जनपद में चीनी का पर्याप्त भंडार,जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई*
चीनी की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी ने किया स्पष्ट,अफवाहों से बचने की अपील। सुलतानपुर,जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सम्मानित नागरिकों को सूचित किया गया है कि प्रदेश में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फैलाइ जा रही अफवाहों पर ध्यान न दिया जाय। जन सामान्य अपनी आवश्यकता के अनुरूप चीनी खुले बाजार से प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सभी थोक व्यापारियों से अपेक्षा है की गयी है कि भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in/ पर चीनी के स्टाक की स्थिति तत्काल घोषित करें एवं उसे नियमित रूप से अद्यतन भी करें। जनपद के थोक व्यापारियों के स्टाक की आकस्मिक जांच करायी जायेगी एवं यदिकोई व्यक्ति/व्यापारी जमाखोरी/कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्राविधानों के अनुसार कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर नवागत एसपी से मिले उद्योग व्यापार मंच के पदाधिकारी-मिला आश्वासन

*भयमुक्त होकर करें व्यापार, समस्याओं का चरणबद्ध समाधान होगा : पुलिस अधीक्षक*
सुल्तानपुर:-
नीति आयोग एवं कॉरपोरेट मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध संस्था काउंसिल ऑफ उद्योग व्यापार मंच के जनपद पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरदार बलदेव सिंह के नेतृत्व में नवागत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल से मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता एवं महामंत्री राजेश माहेश्वरी ने पुलिस अधीक्षक को अभिनंदन पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने कहा कि बाजारों में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने तथा व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा और उन्हें भयमुक्त वातावरण में व्यापार करने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने समस्याओं के समाधान में व्यापारियों से भी सहयोग की अपेक्षा की।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरदार बलदेव सिंह, जिलाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, महामंत्री राजेश माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष विजय टंडन एवं संतोष जायसवाल, नगर अध्यक्ष रवि सोनी, नगर उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, माणिक लाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मरीज की जान बचाने दौड़ रहे डॉक्टर खुद हादसे का शिकार, सुल्तानपुर में चिकित्सा जगत में शोक

सुल्तानपुर। मरीज की जान बचाने के लिए देर रात सड़क पर दौड़ रहे तीन डॉक्टर खुद एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच दरियापुर के पास रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग से कार टकराने से कार चला रहे डॉ. अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रसिद्ध सर्जन डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज स्थानीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि तीनों डॉक्टर अमहट स्थित एक निजी नर्सिंग होम में एक मरीज का ऑपरेशन करने के बाद दरियापुर स्थित ममता हॉस्पिटल की ओर रवाना हुए थे। वहां एक अन्य गंभीर मरीज के ऑपरेशन के लिए उन्हें पहुंचना था। मरीज की जिंदगी बचाने की जल्दी में निकले डॉक्टरों को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनकी जिंदगी ही एक भयावह हादसे से टकराने वाली है।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास कार को ओवरटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे गभड़िया निवासी डॉ. अख्तर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार सवार डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

*जिस जिंदगी को बचाने निकले थे, उसी सफर में थम गई एक जिंदगी*

यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि चिकित्सा जगत के लिए बेहद मार्मिक घटना बन गया है। जिस मरीज की जिंदगी बचाने के लिए तीन डॉक्टर देर रात अपने अस्पताल से दूसरे अस्पताल की ओर दौड़ रहे थे, उसी सफर में एक डॉक्टर की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई और दो डॉक्टर अस्पताल के बिस्तर पर पहुंच गए।

हादसे की खबर जैसे ही चिकित्सा जगत में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। साथी चिकित्सकों और परिचितों में गहरा दुख है। हर किसी की जुबां पर यही सवाल है कि दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए दिन-रात समर्पित रहने वाले डॉक्टरों के साथ आखिर यह दर्दनाक हादसा कैसे हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पीएम पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन*
सुलतानपुर,भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी,सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह,विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व मुख्य विकस अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में पीएम पोषण योजनान्तर्गत कार्यरत रसोइयों सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष,सदस्य विधान परिषद, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय का पौध भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री,उ0प्र0 के सम्बोधन का सजीव प्रसारण वर्चुअल माध्यम से भाजपा जिलाध्यक्ष,सदस्य विधान परिषद,विधायक सदर,जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण एवं उपस्थित रसोइयों द्वारा देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री जी द्वारा पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान तथा उनके कल्याण हेतु कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। रसोइयों को 1000 से मानदेय वृद्धि करके 3000 कर दिया गया है तथा सामाजिक सुरक्षा बीमा के अंतर्गत 02 लाख रुपये की बीमा सुरक्षा तथा यूनिफॉर्म हेतु प्रतिवर्ष 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये किया गया। इससे रसोइयों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ कार्य के दौरान बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष,सदस्य विधान परिषद,विधायक सदर द्वारा रसोइयां -सीमा,रेखा,ज्योति,संगीता,सरोज,उर्मिला, ज्योति,श्याम दुलारी को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं चेक वितरित किए गए। कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्राप्त होने पर रसोइयों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल से रसोइयों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के मानदेय में वृद्धि किए जाने पर उन्हें बधाई दी गई तथा उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अन्त में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता द्वारा कार्यक्रम का समापन करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
सुल्तानपुर विकास भवन परिसर में प्रेरणा कैफे का शुभारंभ*
सुल्तानपुर,विकास भवन परिसर में उ०प्र० राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित प्रेरणा कैफे का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार के.डी.गोस्वामी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान शारदा महिला स्वयं सहायता समूह बेलाही की महिलाएं व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सुल्तानपुर विकास भवन परिसर में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैफे का उद्घाटन CDO विनय कुमार सिंह ने किया।
लम्भुआ के बेलाही गांव की शारदा महिला समूह की कान्ती देवी अब इस कैफे का संचालन करेंगी।
जिससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा। यहाँ कम दाम पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध रहेगा। सुल्तानपुर विकास भवन में खुला #प्रेरणा_कैफे ☕ CDO विनय कुमार सिंह ने किया उद्घाटन, लम्भुआ के शारदा महिला समूह को मिली कमान।

अब विकास भवन में मिलेगा सस्ता, स्वादिष्ट और ताजा भोजन-महिला सशक्तिकरण की ओर एक और कदम!


काँवड़ यात्रा पहुंचेगी टिकरिया से सीताकुण्ड धाम,गोमती मित्रों ने किया पूरा इंतजाम..*

*बढ़े जलस्तर के बीच गोमती मित्रों ने किया श्रमदान,श्रद्धालुओं को किया सावधान*

सुल्तानपुर,गोमती नदी के बढ़े जलस्तर के बीच रविवार को गोमती मित्र मंडल ने प्रातः 6 से 9 बजे तक सीताकुण्ड धाम परिसर एवं नदी तट पर साप्ताहिक श्रमदान किया। आगामी कांवर यात्रा के टिकरिया से सीताकुण्ड धाम पहुंचने को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए तथा जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई।

गोमती मित्रों ने नदी तट एवं परिसर की सफाई करते हुए श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने और बढ़े जलस्तर के कारण नदी के गहरे हिस्सों में न जाने की अपील की।
श्रमदान में संरक्षक रतन कसौधन,प्रदेश अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मदन,प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी,राजेश पाठक,राकेश सिंह दद्दू,सेनजीत कसौधन दाऊ, मुन्ना सोनी,अजय प्रताप सिंह,आलोक तिवारी,अजीत शर्मा,रामू सोनी,प्रांजल,राज मिश्रा,आनंद वत्स,अशोक सहित अनेक गोमती मित्र उपस्थित रहे।
स्वदेशी जागरण मंच का बड़ा अभियान,21 अगस्त से 2 अक्टूबर तक उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन*
स्वदेशी उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन*

स्वदेशी अपनाएं - उद्यमिता बढ़ाएं, स्वावलंबी भारत अभियान की नई पहल।

एक विचार, एक प्रयास, एक उद्यम, अनेक रोजगार - स्वदेशी मंच का आह्वान। सुल्तानपुर/दिल्ली,स्वदेशी जागरण मंच द्वारा स्वावलंबी भारत अभियान के तहत ' उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी अपनाएँ, उद्यमिता बढ़ाएँ और रोजगार सृजित करें के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाना है।

आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन 21 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें स्थानीय उत्पादों, नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान की टैगलाइन है।

"एक विचार • एक प्रयास • एक उद्यम • अनेक रोजगार"*

स्वदेशी जागरण मंच ने सभी नागरिकों से "मैं भी स्वदेशी समर्थक"* बनकर अभियान से जुड़ने की अपील की है। इच्छुक युवा और उद्यमी http://www.mysba.co.in पर जाकर या पोस्टर में दिए QR कोड को स्कैन करके अभियान से जुड़ सकते हैं।

स्थान: स्वावलंबी भारत अभियान,केंद्रीय कार्यालय,दिल्ली - 110022
सुल्तानपुर,वायरल नगर पालिका के विकास दावों व व्याप्त भ्रष्टाचार की खुली पोल,एक महीने में ही टूटी वार्ड 15 (घासीगंज) के मंडी समिति रोड का नाला*
सुल्तानपुर,नगर पालिका परिषद सुल्तानपुर के वार्ड नंबर 15 (घासीगंज) स्थित नवीन मंडी रोड पर नगर पालिका मद से कराया गया नाला निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। घटिया निर्माण सामग्री और अनियोजित कार्य का आलम यह है कि महज एक महीने के भीतर ही नया बना नाला क्षतिग्रस्त (धंस/टूट) गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नवीन मंडी रोड पर भ्रष्टाचार की 'गवाही' देता नया नाला।
घासीगंज वार्ड का यह मुख्य मार्ग (नवीन मंडी रोड) हर दिन हजारों लोगों और व्यापारियों की आवाजाही का प्रमुख जरिया है। जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए हाल ही में नगर पालिका फंड से करोड़ों रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराया गया था। लेकिन मानक के विपरीत सामग्री और बिना ठीक से तराई किए जल्दबाजी में निपटाए गए काम के कारण, एक हफ्ते के भीतर ही नाले की दीवारें और स्लैब जवाब दे गए। स्थानीय लोगों का गुस्सा चरम पर क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही उन्होंने ठेकेदार और संबंधित जेई (जूनियर इंजीनियर) से घटिया सामग्री इस्तेमाल करने की शिकायत की थी, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। "नगर पालिका के बजट का इस तरह दुरुपयोग हो रहा है। पहली बारिश या मामूली दबाव भी यह नाला सहन नहीं कर सका-स्थानीय निवासी "सड़क पर बहता नाले का पानी और उखड़ा हुआ नाला अब दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। उठते गंभीर सवाल:-
गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं हुई? काम पूरा होने के बाद क्या नगर पालिका के अधिकारियों ने निर्माण का भौतिक सत्यापन किया था? ठेकेदार पर मेहरबानी क्यों? इतनी घटिया गुणवत्ता के बाद भी क्या ठेकेदार का भुगतान रोका जाएगा या उस पर ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई होगी?

जनता के पैसे की बर्बादी का जिम्मेदार कौन*?
वार्ड 15 घासीगंज की जनता अब जिलाधिकारी और अधिशासी अधिकारी (EO) से मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रही है।
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल दो अन्य गिरफ्तार*
गिरफ्तार बदमाशों के पास से भारी मात्रा में सोने चांदी जेवरात व नगदी और अवैध तमंचा के साथ जिंदा कारतूस एवं बाइक बरामद।
सुल्तानपुर में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई इस मुठभेड़ में जहां एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया तो वहीं पुलिस ने दो अन्य उसके साथियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाशों के पास से भारी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात,नगदी अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की गई है। फिलहाल घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाने के साथ साथ पुलिस विधिक कार्यवाही में जुट गई है। दरअसल अखंड नगर थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस को सूचना लगी कि कुछ शातिर बदमाश बदमाश निकलने वाले हैं। जिसपर पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। वहीं बदमाशों को आठ देख पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने फायर किया तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वो घायल हो गया। जबकि कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने दो अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की माने तो घायल बदमाश की पहचान विपिन निषाद उर्फ हॉलैंड के रूप में हुई है और इस पर पहले से कई गंभीर मुकदमें दर्ज हैं, वहीं अन्य बदमाशों की पहचान ने नागेंद्र उर्फ बबलू और नीरज के रूप में हुई है,ये सभी कादीपुर तहसील क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से चोरी की घटना को अंजाम देते चले आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की माने तो पकड़े गए सभी बदमाश शातिर चोर हैं और उनके पास से भारी मात्रा में चोरी के सोने चांदी के जेवरात,नगदी,अवैध असलहा,जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की गई है, फिलहाल घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करवाने के साथ साथ पुलिस विधिक कार्यवाही में जुट गई है।
ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का रहा दब-दबा,जीते दर्जनों से अधिक पदक*
सुल्तानपुर,वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन इंडिया की ओर से लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में दो दिवसीय ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का समापन हुआ। चैंपियनशिप में जिले के 20 जाबाज खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया है। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शुरू हुई चैंपियनशिप में जिले के 20 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न-भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करने वाले एक खिलाड़ी को स्वर्ण पदक,पांच को रजत व 14 खिलाड़ियों को कांस्य पदक मिले,अभिनव कुमार पांडेय को स्वर्ण पदक मिला। अली खान,राहुल राज,शिवा यादव,जूही,नम्रता यादव को रजत पदक मिला।
वहीं,प्रिंस पाल,अयान खान,उत्कर्ष कुमार, युग सिंह,अब्दुल्ला खान,अभिनव मिश्र, शौर्य श्रीवास्तव,कोमल,जिया,अपेक्षा,वैष्णवी, सुहानी,महक,प्रांजली को कांस्य पदक मिला।
जिले के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रशांत कुमार सिंह,बिंदु श्रीवास्तव व जिला कराटे संघ के अध्यक्ष गिरजा शंकर पांडेय ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है