मीरापुर में कई बैंक शाखाओं में दलालों का बोलबाला
विपिन राठौर

भुगतान कराने से लेकर लोन कराने तक दलालों के इशारों पर काम होने का आरोप

कमीशन लेकर लोन पास कराने की चर्चा

मीरापुर।संवाददाता-मीरापुर क्षेत्र की कई बैंक शाखाओं में दलालों का बोलबाला हैं। आरोप है कि बैंकिंग कार्यों में दलालों की सक्रियता के चलते आम ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मीरापुर कस्बें की कई बैंक शाखा पिछले कुछ समय से चर्चाओं में है नागरिकों का आरोप है कि भुगतान कराने से लेकर लोन संबंधी कार्यों तक में कुछ बिचौलिया दलालों की बैंक शाखाओं में अहम भूमिका रहती है। आरोप है कि कुछ दलाल बैंक कर्मियों से मिलीभगत करके नागरिकों से कमीशन लेकर लोन स्वीकृत कराने का दावा करते हैं। और उनका आर्थिक शोषण करते है दलालों का बैंक शाखाओं में प्रभाव होने के चलते जरूरतमंद व आम ग्राहकों को लोन स्वीकृत कराने के लिए बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है| स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंकिंग सेवाएं आम नागरिकों के लिए सरल और पारदर्शी होनी चाहिए।किन्तु मीरापुर कस्बें व ग्रामीण क्षेत्र की कई शाखाएं दलालों को लेकर चर्चा में है नागरिक ब्रजपाल चौधरी,आमिर खान,दीपक चौधरी,मौ.इरफान,सोहनवीर सिंह,जावेद ,वीरेन्द्र प्रजापति आदि ने उच्चाधिकारियों से मामलें निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
मीरापुर में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबन्धन पर्व,बहन ने भाई के कलाई पर बांधा रक्षासूत्र

विपिन राठौर

मीरापुर।संवाददाता-क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनो ने भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी लंबी आयु की कामना की। इस दौरान भाईयों ने भी बहनों को सदा रक्षा करने का वचन दिया।
मीरापुर क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व परंपरागत तरीके से धूमधाम से मनाया गया। भाई बहन के पवित्र प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। जिसके बाद भाईयों ने बहनों को उपहार भेंट किए। नन्हें मुन्ने बच्चों ने रंग बिरंगे नए कपड़े पहनकर बहनों से राखी बंधवाई। बहनों ने रक्षासूत्र बांधने के साथ माथे पर तिलक लगाया। महिलाओं ने सर्वप्रथम घरों में पूजा अर्चना कर सोन जिमाये तथा भगवान श्री गणेश व भगवान श्री कृष्ण को राखी बांधी।इस दौरान कस्बे के बाजार में मिठाई व राखियों की दुकानों पर भीड़ रही। रक्षाबंधन के पर्व पर  बसों में भारी भीड़ रही।त्यौहार के मद्देनजर पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही।कस्बें व ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस लगातार गश्त करती रही।
एसएसएम पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
आशीष कुमार

मुजफ्फरनगर। इंदिरा कॉलोनी स्थित एसएसएम पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी विश्वास के प्रतीक इस पर्व को बेहद खूबसूरत अंदाज में मनाया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों को मिठाई खिलाकर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने और उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता त्यागी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला त्योहार है। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

रक्षाबंधन समारोह के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी-खुशी और उल्लास से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं।
वरिष्ठ पत्रकार प०विनोद नागर की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
।संवाददाता-मीरापुर  के वरिष्ठ पत्रकार प० विनोद नागर की द्वितीय पुण्यतिथि पर कस्बे के गणमान्य नागरिकों,पत्रकारों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर नम आँखों से उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की|

मीरापुर कस्बें के वरिष्ठ पत्रकार प० विनोद नागर की मंगलवार को द्वितीय पुण्यतिथि मनाई गई।जिसमें कस्बें के गणमान्य नागरिकों,पत्रकारों व अधिवक्ताओं ने स्व०प० विनोद नागर की याद में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद करते हुए उनके चित्र के सम्मुख श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान समाजसेवी पूर्व प्रधान हाजी महबूब आलम ने कहा कि विनोद नागर बहुत ही स्पष्टवादी सरल व्यवहार के धनी शिक्षविद,पत्रकार,समाज सुधारक थे वो हमेशा हमारे दिल मे रहेंगे। हम उन्हें कभी नही बुला सकते।वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण शर्मा ने कहा कि स्व० विनोद नागर ने शिक्षा के क्षेत्र में व पत्रकारिता जगत में अपनी अमित पहचान बनाई हुई थी।वरिष्ठ पत्रकार प0 राहुल शर्मा ने कहा कि सामाजिक कार्यो के प्रति वह पूर्णतः समर्पित थे।समाज मे उनके द्वारा दिये गए योगदान को कभी नही भुलाया जा सकता उन्होंने कहा कि स्व०विनोद नागर जैसे शख्शियत को शब्दों में बयां नही किया जा सकता।उनके पुत्र डॉ मयूर नागर ने भावुक होते हुए अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके पिता बेहद प्रतिभाशाली व्यक्ति थे उन्होंने कभी समस्याओं से भागना नही सिखाया।उन्हें बुलाना हमारे लिए असम्भव है।कृषक शिक्षा निकेतन जूनियर हाई स्कूल कासमपुरखोला के प्रधानाचार्य शिक्षाविद अमित कुमार ने कहा कि विनोद नागर मीरापुर क्षेत्र की एक प्रमुख शख्शियत थे उन्होंने पत्रकारिता जगत में अपनी लेखनी से अमित पहचान बनाई थी,इस दौरान स्व० विनोद नागर की धर्मपत्नी अंजू नागर की आंखे नम हो गयी।इस दौरान विद्यालय में उनकी स्मृति में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया।इस दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रधानाचार्य शिवकुमार,अंजू नागर, अरुण शर्मा,शाहनवाज सोनू,शिक्षाविद रोहिल सिंह,सोनू धीमान,शेखर राजपूत,वेदप्रकाश,ओमबीर सिंह,योगेन्द्र सिंह,लक्ष्मी रानी आदि शामिल रहे है।
मीरापुर में स्व०विनोद नागर को श्रद्धांजलि अर्पित करते लोग
सहारनपुर मंडल स्तरीय कुश्ती चैम्पयनशिप में मीरापुर के एसडी इंटर कॉलेज का दबदबा
(विपिन राठौर मीरापुर (मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर।संवाददाता-सहारनपुर मंडल स्तरीय कुश्ती चैम्पयनशिप में मीरापुर के सनातन धर्म इंटर कॉलेज के छात्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। कॉलेज के कक्षा 8 के छात्र मौ. अशमीर ने मंडल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मौ. अशमीर का चयन प्रदेश स्तर पर गोरखपुर में आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में आयोजित सहारनपुर मंडल स्तरीय कुश्ती चैम्पियनशिप में मीरापुर  के सनातन धर्म इंटर कॉलेज के कक्षा 8 के छात्र मौ.कश्मीर ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को धूल चटाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया साथ ही गोरखपुर में होने वाली प्रदेश स्तरीय कुश्ती चैम्पियनशिप में भी अपना स्थान पक्का कर लिया और कस्बें व कॉलेज का नाम रोशन कर दिया,छात्र मौ.अश्मीर की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।मंगलवार को छात्र के कॉलेज पहुंचने पर विद्यालय के प्रबंधक सिद्धार्थ राजवंशी एडवोकेट एवं प्रधानाचार्य डॉ. विकास कुमार ने उसे सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने मौ. अशमीर के उज्ज्वल प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मंडल स्तरीय कुश्ती में गोल्ड मैडल जीतने वाले मीरापुर के एसडी इंटर कॉलेज के छात्र अश्मीर को सम्मानित करते प्रबंधक व प्रधानाचार्य
कला प्रतियोगिता का आयोजन,छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

(विपिन राठौर मीरापुर मुज़फ्फरनगर )

मीरापुर|संवाददाता-कस्बें की शिक्षण संस्थान बसन्त शिक्षा सदन इ कॉलेज में इंटर कॉलेज स्तरीय कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,जिसमें सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया,कॉलेज प्रबंधन ने विजेता छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया
मंगलवार को कस्बें के बसन्त शिक्षा सदन इण्टर कॉलेज में कॉलेज संस्थापक विनोद कुमार की स्मृति में की स्मृति में इण्टर कॉलेज स्तरीय कला(आर्ट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,प्रतियोगिता में सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज मीरापुर,राजकीय इंटर कॉलेज कुतुबपुर,वरुण सिंह स्मारक इंटर कॉलेज कुतुबपुर,बसंत कन्या इंटर कॉलेज व बसंत शिक्षा सदन इंटर कॉलेज मीरापुर समेत आधा दर्जन स्कूल के सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने  प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया,निर्णायक मंडल में कृषक शिक्षा निकेतन स्कूल के प्रधानाचार्य अमित कुमार,कनक कोरी और शिक्षिका अनुराधा रहें ,प्रतियोगिता में सुक्खन लाल आदर्श कन्या इंटर कॉलेज मीरापुर की दो छात्रा मंतशा पुत्री आरिफ व लायबा पुत्री शहजाद सयुंक्त रूप से प्रथम,इसी कॉलेज की छात्रा शारिया पुत्री मुशर्रफ व बसंत शिक्षा सदन इंटर कॉलेज की छात्रा बुशरा पुत्री जान मौहम्मद सयुंक्त रूप से द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कुतुबपुर का छात्र अभय कुमार पुत्र संजीव तथा गोमती कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा श्रेया भारती पुत्री मनोज कुमार सयुंक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहें,प्रतियोगिता का आयोजन कराने वाले बसंत शिक्षा सदन इंटर कॉलेज प्रबंधन की तरफ से अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं  को प्रशस्तिपत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया,प्रबंधक डॉ मयूर नागर व निदेशक अन्जू नागर ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की|
मीरापुर के बसन्त शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में आयोजित कला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरुष्कार देते अतिथि
तहसीलदार मोनिका चौहान ने संभाला जानसठ तहसील का कार्यभार
जानसठ। तहसीलदार मोनिका चौहान ने मंगलवार को जानसठ तहसील पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए तहसील में संचालित राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली।

नवागत तहसीलदार मोनिका चौहान ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आम जनता को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने राजस्व मामलों, भूमि संबंधी विवादों, प्रमाण पत्रों, दाखिल-खारिज, विरासत तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों से कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उन्हें अपने कार्य के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

तहसीलदार ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

कार्यभार ग्रहण करने के दौरान तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नवागत तहसीलदार ने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए जनहित में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
रामराज क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद, तीन नलकूपों से हजारों का सामान चोरी
कूंबल लगाकर अज्ञात चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, किसानों में पुलिस के प्रति रोष

(विपिन राठौर रामराज मुज़फ्फरनगर )


रामराज। थाना रामराज क्षेत्र के हाशमपुर गांव के जंगलों में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए तीन नलकूपों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर नलकूपों पर कंबल लगाकर अंदर दाखिल हुए और केबल, मोटर, स्टार्टर सहित हजारों रुपये का कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले और सामान अस्त-व्यस्त देखकर चोरी की जानकारी हुई। चोरी की घटना का पता लगते ही आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार नलकूपों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उनमें पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है।
बताया गया कि किसान यशवीर पुत्र धर्मबीर के नलकूपों के अलावा राजबीर पुत्र हुकम सिंह के नलकूप में भी चोरी की घटना हुई है। चोर केबल, मोटर, स्टार्टर और अन्य सामान चोरी कर ले गए, जिसकी कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
किसानों का आरोप है कि कई महीने पहले भी गांव के जंगलों में अज्ञात चोरों ने कई किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया था, लेकिन पुलिस अभी तक उन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक सचिव अशोक तोमर ने रामराज पुलिस पर रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से नलकूपों में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और जंगल क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया और पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो किसान पुलिस अधिकारियों से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
मुजफ्फरनगर में जज रवि कुमार दिवाकर की कोर्ट से 97 मुकदमों की फाइलें वापस

- 8 महीने में 10 मामलों में 22 दोषियों को सुनाई थी फांसी की सजा; जिला जज के आदेश के बाद लंबित मामलों की फाइलें मंगाई गईं

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर की अदालत से हत्या और अन्य जघन्य अपराधों से जुड़े 97 लंबित मामलों की फाइलें वापस मंगा ली गई हैं। यह कार्रवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार सिंह के आदेश के बाद की गई है। जारी आदेश में जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने कहा कि वर्तमान में लंबित मामलों की फाइलें कानून के अनुसार निस्तारण के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुजफ्फरनगर की अदालत में वापस मंगाई जा रही हैं।
रवि कुमार दिवाकर वाराणसी के चर्चित ज्ञानवापी मामले की सुनवाई के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। मुजफ्फरनगर में अपने कार्यकाल के दौरान उनकी अदालत ने आठ महीने में 10 मामलों में 22 दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।

- सुरक्षा में बदलाव पर जज ने जताई आपत्ति
इसी बीच न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था में कथित बदलाव को लेकर पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर कांस्टेबल रविंद्र सिंह ठकुंरैला को उनकी सहमति और जानकारी के बिना बदल दिया गया।
न्यायाधीश ने पत्र में कहा है कि शासनादेश और इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मी को बदलने का निर्णय बिना उन्हें जानकारी दिए क्यों लिया गया, इस पर उन्होंने सवाल उठाया है।

फिलहाल 97 मामलों की फाइलें वापस लेने और सुरक्षा में बदलाव से जुड़े दोनों घटनाक्रम अलग-अलग प्रशासनिक प्रक्रियाओं के रूप में सामने आए हैं।
मुज़फ्फरनगर दिल्ली पौड़ी राजमार्ग पर भरे पानी में स्कूल जा रहे बच्चों की ई रिक्शा पलटी,बड़ा हादसा टला
ई रिक्शा चालक का मोबाइल पानी में गिरकर खुआ

विपिन राठौर मीरापुर

मीरापुर। मंगलवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों की ई रिक्शा दिल्ली पौड़ी राजमार्ग स्थित मार्डन पेट्रोल पंप के समीप मार्ग पर बारिश का पानी भरा होने के कारण ई रिक्शा पानी में पलट गई। ई रिक्शा पानी में पलटने से बच्चे पानी में गिर गए आसपास के लोगों ने बच्चों को पानी से सकुशल निकाला
सोमवार देर शाम से हो रही बारिश के कारण दिल्ली पौड़ी राजमार्ग स्थित मार्डन पेट्रोल पंप के समीप मार्ग पर कई फिट बारिश का पानी भर गया था। मंगलवार की सुबह गांव कैथोडा की आशियाना कालोनी निवासी आबाद के बच्चे अयान, अलाईश व अरहम ई रिक्शा द्वारा बाईपास स्थित एक स्कूल में पढ़ाई के लिए जा रहे थे। ई रिक्शा चालक संदीप जैसे ही मार्ग में भरे पानी में ई रिक्शा लेकर पहुंचा तो मार्ग में बने गड्ढों में ई रिक्शा का पहिया गिर गया और ई रिक्शा पानी में पलट गई और तीनों बच्चे पानी में गिर गए। आसपास के लोगों ने दौड़कर बच्चों को पानी से सकुशल बाहर निकाला और ई रिक्शा को सीधा किया। इस दौरान संदीप का मोबाइल में पानी में गिर कर खो गया। गनीमत रही कि जिस समय बच्चों की ई रिक्शा पानी में पलटी उस समय वहां से कोई बड़ा वाहन नहीं गुजर रहा था नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। नगर पंचायत अध्यक्ष जमील अहमद का कहना है कि तेज बारिश के कारण मार्ग पर पानी भर गया है। पम्प सेट से मार्ग से पानी निकाला जा रहा है