फाइलों पर ‘रेट’ के आरोप! ₹2 हजार से शुरू हुआ खेल, ₹15 हजार पर अटकी रिपोर्ट; दूसरी फाइल में ₹7,500 का दावा

चकरोट की रिपोर्ट के नाम पर रकम लेने का आरोप, कृषक दुर्घटना बीमा की फाइल में भी लेन-देन का दावा; तहसील सभागार में अधिकारियों के सामने फूट-फूटकर रोया पीड़ित

अमृतपुर फर्रुखाबाद

अमृतपुर तहसील में राजस्व विभाग से जुड़ी दो अलग-अलग फाइलों को लेकर सामने आए कथित लेन-देन के आरोपों ने तहसील की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में चकरोट की रिपोर्ट लगाने के नाम पर ₹2 हजार लेने और बाद में अंतिम रिपोर्ट के लिए ₹15 हजार मांगने का आरोप है। वहीं, कृषक दुर्घटना बीमा की फाइल में ₹7,500 लिए जाने का दावा सामने आया है। फाइल निरस्त होने के बाद रकम वापस मांगने पहुंचे पीड़ित की फरियाद उस समय भावुक हो गई, जब वह तहसील सभागार में अधिकारियों के सामने फूट-फूटकर रो पड़ा।

पहला मामला अमैयापुर गांव के मजरा कन्हई की मड़ैया निवासी मूलचंद पुत्र रामभरोसे से जुड़ा है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत में उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बड़ागांव परतापुर के चकरोट के लिए नक्शा दुरुस्तीकरण की फाइल लगाई थी। आरोप है कि संबंधित लेखपाल गौरव यादव ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर ₹2 हजार लिए, लेकिन रिपोर्ट नहीं लगाई। रकम वापस मांगने पर कानूनगो से संपर्क करने को कहा गया। मूलचंद का आरोप है कि कानूनगो से संपर्क करने पर अंतिम रिपोर्ट लगाने के लिए ₹15 हजार की मांग की गई।

दूसरा मामला कुतूलूपुर निवासी श्रीदेवी पत्नी सुरेंद्र शर्मा के परिवार से जुड़ा है। उनके पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता के लिए फाइल लगाई गई थी। परिवार का आरोप है कि संबंधित लेखपाल धीरेन ने फाइल के सिलसिले में रकम ली। पीड़ित के अनुसार, ब्याज पर रुपये लेकर पहले ₹5 हजार, फिर ₹2 हजार और फाइल फीडिंग के नाम पर ₹500 दिए गए।

बाद में बटाईदार होने के आधार पर फाइल निरस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ित तहसील पहुंचा और कथित तौर पर दिए गए रुपये वापस मांगने लगा। मामला तहसील सभागार तक पहुंचा तो पीड़ित अधिकारियों के सामने अपनी व्यथा सुनाते-सुनाते रो पड़ा। उसकी गुहार थी—“साहब, योजना का लाभ नहीं मिला तो हमारे पैसे ही वापस करा दो।”

घटनाक्रम के दौरान पीड़ित को हवालात में बंद किए जाने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई। पीड़ित का कहना था कि वह किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि कथित तौर पर दिए गए अपने रुपये वापस मांगने अधिकारियों के पास आया था।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ऐसे आरोप तहसील दिवस से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच रहे हैं तो तहसील स्तर पर इन शिकायतों को लेकर तत्काल और निष्पक्ष संज्ञान क्यों नहीं लिया जाता? शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं करते?

यदि आरोप निराधार हैं तो जांच कर शिकायतकर्ताओं के सामने स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जाती और यदि आरोपों में प्रथम दृष्टया सच्चाई है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी? आखिर सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों की फाइलों के निस्तारण के बीच कथित रकम के आरोप बार-बार क्यों सामने आ रहे हैं?

सवाल यह भी है कि उच्च अधिकारी आखिर किस बात पर मौन हैं—शिकायतों की जांच का इंतजार है या फिर फाइलों के साथ ये आरोप भी किसी दूसरी जांच फाइल में दबकर रह जाएंगे?

तहसील कायमगंज के समाचीपुर चितार के 9 परिवारों के 32 को बाढ़ से एनडीआरफ टीम ने बाह4 निकाला

फर्रुखाबाद।

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि एवं ग्राम समाचीपुर चितार के बाढ़ प्रभावित होने की दृष्टिगत आज तहसील कायमगंज प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित करते हुए ग्राम से 09 परिवारों के कुल 32 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकालकर शम्साबाद उपमंडी स्थित बाढ़ शरणालय में सुरक्षित पहुंचाया गया।

बचाव एवं राहत कार्य के दौरान एनडीआरएफ एवं फ्लड पीएसी का बचाव दल आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर उपस्थित रहा तथा सुरक्षित निकासी की कार्रवाई में सहयोग प्रदान किया।

मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, उपजिलाधिकारी कायमगंज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष शम्साबाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मौके पर स्थिति का निरंतर जायजा लेते हुए बचाव एवं राहत कार्यों की सतत निगरानी की गई तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों एवं बचाव दलों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है।

आईएमए फर्रुखाबाद की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

फर्रुखाबाद । इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) फर्रुखाबाद का स्थापना समारोह एक गेस्ट हाउस में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने कार्यभार ग्रहण किया। डॉ. कविता शर्मा ने अध्यक्ष, डॉ. इमरान अली ने सचिव तथा डॉ. पुनीत रस्तोगी ने कोषाध्यक्ष का पद संभाला।

समारोह की मुख्य अतिथि सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बिंदिया भटनागर रहीं। उन्होंने चिकित्सकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में निवर्तमान सचिव डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने पिछले दो वर्षों की विस्तृत कार्यप्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने आईएमए फर्रुखाबाद द्वारा आयोजित चिकित्सा जागरूकता कार्यक्रमों, सीएमई, सामाजिक सेवा एवं अन्य गतिविधियों का उल्लेख किया। डॉ. अनुराग अग्रवाल ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत की। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. बिपुल अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा संस्था की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला।

डॉ. अरविंद गुप्ता ने आज के दौर में चिकित्सकों के सामने आ रही चुनौतियों पर विचार रखते हुए कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और कार्य के अनुकूल वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा एवं सचिव डॉ. इमरान अली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आईएमए फर्रुखाबाद को नई ऊर्जा, एकता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। दोनों ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

आलू किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को चेताया कि यदि समस्या हल न हुई विधानसभा का घिराव करने की बनाई रणनीति

ऐतिहासिक आलू मंडी से प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी ने आलू की माला पहनी और आलू सिर पर रखकर कलेक्ट्रेट के लिए निकले, सैकड़ो आलू किसानों का जत्था नारे लगाते हुए चल रहे थे,

फर्रुखाबाद। जनपद के आलू किसानों की समस्या को लेकर सोमवार को किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में आलू उत्पादक किसान अपने-अपने अपने गले में आलू की माला पहन कर कलेक्ट्रेट के लिए निकले और कलेक्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र जिला अधिकारी को दिया है जिसमें प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसानों की आलू किसानों की समस्या का जल निस्तारण नहीं होता है तो हजारों की संख्या में किसान विधानसभा का घिराव करने लखनऊ जाएंगे उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज से आलू की निकासी काम हो रही है जिस कारण आलू सड़ने की कगार पर पहुंच गया है उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो 24 घंटे के अंदर समस्या का हाल निकल सकता है और आलू किसानों को इसका लाभ भी समय रहते मिल जाए तो आगामी फसल के लिए उन्हें किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।

आलू की सरकारी ख़रीद, किसानों को दिया जाए समर्थन मूल्य मिलना चाहिए उन्होंने कहा कि आलू की बर्बादी को रोकने के लिए सरकार को आलू नीति बनानी चाहिए, पिछले वर्षों की अपेक्षा इस समय कोल्डस्टोरेज में भण्डारित आलू की निकासी कम होने पर चौथाई आलू को फेंकने की नौबत आ सकती है, ऐसे हालात में कोल्डस्टोरेज में भण्डारित आलू का भण्डार शुल्क किसान से न लिया जाए पूरा-पूरा सरकार अपने पास से जमा कर ने की मांग की है । इस मौके पर राजेन्द्रसिंह पाल, मंडल उपाध्यक्ष अरविन्द राजपूत, प्रवीन पाल, सुरेश चन्द्र पाल,डा महिपाल सिंह राजपूत मौजूद रहे।

जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रथम

फर्रुखाबाद। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा माध्यमिक के निर्देशानुसार स्कूली विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं सामूहिक भावना को विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर, श्याम नगर, फर्रुखाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, जबकि मदन मोहन कनोडिया इंटर कॉलेज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनपद नोडल अधिकारी आरती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में सुनीता पांडे, मनीष दुबे एवं शैलजा मौर्य सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागी विद्यालयों के बैंड दलों की प्रस्तुति, अनुशासन, तालमेल एवं प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शानदार बैंड प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करती हैं।

अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक का कार्यवृत्त*

कानपुर। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सरदार पटेल सेवा संस्थान, विराट नगर, कानपुर में उत्तर प्रदेश की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। सर्व प्रथम सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा पर सी एल गंगवार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी तथा चौधरी शैलेन्द्र पटेल प्रदेश अध्यक्ष के साथ उपस्थित बहुत से समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सरदार पटेल सेवा संस्थान के हाल में सरदार पटेल के चित्र पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित कर पदाधिकारियों को मंचासीन कराकर माल्यार्पण करके उनका स्वागत किया गया। मंच पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी एल गंगवार उत्तर प्रदेश प्रभारी, चौधरी शैलेन्द्र पटेल प्रदेश अध्यक्ष जिनकी अध्यक्षता में आज का कार्यक्रम संपन्न हुआ, योगेन्द्र सचान प्रदेश महासचिव, राधे श्याम पटेल पूर्व विधायक एवं संरक्षक, अवधेश निरंजन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी, छेदालाल शास्त्री प्रदेश अध्यक्ष पुरोहित प्रकोष्ठ, अजीत सिंह प्रदेश कोषाध्यक्ष, डा० स्नेहलता उमराव राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महिला, की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रयागराज, झांसी, लखनऊ, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, इटावा, कानपुर, बरेली आदि जनपदों से पदाधिकारी उपस्थित हुए।

सर्व प्रथम पटेल कैलाश चन्द उमराव वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के इतिहास इसके उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सन 1894 में किन परिस्थितियों में महासभा का गठन बाबू गेंदनलाल कटियार और कैप्टन रामाधीन सिंह जी ने किया उसका सारा वृत्तांत सम्मानित सदस्यों को बताया। लखनऊ के जिला अध्यक्ष इं० जयकरन पटेल ने समाज को संगठित होकर अपनी ताकत दिखाने का आह्वान किया। इटावा के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा ने अपने जनपद की जनवरी 26 से अगस्त 26 तक की प्रगति रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की, इटावा इकाई के कार्यों की संपूर्ण सदन ने तारीफ की और सभी जनपदों को इससे प्रेरणा लेने को कहा। प्रयागराज के महासचिव शिवमूरत पटेल ने अपने जनपद की प्रगति में बताया कि उनके जनपद का खाता खुल गया है इस समय 125 आजीवन सदस्य हैं। जनपद में 11 ब्लाक इकाइयों का गठन किया गया है, मासिक बैठक निरंतर होती है। लखीमपुर-खीरी के जिला अध्यक्ष संजय पटेल ने अपने जनपद की प्रगति रिपोर्ट में बताया कि अभी 5 आजीवन सदस्य बने हैं और 15 फार्म प्रोसिस में हैं। उन्होंने जनपद की कार्यकारिणी के गठन के लिए प्रदेश से मदद चाही। देवरिया से पधारे रीतेश पटेल ने बताया कि उन्होंने प्रथम बार प्रदेश स्तर की बैठक में प्रतिभाग किया, आस पास के जनपदों की रुपरेखा तैयार की है जिसके लिए 13 सितंबर को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा, संगठन का विस्तार किया जाएगा और समाज के पीड़ितों के लिए 50 लोगों की समिति जिला प्रशासन से मिलकर पीड़ित को न्याय दिलाने का काम किया जायेगा। कानपुर नगर के जिला अध्यक्ष प्रदीप कटियार ने अपने जनपद की प्रगति रिपोर्ट में बताया कि अभी तक 105 आजीवन सदस्य बनाए गये है, खाता खुल गया है। सभी वार्डों में समितियों का गठन करना है, 5 बार्डों में समितियों का गठन किया गया है। समाज की स्मारिका प्रकाशन पर काम चल रहा है। महिला समिति गृह उद्योग का काम चालू है, युवा समिति भी अपना काम कर रही है। प्रतिभावान और गरीब छात्रों को सम्मानित करने और आर्थिक सहयोग करने का काम चालू है। कुरीतियों और रुढ़िवादी व्यवस्था को समाप्त करने के लिए समाज को जागरूक किया जाता है। देवरिया से ही रविकर पटेल ने बताया कि वह पूर्वांचल में प्रदेश का अधिवेशन कराने की मांग रखते हैं, 13 सितंबर को गोरखपुर मंडल में सभी जनपदों की कार्यकारिणी का गठन प्रदेश अध्यक्ष जी की गरिमामय उपस्थिति में किया जायेगा। रायबरेली के महासचिव अभिषेक चौधरी ने बताया कि अध्यक्ष जी का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से जनपद में गतिविधियां धीमी है, आजीवन सदस्य अभी नहीं बने हैं लेकिन लोगों को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। झांसी जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र प्रकाश निरंजन ने अपने जनपद की प्रगति रिपोर्ट में बताया कि 105 कुर्मी ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। सरदार पटेल संस्थान के निर्माण के लिए भूमि खरीद ली गई है। कुरीतियों को समाप्त करने का काम निरंतर जारी है। प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान ने प्रदेश के पदाधिकारियों को उनके दायित्व और कर्तव्यों की जानकारी से अवगत कराया। प्रदेश और जिलों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति करने का दायित्व प्रदेश पदाधिकारियों का है। सरकारी कार्यों में समाज के लोगों की मदद करना जिला इकाई का दायित्व है। वर्ष 2026 में ही लखनऊ से 200 आजीवन सदस्य बनाये जायेंगे। इटावा से पधारे कर्नाटक प्रदेश की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य इं० अजय वर्मा ने जबलपुर अधिवेशन में लॉन्च की गई बेवसाइट www.abkkm.co.in के संचालन का प्रशिक्षण सभी उपस्थित सदस्यों को दिया जिसमें कल ही 38 लोगों ने अपना पंजीकरण किया। बेवसाइट पर प्रत्येक जनपद अपने जनपद की गतिविधियों को सीधे अपलोड कर सकेंगे।

बुंदेलखंड प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अवधेश निरंजन झांसी से अपनी टीम लेकर पधारे थे उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद के पदाधिकारी अपने जनपद में सजातीय अधिकारियों से अवश्य मुलाकात करें। समाज के लिए भवन निर्माण हेतु 3500 वर्ग फुट जमीन खरीदी गई है इससे पहले 3000 वर्ग फुट जमीन खरीदी गई थी। समाज के सक्षम लोग जमीन दान करें ताकि प्रत्येक जनपद में समाज का अपना संस्थान बन सके। प्रदेश अध्यक्ष प्रत्येक माह जिलों के लिए एजेंडा जारी करें जिस पर जनपद कार्य करे और अपनी रिपोर्ट माह के अंत में प्रस्तुत करे। समाज के लोगों के साथ हो रही घटनाओं का ज्ञापन शासन प्रशासन को प्रत्येक जनपद अवश्य दे। आजीवन सदस्यता के लिए 100 फार्म की मांग की गई है। सभी जनपद अपने जनपद में कोई भी कार्यक्रम करायें उसमें जनपद के समाज के अधिकारियों को अवश्य आमंत्रित करें। दहेज लेना बंद करें और मृत्यु भोज का पुरजोर विरोध करें। किसी भी चुनाव में समाज का उम्मीदवार यदि है तो उसे अवश्य जिताने का प्रयास करें। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर के प्रोफेसर डा० सी पी सिंह गंगवार ने बताया कि बांदा जनपद में मृत्यु के उपरांत ब्राह्मण उस परिवार से आत्मा की शांति हेतु पूरे साल भर गल्ला लेता है, ऐसी कुरीतियों को तुरंत बंद किया जाए और बच्चों को पढ़ाया जाये। 1992 से पूर्व उत्तर प्रदेश में समाज का कोई भी व्यक्ति सीधे आईएएस नहीं बन सका। मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू होने के बाद समाज के लोग आईएएस बन पाये, आज उत्तर प्रदेश से समाज के 55 आईएएस अधिकारी सीधे बनकर आये है। इटावा से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महिला डा० स्नेहलता उमराव ने अपने संबोधन में कहा कि आधी आबादी को साथ लेकर चलना संतुलन बनाना है। महिलाओं की समस्याएं कैसे जानकारी में आयेंगी उनको कौन अवगत करायेगा कि महिलाओं की ये मूल और प्राथमिक समस्याएं समाज में है उनका निराकरण समाज को करना है यह सब जानने के लिए महिलाओं को भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा और पर्दा प्रथा से बाहर निकलना होगा। बच्चियों को शिक्षा की ओर ले जाना होगा। युवा पीढ़ी को संगठन में अधिक से अधिक जोड़ा जाए। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान अवश्य करें उनके साथ बैठकर समाज के विकास के लिए उनके अनुभव प्राप्त करें। समाज सेवा का मतलब ही है बच्चों महिलाओं बुजुर्गों गरीबों पीड़ितों की मदद करना ही सच्ची समाज सेवा करना है। श्री राधे श्याम पटेल पूर्व विधायक एवं संरक्षक ने अपने आशीर्वाद स्वरूप शब्दों में कहा कि समाज के युवाओं और महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में भी पदार्पण करना चाहिए। बिना राजनीति के समाज का विकास करना संभव नहीं है। मुख्य अतिथि सी एल गंगवार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा 132 वर्ष पुराना संगठन है जिसे पिछली 3-4 पीढ़ियों ने मिलकर बनाया है अब उसे चलाने की जिम्मेदारी हमारी है। जिलों की कार्यकारिणी अपने अपने जनपद में कार्यक्रम की रुपरेखा बनाने के लिए सक्षम है, अधिक जानकारी प्रदेश स्तरीय समिति से प्राप्त कर सकते हैं। समाज सेवा के लिए किसी उम्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वो स्वयं 48 वर्षों से अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा से जुड़े हुए हैं और 60 वर्ष से समाज सेवा कर रहे हैं। अंत में कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शैलेन्द्र पटेल ने कहा काफी दूर दराज जनपदों से आप सभी ऐसे मौसम के बावजूद समाज हित में एकत्र हुए हैं ये बहुत बड़ी एकता को प्रदर्शित करता है। आगामी नवंबर 26 में प्रदेश का अधिवेशन आयोजित कराने का प्रयास है जो पूर्वांचल में आयोजित करने पर विचार हो रहा है। 13 सितंबर को देवरिया में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में जाना है वहां पर चर्चा करेंगे और व्यवस्था का अवलोकन करेंगे। कोशिश करुंगा कि आगामी प्रदेश अधिवेशन देवरिया में आयोजित हो जिसमें आर्थिक मदद के लिए प्रदेश के भामाशाह जनों से सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज का व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है उसकी मदद करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व होना चाहिए। सभी को ऐसे व्यक्ति का समर्थन करना चाहिए। एक दूरदृष्टता दिखाते हुए समाज के अधिकारियों से अपने काम के लिए उनके आवास पर मिलना चाहिए कार्यालय में उनसे सीधे मिलने से बचना चाहिए, अपनी समस्या उनसे बतायें जिसे सार्वजनिक न करें गोपनीय रखें ताकि आपका काम करने के बाद उनका शोषण सत्ता और शासन ने करे, ऐसा करने से आपकी समस्या का निदान अवश्य ही होगा। प्रदेश अध्यक्ष जी ने आज ही रामनाथ पटेल (प्रयागराज) को प्रदेश का संगठन सचिव और अनिल कुमार सिंह को गोरखपुर का जिला अध्यक्ष मनोनीत कर मनोनयन पत्र सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव और प्रदेश संगठन मंत्री डा० श्रीकांत वर्मा द्वारा किया गया। डा० श्रीकांत वर्मा प्रदेश संगठन मंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह के पहले शनिवार को रात्रि 8:00 बजे जूम मीटिंग आहुत की जायेगी जिसमें समस्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शामिल होना अनिवार्य है। कोई भी पदाधिकारी किसी व्यक्तिगत कारणों से किसी एक माह में जूम मीटिंग में नहीं जुड़ सकता है तो उसे ग्रुप में मैसेज करके अवगत अवश्य कराया जाए। अकारण मीटिंग में न जुड़ना संगठन और समाज के प्रति उदासीनता माना जायेगा और निरंतर तीन माह की मीटिंग में अनुपस्थित पाए जाने पर पद से पदच्युत भी किया जा सकता है।

अंत में प्रदेश कोषाध्यक्ष अजीत सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों/पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करके बैठक समाप्त की घोषणा की।

राष्ट्रीय लोक अदालत 12 की तैयारी बैठक सम्पन्न

फर्रुखाबाद। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज कुमार के निर्देश पर संजय कुमार - VI अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता में एडीआर भवन में सम्पन्न हुई । इस बैठक का संचालन बिंदिया भटनागर पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया।

आज की तैयारी बैठक में नोडल अधिकारी द्वारा लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट मामलों से सम्बन्धित अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 सितंबर 2026 में चिन्हित किये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये तथा चिन्हित मामलों का विवरण प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है।

धारा 138 एनआई एक्ट से सम्बन्धित अबतक कुल 113 मामले चिन्हित एवं लघु आपराधिक मामलों से सम्बन्धित अबतक कुल 3566 मामले चिन्हित किये जा चुके हैं।

आज की तैयारी बैठक में प्रीतीमाला चतुर्वेदी मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, जयवीर सिंह अपर सिविल जज (सी०डि०), युगुल शम्भु अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्वेता तिवारी अपर सिविल जज (सी०डि०), आकाश गुप्ता सिविल जज, इशिता सिंह सिविल जज (जू०डि०) सिटि, ओमश्री चौरसिया जे०एम० सदर, सुबुक मुस्कान सिविल जज (जू०डि०) हवाली, प्रशान्त कौशिक अपर सिविल जज (जू०डि०)-07, हिमांशू नौटियाल अपर सिविल जज, गुलफसा अपर सिविल जज (जू०डि०)-02. श्वेता कश्यप अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट नं 03. दीपका रानी अपर सिविल जज (जू०डि०) जे०एम० - 06 ज्योती सागर सिविल जज (जू०डि०) एफटीसी-02 एवं शिवानी सिविल जज (जू०डि0) एफटीसी-01 आदि न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

अमैैयापुर पुलिया पर मनमानी का खेल, सुरक्षा संकेतक उखाड़कर पानी में फेंके

मछली पकड़ने वालों ने जलकुंभी निकालकर रास्ते में डाली, आवागमन बाधित; जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल

अमृतपुर फर्रुखाबाद

राजेपुर-गुंडेरा मार्ग पर स्थित अमैयापुर पुलिया पर राहगीरों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सुरक्षा संकेतक चिह्नों से कुछ शरारती तत्वों ने खिलवाड़ शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पुलिया पर लगाए गए सुरक्षा संकेतकों को कथित तौर पर उखाड़कर बहते पानी में फेंक दिया गया। इससे पुलिया से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि पुलिया पर लगाए गए सुरक्षा संकेतक हिल रहे थे। इसी का फायदा उठाकर कुछ खुराफाती लोगों ने उन्हें उखाड़कर पानी में फेंक दिया। पुलिया पर अक्सर लोगों की भीड़ भी जमा रहती है और लोग घंटों बैठकर समय गुजारते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति न तो लोगों में गंभीरता दिखाई दे रही है और न ही संबंधित विभाग की प्रभावी निगरानी नजर आ रही है।

वहीं, पुलिया के पास मछली पकड़ने वाले कुछ युवकों द्वारा पानी से जलकुंभी निकालकर उसे आवागमन वाले रास्ते पर ही डाल दिया गया। इससे राहगीरों के निकलने में परेशानी हो रही है और रास्ता बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया और आसपास के क्षेत्र में मनमानी बढ़ती जा रही है, लेकिन रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा संकेतकों को दोबारा लगवाने, उन्हें नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा आवागमन बाधित करने वालों पर रोक लगाने की मांग की है।

एसडीएम श्वेता साहू का पक्ष जानने के लिए उनके दूरभाष नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

आईएमए फर्रुखाबाद की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

दो चौकी प्रभारियो को कर दिया लाइन हाज़िर

फर्रुखाबाद । जनपद की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बीती रात दो चौकी चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर अनेकों चौकी प्रभारियों के तबादले किए हैं। एसपी ने याकूतगंज पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार एवं फैजाबाद पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने पुलिस लाइन के उप निरीक्षक विनोद कुमार की प्रभारी चौकी याकूतगंज में तैनाती की है, सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार को कुआं खेड़ा का प्रभारी चौकी बनाया गया।

कुआं खेड़ा के प्रभारी चौकी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार को सेंट्रल जेल प्रभारी चौकी पद पर भेजा गया। कोतवाली मोहम्मदाबाद के उप निरीक्षक कपिल कुशवाहा को ताजपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया। कोतवाली कायमगंज के उपरीक्षक अरविंद कुमार की प्रभारी चौकी मंडी कायमगंज में तैनाती की गई। कोतवाली फर्रुखाबाद के उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश पांडे की तैनाती प्रभारी चौकी रेलवे रोड पर की गई। कोतवाली मोहम्मदाबाद के उप निरीक्षक हरीश कुमार को फैजाबाद चौकी का प्रभारी बनाया गया, कोतवाली फतेहगढ़ के उप निरीक्षक वीर सिंह यादव को प्रभारी चौकी सरह नियूक्त किया गया।