मऊ रोडवेज पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी के खिलाफ FIR का विरोध

मऊ रोडवेज पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के चलते रोडवेज क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने FIR को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
जनपद मऊ -: सर्पदंश से रसोइया की मौत, पलिया गांव में पसरा मातम
रानीपुर (मऊ)। थाना क्षेत्र के पलिया गांव में मंगलवार को सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान धनमानी देवी पत्नी गौकरन राम के रूप में हुई है। वह कम्पोजिट विद्यालय पलिया में रसोइया के पद पर कार्यरत थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब तीन बजे धनमानी देवी घर में मौजूद थीं।

इसी दौरान घर में मौजूद जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धनमानी देवी परिवार के भरण-पोषण में अहम भूमिका निभाती थीं।

उनकी अचानक मौत से पति गौकरन राम समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने लगे।

सपेरे ने पकड़ा सांप
महिला की मौत के बाद घर में मौजूद सांप को पकड़ने के लिए परिजनों ने सपेरे को बुलाया।

काफी मशक्कत के बाद सपेरे ने सांप को पकड़ लिया। सपेरे जामालु के मुताबिक, पकड़ा गया सांप गेहूंवन (कोबरा) प्रजाति का बताया गया, जिसे अत्यंत जहरीला माना जाता है।
घटना के बाद पलिया गांव में सर्पदंश को लेकर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घरों के आसपास

साफ-सफाई रखने और सांप दिखाई देने पर सावधानी बरतने की अपील की है।
भारत विकास परिषद शाखा आजमगढ़ ने धूमधाम से मनाया तीज महोत्सव
आजमगढ़। भारत विकास परिषद शाखा आजमगढ़ के तत्वावधान में शहर स्थित होटल गोल्डन फॉर्च्यून में तीज महोत्सव अत्यंत धूमधाम से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रांतीय संयोजक (महिला सहभागिता) डॉ. प्रियंका जायसवाल, प्रांतीय संरक्षक अशोक अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक सूद, प्रांतीय सचिव विनीता सिंह, काजल वालिया, जिलाध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे, प्रांतीय सह-संयोजक (संस्कार) सीताराम पांडे, सचिव कौशल कुमार राय, कार्यक्रम संयोजक डॉ. नेहा दुबे एवं रमाकांत वर्मा द्वारा मां भारती व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान संगठन की ओर से सभी अतिथियों को बुके, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

तीज महोत्सव में संस्था की मातृ शक्तियों द्वारा कैसे खेले जईबू सावन में कजरिया और हमसे खेतवा में धान ना रोपाई पिया जैसे पारंपरिक कजरी गीतों की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात हरतालिका तीज पर आधारित एक सुंदर नृत्य-नाटिका और भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने भी अपनी मनभावन प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में सरोज यादव द्वारा स्वागत गीत एवं वंदे मातरम' का गायन किया गया, वहीं यशा दूबे ने अयि गिरिनंदिनिबदेवी स्तुति का सस्वर पाठ किया।

उत्सव के दौरान आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में डॉ. नेहा दुबे प्रथम, मधु द्विवेदी द्वितीय और नीलम अस्थाना तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 'तीज क्वीन' प्रतियोगिता में अनुराधा पांडे ने प्रथम, अंशु अस्थाना ने द्वितीय और ज्योति मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. विभा त्रिपाठी एवं डॉ. मनीष मिश्रा ने निभाई और सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका जायसवाल ने कहा, कजरी हमारे क्षेत्र का एक अत्यंत लोकप्रिय पारंपरिक लोकगीत है, जो धीरे-धीरे विलुप्त हो रहा है। इसे सहेजने और आगे बढ़ाने की नितांत आवश्यकता है। प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक सूद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक बंधन मजबूत होते हैं और खुशी की बात है कि इसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन अंशु अस्थाना ने किया।

इस अवसर पर रेखा अग्रवाल, वेदांती वर्मा, डॉ. संध्या वर्मा, मैंना पांडे, अंशु बरनवाल, अमितलता सिंह, ज्योत्सना सिंह, शशिकला यादव, आरती सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सर्वोदय में 9वीं जिला अंतर-विद्यालय कूडो चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ

*300 से अधिक खिलाड़ी दिखा रहे दमखम*

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। कूडो एसोसिएशन आजमगढ़ के तत्वावधान में दो दिवसीय 9वीं जिला अंतर-विद्यालय कूडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ रविवार को घोरठ स्थित सर्वोदय महिला पी.जी. कॉलेज में हुआ। 30 और 31 अगस्त को आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूलों से 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व डीएसपी बिशुनदेव यादव, सर्वोदय ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव और विशिष्ट अतिथियो में समाजसेवी रामचंद्र यादव, अवध राज यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा भी पैदा करते हैं।

कूडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन प्रदेश सचिव सेन्सेई संजय कुमार यादव ने बताया कि हमारा उद्देश्य विद्यालयी स्तर पर कूडो खेल को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच प्रदान करना है। दो दिनों तक चलने वाली इस स्पर्धा में विभिन्न आयु और भार वर्गों के खिलाड़ी पदक और सम्मान के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस दौरान देवेन्द्र वर्मा, हिमांशु यादव, विनोद, संघर्ष, लक्ष्मी, सपना आज़ाद, एहतिशाम, सुप्रीत और प्रियम आदि रहे।
आजमगढ़ : बसपा नेता दयाराम यादव का देहावसान

खालिद खान

दीदारगंज (आजमगढ़ )
विधानसभा क्षेत्र दीदारगंज के सलाहुद्दीन पुर गांव निवासी वयोवृद्ध बसपा नेता दयाराम यादव पुत्र स्व0मथुरा यादव का शनिवार देर शाम हृदयगति रुक जाने से देहावसान हो गया। दयाराम यादव के देहावसान की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके शुभ चिंतकों ने उनके आवास पर पहुंच कर अंतिम दर्शन किया। वह अपने पीछे चार पुत्रियों और पत्नी  को छोड़ गए। उनके अथक प्रयासों से विवादित प्राथमिक विद्यालय हारूनपुर गांव में नहीं बना और सलाहुद्दीनपुर गांव में ही बना इसके साथ ही बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की मूर्ति गांव में लगाने में उनकी भूमिका अहम रही।उनका अंतिम संस्कार गांव स्थित श्मशान घाट पर किया गया।निधन की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री हीरालाल गौतम अपने साथियों संग स्व0दयाराम यादव के घर पहुंच कर परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की घड़ी में हम सब आप के साथ हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रभारी बसपा राम अजोर गौतम, मोहम्मद अकमल आजमी, संतोष कुमार यादव , ग्राम प्रधान राम अशीष यादव आदि लोग उपस्थित थे।।
आजमगढ़ : पुष्पनगर बाजार -पुष्पनगर गांव सम्पर्क मार्ग बना दुर्दशा का शिकार ,जलजमाव से हो रही लोगो की दुर्दशा
खालिद खान
दीदारगंज ( आजमगढ़ )
विकास खंड क्षेत्र फूलपुर के पुष्पनगर बाजार -पुष्पनगर गांव  में जानें वाला सम्पर्क मार्ग पर जल जमाव और गड्ढों के हो जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।यह सम्पर्क मार्ग दीदारगंज सरायमीर मार्ग से पुष्पनगर बाजार से निकल कर पुष्पनगर गांव में जाता है ,साथ ही साथ फूलपुर तहसील को तथा बाजार जाने के लिए यह मार्ग महुवारा खुर्द से भोरमउ नहर सम्पर्क मार्ग में पुष्पनगर में मिलता है ।
इस मार्ग से प्रतिदिन क्षेत्र के खरसहन, महुवारा,किशुनीपुर, नूरपुर,मतलूबपुर, सलाहुद्दीन पुर, बूंदा,मुंह चुरा, आदममऊ,इशापुर,पड़िराव, हड़वां, बिहटा , पल्थी सहित सैकड़ों गांवों के लोग इस मार्ग से अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करते हैं । मार्ग पर बने बड़े बड़े गड्ढों में हल्की सी भी बारिश हो जानें पर पानी भर जाता है जिससे मार्ग स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता है । प्रायः लोग अपनी बाईक से गिरकर इन गड्ढों में भीग जाते हैं, तथा चोटिल भी हो जाते हैं पुष्पनगर बाजार -पुष्पनगर गांव सम्पर्क मार्ग पर जन प्रतिनिधियों की उदासीनता तथा उपेक्षा से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रीय जनों ने इस मार्ग पर होने वाले जलजमाव तथा गड्ढों को ठीक करने की जनप्रतिनिधियों से मांग की है।
कंधरापुर पुलिस पर सत्तापक्ष के ही वरिष्ठ नेता ने खोले मोर्चे, हरिवंश मिश्र का पुलिसिया कार्यशैली पर बड़ा हमला,
आर-पार के मूड में भाजपा नेता, दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, सीएम योगी से उच्चस्तरीय जांच की मांग।

उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। जिले के थाना कंधरापुर क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर अब खुद सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के भीतर से ही गंभीर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्र ने कंधरापुर पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हरिवंश मिश्र ने अपने पत्र में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कंधरापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मियों की मनमानी और कथित कार्यशैली के कारण आम जनता के बीच भारी असंतोष पनप रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस के इस रवैये से योगी सरकार की पारदर्शी, अपराध-मुक्त और जवाबदेह शासन व्यवस्था की साख को बट्टा लग रहा है।

भाजपा नेता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों पर बिना किसी समुचित जांच के मनमाने ढंग से एफआईआर दर्ज की जा रही है। पीड़ितों की वाजिब शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय थाना पुलिस द्वारा धनउगाही की जा रही है और पीड़ितों को न्याय से वंचित रखा जा रहा है। वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को दरकिनार कर बेकसूरों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे थोपे जा रहे हैं। अपनी शिकायतों को पुख्ता करने के लिए भाजपा नेता ने क्षेत्र के कई मामलों का विशेष रूप से उल्लेख किया। जिसमें 17 अगस्त की रात हुई चोरी के प्रयास का मामला। मड़या गांव में हुई मारपीट और उसके बाद उपचार से जुड़ा प्रकरण। मंदुरी बाजार में एक गरीब व्यक्ति पर हुआ कथित हमला। बर्जी गांव में सामने आया एक अन्य जमीनी या आपसी विवाद। हरिवंश मिश्र ने कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि योगी सरकार में भ्रष्टाचार और पुलिसिया मनमानी को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। यदि कंधरापुर पुलिस की तानाशाही पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई, तो वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित और जनता के न्याय के लिए वह सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और इस पूरे मामले की शिकायत शासन के शीर्ष स्तर तक करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि कंधरापुर थाने से जुड़े मामलों की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, निर्दोषों को राहत दी जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई हो ताकि पुलिस व्यवस्था पर जनता का विश्वास बना रहे।
मीना राय बनीं आजाद अधिकार सेना महिला ब्रिगेड की आजमगढ़ जिला प्रभारी
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। आजाद अधिकार सेना की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद श्रीमती मीना राय को महिला ब्रिगेड का नया जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिलाअध्यक्ष अशोक सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महिला ब्रिगेड को नई मजबूती मिलेगी। आजमगढ़ जिले के सेठवल निवासी मीना राय संगठन के मूल उद्देश्यों अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तथा आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी। संगठन ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
छात्र संघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि के खिलाफ सपा ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, पुलिस से नोकझोंक
उपेन्द्र कुमार पांडेय


आजमगढ़। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने तथा शैक्षणिक संस्थानों की प्रशासनिक मनमानी के विरोध में समाजवादी छात्र सभा राष्ट्रीय सचिव आनन्द यादव के नेतृत्व में सपा के समस्त फ्रंटल संगठनो ने विरोध प्रदर्शन किया।

जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने निकले कार्यकर्ताओं की सपा कार्यालय के बाहर ही पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई।प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे पूरा मार्ग छावनी में तब्दील नजर आया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को चारों तरफ से घेरकर आगे बढ़ने से जबरन रोका। बाद में मौके पर पहुंचे एडीएम ने कार्यकर्ताओं से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन स्वीकार किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक यादव और दुर्गेश यादव ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। नेताओं का यह भी आरोप है कि प्रदर्शन को दबाने के उद्देश्य से आनन्द यादव सहित सपा के पांच कार्यकर्ताओं को पहले ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। नेताओ ने मांग की प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्र संघ चुनावों को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू कराया जाए, ताकि छात्र अपनी समस्याएं सही मंच पर रख सकें। मनमानी फीस वृद्धि पर तुरंत रोक लगाई जाए और पूर्व में बढ़ाई गई फीस की पुनः समीक्षा की जाए, जिससे आम परिवारों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ कम हो सके।

जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ की जा रही प्रशासनिक कार्यवाहियों को गैर-कानूनी बताते हुए उनके प्रशासनिक व संवैधानिक अधिकारों का हनन बंद करने की मांग की गई।महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय से सम्बद्ध कॉलेजों में कॉलेज प्रशासन की मनमानी पर अंकुश लगाया जाए, छात्र हितों की रक्षा हो और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए समयबद्ध तंत्र बनाया जाए। सपा प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रवृत्ति, फीस वृद्धि और अन्य प्रशासनिक समस्याओं का शीघ्र न्यायसंगत समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान रोशन यादव, हर्षित यादव, प्रदीप यादव, संजय पहलवान, अवनीश यादव, विकास यादव, गोलू यादव, लालजीत क्रांतिकारी, संतोष गौतम, शबनम खातून आदि मौजूद रहे।
आजमगढ़ में नंदी महाराज के साथ चंदा मांग रहा संदिग्ध पकड़ाया: हिंदू वेशभूषा में घूम रहा था मुस्लिम युवक, बजरंग दल की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी


आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र स्थित कंजरा गांव के पास हिंदू वेशभूषा धारण कर और फर्जी नाम बताकर नंदी महाराज के साथ चंदा वसूलने का मामला सामने आया है। पवित्र सावन माह के नाम पर गांव-गांव घूमकर लोगों से दान मांगने की सूचना मिलते ही स्थानीय बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने जब संदिग्ध अवस्था में घूम रहे व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आई। पकड़े गए युवकों में से एक ने खुद को मुस्लिम समुदाय का बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपनी पहचान छिपाकर और हिंदू रूप धारण कर केवल पेट पालने और आजीविका चलाने के लिए चंदा मांग रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के जिला सह संयोजक शिवम सिंह ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जियनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा पकड़े गए व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।