राजस्व कार्यों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी


फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
      जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी अपने मासिक लक्ष्य को शत प्रतिशत रूप से पूर्ण करें, जिससे वार्षिक लक्ष्य भी क्रमिक वृद्धि के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके। विभागीय अधिकारी परावर्तन के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई कर वसूली के कार्य में वृद्धि लाएं। राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसामान्य से संबंधित राजस्व प्रकरणों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
      उन्होंने वरासत, नामांतरण, भूमि विवाद, सीमांकन, पैमाइश, अतिक्रमण तथा अन्य राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को समय से राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
      जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आमजन से जुड़े हैं, इसलिए अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
      बैठक में वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, विद्युत, मंडी समिति, वानिकी एवं सिंचाई विभाग के अंतर्गत राजस्व प्राप्ति एवं प्रवर्तन के तहत किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रदान की गई।
      बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अजय पाण्डेय, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन

  फर्रुखाबाद । जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में 4वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन आज स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन के उपरांत अदिति सिंह द्वारा सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।
      जिलाधिकारी का प्रिया साध द्वारा पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रिया साध एवं सचिव अजय प्रताप सिंह द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को आशीर्वाद, स्नेह एवं शुभकामनाएं दी गईं।
      प्रतियोगिता में आमंत्रित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्याओं, विभिन्न ताइक्वांडो कोच, निर्णायक मंडल, सोशल मीडिया के इन्फ्लुएंसर्स, कर्मचारियों, सहयोगियों एवं अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया गया।
      प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देर शाम श्रीमती अंजू कुशवाह, अपर जिला जज, फैमिली कोर्ट द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित एवं उत्साहित किया गया। विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
      जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर


फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
      जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाए।
      उन्होंने निर्देश दिए कि जमापुर मोड़ से चाचूपुर मोड तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने हेतु प्रस्ताव तैयार करें। कानपुर मण्डल क्षेत्र में परावर्तन के तहत की गई कार्यवाहियों की आख्या उपलब्ध कराएं, साथ ही प्रवर्तन के तहत की गई कार्यवाही की संख्या में वृद्धि लाएं। ओवरलोडिंग यात्री वाहन (स्कूली वाहन, ऑटो, टेंपो एवं ई-रिक्शा एवं माल वाहक वाहनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करें। बेसिक विद्यालय एवं माध्यमिक विद्यालय में सड़क सुरक्षा नियमों के तहत आयोजित गतिविधियों की आख्या उपलब्ध कराएं। सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाए जाएं। विशेष रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवरलोडिंग, तेज गति से वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
      जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
       बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि माह जुलाई 2026 में जनपद फर्रुखाबाद में दुर्घटनाओं की संख्या में 18.18 प्रतिशत एवं मृतकों की संख्या में 08 प्रतिशत की कमी आई है।
      बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों का सर्वांगीण विकास, आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता : सदस्य, कृषक समृद्धि आयोग
सदस्य, कृषक समृद्धि आयोग ने की कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों के साथ बैठक

      फर्रुखाबाद । राज्यमंत्री  कृषक समृद्धि आयोग सदस्य कुलजीत सिंह की अध्यक्षता में कृषि एवं कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कृषक समृद्धि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक बैठक का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया।
      बैठक में कृषकों के हित में संचालित विभिन्न कृषि एवं कृषि से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सदस्य द्वारा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, कृषकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा पात्र किसानों तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि सुधारों के लिए वर्ष 2017 में कृषक समृद्धि आयोग का गठन किया गया था, इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य में कृषक समृद्धि योजना जैसी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।
       कृषक समृद्धि आयोग का मुख्य उद्देश्य किसानों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वांगीण विकास करना है, इस हेतु कृषि क्षेत्र के विकास एवं कृषकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। पात्र कृषकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कृषकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
      बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता सहित कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। मा0 सदस्य द्वारा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
      इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 धीरज कुमार, ए0आर0 कॉपरेटिव अजय पालीवाल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रोली सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुप्रिया रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रात्रि एक बजे पांचाल घाट व पुल पर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण


फर्रुखाबाद । श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कांवड़ यात्रियों द्वारा गंगाजल भरने एवं श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने रात्रि लगभग 01 बजे पांचाल घाट एवं पांचाल घाट पुल पर पहुंचकर जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं, आवागमन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रियों के गंगाजल भरने के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा घाट एवं पुल पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित रखी जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन को सुव्यवस्थित रखा जाए तथा घाट पर लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने घाट एवं पुल पर लगातार पुलिस गश्त एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दैवीय आपदा के समय किस प्रकार कार्य करे, छात्रों को दी गई जानकारिया
फर्रुखाबाद । 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल  एन डी आर एफ गाजियाबाद के कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के समन्वय से जनपद में प्री-मानसून तैनाती पर कार्यरत एनडीआरएफ टीम द्वारा लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान पंडित दुर्गा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फर्रुखाबाद में स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक रमाकांत यादव के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों,तथा शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, आकाशीय बिजली तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। भूकंप के दौरान ड्रॉप, कवर एवं होल्ड, तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को आपदा के समय सुरक्षित प्रतिक्रिया के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। साथ ही सीपीआर , बेसिक लाइफ सपोर्ट , प्राथमिक उपचार तथा गले में भोजन या कोई अन्य वस्तु फँस जाने की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी एवं उनका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने, स्ट्रेचर के सही उपयोग तथा आपदा के दौरान त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।
एनडीआरएफ टीम द्वारा प्रतिभागियों को आपदा से पहले तैयारी, आपदा के दौरान सुरक्षित व्यवहार तथा आपदा के बाद आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों एवं आपदा प्रबंधन उपायों को व्यवहारिक रूप से समझाया और प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझा।
विद्यालय के  प्रधानाचार्य ने एनडीआरएफ टीम द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एनडीआरएफ टीम के विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जागरूकता कार्यक्रम पुनः आयोजित करने हेतु एनडीआरएफ टीम को सादर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि  इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि वे आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं सुरक्षित रहते हुए समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक एवं सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक रमाकांत यादव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सजगता एवं सूझबूझ के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी एवं जीवनरक्षक कौशल केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाकर जन-जागरूकता की कड़ी को और मजबूत करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जागरूक एवं प्रशिक्षित आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान बचाने तथा समुदाय में आपदा जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
गंगा योद्धाओ के साथ गंगा समिति ने चलाया स्वच्छता अभियान

फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति के तत्वाधान में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के निर्देश पर सावन माह के चलते गंगा घाट पांचाल घाट पर गंगा योद्धाओं के द्वारा स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं दुकानदारों एवं अन्य लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह जिम्मेदारी लेनी चाहिए कि वह अपने स्तर से गंगा को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग करें।जिस तरह से गंगा में स्नान करने से हम स्वयं को स्वच्छ करते हैं उसी तरह से गंगा तट को स्वच्छ रखने से हम गंगाजल को स्वच्छ रखेंगे। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने युवाओं के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाकर  घाट पर फैली गंदगी, कूड़ा करकट,प्लास्टिक, पॉलिथीन कपड़े इत्यादि को साफ करके कूड़े का निस्तारण किया गया। सावन माह के चलते कावंड़ियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया क्योंकि प्रायः देखा गया है कि उनके द्वारा गंगा घाट पर भारी मात्रा में पॉलिथीन एवं अन्य सामग्री छोड़ दी जाती है जिससे घाट पर गंदगी फैलती है। साथ ही गंगा स्नान करने आए लोगों को अत्यधिक गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए जागरूक किया गया। घाट पर उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर गंगायोध्दा रामरहीश कुशवाहा, सुमित, विकास, दीक्षा,नितिन,दिव्यांश,सनी,ओम, उत्तम, अनीत, कार्तिक, शुभ एवं अन्य युवा उपस्थित रहे।
अन्नपुर्णा भवन का विधायक ने किया लोकार्पण


फर्रुखाबाद। तहसील सदर के विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत सिरौली में वर्ष 2023-24 के अंतर्गत मनरेगा योजना से निर्मित अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण विधायक अमृतपुर  सुशील शाक्य द्वारा किया गया । इस मौके पर ग्राम प्रधान शीतला देवी
प्रधान प्रतिनिधि सर्वेश सिंह
पूर्व प्रधान सत्येंद्र सिंह,
जिला पूर्ति अधिकारी अनिल कुमार यादव, पूर्ति निरीक्षक अभिषेक मिश्रा कोटेदार संघ के जिला अध्यक्ष अनिल तिवारी एवं सभी ग्रामवासी उपस्थित रहे ।
गंगा खतरे के निशान के करीब, अमृतपुर तहसील, क्षेत्र के चित्रकूट डीप पर आवागमन बंद, 24 घंटे पुलिस तैनात
फर्रुखाबाद में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है। इस कारण अमृतपुर तहसील क्षेत्र गंगा की बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित है। यहां स्टेट हाईवे पर चित्रकूट डीप पर लगभग तीन फीट पानी बह रहा है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग को अवरुद्ध किया है।
गंगा की बाढ़ के प्रकोप से तहसील क्षेत्र के 50 से अधिक गांव पूरी तरह से घिर गए हैं।* प्रशासन लगातार बाढ़ प्रभावितों की मदद और राहत-बचाव कार्यों में तत्परता से जुटा हुआ है।
ज्यादा तर ग॔गापार क्षेत्र के तटवर्तीय गाँवों में अत्यधिक फिर से सैलाब हो गया है जो कि- तीसराम की मडैया, गौटिया ,पूर्वी, पश्चिमी, ब॔गला, उदयपुर सबलपुर क॔चनपुर, मडैया, रामपुर जोगराजपुर, जगतपुर, अम्बरपुर, चित्रकोट, रतनपुर कुबेरपुर आदि तटवर्तीय गाँव अत्यधिक बाड़ प्रभावित हो रहे हैं।
अमृतपुर तहसील में गंगा के साथ-साथ रामगंगा नदी की बाढ़ का प्रकोप भी शुरू हो गया है, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। गंगा की बाढ़ का पानी स्टेट हाईवे पर तीन जगह चल रहा है। चित्रकूट डिप पर लगभग तीन फुट पानी होंने के चलते आवागमन बंद किया गया है। कोई अनजाने में न पहुंच जाए तो अप्रिय स्थिति से बचने के पुलिस को भी तैनात किया गया है।

चित्रकूट डिप पर फिर चढ़ा बाढ़ का पानी, पुलिस ने बंद किया फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर बाढ़ का पानी बढ़ने से फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे के चित्रकूट डिप पर दोबारा पानी भर गया है। सुरक्षा के मद्देनजर राजेपुर पुलिस ने डिप के दोनों ओर बैरीकेडिंग लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
कुछ दिन पहले भी जलस्तर बढ़ने पर मार्ग बंद किया गया था। पानी कम होने के बाद रास्ता चालू किया गया था लेकिन जलस्तर बढ़ने से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।
फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन अब राजेपुर से डबरी होते हुए जमापुर चौराहे मार्ग  से होकर गुजरेंगे। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि जलस्तर कम होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही आवागमन शुरू किया जाएगा। पुलिसकर्मी 24 घंटे मौके पर तैनात रहकर निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों को दिया एक हज़ार रुपए का तोहफा, कैशलेस की भी सुविधा प्रदान की
फर्रुखाबाद l  लखनऊ से मुख्यमंत्री रसोईया सम्मान समारोह का शुभारम्भ किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद स्तरीय कार्यक्रम एक निजी गेस्ट हाउस फतेहगढ़ में किया गया। मुख्यमंत्री रसोईया कैशलेस चिकित्सा योजना मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में रसोईया के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री रसोईया कैशलेस चिकित्सा की योजना स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जनपद में प्रत्येक विधान सभा में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के अन्तर्गत प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोईया बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों एवं अनुदानित विद्यालयों एवं स्ववित्त पोषित विद्यालयों में कार्यरत रसोईया एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्य लाभार्थी होंगे। मुख्यमंत्री रसोईया कैशलेस योजना में प्रति शिक्षक 3000 रुपए-वार्षिक प्रीमियम अनुमानित है। प्रीमियम का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा, जिसकी व्यवस्था विभागीय बजट में प्रावधानित है। इस कल्याणकारी योजना के तहत जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग 4080 से अधिक रसोइयों के परिवार लाभान्वित होंगे। कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का क्रियान्वयन साचीज के माध्यम से कराया जायेगा। सुविधा राजकीय चिकित्सालयों एवं साचीज के साथ सम्बद्ध निजी चिकित्सालयों में अनुमन्य होगी। योजना का लाभ-यह योजना मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती होने वाले इलाजों को कवर करती है। इसके माध्यम से सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में गम्भीर बीमारियों, जटिल सर्जरी, कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग सहित लगभग 1900 से अधिक उपचार पैकेजों का लाभ मिलता है। इसमें ओ०पी०डी० सेवा कवर नहीं होती है। आज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत एवं प्रशासक जिला पंचायत मोनिका यादव द्वारा प्रतीकात्मक रूप में 15 रसोईयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का कार्ड प्रदान किया गया। समारोह में सांसद एवं प्रशासक जिला पंचायत उपस्थिति में रसोईयों के मानदेय में एक हज़ार रुपए  की वृद्धि की घोषणा लाइव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा की गयी। समारोह में सांसद मुकेश राजपूत एवं प्रशासक जिला पंचायत द्वारा जन-सामान्य के सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुये कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लाभार्थियों तथा बढ़े हुये मानदेय के लिए बधाई दी गयी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा  मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोईया एवं शिक्षक/ शिक्षिकाओं एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह द्वारा समस्त योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुये सभी को धन्यवाद किया गया।