सुल्तानपुर क्राफ्ट समिति द्वारा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह*
आज बुधवार को सुल्तानपुर क्राफ्ट समिति द्वारा भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह पूर्वक पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार नगर पालिका परिषद सुल्तानपुर में आयोजित किया गया उपरोक्त प्रोग्राम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर मनोज कुमार पांडे कैबिनेट मंत्री खाद एवं रसद,उत्तर प्रदेश सरकार, श्री राज बाबू उपाध्याय विधायक सदस्य विधान सभा सदर श्री शैलेंद्र प्रताप सिंह विधान सदस्य विधान परिषद भी उपस्थित रहे और उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल पर अपने विचार व्यक्त किया तथा उनके व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में माननीय जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रजीत सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही । कार्यक्रम में दीनबंधु सिंह ,अंतरराष्ट्रीय भजन एवं लोक गायक का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। इसके साथ ही समाज के गणमान्य व्यक्ति मनोज कुमार सिंह सामाजिक कार्यकर्ता शशांक शेखर सिंह रुद्र प्रताप सिंह मदन भैया नवनीत सिंह सोनू ब्लॉक प्रमुख कूडेभार ,उमेश सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख जयसिंहपुर शिवपाल सिंह गांधी अध्यक्ष गन्ना विकास समिति ,ओंकार सिंह प्रदेश अध्यक्ष जनता दल सेकुलर रेनू सिंह सभासद की उपस्थिति सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन प्रीति प्रकाश जी ने किया इस कार्यक्रम का संयोजक राजेश कुमार सिंह एवं उनकी पूरी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ने सहयोग दिया है
केन्द्रीय सिविल सर्विसेज सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली,के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट
केन्द्रीय सिविल सर्विसेज सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड नई दिल्ली, ( Department of Personal and Training) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 हेतु उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए अयोध्या संभाग के सुलतानपुर जनपद के श्री अनूप कुमार गुप्ता का चयन हुआ। यह सेलेक्शन ट्रायल 24-25 अगस्त को अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्पलेक्स, प्रयाग में आयोजित किया गया। इस ट्रायल में प्रदेश भर के संभागों के लगभग 150 बैडमिंटन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अयोध्या मंडल की तरफ से सुलतानपुर के जिलाधिकारी कार्यालय के श्री अनूप कुमार गुप्ता वा ग्राम विकास विभाग के श्री संजय कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभाग किया। सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। श्री अनूप कुमार गुप्ता ने पुरुष ओपेन वर्ग में में तीसरा स्थान हासिल किया। आगामी अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज बैडमिंटन टूर्नामेंट हेतु श्री गुप्ता का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में किया गया है। श्री गुप्ता ने अपने खेल से प्रदेश में सुलतानपुर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
पहले दिन ही धंस गई करोड़ों की पुलिया, आवास विकास का मुख्य द्वार बना हादसे का खतरा

*अधूरे निर्माण पर शुरू कराया आवागमन, बाइक सवार की बाइक धंसी; 500 से अधिक परिवार और रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही प्रभावित, डीएम से कार्रवाई की मांग*
सुलतानपुर। शहर की आवास विकास कॉलोनी के मुख्य द्वार से प्रवेश करना इन दिनों लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं है। नगर पालिका की ओर से करोड़ों रुपये के टेंडर से कराया जा रहा नाले का निर्माण अभी पूरा भी नहीं हुआ, लेकिन निर्माणाधीन पुलिया के आधे हिस्से से सोमवार को आवागमन शुरू करा दिया गया। रास्ता खुलने के कुछ ही समय बाद पुलिया का हिस्सा धंस गया और एक बाइक सवार की बाइक उसमें फंस गई। गनीमत रही कि बाइक सवार किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया।

पुलिया के पहले ही दिन धंसने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और नगर पालिका की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही अधूरी पुलिया पर आवागमन शुरू कराना लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा है।

500 से अधिक परिवार परेशान, एलआईसी कार्यालय तक आवाजाही प्रभावित

आवास विकास कॉलोनी में 500 से अधिक परिवार निवास करते हैं। इसी परिसर में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मुख्य कार्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन रहता है। पुलिया और नाले के निर्माण के कारण मुख्य रास्ता पहले से ही बदहाल है। बरसात के बाद स्थिति और खराब हो गई है। फिसलन के चलते दोपहिया वाहन सवारों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन पुलिया का जो हिस्सा आवागमन के लिए खोला गया था, उसकी मजबूती को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। मार्ग खुलते ही पुलिया के धंसने की घटना ने आशंकाओं को और गहरा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि इस रास्ते से कोई भारी वाहन गुजरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

अधूरी पुलिया पर आवागमन क्यों शुरू कराया?

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब नाले और पुलिया का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ था तो अधूरे मार्ग को आवागमन के लिए क्यों खोला गया? क्या मार्ग खोलने से पहले नगर पालिका के संबंधित अभियंताओं ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की थी? यदि जांच की गई थी तो पहले ही दिन पुलिया धंसने की नौबत कैसे आ गई?

स्थानीय लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल पुलिया की मरम्मत कराने के बजाय पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए, ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।

डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग

पुलिया धंसने और बरसात में रास्ते की बदहाली से नाराज स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक सुरक्षित वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए और किसी भी कीमत पर अधूरे एवं असुरक्षित मार्ग से लोगों की आवाजाही न कराई जाए।

अब देखना यह है कि पहले ही दिन निर्माणाधीन पुलिया के धंसने के मामले में नगर पालिका प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता जांच कराकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाती है।
सुल्तानपुर में ऐतिहासिक 'चिन्मय अमृत यात्रा' का भव्य आगमन 29 अगस्त को
अटल द्वार के पास 'स्वामी चिन्मयानंद मार्ग' का होगा उद्घाटन,शहर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

सुल्तानपुर,चिन्मय मिशन के 75वें स्थापना वर्ष (अमृत महोत्सव) के उपलक्ष्य में निकाली जा रही राष्ट्रव्यापी 'चिन्मय अमृत यात्रा' आगामी 29 अगस्त (शनिवार) को सुल्तानपुर पहुँच रही है। यह 295 दिवसीय राष्ट्रीय तीर्थयात्रा लगभग 35,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पूरे भारतवर्ष में परम पूज्य गुरुदेव स्वामी चिन्मयानन्द जी के ज्ञान और विचारों का प्रसार कर रही है।
परम पूज्य गुरुदेव स्वामी चिन्मयानन्द जी एक महान आध्यात्मिक विभूति थे, जिन्होंने वेदांत, उपनिषद और भगवद्गीता के गूढ़ ज्ञान को सरल भाषा में आम जनमानस तक पहुँचाने का ऐतिहासिक व भगीरथ कार्य किया। उन्हीं के पुनीत संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए सुल्तानपुर में चिन्मय मिशन की स्थापना वर्ष 1993 में की गई थी। अपनी स्थापना के समय से ही सुल्तानपुर इकाई द्वारा यहाँ रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता और उपनिषदों पर नियमित 'ज्ञान यज्ञ' का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाता रहा है। इसके अतिरिक्त, भारतीय शास्त्रों और सनातन धर्म के गहन अध्ययन हेतु मिशन द्वारा एक साप्ताहिक 'स्वाध्याय मंडल' का भी निरंतर संचालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अंश:
भव्य स्वागत: यात्रा दोपहर 2:00 बजे ऊँचाहार से सुल्तानपुर के दूबेपुर मोड़ पर प्रवेश करेगी, जहाँ चिन्मय मिशन परिवार और स्थानीय निवासियों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
नगर भ्रमण एवं सत्कार: यह यात्रा अमहट, पयागीपुर, नवजीवन हॉस्पिटल, दरियापुर, गुरुद्वारा, शाहगंज, डाक खाना और तिकोनिया पार्क होते हुए MGS चौराहा पहुँचेगी। इस पूरे मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर सत्कार किया जाएगा।
मार्ग का उद्घाटन: दोपहर 3:00 बजे पर्यावरण पार्क स्थित अटल द्वार के पास नवनिर्मित 'स्वामी चिन्मयानंद मार्ग' का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
शोभायात्रा एवं पादुका पूजन: मार्ग उद्घाटन के पश्चात एक विशाल शोभायात्रा मारवाड़ी धर्मशाला तक जाएगी। शाम 4:00 बजे मारवाड़ी धर्मशाला में गुरुदेव की पादुकाओं का पूजन, मुख्य स्वागत समारोह और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम की जानकारी देते हुए चिन्मय मिशन, सुल्तानपुर के संरक्षक डॉ० जे. पी. सिंह व डॉ० ए. के. सिंह, अध्यक्षा डॉ० प्रेमलता अग्रवाल, सचिव श्रीमती रंजना सिंह और कोषाध्यक्ष डॉ० मनोज अग्रवाल ने जिले के सभी धर्मप्रेमियों और आम जनमानस से अपील की है कि वे सपरिवार इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और गुरुदेव का आशीर्वाद तथा महाप्रसाद ग्रहण करें।
सुल्तानपुर के परितोष गुप्ता को नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड, शिल्पा शेट्ठी ने किया सम्मानित*
सुल्तानपुर,जिले के प्रसिद्ध होटल कारोबारी और रामलखन पैराडाइज के संचालक परितोष कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित आकार (AAKAR) एक्जीबिशन में देश भर के टेंट, कैटरिंग, डेकोरेशन और हॉस्पिटैलिटी से जुड़े व्यापारियों का महाकुंभ लगा था। इसी दौरान आयोजित एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री और आकार की ब्रांड एंबेसडर शिल्पा शेट्टी ने परितोष गुप्ता को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए अवॉर्ड प्रदान किया। इस साल देश भर से नॉमिनेशन के बाद करीब 50 लोगों को ये प्रतिष्ठित अवॉर्ड दिया गया। गौरव की बात है कि सुल्तानपुर जिले से टेंट और होटल लाइन में एकमात्र परितोष कुमार गुप्ता को ही ये सम्मान मिला है। इससे सुल्तानपुर के हॉस्पिटैलिटी उद्योग को राष्ट्रीय पहचान मिली है। सुल्तानपुर का गौरव!*
Sambhal शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं से गूंजा सम्भल
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मदरसा अहले सुन्नत अजमल उल उलूम के तत्वावधान में जुलूस-ए-मौहम्मदी शानो-शौकत, अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा शहर ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं, नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में अकीदतमंद हाथों में इस्लामी झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए।

जुलूस मदरसे से शुरू होकर अन्जुमन मदरसा, मौहल्ला दीपा सराय, तिलंगो वाली मस्जिद और पेपटपुरा होते हुए दीपा सराय चौक पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ और तकरीर का आयोजन किया गया। चमन सराय-जगत से निकला जुलूस मियां मीरन शाह रोड, दरीबा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। वहीं देहली दरवाजा से निकला जुलूस मुख्य बाजार, चक्की का पाट, टंडन तिराहा, कोतवाली के सामने और आर्य समाज रोड से मुख्य जुलूस में पहुंचा। मौहल्ला रायसत्ती से निकला जुलूस बल्ले की पुलिया होते हुए खग्गू सराय तिराहा पहुंचा, जबकि डेरासराय से निकला जुलूस होली चौक, कटरा बाजार, एजेंटी तिराहा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। इसके अलावा विभिन्न मौहल्लों और गांवों से निकले छोटे-छोटे जुलूस भी मुख्य जुलूस का हिस्सा बने। जुलूस में विभिन्न नक्शे और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने सोशल मीडिया की बढ़ती लत से दूर रहकर कुरआन मजीद से जुड़ने का संदेश देने वाला नक्शा प्रस्तुत किया। रास्ते भर जगह-जगह लंगर और पानी की व्यवस्था की गई। लोगों ने फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों की खिदमत की। दीपा सराय चौक पर जुलूस संपन्न होने के बाद लोगों को तबर्रुकात की जियारत कराई गई। इस दौरान मुल्क और शहर में अमन-ओ-अमान की दुआ की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जुलूस के मार्ग पर सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, सीओ पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहे और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
सुल्तानपुर में 'मातृशक्ति को सम्मान' कार्यक्रम, कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय ने किया निःशुल्क बस यात्रा का शुभारंभ*
सुल्तानपुर,उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस सेवा की सुविधा प्रदान करने वाली *' लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा'* योजना का शुभारंभ एवं बसों को फ्लैग-ऑफ।

रक्षाबंधन का त्योहार - मातृशक्ति को उपहार*

उत्तर प्रदेश सरकार की समस्त बसों में सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को राखी सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा - *27 अगस्त, 2026 को प्रातः 6:00 बजे से 29 अगस्त, 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक* सुल्तानपुर: रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में 'मातृशक्ति को सम्मान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय रहे। मंत्री जी ने परिवहन विभाग की लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क बस यात्रा योजना की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने बताया कि रक्षा बंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक प्रदेश की सभी रोडवेज बसों में सभी माताओं,बहनों और बेटियों के लिए राखी सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इ स दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह, विधायक विनोद सिंह, सीताराम वर्मा, राजेश गौतम, MLC शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी व अधिकारी मौजूद रहे। 

इस अवसर पर श्रीमती उषा सिंह (जिला पंचायत अध्यक्ष), श्री शैलेंद्र प्रताप सिंह (MLC), श्री विनोद सिंह (विधायक), श्री राजप्रसाद उपाध्याय (विधायक), श्री सीताराम वर्मा (विधायक), श्री राजेश गौतम (विधायक), श्री प्रवीण अग्रवाल (अध्यक्ष नगर पालिका), श्री सुशील त्रिपाठी (जिलाध्यक्ष भाजपा)
रक्षाबंधन एवं पर्व पर महिलाओं को तोहफा, परिवहन विभाग की फ्री बस यात्रा का शुभारंभ करेंगे मंत्री मनोज पाण्डेय*
सुल्तानपुर,रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में परिवहन विभाग द्वारा बहनों एवं माताओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा० मंत्री मनोज पाण्डेय रहेंगे। सुल्तानपुर में मंत्री जी का सुबह 10:45 बजे PWD गेस्ट हाउस पर आगमन होगा,जिसके बाद 11 बजे राम नरेश सभागार में आयोजित निःशुल्क बस यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात 12:10 बजे बचत भवन,कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता करेंगे। इस दौरान वे प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकारों से रूबरू होंगे।
बारावफात मेले को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन,शहर में इन रास्तों पर नो-एंट्री*
26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, सुल्तानपुर पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान।

बारावफात जुलूस के लिए यातायात व्यवस्था बदली,रोडवेज बसें अमहट होकर आएंगी। सुल्तानपुर में आज ईद-ए-मिलाद-उन-नबी (बारावफात) जनपद सुलतानपुर में मनाया जायेगा। इस अवसर पर शहर में होने वाले मेले सड़क पर लाइट की व्यवस्था एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दृष्टिगत रखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था निम्न प्रकार से रहेगी।

पयागीपुर,भुलकी चौराहा, सौरमऊ अण्डरपास की तरफ से शहर के अन्दर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा। ऐसे व्यक्ति जिनका आवास उक्त स्थानों के पास होगा परिचय पत्र दिखाने पर प्रवेश दिया जायेगा।

उत्तर प्रदेश परिवहन की बसे जिन्हें प्रयागराज,प्रतापगढ़,जौनपुर,वाराणसी से आना अथवा जाना होगा अमहट होते हुए रोडवेज बस अड्डे पर आयेंगी।

मेले में होने वाली भीड़ के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट तिराहे से डाकखाना चौराहे की तरफ, लाल डिग्गी चौराहे से डाकखाना चौराहा/राहुल चौराहे की तरफ, एलआईसी तिराहे से ईदगाह/राहुल चौराहे की तरफ, इन्डिया एटीएम घरहा से राहुल चौराहे की तरफ, दरियापुर तिराहे से बाधमण्डी की तरफ, सूरज टाकीज से अन्नू चौराहे की तरफ, पंचरास्ता से बाधमण्डी एवं चौक की तरफ, सब्जी मण्डी तिराहे से चौक की तरफ, जिला अस्पताल गेट के सामने से आगरा स्वीट हाउस की तरफ, मिश्रा भोजनालय गल्ला मण्डी से आगरा स्वीट हाउस की तरफ प्रत्येक प्रकार के वाहनो का प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा।

जनपद के समस्त निवासीगण से अनुरोध है कि उक्त मेले को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु उपरोक्तानुसार बनाये गए डायवर्जन प्लान का अनुसरण करने का कष्ट करें।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर खड़ी ट्रक पर लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, मचा हड़कम्प, पुलिस जाँच में जुटी*
सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर खड़ी ट्रक पर लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव। खड़ी ट्रक के साइड में लटका मिला व्यक्ति का शव। सूचना पर पहुंची पुलिस पड़ताल में जुटी। घटना के कारणों और मृतक की शिनाख्त का किया जा रहा प्रयास। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 126 की घटना।