बाल विवाह के प्रति छात्राओं को किया गया जागरूक
फर्रुखाबाद।
मंगलवार को जिला जज अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन पर राजकीय बालिका इन्टर कालेज, फतेहगढ़ में बाल विवाह एवं ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकार तथा उनके प्रति सम्मान एवं सम्मानप्रद व्यवहार के संबंध में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इरा कार्यक्रम का उद्‌देश्य छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिंदिया भटनागर द्वारा बाल विवाह एवं ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित कानूनी अधिकारों, समानता, सम्मान तथा समाज में उनके प्रति समानतापूर्ण व्यवहार के संबंध में विस्तत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है , इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितम्बर 2026 के संबंध में भी उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षको को जानकारी प्रदान की उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के वादों एवं विवादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सरल, शीघ्र एवं प्रभावी ढंग से निपटारा कराया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में आम जन को अधिक से अधिक जागरूक करने की अपील की।
पर्यावरण विशेषज्ञ गुंजा जेन द्वारा भी बाल विवाह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इसके विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश दिया।
एसिस्टेंट लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सीता द्वारा बाल विवाह से संबंधित विधिक प्रावधानों एवं उपायों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी गई साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका इन्टर कालेज की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत, विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे । प्रधानाचार्यों एवं अन्य शिक्षकों द्वारा भी बाल विवाह एवं ट्रांसजेंडर विषय पर अपने विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय की छात्राओं द्वारा पोस्टर व नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए । बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने एवं सभी व्यक्तियों के साथ समान व्यवहार किए जाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता फैलाने तथा समाज में संतानता, सम्मान एवं विधिक अधिकारों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित  संकल्प दिलाया गया ।
सीडीओ को कंपोजिट विद्यालय के निरीक्षण में व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली


फर्रूखाबाद । कम्पोजित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, रंगसाजन, विकास खण्ड बढ़पुर का औचक मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा निरीक्षण किया गया। विद्यालय के निरीक्षण के दौरान समस्त अध्यापक उपस्थित पाये गये। विद्यालय में कायाकल्प के 19 पैरामीटर पूर्ण पाये गये
विद्यालय में 121 छात्रों का नामंकन पाया गया। विद्यालय की अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के समय मध्यान्ह भोजन बनता पाया गया, जिसमें मेन्यू के अनुसार रसोइयों द्वारा आज दाल-चावल बनाया जा रहा था। किचन के मसालों की जांच करने पर मसाले कैच कम्पनी के सील बन्द डिब्बे में रखे पाये गये। समस्त अध्यापक उपस्थित पाए गए। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के समुचित रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने हेतु प्रधानाध्यापक एवं समस्त अध्यापकों को निर्देशित किया गया।
पांच महिलाओं ने अपनी समस्याओं से आयोग सदस्य को कराया अवगत
फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य सुनीता सैनी ने विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जनसुनवाई में 5 महिलाओं द्वारा अपनी-अपनी समस्याओं का प्रार्थना पत्रों को सदस्य के समक्ष प्रस्तुत किया गया ,जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को सदस्य द्वारा  संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं । सदस्य द्वारा विकास खंड बढ़पुर के अमेठी कोना में प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया एवं  जिला जेल का निरीक्षण किया गया व सयुंक्त चिकित्सालय डाक्टर राममनोहर लोहिया अस्पताल का निरीक्षण कर साफ़ सफाई के निर्देश भी दिए गए। जनसुनवाई कार्यक्रम में
जिला प्रोबेशन अधिकारी,जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी,बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, महिला थाना अध्यक्ष,परियोजना निदेशक,चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टाप सेंटर,जिला बाल सरंक्षण इकाई, के कार्मिक,व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे ।
जिला विकास अधिकारी स्कूल में नहीं गंदगी समरसेबल मिला खराब

फर्रुखाबाद l सदर ब्लॉक बढ़पुर की ग्राम पंचायत पिथूपुर महदिया के प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी ने निरीक्षण किया गया।
   प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मिड डे मील योजना अंतर्गत बनाए गए भोजन को बच्चों के साथ खा कर चेक किया गया ।दाल पतली बनी हुई थी ।ग्राम प्रधान के माध्यम से बच्चों को आज फल का वितरण भी कराया गया
   प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण समरसेबल नहीं चल रहा है जिससे शौचालय आदि गंदे हैं और टंकियां में पानी नहीं आ रहा है।पठन-पाठन व्यवस्था समुचित पाई गई सभी अध्यापक उपस्थित पाए गए।
  आंगनबाड़ी केंद्र कें निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र भवन के रंगाई पुताई एवं मरम्मत की आवश्यकता है परिसर में झाड़ियां हैं जिन्हें सफ़ाई किए जाने की आवश्यकता है। आंगनबाड़ी केंद्र में ब्लैक बोर्ड स्थापित नहीं हुआ है अन्य उपकरण सक्रिय पाए गए ।आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए पृथक से शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं है उन्हें सड़क पार करके प्राथमिक विद्यालय में जाना पड़ता है
  कमियों को ठीक करने के लिए ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव तथा प्रधानाचार्य  को निर्देश दिए गए साथ ही विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण से वार्ता की गई ।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गंगा तट पर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया

फर्रुखाबाद।
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में जिलाधिकारी के निर्देश पर गंगा घाट पांचाल घाट पर  जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान गंगा योद्धाओं के द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने बताया कि गंगा घाट पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान करने आ रहे हैं परंतु अज्ञानतावश वह गंगा के तट पर भारी मात्रा में प्लास्टिक पॉलिथीन कपड़े इत्यादि छोड़ रहे हैं जिसके कारण  घाट पर बहुत सी गंदगी फैल रही है और धीरे-धीरे वह गंगा में प्रवाहित हो रही है जो की बहुत ही चिंताजनक है।हम सभी को समझना चाहिए कि गंगा हमारी पवित्र नदी है और इसको  स्वच्छ अविरल निर्मल बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।जिस तरह से हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं उसी तरह से हम अपनी गंगा मां को भी स्वच्छ रखने के लिए प्रयास करें।गंगा योद्धाओं ने मिलकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को गंगा स्वच्छता के बारे में संदेश दिया। उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया।गंगा योद्धाओं के द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर गंगा योद्धा सुमित कुमार, नितिन, वैभव, मीना, कार्तिकेय,ओम, कृष्णा,विकास, शनि, उत्तम आदि युवा उपस्थित रहे।
तेज रफ्तार बाइक ने मारी  टक्कर, ग्रामीण की मौत*
अमृतपुर,फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाई-वे पर रामगंगा पुल के पास सोमवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रहा 42 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला लोहिया अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी हालत बेहद गंभीर बनी रही, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।डबरी गांव निवासी उदयवीर पुत्र तुलाराम सोमवार को घास लेने जा रहे थे। रामगंगा पुल के पास हाईवे पार करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उदयवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायल को अस्पताल पहुंचाने को लेकर ग्रामीणों ने एक टेंपो में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची राजेपुर पुलिस ने स्थिति को शांत कराया। इसी बीच घटनास्थल पर पहुंचे उदयवीर के परिजनों और पुलिस के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक भी हुई।पुलिस ने एक निजी टेंपो की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाने का प्रयास किया। रास्ते में टेंपो खराब हो गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर उसे चालू कराया। सीएचसी पहुंचने पर भी परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक की जानकारी सामने आई।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने उदयवीर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उदयवीर को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अमृतपुर के सीओ आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रतिदिन लगातार हाईवे पर दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय लोग और पुलिस चिंतित है। इस आंकड़े को कम करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है लेकिन फिर भी दुर्घटनाओं का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण में अव्यवस्थाए

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर कंपोजिट विद्यालय याकूतगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय अध्यापकों की उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति, मिड डे मील , बच्चों के लिए शौचालय किचन,सफाई, पेयजल, विद्युतीकरण, रोशनी, पंखे,  पठन पाठन , शैक्षणिक स्तर आदि व्यवस्थाएं देखी गईं।
     पठन-पाठन का वातावरण ठीक पाया गया शौचालय ,पेयजल, मध्यान भोजन योजनाअंतर्गत पका भोजन ठीक पाया गया । सभी बच्चों को वंदे मातरम पूरा राष्ट्रगीत याद है । सुना गया ।
     आंगनबाड़ी केंद्र में विद्युतीकरण नहीं हुआ है पंखे ट्यूब लाइट आदि नहीं लगी है । आंगनबाड़ी केंद्र में वजन मशीन, ब्लैकबोर्ड नहीं पाया गया ।
    परिसर में बिस्किट ,चिप्स नमकीन आदि  के रैपर और अन्य कूड़े  पड़े थे जिसे बच्चों के साथ श्रमदान   कर हटाया गया और उन्हें सफाई के प्रति प्रेरित किया गया गया ।
राजस्व कार्यों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी


फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
      जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी अपने मासिक लक्ष्य को शत प्रतिशत रूप से पूर्ण करें, जिससे वार्षिक लक्ष्य भी क्रमिक वृद्धि के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके। विभागीय अधिकारी परावर्तन के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई कर वसूली के कार्य में वृद्धि लाएं। राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसामान्य से संबंधित राजस्व प्रकरणों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
      उन्होंने वरासत, नामांतरण, भूमि विवाद, सीमांकन, पैमाइश, अतिक्रमण तथा अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को समय से राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
      जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आमजन से जुड़े हैं, इसलिए अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
      बैठक में वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, मंडी समिति, वानिकी एवं सिंचाई विभाग के अंतर्गत राजस्व प्राप्ति एवं प्रवर्तन के तहत किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रदान की गई।
      बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अजय पाण्डेय, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन

  फर्रुखाबाद । जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में 4वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन आज स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन के उपरांत अदिति सिंह द्वारा सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।
      जिलाधिकारी का प्रिया साध द्वारा पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध एवं सचिव अजय प्रताप सिंह द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को आशीर्वाद, स्नेह एवं शुभकामनाएं दी गईं।
      प्रतियोगिता में आमंत्रित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्याओं, विभिन्न ताइक्वांडो कोच, निर्णायक मंडल, सोशल मीडिया के इन्फ्लुएंसर्स, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया।
      प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देर शाम श्रीमती अंजू कुशवाह, अपर जिला जज, फैमिली कोर्ट द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित एवं उत्साहित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
      जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर


फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
      जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए।
      उन्होंने निर्देश दिए कि जमापुर मोड़ से चाचूपुर मोड तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करें। कानपुर मण्डल क्षेत्र में परावर्तन के तहत की गई कार्यवाहियों की आख्या उपलब्ध कराएं, साथ ही प्रवर्तन के तहत की गई कार्यवाही की संख्या में वृद्धि लाएं। ओवरलोडिंग यात्री वाहन (स्कूली वाहन, ऑटो, टेंपो एवं ई-रिक्शा एवं माल वाहक वाहनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करें। बेसिक विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालय में सड़क सुरक्षा नियमों के तहत आयोजित गतिविधियों की आख्या उपलब्ध कराएं। सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जाएं। विशेष रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवरलोडिंग, तेज गति से वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
      जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
       बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि माह जुलाई 2026 में जनपद फर्रुखाबाद में दुर्घटनाओं की संख्या में 18.18 प्रतिशत एवं मृतकों की संख्या में 08 प्रतिशत की कमी आई है।
      बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।