मायावती का बड़ा फैसला: अब अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा
- ऑल इंडिया बैठक में गठबंधन की अटकलों पर विराम, आकाश आनंद को फिलहाल नहीं मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ऑल इंडिया बैठक में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा अब देश में होने वाले छोटे-बड़े सभी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। इसके साथ ही पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर चल रही गठबंधन की चर्चाओं पर भी फिलहाल विराम लग गया है।
मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के हितों की रक्षा और शोषित वर्ग को सत्ता में भागीदारी दिलाना बसपा का मूल मिशन है। उन्होंने कहा कि इस मिशन को आगे बढ़ाने और व्यवस्था में प्रभावी बदलाव के लिए सत्ता हासिल करना जरूरी है। पार्टी इसी उद्देश्य के साथ आगे चुनावी मैदान में उतरेगी।

- आकाश आनंद को लेकर भी मायावती का बड़ा बयान
बैठक में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर भी मायावती ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को पार्टी में काम करने की अनुमति है, लेकिन अभी उन्हें और परिपक्व होने की जरूरत है। जब तक वह पर्याप्त रूप से परिपक्व नहीं होते, तब तक उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
मायावती के इस रुख को आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में आकाश आनंद को शामिल नहीं किए जाने की भी चर्चा है। इस घटनाक्रम के बाद उनके समर्थक खेमे में भी मायूसी और खामोशी की स्थिति बताई जा रही है।
बसपा सुप्रीमो के ताजा फैसले से पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति और संगठन में जिम्मेदारियों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। अब पार्टी के सामने अपने संगठन को मजबूत करते हुए बिना गठबंधन चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती होगी।
यूपी में बारिश से नदियां उफान पर, 15 की मौत

- मंदाकिनी खतरे के निशान से ढाई मीटर ऊपर, चित्रकूट के 36 गांव प्रभावित; पांच जिलों में स्कूल बंद


लखनऊ, 3 सितंबर। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण चित्रकूट में मंदाकिनी नदी फिर उफान पर है। खतरे के निशान से नीचे आने के बाद नदी का जलस्तर दोबारा करीब ढाई मीटर ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ के कारण जिले के करीब 36 गांव प्रभावित हुए हैं।
प्रयागराज में भी गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं लखीमपुर खीरी में शारदा नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश के कारण मकान और दीवारें गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

- चित्रकूट समेत पांच जिलों में स्कूल बंद
चित्रकूट में लगातार तेज बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 3 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और बलिया में भी बृहस्पतिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

- सितंबर के पहले सप्ताह में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक सितंबर के पहले सप्ताह में बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों के साथ तराई तथा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार को बुंदेलखंड, दक्षिणी जिलों, तराई और मध्यांचल के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। मिर्जापुर में सर्वाधिक 161 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। नदियों के बढ़ते जलस्तर और लगातार बारिश को देखते हुए प्रभावित जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने तथा संवेदनशील इलाकों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जन्माष्टमी पर ब्रज को योगी की 977 करोड़ की सौगात
- 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, आवास लाभार्थियों को 72 करोड़ से अधिक की सहायता

- आज 3 सितंबर को दो दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन और गोसेवा
मथुरा / लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से दो दिवसीय मथुरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान ब्रज क्षेत्र में विकास की कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। मुख्यमंत्री करीब 977 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ रुपये से अधिक की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी जाएगी।

- स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का उद्घाटन
मुख्यमंत्री का दो दिवसीय प्रवास विकास कार्यों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से भी जुड़ा होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3 सितंबर को दोपहर में वृंदावन के पवनहंस हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे गीता शोध संस्थान जाएंगे और नवनिर्मित श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस प्रेक्षागृह में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रो-पुअर परियोजना से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। वे वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होने के साथ संतों से भेंट करेंगे और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराएंगे। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित करने के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।

- ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। बैठक में ब्रज क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं, पर्यटन सुविधाओं और तीर्थ विकास से जुड़े कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री वृंदावन स्थित होटल विवांता में आयोजित ‘पंचायत आज तक’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे वृंदावन में विकसित ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण कर वहां किए गए विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में बने अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

- जन्मभूमि में दर्शन और गो पूजन
मुख्यमंत्री 4 सितंबर की सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां वे गो पूजन करेंगे और इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री मथुरा से प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास को लेकर ब्रज में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जन्माष्टमी के मौके पर होने वाले इन कार्यक्रमों में धार्मिक आस्था के साथ विकास परियोजनाओं को प्रमुखता दिए जाने से मथुरा-वृंदावन में धर्म, संस्कृति, पर्यटन और विकास का संगम देखने को मिलेगा।
प्रतिभा को कूड़ेदान में रखने वाला राष्ट कभी भी विकसित नहीं हो सकता:  सूरज प्रसाद चौबे राष्ट्रीय अध्यक्ष
लखनऊ। रिजर्वेशन रिफॉर्म,संवैधानिक सवर्ण आयोग का गठन, यूजीसी काला कानून वापस हो के लिए सवर्ण समाज का धरना वाराणसी जो प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है में आज पांचवे दिन भी जारी रहा धरना स्थल वरुण नदी के शास्त्री घाट पर सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे भी आज पांचवे दिन भी धरना में शामिल हुए, उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सवर्ण क्रांति की शुरुआत हो चुकी है आज पूरे देश में सवर्ण समाज   सड़क पर उतर गया है, चौबे ने कल अग्रव में शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे सवर्ण समाज के ऊपर पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा की गई लाठी चार्ज की निंदा करते हुए मांग की गई कि जब एसीपी आगरा मना कर रहे थे उसके बाद भी इंस्पेक्टर सवर्ण पर लाठियां वर्षा रहा था जबकि सवर्ण समाज के लोग शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे मांग करते हैं कि पुलिस इंस्पेक्टर को निलम्बित करते हुए बिना किसी कारण लाठी मारने पीटने को FIR दर्ज किया जाय चौबे ने आगे कहा कि दलित का शोषण नहीं होना चाहिए ये बात तो ठीक है।

लेकिन क्या ब्राह्मण इंसान नहीं है क्या सवर्ण इंसान नहीं है उनका भी तो  शोषण नहीं होना चाहिए, केंद्रीय सरकार राज्य की सरकार सामान्य वर्ग के लिए दमन कारी कानून ला रही है यूजीसी एक ऐसा कानून है जो सामान्य वर्ग के बच्चे को अपराधी एवं शोषण करता बता रहा है,सामान्य वर्ग के छात्र,छात्रा के साथ अत्याचार उत्पीड़न हो तो यह जातीय भेद भाव नहीं माना जाएगा केवल दलित ओबीसी के बच्चों के साथ ही जातीय भेद भाव यूजीसी के तहत माना जाएगा हमे समान अवसर योग्यता MERIT का सम्मान चाहिए बाप एससीएसटी एक्ट में जेल जाए बेटा यूजीसी में यह दमन कारी कानून वापस होना चाहिए। संविधान में आरक्षण इसलिए शुरू किया गया था ताकि दबे कुचले को ऊपर उठाव जा सके उन्हें विकाश की मुख्य धारा में लाया जा सके लेकिन आज DIG IG DM DGP SP गवर्नर मंत्री सांसद विधायक यहां तक की राष्ट्रपति के बच्चे भी इन फायदा का लाभ ले रहे हैं जो लोग आरक्षण का इस्तेमाल करके विकास की मुख्य धारा में आ चुके हैं उन्हें इससे बाहर किया जाना चाहिए। आरक्षण एक बार ही मिलना चाहिए पढ़ाई में आरक्षण एडमिशन में आरक्षण नौकरी में आरक्षण प्रमोशन में आरक्षण यह नहीं होना चाहिए।

कटअफ मार्क्स समान होना चाहिए यह नहीं होना चाहिए कि सवर्ण का बच्चे को 95 कटाफ हो दूसरे वर्ग के बच्चे का 30 हों इससे प्रतिभा की हत्या होती है उसी कारण से सवर्ण बच्चे कुंठा से ग्रसित हो कर आत्म हत्या तक कर रहे हैं प्रतिभा को कूड़े दान में रखने वाला राष्ट कभी भी विकसित नहीं हो सकता। सवर्ण समाज का धरना अनिश्चित कालीन धरना जब तक चलेगा तब तक सरकार दमन कारी कानून वापस नहीं लेती है सवर्ण होना गुनाह नहीं है सवर्ण भी इसी देश के नागरिक हैं सवर्ण के सहयोग से समर्थन से ही बीजेपी की सरकार बनी है आज उन्हीं के अस्तित्व को मिटाने का कुचक्र रचा जा रहा है न्याय पाना हमारा हक है इसे लेकर रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी स्वाइन फ्लू की चपेट में

- चार-पांच दिन से था बुखार, जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि; हल्के लक्षण, घर पर चल रहा इलाज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी स्वाइन फ्लू (H1N1) की चपेट में आ गए हैं। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, मंत्री को पिछले चार-पांच दिनों से बुखार था। जांच कराए जाने पर उनकी रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है।
डॉक्टरों के अनुसार, मंत्री में स्वाइन फ्लू के लक्षण फिलहाल हल्के हैं। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है और घर पर ही उनका इलाज चल रहा है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तक उत्तर प्रदेश में 685 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमण को लेकर निगरानी और बचाव के उपायों पर जोर दिया जा रहा है।
यूपी में फिर सक्रिय मानसून, 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

- पूर्वांचल और मध्य यूपी में तेज बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी


लखनऊ। सितंबर की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 21 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश का जोर अधिक रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

- 5 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में पांच सितंबर तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। दक्षिणी और पूर्वी यूपी में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का जोर बना रह सकता है। वहीं, पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

- इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

- कई जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।

- अगस्त में सामान्य से 24 फीसदी अधिक बारिश
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सात निम्न दबाव क्षेत्रों के कारण अगस्त में मानसून लगातार सक्रिय रहा। प्रदेश में अगस्त के दौरान सामान्य 235.5 मिमी के मुकाबले 291.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 24 फीसदी अधिक है। इससे पहले वर्ष 2018 में अगस्त में 293.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
3284 जूनियर असिस्टेंट अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम आवास का घेराव
-  PET-2023 भर्ती में देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने जल्द परिणाम और टाइपिंग परीक्षा कराने की उठाई मांग

लखनऊ। PET-2023 के आधार पर 3284 जूनियर असिस्टेंट पदों पर भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव करने पहुंचे। हाथों में पोस्टर लेकर अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और परिणाम जारी करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द परिणाम जारी कर टाइपिंग परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि भर्ती को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने आयोग के अध्यक्ष से भी अभ्यर्थियों की बातचीत कराई। अभ्यर्थियों ने आयोग से जल्द परिणाम घोषित करने और टाइपिंग परीक्षा कराने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि चुनाव से पहले 3284 जूनियर असिस्टेंट पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
किसी भी थर्मामीटर में ओ क्षमता नहीं है जो सवर्ण का तेवर नाप सके हम सभी लोग अपना खून पसीना  बहाने को तैयार है अपने समाज के लिए : सूरज प्रसाद चौबे
लखनऊ । रिजर्वेशन रिफॉर्म, यूजीसी काला कानून वापस हो, SCSTACT का दुरुपयोग बंद हो सवर्ण आयोग का गठन हो को लेकर सवर्ण समाज प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अनिश्चित कालीन धरना दे रहा है धरने का आज चौथा दिन है । सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे दो दिन से अपनी पूरी टीम के साथ धरने पर बैठे धरने पर बोलते हुए सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे ने कहा कि अब वर्षो का संघर्ष सफल हो रहा है ।

देश में सवर्ण क्रांति की शुरुआत हो गई है अब सवर्ण शांत नहीं बैठने वाला है उसे न्याय चाहिए उन्होंने ने कहा कि संविधान निर्माण से लेकर आज तक देश भर के परम राष्ट भक्त सवर्ण समाज को सरकारी राजनीतिक सामाजिक क्षुद्रता को कूटनीतिक वाले एक सामोहिक साजिश का शिकार बना दिया गया । राज्य की सरकार , केन्द्र की सरकार सवर्ण को कानून बजट योजनाओं में बराबरी का हक नहीं दी जा रही है । दुर्भाग्य सवर्ण समाज के संसद मंत्री विधायक और जनप्रतिनिधि सवर्ण नेता सवर्ण हित के विषयों पर डब्बू बिकाऊ डरपोक साबित हो रहे हैं जबकि केंद्र एवं राज्यों में सरकार सवर्ण के वोट से बनी हुई है फिर भी वह सवर्ण विरोधी ,बिनासक बन गई ।

चौबे ने आगे कहा कि आरक्षण सुधार की मांग राष्ट हित में सभी वर्ग के लोगों के लिए है इससे सवर्ण समाज से जोड़ कर नहीं देखा जाय आरक्षित वर्ग के लोग जो आई ए एस, आई पी एस मंत्री सांसद विधायक हो गए हैं वह अब न शोषित है न ही वंचित है भीमराव अम्बेडकर का सपना था कि जो समाज के मुख्य धारा में नहीं है आर्थिक रूप से कमजोर है उन्हें आरक्षण के द्वारा मुक्त धारा से जोड़ा जाय यही सवर्ण समाज मांग कर रहा है कि आरक्षण उसे दिया जाय जिसे वास्तव में जरूरत हो आरक्षण आर्थिक आधार पर हों यूजीसी काला कानून जो सवर्ण समाज के बच्चों को जन्म जाती अपराधी एवं शोषण करता बता रहा है उसे वापस किया जाना चाहिए यह एक वर्ग सामान्य वर्ग के बच्चों को उच्च शिक्षा से बंचित करने वाला कानून है एससीएसटी एक्ट का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर हो रहा है।

इसे आय का साधन बना लिया गया है जिससे समाज में स्थापित भाई चारा समाप्त हो रहा है इसे हर हाल में वापस होना चाहिए,हर वर्ग के लिए आयोग है तो सवर्ण के लिए सवर्ण आयोग संवैधानिक बनाया जाय जिससे सवर्ण के साथ कोई अन्याय हो तो उचित फोरम में अपनी बात कह सके । धरना स्थल पर आज एसीपी वाराणसी प्रज्ञा पाठक ,सिटी मजिस्ट्रेट वाराणसी मय पुलिस फर्श के साथ धरने पर आए उन्होंने कहा कि ज्ञापन दे दीजिए और धरना समाप्त कर दे सवर्ण समाज के लोगों ने कहा कि ज्ञापन तो बहुत दिया जा चुका है अब धरना तभी समाप्त होगा जब वाराणसी के सांसद उनके प्रतिनिधि या केंद्रीय मंत्री आए वार्ता करे  एक प्रतिनिधि बनाया गया है जो वार्ता करेगा ।
धरना अनिश्चित कालीन जारी रहेगा सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे ने का कि किसी भी थर्मा मीटर में ओ क्षमता नहीं है जो सवर्ण का तेवर नाप सके हम सभी लोग अपना खून पसीना बहाने को तैयार है अपने समाज के लिए।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा, 10 नई परियोजनाओं को मंजूरी की सिफारिश
- 12 निवेश प्रस्तावों पर हुआ विचार, किसानों की उपज को मिलेगा बेहतर बाजार और युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

लखनऊ। प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को गति देने की दिशा में सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत गठित एप्रेजल समिति ने 12 नए निवेश प्रस्तावों पर विचार किया, जिनमें से 10 परियोजनाओं को जरूरी शर्तें पूरी होने पर स्वीकृति देने की संस्तुति की गई है।
सोमवार को खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बीएल मीणा की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में पोर्टल के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। संस्तुत परियोजनाओं में कैटल फीड, अनाज व रिफाइंड मसाले, मूंगफली प्रसंस्करण, फ्रोजन खाद्य पदार्थ, रेडी-टू-कुक उत्पाद, तेल, आटा, दाल व बेसन निर्माण, दाल मिल तथा फ्रोजन फल-सब्जी प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां शामिल हैं। कुछ परियोजनाओं में बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए सोलर पावर प्लांट लगाने का भी प्रस्ताव है।

- किसानों से कच्चा माल खरीदने की शर्त
समिति ने परियोजनाओं को मंजूरी की सिफारिश करते हुए स्थानीय किसानों से कच्चे माल की खरीद सहित कई शर्तें रखी हैं। संबंधित इकाइयों को प्लांट मैप, फायर और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रमाण-पत्र, उत्पादन क्षमता के इस्तेमाल, विद्युत बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। शर्तों का पालन सुनिश्चित होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। बैठक में एक प्रस्ताव को पात्रता पूरी नहीं होने के कारण खारिज कर दिया गया। वहीं, एक अन्य प्रस्ताव पर प्लांट और मशीनरी से जुड़े आवश्यक विवरण मिलने के बाद अगली एप्रेजल समिति की बैठक में विचार करने का फैसला लिया गया।

- दूसरी किस्त से पहले उत्पाद परीक्षण जरूरी
समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि नीति के तहत पहली किस्त प्राप्त कर चुकी इकाइयों को दूसरी किस्त जारी करने पर तभी विचार किया जाएगा, जब वे आरओएफसी के माध्यम से अपने उत्पाद का परीक्षण कराकर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगी।

- निवेश से किसानों और युवाओं को फायदा : केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में किसानों, उद्यमियों और युवाओं के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में निवेश बढ़ने से कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा, किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 में उपलब्ध अनुदान, सुविधाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि अधिक से अधिक उद्यमियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित करने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में नए निवेश को बढ़ावा देने के साथ कृषि उपज का मूल्य संवर्धन, किसानों के लिए बेहतर बाजार और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। विभाग के स्तर पर नीति-2023 के तहत प्राप्त निवेश प्रस्तावों के परीक्षण और अनुमोदन की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मनाया गया विमुक्ति दिवस, विमुक्त जातियों के कल्याण पर जोर
- मंत्री अनिल राजभर बोले- अंग्रेजों के क्रिमिनल एक्ट से मुक्ति दिलाने में सरदार पटेल की अहम भूमिका

लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को विमुक्ति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम और सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विमुक्त जातियों के इतिहास, उनके योगदान और सामाजिक-आर्थिक उत्थान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं संबंधित विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान विमुक्त जातियों पर लगाए गए क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट से मुक्ति दिलाने में सरदार वल्लभभाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि विमुक्त समाज सरदार पटेल के योगदान को हमेशा याद रखेगा। अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विमुक्त जातियों के कल्याण और उनके अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने विमुक्त जातियों के लिए आयोग के गठन की पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया और इसके लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।

- विमुक्त समाज की देश की आजादी में रही भूमिका
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि विमुक्त जातियों की आवाज को लगातार उठाने का काम अनिल राजभर करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को विमुक्त दिवस के अवसर पर कई वर्षों से विभिन्न जिलों में कार्यक्रम और सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ी है।उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में विमुक्त जातियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके योगदान को सामने लाने और नई पीढ़ी को इससे परिचित कराने की जरूरत है।
कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार मौजूद रहे। संचालन भारत भीम जनार्दन चौहान ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में मुन्ना प्रसाद राजभर, रानू प्रताप राजभर, राजेश राजभर, गुड्डू राजभर, भुनेश्वर राजभर, रामस्वर्थ राजभर, हरिकेश राजभर और बीना राजभर समेत अन्य लोगों की भूमिका रही।