जर्जर भवनों, छात्रावासों एवं पीजी का तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद सौंपेगी ज्ञापन

फर्रुखाबाद । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, फर्रुखाबाद द्वारा जिले में जर्जर भवनों, परिसरों, छात्रावासों एवं पीजी की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा उनका तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी महोदय को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट पारुल कतार को सौंपा है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में पी जी के रूप में उपयोग हो रही भवन के ढहने की हालिया घटना ने छात्र आवासों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हादसे में सात लोगों की मृत्यु और पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। नगर मंत्री मिहिर पाठक ने कहा, “दिल्ली की घटना हमें चेतावनी देती है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं किया जा सकता। जनपद में प्रत्येक जर्जर भवन, छात्रावास और पी जी का तत्काल सुरक्षा सर्वेक्षण कराकर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।”
नगर मजिस्ट्रेट की  छापेमारी से अस्पतालों में मचा हड़कंप,दो हॉस्पिटल  सीज

फर्रुखाबाद आज नगर मजिस्ट्रेट और डिप्टी सीमा डॉक्टर माथुर की मौजूदगी में  फोनिक्स हॉस्पिटल नेकपुर कला में छापेमारी की गई। नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने बताया कि सबसे पहले टीम के लोगों ने हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट चेक किया,मेडिकल सर्टिफिकेट भी सही मिला लेकिन अस्पताल में जो मरीज देखे जा रहे थे ।उन  मरीजो को देखने के लिए कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था ।ओपीडी संचालित की जा रही थी जिसमें 19 मरीजों को देखा जा चुका था जबकि वहां पर केवल एक पैरामेडिकल स्टाफ के द्वारा उन मरीजों को देखा जा रहा था। ऑफिस में उनकी नेम प्लेट डॉक्टर आरसी कटियार के नाम से लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि लगभग 7 वर्षों से लगातार वह मरीजों को देखते आ रहे हैं। यहीं नहीं मरीजों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। इस कारण ऑफिस को सील करवा दिया गया और रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की संस्तुति की गई है। इस प्रकार मसेनी पर भी अनभी हॉस्पिटल की कंडीशन ज्यादा खराब मिलने और इस हॉस्पिटल का भी रजिस्ट्रेशन नहीं था , फिर भी अस्पताल में मरीज को भर्ती करके ओपीडी में देखा जा रहा था।अस्पताल में लगभग 10 बेड पड़े हुए थे जिसमें से चार से पांच मरीज अपनी सुरक्षा से दूसरे अस्पताल में चले गए। किसी भी स्टाफ ने कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया और वह हॉस्पिटल लगभग जनवरी से संचालित हो रहा था । स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कोई रजिस्ट्रेशन पंजीकृत नहीं था फिर भी हॉस्पिटल का संचालन किया जा रहा था । उन्होंने बताया कि टीम द्वारा उस हॉस्पिटल को सील किया गया है।


देखने की बात यह है कि जो हॉस्पिटल आज से लगभग 7 महीने से संचालित हो रहा था इससे स्पष्ट होता है कि वह अपने मनमाने ढंग और स्वास्थ्य विभाग की मिली भगत से चला रहे थे।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा से जनपद में हर्ष*

फर्रुखाबाद । जनपद में बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन द रॉयल पैलेस, फतेहगढ़ में किया गया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना कमालगंज, शहर, मोहम्मदाबाद एवं बढ़पुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी एस0के0 तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र तथा बाल विकास परियोजना अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जनपद अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि किए जाने की घोषणा की गई। घोषणा का उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया। जनपद स्तर पर सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी प्राप्त करने वाले 07 बच्चों एवं उनके माता-पिता को उपचार, शॉल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 07 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।

इस दौरान विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभी कार्यकत्रियां पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रदेश एवं देश का कोई भी बच्चा शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर न रहे। सांसद मुकेश राजपूत ने भी मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य एवं विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने सभी से स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों के निर्माण के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि उनके परिश्रम एवं लगन का सम्मान है। उन्होंने कहा कि एनआरसी में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों के उपचार एवं विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्यकत्रियां आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के वजन एवं लंबाई का नियमित मापन कर उनके शारीरिक विकास की निगरानी करें। साथ ही बच्चों के टीकाकरण एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करें तथा बच्चों में खून की कमी दूर करने वाले पोषक तत्वों की पूर्ति हेतु अभिभावकों को प्रेरित करें।

तहसील अमृतपुर में भी आयोजित हुआ कार्यक्रम

तहसील अमृतपुर का कार्यक्रम विकासखण्ड सभागार राजेपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासक ब्लॉक राजेपुर पल्लव सोमवंशी, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेपुर अब्दुल यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। तहसील कायमगंज में भी हुआ आयोजन तहसील कायमगंज का कार्यक्रम खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कायमगंज में आयोजित किया गया। इसमें बाल विकास परियोजना कायमगंज, शमसाबाद एवं नवाबगंज की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं क्षेत्रीय मुख्य सेविकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रशासक ब्लॉक कायमगंज श्रीमती अनुराधा दुबे एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

बाढ़ के बीच गूंजी किलकारी: शमसाबाद में स्वास्थ्य एवं तहसील प्रशासन के समन्वित प्रयास से सुरक्षित प्रसव*

फर्रुखाबाद। ढाईघाट पर बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच शमसाबाद विकास खंड क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ मानवीय संवेदनाओं की एक सुखद तस्वीर सामने आई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा एवं समय पर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा तहसील प्रशासन द्वारा लगातार समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी, बीसीपीएम साधना एवं बीपीएम आशुतोष कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने बाढ़ प्रभावित गांवों एवं ढाईघाट मार्ग का सतत भ्रमण करते हुए लगभग 15 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों तक रेस्क्यू कराया। नाव, स्टीमर एवं ट्रैक्टर आदि के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर आवश्यकतानुसार एंबुलेंस से अस्पताल एवं सुरक्षित शिविरों में शिफ्ट किया गया।

इस पूरे अभियान में तहसील प्रशासन की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। क्षेत्रीय लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक लगातार प्रभावित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर जमीनी स्थिति की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि नायब तहसीलदार, तहसीलदार एवं उप-जिलाधिकारी द्वारा मौके पर सतत निरीक्षण एवं प्रभावी पर्यवेक्षण करते हुए बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों को निरंतर संचालित कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय से प्रभावित परिवारों तक राहत एवं आवश्यक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

रेस्क्यू के बाद स्वस्थ रूप से जन्मा बच्चा

इस दौरान दक्षिण पैलानी निवासी आरिफ की पत्नी असलीमन को 7 सितंबर 2026 को 102 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। दोपहर 2:40 बजे भर्ती हुईं असलीमन ने चिकित्सकीय देखरेख में ठीक दो घंटे बाद 4:40 बजे एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। नवजात का वजन 2.53 किलोग्राम है तथा जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। बाढ़ की कठिन परिस्थितियों के बीच प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से समय पर रेस्क्यू, सुरक्षित परिवहन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर एक मां और उसके नवजात को सुरक्षित जीवन देना राहत एवं बचाव कार्यों की मानवीय सफलता का सुखद उदाहरण है। परिवार में नन्हे मेहमान के आगमन से खुशी और राहत का माहौल है।

पीएमश्री की छात्राओं को मिला मेला में मिला करियर का मार्गदर्शन

फर्रुखाबाद । पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में करियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेले में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने छात्राओं को उच्च शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान छात्राओं ने पंख पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही करियर से संबंधित विभिन्न जानकारियों एवं भविष्य की योजनाओं को संकलित करते हुए ‘पंख डायरी’ भी तैयार की। इससे छात्राओं को अपने करियर लक्ष्य निर्धारित करने और उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिली।

कार्यक्रम में धीरेंद्र सिंह, डीन इंजीनियरिंग कॉलेज, मेजर एसडी सिंह विश्वविद्यालय, डॉ. रुचि सिंह, चिकित्सक एवं समाजसेवी, शुभ्रा मिश्रा सीटीआई उद्यमी, मनीष कुमार शर्मा एचओडी नर्सिंग, विजेंद्र सिंह, एचओडी पॉलिटेक्निक, डॉ. दीप सिंह फार्मेसी विभाग,डॉ. प्रभात अवस्थी साहित्यकार एवं राजनीतिज्ञ तथा जनपदीय नोडल शिक्षक पंकज शुक्ला ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया।कार्यक्रम का संचालन शैलजा मौर्य ने किया। कार्यक्रम की संयोजक नोडल शिक्षक सरिता त्रिवेदीने करियर मेले के उद्देश्य के बारे में बताया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षिका ऋचा तिवारी, गरिमा पांडे, आरती यादव, गुलशन जहाँ, दीप्ति सिंह, मीनाक्षी, प्रतिभा, निर्मला सिंह सहित विद्यालय की शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

फाइलों पर ‘रेट’ के आरोप! ₹2 हजार से शुरू हुआ खेल, ₹15 हजार पर अटकी रिपोर्ट; दूसरी फाइल में ₹7,500 का दावा

चकरोट की रिपोर्ट के नाम पर रकम लेने का आरोप, कृषक दुर्घटना बीमा की फाइल में भी लेन-देन का दावा; तहसील सभागार में अधिकारियों के सामने फूट-फूटकर रोया पीड़ित

अमृतपुर फर्रुखाबाद

अमृतपुर तहसील में राजस्व विभाग से जुड़ी दो अलग-अलग फाइलों को लेकर सामने आए कथित लेन-देन के आरोपों ने तहसील की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में चकरोट की रिपोर्ट लगाने के नाम पर ₹2 हजार लेने और बाद में अंतिम रिपोर्ट के लिए ₹15 हजार मांगने का आरोप है। वहीं, कृषक दुर्घटना बीमा की फाइल में ₹7,500 लिए जाने का दावा सामने आया है। फाइल निरस्त होने के बाद रकम वापस मांगने पहुंचे पीड़ित की फरियाद उस समय भावुक हो गई, जब वह तहसील सभागार में अधिकारियों के सामने फूट-फूटकर रो पड़ा।

पहला मामला अमैयापुर गांव के मजरा कन्हई की मड़ैया निवासी मूलचंद पुत्र रामभरोसे से जुड़ा है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बड़ागांव परतापुर के चकरोट के लिए नक्शा दुरुस्तीकरण की फाइल लगाई थी। आरोप है कि संबंधित लेखपाल गौरव यादव ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर ₹2 हजार लिए, लेकिन रिपोर्ट नहीं लगाई। रकम वापस मांगने पर कानूनगो से संपर्क करने को कहा गया। मूलचंद का आरोप है कि कानूनगो से संपर्क करने पर अंतिम रिपोर्ट लगाने के लिए ₹15 हजार की मांग की गई।

दूसरा मामला कुतूलूपुर निवासी श्रीदेवी पत्नी सुरेंद्र शर्मा के परिवार से जुड़ा है। उनके पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता के लिए फाइल लगाई गई थी। परिवार का आरोप है कि संबंधित लेखपाल धीरेन ने फाइल के सिलसिले में रकम ली। पीड़ित के अनुसार, ब्याज पर रुपये लेकर पहले ₹5 हजार, फिर ₹2 हजार और फाइल फीडिंग के नाम पर ₹500 दिए गए।

बाद में बटाईदार होने के आधार पर फाइल निरस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ित तहसील पहुंचा और कथित तौर पर दिए गए रुपये वापस मांगने लगा। मामला तहसील सभागार तक पहुंचा तो पीड़ित अधिकारियों के सामने अपनी व्यथा सुनाते-सुनाते रो पड़ा। उसकी गुहार थी—“साहब, योजना का लाभ नहीं मिला तो हमारे पैसे ही वापस करा दो।”

घटनाक्रम के दौरान पीड़ित को हवालात में बंद किए जाने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई। पीड़ित का कहना था कि वह किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि कथित तौर पर दिए गए अपने रुपये वापस मांगने अधिकारियों के पास आया था।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ऐसे आरोप तहसील दिवस से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच रहे हैं तो तहसील स्तर पर इन शिकायतों को लेकर तत्काल और निष्पक्ष संज्ञान क्यों नहीं लिया जाता? शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं करते?

यदि आरोप निराधार हैं तो जांच कर शिकायतकर्ताओं के सामने स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जाती और यदि आरोपों में प्रथम दृष्टया सच्चाई है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी? आखिर सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों की फाइलों के निस्तारण के बीच कथित रकम के आरोप बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं?

सवाल यह भी है कि उच्च अधिकारी आखिर किस बात पर मौन हैं—शिकायतों की जांच का इंतजार है या फिर फाइलों के साथ ये आरोप भी किसी दूसरी जांच फाइल में दबकर रह जाएंगे?

तहसील कायमगंज के समाचीपुर चितार के 9 परिवारों के 32 को बाढ़ से एनडीआरफ टीम ने बाह4 निकाला

फर्रुखाबाद।

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि एवं ग्राम समाचीपुर चितार के बाढ़ प्रभावित होने की दृष्टिगत आज तहसील कायमगंज प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित करते हुए ग्राम से 09 परिवारों के कुल 32 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकालकर शम्साबाद उपमंडी स्थित बाढ़ शरणालय में सुरक्षित पहुंचाया गया।

बचाव एवं राहत कार्य के दौरान एनडीआरएफ एवं फ्लड पीएसी का बचाव दल आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर उपस्थित रहा तथा सुरक्षित निकासी की कार्रवाई में सहयोग प्रदान किया।

मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, उपजिलाधिकारी कायमगंज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष शम्साबाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मौके पर स्थिति का निरंतर जायजा लेते हुए बचाव एवं राहत कार्यों की सतत निगरानी की गई तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों एवं बचाव दलों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है।

आईएमए फर्रुखाबाद की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

फर्रुखाबाद । इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) फर्रुखाबाद का स्थापना समारोह एक गेस्ट हाउस में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने कार्यभार ग्रहण किया। डॉ. कविता शर्मा ने अध्यक्ष, डॉ. इमरान अली ने सचिव तथा डॉ. पुनीत रस्तोगी ने कोषाध्यक्ष का पद संभाला।

समारोह की मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बिंदिया भटनागर रहीं। उन्होंने चिकित्सकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में निवर्तमान सचिव डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने पिछले दो वर्षों की विस्तृत कार्यप्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने आईएमए फर्रुखाबाद द्वारा आयोजित चिकित्सा जागरूकता कार्यक्रमों, सीएमई, सामाजिक सेवा एवं अन्य गतिविधियों का उल्लेख किया। डॉ. अनुराग अग्रवाल ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. बिपुल अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला।

डॉ. अरविंद गुप्ता ने आज के दौर में चिकित्सकों के सामने आ रही चुनौतियों पर विचार रखते हुए कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और कार्य के अनुकूल वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा एवं सचिव डॉ. इमरान अली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आईएमए फर्रुखाबाद को नई ऊर्जा, एकता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। दोनों ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

आलू किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को चेताया कि यदि समस्या हल न हुई विधानसभा का घिराव करने की बनाई रणनीति

ऐतिहासिक आलू मंडी से प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी ने आलू की माला पहनी और आलू सिर पर रखकर कलेक्ट्रेट के लिए निकले, सैकड़ो आलू किसानों का जत्था नारे लगाते हुए चल रहे थे,

फर्रुखाबाद। जनपद के आलू किसानों की समस्या को लेकर सोमवार को किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में आलू उत्पादक किसान अपने-अपने अपने गले में आलू की माला पहन कर कलेक्ट्रेट के लिए निकले और कलेक्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र जिला अधिकारी को दिया है जिसमें प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसानों की आलू किसानों की समस्या का जल निस्तारण नहीं होता है तो हजारों की संख्या में किसान विधानसभा का घिराव करने लखनऊ जाएंगे उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज से आलू की निकासी काम हो रही है जिस कारण आलू सड़ने की कगार पर पहुंच गया है उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो 24 घंटे के अंदर समस्या का हाल निकल सकता है और आलू किसानों को इसका लाभ भी समय रहते मिल जाए तो आगामी फसल के लिए उन्हें किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।

आलू की सरकारी ख़रीद, किसानों को दिया जाए समर्थन मूल्य मिलना चाहिए उन्होंने कहा कि आलू की बर्बादी को रोकने के लिए सरकार को आलू नीति बनानी चाहिए, पिछले वर्षों की अपेक्षा इस समय कोल्डस्टोरेज में भण्डारित आलू की निकासी कम होने पर चौथाई आलू को फेंकने की नौबत आ सकती है, ऐसे हालात में कोल्डस्टोरेज में भण्डारित आलू का भण्डार शुल्क किसान से न लिया जाए पूरा-पूरा सरकार अपने पास से जमा कर ने की मांग की है । इस मौके पर राजेन्द्रसिंह पाल, मंडल उपाध्यक्ष अरविन्द राजपूत, प्रवीन पाल, सुरेश चन्द्र पाल,डा महिपाल सिंह राजपूत मौजूद रहे।

जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रथम

फर्रुखाबाद। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा माध्यमिक के निर्देशानुसार स्कूली विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं सामूहिक भावना को विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर, श्याम नगर, फर्रुखाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, जबकि मदन मोहन कनोडिया इंटर कॉलेज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनपद नोडल अधिकारी आरती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में सुनीता पांडे, मनीष दुबे एवं शैलजा मौर्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागी विद्यालयों के बैंड दलों की प्रस्तुति, अनुशासन, तालमेल एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शानदार बैंड प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करती हैं।