सुल्तानपुर के नवागत एसपी विनीत जायसवाल से मिले व्यापारी, आलोक आर्य के नेतृत्व में दी बधाई* ‌
सुल्तानपुर,जन उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश संगठन महामंत्री आलोक आर्य के नेतृत्व में व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल ने सुल्तानपुर के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) विनीत जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने नवागत कप्तान को जिले का कार्यभार संभालने पर पुष्प गुच्छ, अभिनंदन पत्र एवं पुस्तक भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। आलोक आर्य के साथ कादीपुर नगर के अध्यक्ष आनंद जायसवाल प्रदेश मंत्री राष्ट्रीय जन औद्योगिक व्यापार संगठन, कार्यकारिणी सदस्य विनोद लोहिया, कमल सेठ, जिला अध्यक्ष राम मनोहर लोहिया, जिला उपाध्यक्ष यश अग्रहरि, जिला कोषाध्यक्ष राहुल सेठ, नगर अध्यक्ष संजय कसौधन, नगर महामंत्री विनय सेन, नगर कोषाध्यक्ष अशोक कसौधन, नगर मंत्री मुन्ना सोनी, अनंत कसौधन, अनिल सोनी, वीरेन्द्र गुप्ता, जिला युवा अध्यक्ष अशोक वर्मा, कादीपुर से राम कल्प, शिवम भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत करते हुए सुल्तानपुर की व्यापारिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक चर्चा की। नवागत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल (2014 बैच के IPS अधिकारी) ने हाल ही में सुल्तानपुर जिले की कमान संभाली है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही वे स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्ध जनों और विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों से मिलकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटे हैं।
आरक्षण सहित 5 मांगों को लेकर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद का प्रदर्शन*
सुल्तानपुर,आर्थिक आधार पर आरक्षण सहित 5 मांगों को लेकर राष्ट्रीय सवर्ण परिषद का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन सुल्तानपुर। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद ने गुरुवार को सामान्य समाज के हितों, सामाजिक समानता और विभिन्न नीतिगत मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पहले शहर के तिकोनिया पार्क में एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, न्याय और सम्मान दिलाना है। संगठन ने मांग पत्र के माध्यम से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक अपनी आवाज पहुंचाते हुए मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की है। ज्ञापन में पहली प्रमुख मांग दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति से संबंधित रही। संगठन ने कहा कि नागरिकों और सामाजिक संगठनों को संविधान एवं कानून के दायरे में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने के लिए उचित अनुमति एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। दूसरी मांग विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) व्यवस्था को समाप्त करने अथवा उसके प्रावधानों की व्यापक समीक्षा करने से जुड़ी रही। परिषद ने इस संबंध में कानून एवं संविधान की भावना के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। तीसरी और प्रमुख मांग आरक्षण व्यवस्था में व्यापक सुधार की रही। संगठन ने कहा कि आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति और वास्तविक आर्थिक कमजोरी को प्राथमिकता देकर तय किया जाना चाहिए, जिससे प्रत्येक जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को समान अवसर प्राप्त हो सके। चौथी मांग अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित कानूनों और नीतियों की निष्पक्ष एवं व्यापक समीक्षा की रही। परिषद का कहना है कि कानूनों के दुरुपयोग की संभावनाओं को रोकते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ न्याय और समानता सुनिश्चित की जानी चाहिए। पांचवीं एवं अंतिम मांग सामान्य समाज के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कानून बनाए जाने की रही। संगठन ने आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कानूनी एवं नीतिगत प्रावधान किए जाने की मांग की। ज्ञापन के अंत में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद ने विश्वास जताया कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की भावना के अनुरूप उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अयोध्या मंडल प्रभारी गौरी शंकर शर्मा, जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर अमित उपाध्याय, जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्य दुबे, संस्थापक एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी पंकज धवैया, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आचार्य भरत तिवारी तथा जिलाध्यक्ष रायबरेली सुधीर तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुल्तानपुर में गरजे AAP सांसद संजय सिंह - स्कूल दिखाने पर FIR,24 करोड़ नौकरी का जुमला, और 'अनपढ़ रहेगा इंडिया तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया'*
सुल्तानपुर,आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह आज अपने गृह जनपद सुल्तानपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने योगी-मोदी सरकार पर चार बड़े मुद्दों पर तीखा हमला बोला। स्कूलों की बदहाली दिखाने पर FIR पर - संजय सिंह ने कहा कि AAP ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान चलाया है। स्कूलों में दारू की पन्नी, नमक-रोटी, जर्जर बिल्डिंग, कीचड़ भरे रास्ते हैं। ये मुद्दा उठाने पर अभिनंदन करना चाहिए था, लेकिन सरकार FIR करा रही है। "FIR से डरा नहीं सकते, जितनी FIR करोगे उतना वीडियो वायरल होगा और उतनी ही सरकार की बदनामी होगी।"* उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के बाद सरकार को *604 करोड़ रुपये स्कूलों के लिए रिलीज करने पड़े हैं, जिसमें 302 करोड़ की पहली किश्त जारी भी हो चुकी है। JPNIC निजीकरण और फ्री बस यात्रा पर-JPNIC को अखिलेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनी बिल्डिंग को योगी सरकार ने 10 साल राजनीतिक द्वेष में सड़ने दिया और अब बेचने जा रही है,ये ठीक नहीं है। वहीं 60 साल से ऊपर की महिलाओं को फ्री बस यात्रा पर कहा* "दिल्ली में जब AAP ने सभी महिलाओं के लिए फ्री बस की तो यही लोग कहते थे खजाना खाली हो जाएगा। अच्छी बात है योजना लाए, लेकिन 60+ का क्राइटेरिया क्यों? सभी महिलाओं के लिए फ्री करो। 1 लाख नौकरी और पेपर लीक पर- यूपी सरकार के 1 लाख नियुक्ति के दावे को जुमला बताया। कहा कि 2.15 लाख शिक्षक भर्ती का ऑफिशियल ट्वीट आज तक पूरा नहीं हुआ। मोदी जी ने कहा था हर साल 2 करोड़ नौकरी देंगे, 12 साल में 24 करोड़ नौकरियां मिल जानी चाहिए थीं, फिर बेरोजगारी क्यों है? * आज पटना, लखनऊ, प्रयागराज, दिल्ली हर जगह युवाओं पर लाठी चल रही है।* पेपर लीक, कोई नया विश्वविद्यालय नहीं, सिर्फ नफरत की राजनीति। RSS-BJP का जयन्त चौधरी के बाद युवाओं से संवाद का कार्यक्रम फ्लॉप होगा। पंजाब vs गुजरात स्कूल मॉडल -सबसे बड़ा बयान- केजरीवाल की चुनौती को दोहराते हुए कहा -" मोदी जी और पूरी BJP हिम्मत है तो गुजरात के 1000 अच्छे स्कूल दिखा दे, हम पंजाब के साढ़े 4 साल में बने स्कूल दिखा देंगे।"* "BJP का शिक्षा मॉडल है - अनपढ़ रहेगा इंडिया तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया, और AAP का मॉडल है - शिक्षित विकसित राष्ट्र।"* पीएम मोदी पर पाखंड का आरोप लगाते हुए कहा कि 14 अगस्त को पाकिस्तान के पीएम को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हैं और दूसरी तरफ देश में विभाजन विभीषिका दिवस मनवाते हैं। एथेनॉल पर कहा - पेट्रोल सस्ता नहीं हुआ, इंजन खराब हुए, माइलेज कम हुई, 25 लाख टन चीनी लायक गन्ना एथेनॉल में खपा दिया जिससे चीनी महंगी हुई। नेपाल बाढ़ त्रासदी पर 400 मौतों पर दुख जताया और भारत सरकार से और मदद भेजने की अपील की।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सड़क हादसे में तीन यात्रियों मौत , 11 घायल
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार की सुबह गुड़गांव से बिहार के लिए जा रही बस सिक्स लेन पर ट्रक से टक्करा गई। हादसे में तीन यात्रियाें की माैत हाे गई और उसमे सवार 11 मुसाफिर हल्के और गंभीर रूप से हुए घायल हो गए है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलॉ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह गुड़गांव से बिहार के लिए जा रही बस सिक्स लेन पर ट्रक से टक्कर हो गयी। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी। लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद किया। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने गुरुवार को बताया कि सड़क हादसे मे तीन बस यात्रियों की मौत हो गयी है, जबकि 11 यात्रियों को चोटें आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, गुड़गांव के झगड़ा कॉम्प्लेक्स, प्रेमपुरी निवासी विनोद मंडल (50) और बिहार के कुमारखंड निवासी किरन देवी (60) पत्नी माहेश्वरी के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। सीसीटीबी फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है। यात्रियों ने बताया-जय मां शीतला ट्रेवल की बस रोज गुड़गांव से बिहार के लिए चलती है। यह बस गोरखपुर होते हुए बिहार जाती है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, तीन की मौत और दर्जनभर घायल*
सुल्तानपुर में आज पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा हो गया, एक्सप्रेस वे पर बस और ट्रक में टक्कर हो जाने से बस सवार तीन लोगों की मौत हो गई तो वहीं करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है साथ ही एक्सप्रेस में का रूट क्लियर करवा दिया गया है ताकि आवागमन बाधित न हो सके। दरअसल हरियाणा गुरूग्राम से सवारियों को लेकर एक प्राइवेट बस बिहार के सुपौल जा रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बल्दीराय थानाक्षेत्र के माइल स्टोन 96 पर इस बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 11 लोग घायल हो गए। फिलहाल घायलों को इलाज के अस्पताल भेजा गया है। वहीं तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही एक्सप्रेस वे का रूट क्लियर करवा दिया गया है ताकि आवागमन बाधित न हो।
नातिया कलाम और आमद-ए-मुस्तफा के नारों से गूंजा सुल्तानपुर*
सुल्तानपुर,यौमे बिलादत-ए-रसूल हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के अवसर पर जिले के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। विभिन्न स्थानों पर सजावट की गई और जगह-जगह मंच लगाकर अंजुमनों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। जगह -जगह जुलूस निकाला गया और नातिया कलाम एवं आमद-ए-मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं और उनके आदर्श जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अल्लाह ने हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को पूरी इंसानियत की रहबरी और मार्गदर्शन के लिए आखिरी नबी और रसूल बनाकर दुनिया में भेजा। उन्होंने अपने आचरण, चरित्र और शिक्षाओं के माध्यम से इंसानियत को सच्चाई, न्याय, भाईचारे, समानता, दया और क्षमा का संदेश दिया। धर्मगुरुओं ने कहा कि हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के दौर में समाज में अनेक बुराइयां व्याप्त थीं। छुआछूत, भेदभाव, दास प्रथा, नशाखोरी, सूदखोरी और बच्चियों को जीवित दफन करने जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ उन्होंने संघर्ष किया और मानव समाज को एक नई दिशा दी। इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए उन्हें कठिन परिस्थितियों और लंबे संघर्ष का सामना करना पड़ा। यहां तक कि उन्हें अपना वतन मक्का छोड़कर मदीना की ओर हिजरत करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के उच्च चरित्र, सच्चाई, अमानतदारी, सहनशीलता और क्षमाशीलता से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी शिक्षाओं को अपनाया। उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण संदेश इंसानियत, भाईचारे और शांति का था। धर्मगुरुओं ने मक्का विजय के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम और उनके साथियों को कष्ट पहुंचाया तथा उनके विरुद्ध अत्याचार किए, उनके सामने जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि वस्ल्लम को पूर्ण शक्ति प्राप्त थी, तब भी उन्होंने बदला लेने के बजाय उन्हें क्षमा कर दिया। यह उनके महान चरित्र और क्षमाशीलता का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कुरआन में हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को ‘रहमतुल्लिल आलमीन’, अर्थात समस्त संसार के लिए रहमत बताया गया है। उनकी शिक्षाएं किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए शांति, प्रेम, न्याय और सद्भाव का संदेश देती हैं। जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में देर रात तक जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की रौनक बनी रही। विभिन्न अंजुमनों ने नातिया कलाम प्रस्तुत किए। आयोजकों की ओर से अंजुमनों का स्वागत किया गया तथा बेहतर प्रस्तुति देने वाली अंजुमनों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रमों में भाग लेकर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत और शिक्षाओं को सुनकर उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
मैरिज लॉन के सभागार में सीरत कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया*
सुल्तानपुर,जमात-ए-इस्लामी हिन्द की ओर से सुल्तानपुर में सीरत कॉन्फ्रेंस आयोजित सुल्तानपुर। जमात-ए-इस्लामी हिन्द, सुल्तानपुर यूनिट की ओर से रविवार को जलसा मैरिज लॉन के सभागार में सीरत कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना ताहिर मदनी (आज़मगढ़) ने की, जबकि संचालन मौलाना रैयान क़ासमी (मीरापुर, सुल्तानपुर) ने किया। कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मौलाना मुहम्मद उस्मान क़ासमी ने अपने संबोधन में कहा कि हज़रत मुहम्मद ﷺ पूरी मानवता के लिए रहमत बनकर आए। आपने अपनी तालीमात के ज़रिये नशाखोरी, बेटियों की हत्या, अन्याय और सामाजिक बुराइयों का उन्मूलन किया तथा इंसान को इज़्ज़त, बराबरी और रहमत का पैग़ाम दिया। उन्होंने कहा कि आज समाज को सीरत-ए-तैय्यबा से मार्गदर्शन लेने की सबसे अधिक आवश्यकता है। यदि हम हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं पर अमल करें तो परिवार, समाज और पर्यावरण—तीनों में अमन, पाकीज़गी और इंसानियत का माहौल क़ायम हो सकता है। मौलाना शकील, मौलाना गनी, मौलाना मक़बूल क़ासमी, मौलाना सोहेल नदवी तथा मौलाना सैय्यद आसिफ नक़वी (मुरादाबाद) ने कहा कि हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं ने नशाखोरी, बेटियों की हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने और इंसानियत, न्याय तथा नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। उन्होंने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के संदेश पर भी प्रकाश डाला। अध्यक्षीय संबोधन में मौलाना ताहिर मदनी ने कहा कि हज़रत मुहम्मद ﷺ की तालीमात इंसान को ज़ुल्म, निराशा और मायूसी से दूर रहने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सीरत-ए-तैय्यबा की शिक्षाओं पर अमल करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।गुफरान अहमद ने नातिया कलाम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। जमाआत इस्लामी हिन्द के जिला अध्यक्ष डॉ कमालउद्दीन खान और |प्रोग्राम के संयोजक मास्टर लईक अहमद, ने सभी आये हुए लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया मुल्क के अमन चैन के लिए दुवा मांगी गई | इस मौके पर राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ मार्गदर्शक शिक्षक नेता निज़ाम खान, शिया वेलफेयर एसोशियशन के अध्यक्ष हैदर अब्बास, अल्प संख्यक एडवोकेट सगठन के एम एच गौरी, इम्तियाज खान, नियाज अहमद, हादी खान, फैज उल्लाह अंसारी. हाजी मुहम्मद मुजतबा अंसारी, अज़ीम किदवाई, आमिल सिद्दीकी, सिप्टेन हुसैन आदि हजारों लोग मौजूद रहें
जिलाधिकारी के निर्देश पर कल 27 अगस्त को स्कूलों में घोषित हुआ अवकाश।
सुल्तानपुर,जिलाधिकारी के निर्देश पर कल 27 अगस्त को स्कूलों में घोषित हुआ अवकाश।

बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर स्कूल बंद करने का जारी हुआ आदेश। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) उपेन्द्र गुप्ता ने जारी किया आधिकारिक आदेश। परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और सीबीएसई/आईसीएसई सहित अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूल रहेंगे बंद। मौसम की खराबी और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम।
सुल्तानपुर क्राफ्ट समिति द्वारा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह*
आज बुधवार को सुल्तानपुर क्राफ्ट समिति द्वारा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह पूर्वक पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार नगर पालिका परिषद सुल्तानपुर में आयोजित किया गया उपरोक्त प्रोग्राम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर मनोज कुमार पांडे कैबिनेट मंत्री खाद एवं रसद,उत्तर प्रदेश सरकार, श्री राज बाबू उपाध्याय विधायक सदस्य विधान सभा सदर श्री शैलेंद्र प्रताप सिंह विधान सदस्य विधान परिषद भी उपस्थित रहे और उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल पर अपने विचार व्यक्त किया तथा उनके व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में माननीय जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रजीत सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही । कार्यक्रम में दीनबंधु सिंह ,अंतरराष्ट्रीय भजन एवं लोक गायक का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। इसके साथ ही समाज के गणमान्य व्यक्ति मनोज कुमार सिंह सामाजिक कार्यकर्ता शशांक शेखर सिंह रुद्र प्रताप सिंह मदन भैया नवनीत सिंह सोनू ब्लॉक प्रमुख कूडेभार ,उमेश सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख जयसिंहपुर शिवपाल सिंह गांधी अध्यक्ष गन्ना विकास समिति ,ओंकार सिंह प्रदेश अध्यक्ष जनता दल सेकुलर रेनू सिंह सभासद की उपस्थिति सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन प्रीति प्रकाश जी ने किया इस कार्यक्रम का संयोजक राजेश कुमार सिंह एवं उनकी पूरी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ने सहयोग दिया है
केन्द्रीय सिविल सर्विसेज सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली,के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट
केन्द्रीय सिविल सर्विसेज सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली, ( Department of Personal and Training) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 हेतु उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए अयोध्या संभाग के सुलतानपुर जनपद के श्री अनूप कुमार गुप्ता का चयन हुआ। यह सेलेक्शन ट्रायल 24-25 अगस्त को अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्पलेक्स, प्रयाग में आयोजित किया गया। इस ट्रायल में प्रदेश भर के संभागों के लगभग 150 बैडमिंटन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अयोध्या मंडल की तरफ से सुलतानपुर के जिलाधिकारी कार्यालय के श्री अनूप कुमार गुप्ता वा ग्राम विकास विभाग के श्री संजय कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभाग किया। सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। श्री अनूप कुमार गुप्ता ने पुरुष ओपेन वर्ग में में तीसरा स्थान हासिल किया। आगामी अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट हेतु श्री गुप्ता का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में किया गया है। श्री गुप्ता ने अपने खेल से प्रदेश में सुलतानपुर जनपद का गौरव बढ़ाया है।