्यक्ष अम्बरीष शुक्ला,रवीन्द्र गुप्ता कमलापुरी अध्यक्ष श्री गणेश पूजा समिति बगिया बाबा मंदिर भगवतीगंज,अंकुर चौहान,कुन्नू कश्यप,आदित्य गुप्ता, विमल शुक्ला,जय प्रकाश श्रीवास्तव,मनजीत पटवा,विनय कश्यप,शनी मोदनवाल सहित तमाम आयोजक व पुलिस कर्मी मौजूद रहे
भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल एवं क्षेत्रीय महामंत्री राहुल राज रस्तोगी का बलरामपुर में भव्य स्वागत।

वीर विनय चौराहे पर चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत।

बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल तथा नवनियुक्त क्षेत्रीय महामंत्री,अवध क्षेत्र एवं बलरामपुर के जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी के बलरामपुर प्रथम आगमन पर वीर विनय चौराहे पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर दिलीप पटेल एवं राहुल राज रस्तोगी ने वीर विनय कायस्थ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र,सदर विधायक पल्टूराम,उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,जिला मीडिया प्रभारी डी.पी.सिंह बैस,जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी,सभासद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
02 अक्टूबर से 25 दिसम्बर तक कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पर्यटन से जोड़ा जाएगा
- भारत सरकार स्तर पर लंबित परियोजनाओं एवं वित्तीय मामलों के लिए शीघ्र ही नई दिल्ली में बैठक आयोजित की जायेगी : जयवीर सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि कल्चर टैलेंट हंट कार्यक्रम 02 अक्टूबर गॉधी जयंती के अवसर पर शुरू करके स्कूल एवं कालेजों के विद्यार्थियों को नवाचार एवं पर्यटन से जोड़ा जाए। इस प्रक्रिया का समापन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल विहारी बाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन करके किया जाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करने एवं ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ी कहानियॉ एवं अनुभव का अवसर देने का कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग में निर्माणाधीन कार्यों को आगामी नवम्बर, 2026 तक हरहाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार स्तर पर लंबित परियोजनाओं एवं वित्तीय मामलों के निस्तारण के लिए नई दिल्ली में शीघ्र ही संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की जायेगी।
जयवीर सिंह आज यहां पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग तथा उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद की उपलब्धियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने संस्कृति भवन के निर्माण हेतु एलडीए एवं जिलाधिकारी लखनऊ से समन्वय कर शहीद पथ के पास लूलू मॉल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर संस्कृति एवं पुरातत्व भवन का निर्माण किये जाने का निर्देश दिये। इसके अलावा भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के पक्ष में निःशुल्क 45 एकड़ अतिरिक्त भूमि के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने संस्कृति निदेशालय द्वारा यूपीपीसीएल को आवंटित 21 परियोजना तथा सीएनडीएस को आवंटित 13 परियोजना पर टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिये। जयवीर सिंह ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में निर्माणाधीन रामलीला की चहारदीवारिया जहां पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें रामलीला कमेटियों को हैंडओवर एवं टेकओवर कराने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने 31 मार्च, 2026 तक जिन परियोजनाओं के निर्माण कार्य हेतु धनराशि आवंटित की गयी है, उनका सभी निर्माण कार्य माह नवम्बर तक प्रत्येक दशा में प्रारम्भ करने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए पूर्व की बैठकों में लिये गये निर्णयों के सापेक्ष अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने साइनेज पर्यटक सुविधा केन्द्र तथा समस्त पोर्टल के सुचारू संचालन हेतु एक सेल बनाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 575 परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें शिलालेख और बारकोड व्यवस्थाओं का प्राविधान किया गया है।
बैठक में बताया गया कि इम्पैनल्ड आर्किटेक्ट जिनका कार्य संतोषजनक नहीं है उनकी जगह नवीन आर्किटेक्टों को इम्पैनल्ड किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थावार लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं आर्किटेक्ट के लंबित देयकों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिनका कार्य संतोषजनक है उनका भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने राही पर्यटक आवासगृहों को प्रबंधकीय संविदा पर संचालन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद की पूर्ण परियोजनाओं का विभागवार समीक्षा की। इसके तहत 126 परियोजनाएं 48428.31 लाख रूपये की थीं। इसके अलावा 41941.990 लाख रूपये की 24 प्रगतिशील परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात, निदेशक एवं विशेष सचिव पर्यटन मृदुल चौधरी, निदेशक संस्कृति संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, एमडी आशीष कुमार, पर्यटन सलाहकार जेपी सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अंजू चौधरी के अलावा सहायक निदेशक रेनू रंगभारती व तुहिन द्विवेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
लखपति दीदी बनेंगी प्रदेश की पहचान -

–3 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य

महिलाओं को कर्ज नहीं, आमदनी बढ़ाने पर हो जोर : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अनुबंधित तकनीकी सहयोगी एजेंसियों, बैंकरों, दुग्ध उत्पादक कंपनियों एवं एच सी एल संस्था के कार्यों की समीक्षा बैठक बुधवार को योजना भवन लखनऊ में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री,  श्री केशव प्रसाद मौर्य  ने की। बैठक में राज्य मंत्री, ग्राम्य विकास विभाग श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम  विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश महिला उद्यमी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि  एक करोड़ से अधिक महिलाओं को प्रथम किश्त के रूप में 20 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाने हैं, जिसका ब्याज विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। इसके बाद दूसरी किश्त के रूप में 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि  पात्र महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल एवं सुगम बनाई जाए।
बैंकर्स को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि वे गरीब महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने में सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और केवल लाभ कमाने की मंशा से कार्य न करें। सरकार द्वारा ब्याज का वहन किया जा रहा है, इसलिए पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को सामान्य रूप से महिला सशक्तिकरण की योजना के रूप में देखा जाता है, लेकिन वास्तविक अर्थों में यह गरीब कल्याण की बहुत बड़ी योजना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा 1 करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल कर्ज उपलब्ध कराना सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी आमदनी बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता है। महिलाओं की आय बढ़ेगी तो परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और गांवों में समृद्धि का आधार तैयार होगा।
उप मुख्यमंत्री द्वारा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव संस्था को निर्देशित किया कि मिशन के अधिकारियों के साथ रु. 2 .00 लाख तक के अच्छे ई-रिक्शा की पहचान कर, उस तरह के रिक्शे ही समूह की महिलाओं को उपलब्ध कराये जाएं ताकि समूह की दीदियों पर आर्थिक रूप से अधिक बोझ न पड़े और कम लागत में उनको अधिक लाभ हो।
श्री मौर्य ने निर्देश दिए कि तकनीक के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। इसके लिए योजना तैयार की जाए कि प्रत्येक संकुल स्तरीय संघ के पास कम से कम एक ड्रोन उपलब्ध हो। ड्रोन के उपयोग से कृषि एवं अन्य गतिविधियों में नई तकनीक को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के लिए आय के नए अवसर सृजित किए जाएं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऋण उपलब्ध कराते समय बैंकों द्वारा बीमा तो कर दिया जाता है, लेकिन बीमा क्लेम के लिए गरीब परिवारों और आश्रितों को चक्कर लगाने पड़ते हैं। यह स्थिति उचित नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि बीमा क्लेम के मामलों का सभ्य, संवेदनशील एवं शालीनता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि किसी भी गरीब महिला के साथ छल या धोखाधड़ी न हो तथा इस संबंध में अधिकारी लगातार पैनी नजर रखें।
उन्होंने महिलाओं को गाय-भैंस खरीदने के लिए सरल एवं सुगम तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन से महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं और इससे प्रदेश में अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी। महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से उनका सम्मान बढ़ेगा तथा परिवार और बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 5 मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।  इन कंपनियों के माध्यम से महिला दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने तथा उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने बैंकर्स एवं अधिकारियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें समय से लाभ दिलाना सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं की जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे और किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के प्रारंभ में एचसीएल संस्था द्वारा प्रदेश में किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। संस्था द्वारा स्मार्ट स्कूल, स्वास्थ्य एवं समुदाय आधारित जागरूकता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। बताया गया कि संस्था अपने अधिकांश सीएसआर फंड का उपयोग उत्तर प्रदेश में कर रही है तथा वर्तमान में 13 जनपदों में कार्यरत है।उपमुख्यमंत्री  ने सुझाव दिया कि किसी भी जनपद के संतृप्त होने तक वहां कार्य निरंतर जारी रखा जाए, ताकि संचालित कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लोगों को स्थायी लाभ मिल सके।
बैठक में सभी सहयोगी संस्थाओं ने अपने-अपने कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की तथा महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों एवं दुग्ध उत्पादक महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू, आयुक्त ग्राम्य विकास प्रमोद कुमार उपाध्याय, मिशन निदेशक, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अरुण कुमार, अपर मिशन निदेशक जयनाथ यादव, संयुक्त मिशन निदेशक प्रवीणानन्द व देवेंद्र कुमार ओझा सहित प्रतिभागी बैंकों एवं तकनीकी सहयोगी संस्थाओं के प्रमुख तथा मिशन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
उन्नाव में ’क्राउन पैकेजिंग’ के पहले भारतीय प्लांट का भूमिपूजन
- उन्नाव में क्राउन का ₹2,078 करोड़ का संयंत्र 1,500 से अधिक रोजगार सृजन होगा, पैकेजिंग क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
- प्रदेश में केवल तेजी से फैक्ट्रियों का पंजीकरण ही नहीं हो रहा हैं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे : नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की आकर्षक एफडीआई (FDI) नीति 2023 के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने लगे हैं। वैश्विक पैकेजिंग दिग्गज ‘क्राउन होल्डिंग्स‘ की भारतीय इकाई ‘क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड‘ ने बुधवार को उन्नाव स्थित ‘इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर‘ (IMLC) में अपने पहले ग्रीनफील्ड एल्युमिनियम बेवरेज कैन विनिर्माण संयंत्र का भूमिपूजन किया। 2,078.44 करोड़ रूपये के कुल निवेश वाली यह परियोजना भारत में क्राउन होल्डिंग्स का पहला विनिर्माण संयंत्र है।
उन्नाव आईएमएलसी के प्लॉट नंबर 4 पर लगभग 40 एकड़ में स्थापित होने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र देश के तेजी से बढ़ते पेय पदार्थ (Beverage) उद्योग की मांग को पूरा करेगा। इस परियोजना से 200 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 1,500 से अधिक को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन, रखरखाव और स्थानीय आपूर्तिकर्ता नेटवर्क (Vendor Network) के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर नए अवसर पैदा होंगे।
भूमि पूजन समारोह में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी ने कहा, प्रदेश में केवल तेजी से फैक्ट्रियों का पंजीकरण ही नहीं हो रहा हैं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उन्नाव में क्राउन की यह परियोजना इसका एक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के विजन को साकार करने की दिशा में सही रास्ते पर हैं।” उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां प्रदेश की 36 से अधिक क्षेत्रीय नीतियों और प्रोत्साहनों का लाभ उठा रही हैं।
क्राउन पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का गठन मार्च 2026 में हुआ था। यह क्राउन होल्डिंग्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और इसका पंजीकृत कार्यालय लखनऊ में है। परियोजना का मूल्यांकन उत्तर प्रदेश की एफडीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 एवं फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों के लिए निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के तहत किया गया है।
संयंत्र की प्रारंभिक स्थापित क्षमता 116.2 करोड़ कैन प्रतिवर्ष होगी, जिसे बढ़ाकर 178.6 करोड़ कैन किया जा सकेगा। पहले वर्ष में करीब 67 करोड़ कैन के उत्पादन का अनुमान है, जो नौवें और दसवें वर्ष तक बढ़कर लगभग 170 करोड़ कैन प्रतिवर्ष हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश में ऐसे बड़े निवेश औद्योगिक आधार को विस्तार दे रहे हैं। विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों के साथ रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा भी मजबूत हो रही है।
भूमि पूजन समारोह में अवस्थापना व औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना व औद्योगिक विकास  आलोक कुमार, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ  मनोज कुमार सिंह और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ शशांक चौधरी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। क्राउन होल्डिंग्स की ओर से ईवीपी एवं सीओओ दजल्मा नोवाएस जूनियर और प्रेसिडेंट, क्राउन बेवकैन ईएमईए मार्क केचेसन ने हिस्सा लिया।
गंगा नदी के प्रवाह एवं बाढ़ प्रभाव को कम करने के उपायों पर हुआ विस्तृत मंथन*
फर्रुखाबाद । जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में गंगा नदी के वर्तमान स्वरूप एवं बाढ़ के प्रभाव को कम करने के संबंध में विस्तृत अध्ययन एवं तकनीकी उपायों पर चर्चा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर राजीव सिन्हा द्वारा गंगा नदी की वर्तमान स्थिति, नदी के प्रकार, कटान की प्रकृति, तटों की संवेदनशीलता तथा बाढ़ के दौरान नदी के व्यवहार के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने नदी में ड्रेजिंग की संभावनाओं, चैनल सुधार तथा नदी के प्रवाह को नियंत्रित एवं व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कानपुर से आए इंजीनियर्स की टीम द्वारा भी गंगा नदी में ड्रेजिंग/चैनल सुधार के संबंध में प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें नदी के प्रवाह को सुचारू बनाने तथा बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए संभावित तकनीकी विकल्पों पर चर्चा की गई।प्रोफेसर राजीव सिन्हा ने गंगा नदी के घुमाव, टापू एवं मुख्य धारा की स्थिति का वैज्ञानिक अध्ययन कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नदी की वास्तविक स्थिति का आंकलन करने के लिए आवश्यक तकनीकी अध्ययन एवं सर्वेक्षण कराए जाने का सुझाव दिया, जिससे बाढ़ एवं नदी कटान की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके।
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने बैठक में प्राप्त तकनीकी सुझावों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक तकनीकी अध्ययन एवं सर्वेक्षण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के प्रवाह, कटान एवं बाढ़ की समस्या के वैज्ञानिक समाधान के लिए विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अरुण कुमार सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, के0पी0 पाण्डेय तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष शिक्षकों के लिए स्पेशल टीईटी परीक्षा का विज्ञापन जारी, 3 नवंबर को होगी परीक्षा
- टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर, आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित की जाने वाली विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा Special TET का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया गया है।  यह परीक्षा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों एवं विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक शामिल हो सकेंगे।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय, स्थानीय निकाय एवं जिन विद्यालयों को राज्य सरकार/बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर मान्यता/सम्बद्धता प्रदान की गई है, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालय तथा विशेष एजुकेटर्स प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के शिक्षक पात्र होंगे। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों, स्थानीय निकाय एवं मान्यता/सम्बद्धता प्राप्त विद्यालयों, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा विशेष एजुकेटर्स उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के शिक्षक पात्र होंगे।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार Special TET के लिए विज्ञापन प्रकाशन की तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन पंजीकरण/ओटीआर एवं आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि ऐसे शिक्षक जिन्होंने पूर्व में TET या CTET परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उनके लिए Special TET परीक्षा को पुनः उत्तीर्ण करना आवश्यक/अनिवार्य नहीं है। वहीं, जिन अध्यापकों ने पूर्व में TET या CTET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें निर्धारित विज्ञापन के तहत पंजीकरण कर आवेदन करने और परीक्षा में भाग लेने के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।  बेसिक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी संबंधित अध्यापकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र शिक्षक निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना पंजीकरण एवं आवेदन पूरा कर सकें।
औराई में महिला से मंगलसूत्र छीनने की वारदात का खुलासा:एक शातिर बदमाश गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक और ₹2175 नकद बरामद*
रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। औराई में एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और 2175 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

यह घटना औराई हरिजन बस्ती के पास खड़ंजा सड़क पर हुई थी। एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार अपराधी ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया था। इस संबंध में थाना औराई में मु0अ0सं0 383/2026, धारा 304(2), 317(2) बी0एन0एस0 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल की देखरेख में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत बुधवार को औराई मिर्जापुर रोड से हरिजन बस्ती की तरफ जाने वाली खड़ंजा सड़क पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान नीरज बिंद (उम्र करीब 20 वर्ष) पुत्र रामसागर बिंद निवासी बसही, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है। उसकी तलाशी लेने पर कुल 2175 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में नीरज बिंद ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि उसने 26 अगस्त 2026 को महिला से मंगलसूत्र छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। छीने गए मंगलसूत्र को उसने मीरजापुर रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति को 13,000 रुपये में बेच दिया था।

मंगलसूत्र बेचकर मिले पैसों को उसने होटल में खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया। उसकी तलाशी में मिले 2175 रुपये उसी मंगलसूत्र को बेचने से बचे हुए रुपये हैं। इस कार्रवाई में थाना औराई के निरीक्षक अपराध श्री सेतांशु शेखर पंकज, हेड कांस्टेबल श्री शेषनाथ वर्मा और कांस्टेबल श्री रामजी शामिल थे।