जी आई सी में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया जा रहा प्रशिक्षित

फर्रुखाबाद।विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में संचालित कक्षाओं में छात्र छात्राओं को अध्यापन कार्य किया गया ।
उनके द्वारा व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पठन-पाठन की प्रगति, अध्ययन की रणनीति तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ प्रभावी नोट्स मेकिंग एवं उत्तर लेखन पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए विषय की समझ के साथ-साथ उत्तर को निर्धारित समय में सटीक, तार्किक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अभ्यास भी आवश्यक है।

NEET एवं JEE की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से उन्होंने विषयवार कॉन्सेप्ट की समझ के संबंध में जानकारी ली। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे अपने ज्ञान एवं तैयारी का निरंतर आकलन करने के लिए विगत वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करें तथा अपनी कमजोरियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने पर विशेष ध्यान दें।

इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं अनुभवों को साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित एवं निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
पिकअप की टक्कर से बच्चे की मौत चालक हिरासत में*
अमृतपुर, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम भुड्डनपुर की मड़ैया के सामने इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार को पिकअप की टक्कर से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मृतक के पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भुड्डनपुर निवासी महावीर सिंह पुत्र रामरतन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण उनका 11 वर्षीय पुत्र अनूप गांव के सामने इटावा-बरेली हाईवे के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान पांचाल घाट की ओर से हुल्लापुर की तरफ जा रही पिकअप ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अनूप को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल अनूप को तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे तिर्वा-कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में अनूप ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची राजेपुर पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। मृतक के पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अनूप दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सिद्धार्थ अभी महज दो वर्ष का है। बेटे की मौत की खबर से मां रीता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
चीनी के बढ़ते मूल्यों का लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, तीन स्टॉकिस्टों के यहां छापा, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध स्टॉक डी एम
फर्रुखाबाद। बाजार में चीनी के बढ़ते दामों के दृष्टिगत रखकर जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर द्वारा समीक्षा बैठक की गई ,जिसमें
जिला पूर्ति अधिकारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी
जिला गन्ना अधिकारी जी एम चीनी मिल कायमगंज के साथ-साथ जिला के 10 बड़े स्टॉकिस्ट उपस्थित रहे , बैठक में जनरल मैनेजर चीनी मिल द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है चीनी की कोई कमी नहीं है जनपद में चीनी की एक ही मिल है जो सरकारी है मिल पर भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है आज का चीनी का थोक मूल्य 5900 रुपए है ।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा पूछा गया कि बड़े स्टॉकिस्ट के स्टॉक की क्या स्थिति है इस संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि बड़े स्टॉकिस्ट के पास भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है । भारत सरकार द्वारा निर्धारित 4000 कुंतल की स्टॉक सीमा के अंतर्गत ही है बड़े स्टॉकिस्ट में से तीन स्टॉकिस्ट की रेंडम तौर पर टीम गठित कर जांच कराई गई जिनका स्टॉक अनुमन्य सीमा के अंतर्गत ही पाया गया है भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी स्टॉकिस्ट को भारत सरकार के पोर्टल foodstock.dfpd.gov.in पर प्रत्येक शुक्रवार को अपनी स्टॉक को प्रदर्शित किया जाना है । जिलाधिकारी द्वारा समस्त  स्टॉकिस्ट को  निर्देश दिए गए की गाइडलाइन के अनुसार अपना स्टॉक प्रदर्शित करें । जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विभाग अधिकारी को संयुक्त रूप से निर्देशित किया गया की टीम गठित कर रेंडम तौर पर स्टॉक की जांच कराना सुनिश्चित करें किसी भी दशा में कोई भी व्यापारी जमाखोरी व कालाबाजारी ना करने पाए,
जिलाधिकारी द्वारा सार्वजनिक रूप से अपील की गई कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है चीनी की कोई कमी नहीं है ।
मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को  सौंपा

फर्रुखाबाद । तहसील अमृतपुर की ग्राम पंचायत बली पट्टी रानी गांव निवासी अनशनकर्ता श्याम बिहारी अवस्थी ने  कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री एवं प्रमुख सचिव (गृह ) को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट पारुल कतार को दिया है l
उन्होंने मुख्य सचिव उ.प्र. को *संबोधित ज्ञापन पत्र में दो सूत्रीय मांग की है ज्ञापन जिलाधिकारी  के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई हेतु  मुख्यमंत्री को भी प्रेषित किया गया है.
अनशनकारी श्याम बिहारी अवस्थी ने अपने मांग पत्र में  *तहसील अमृतपुर में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण शासनादेश अंतर्गत न होने की जानकारी से भी शासन को अवगत कराया है.  प्रार्थना पत्रों के *गायब हो जाने, आई.जी.आर.एस.नंबर दर्ज न होने जैसी प्रमुख कमियों का अपने ज्ञापन पत्र में उल्लेख किया है.
ज्ञापन में कहा है कि जनता दर्शन अथवा संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले शिकायतें प्रार्थना पत्रों का तथ्यहीन / फर्जी निस्तारण होने का भी उल्लेख किया है. अनशनकारी  अवस्थी द्वारा अपनी दो सूत्रीय ज्ञापन में *सर्वप्रथम तहसील अमृतपुर परिसर में आने वाले सभी फरियादियों की शिकायतों का शासनादेश अनुकूल गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए, साथ ही अनिवार्य रूप से जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग की है । उन्होंने अपनी द्वितीय मांग में कहा है कि राजभवन एवं लोक भवन सहित प्रादेशिक एवं मंडलीय  कार्यालयों द्वारा विभिन्न विभागीय अधिकारियों के निर्देश पत्रों पर लगाई गई जांचाख्या को सही साबित किए जाने की मांग की है . आख्या को सही साबित न किए जाने की स्थिति में पूर्व में लगाई गई सभी *आख्याएं शून्य घोषित कर समस्त प्रार्थना पत्र मय निर्देश पत्र मूल रूप में वापस किये जाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि दोनों मांगों के पूर्ण न किए जाने की स्थिति* में अन्य किसी संभावित अथवा अपेक्षित न्याय संगत कारवाई की स्थिति से भी शिकायतकर्ता को अवगत कराये जाने की मांग की है ।
अनशनकारी ने अपने ज्ञापन के माध्यम से प्रथम द्वितीय चरण के *अनशन के 33 वें दिन सहित लगातार चल रही भूख हड़ताल से होने वाली *शारीरिक,आर्थिक, मानसिक व सामाजिक क्षति सहित भविष्य में *संभावित/ अवांछित किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना के घटित होने का भी संपूर्ण उत्तरदायित्व व्यक्तिगत रूप से संबंधित विभागीय प्रशासनिक अधिकारियों के ही होने का उल्लेख किया है ।
104 में 6 लाभार्थियों का चयन,189 ऑन लाइन आवेदन प्राप्त हुए

फर्रुखाबाद। नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत संचालित मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना के अन्तर्गत विकास भवन सभागार में लाभार्थियों का ई लॉटरी के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में चयन किया गया। योजना का उद्देश्य पशु पालकों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के अन्तगर्त जनपद में कुल 189 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें से जांच के बाद 104 आवेदन उपयुक्त पाये गये। निधारित लक्ष्य के अनुसार ई-लाटरी के माध्यम के 06 लाभार्थियों का चयन किया गया, जिनमें से 03 पुरुष एवं 03 महिला शामिल हैं। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी/जिला समन्वयक, नन्द बाबा दुग्ध मिशन द्वारा बताया के तहत चयनित प्रत्येक लाभार्थी को प्रदेश के बाहरी से साहीबाल, गिर, थारपारकर एवं गंगातीरी नष्ल की स्वदेशी गाय क्रय करनी होंगी योजना की कुल लागत 236000 रूपया है जिसमें से निर्धारित मानकों को पूर्ण करने पर लाभार्थी को दो किश्तों में 5,90000-5,90000 कुल 1180000 की धनराशी डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते मंें हस्तांतरित की जायेगी। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि शासन की योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिनी नन्दनी कृषक समृद्धि योजना पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ- साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
सीतापुर आई हॉस्पिटल का डीएम निरीक्षण के बाद दिन बहूरगे

फर्रुखाबाद।  जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय के साथ सीतापुर आई हॉस्पिटल, फतेहगढ़ का निरीक्षण किया गया। संज्ञान में आया है कि 15-20 वर्षों से यह अस्पताल क्रियाशील नहीं है, जिसको लेकर जनता ने भी जिलाधिकारी  से कई बार शिकायत की है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान  कृष्णकान्त महाजन, जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) को बुलाकर उसके भूमि अभिलेखों का अवलोकन करते हुए विवरण सहित आख्या देने का निर्देश दिया है।  मुरलीधर, अधिशासी अभियन्ता, पी0डब्लू0डी0 को निर्देश दिये गये कि इसका पूर्ण भौतिक स्थलीय निरीक्षण करते हुए विस्तृत आख्या करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि अन्तर्विभागीय समन्वय करते हुए आई रिलीफ सोसाईटी के अन्तर्गत विभागीय कार्यवाही कर सीतापुर आई हॉस्पिटल को क्रियाशील करायें। ज्ञातव्य है कि जिलाधिकारी आई रिलीफ सोसाईटी की अध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी उपाध्यक्ष है।
संज्ञान में यह भी आया है कि पूर्व में शासन से भी इसका अनुवर्ती अनुदान मिलता रहा है, जो कि वर्ष 2022 से बन्द है। 1963 में यह जमीन जिला प्रशासन द्वारा अधिग्रहीत की गयी थी, जो जनता के दिए हुए सहयोग एवं शासकीय अनुदान से इसका निर्माण हुआ, जिसका बीच में कुछ वर्ष तक सीतापुर आई हॉस्पिटल ने इसका संचालन किया। विगत 15-20 वर्ष से उसका उचित प्रकार से संचालन नहीं किया जा रहा है। इस समय यह बिल्डिंग जर्जर एवं क्षीर्ण हो चुकी है, जिसका लाभ फर्रूखाबाद की जनता को नहीं मिल पा रहा है। जिला की सक्रिय जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने तत्परता से संज्ञान में लेकर इसके पुर्नद्धार की शुरूआत की गई  है।  जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय के सक्रिय प्रयासों से जनपद ही नहीं, आसपास की जनता को भी इस नेत्र चिकित्सालय का लाभ मिलेगा।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में मुख्य व्यवस्था विकास अधिकारी को निरीक्षण में मिली व्यवस्थाएं दुरुस्त
फर्रुखाबाद।
उच्च प्राथमिक विद्यालय, महरूपुर सहजू, विकास खण्ड बढ़पुर का मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने औचक निरीक्षण किया ।विद्यालय  निरीक्षण के दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक- शबनम शहाना प्रवीन, सहायक अध्यापक प्रशान्त कुमार कटियार, ऋचा गंगवार एवं शीलू यादव एवं अनुदेशक  मंजेश्वरी एवं आभा उपस्थित थीं । विद्यालय में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध पाई गई। पेयजल व्यवस्था संतोषजनक है। बालकों हेतु पृथक शौचालय उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाया गया। साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक है।
बालिकाओं हेतु पृथक शौचालय उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाया गया। आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
शौचालय एवं मूत्रालय में जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था उपलब्ध पाई गई।
शौचालय एवं मूत्रालय में टाइल्सीकरण का कार्य पूर्ण एवं संतोषजनक पाया गया।दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुलभ शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाई गई। विद्यालय में मल्टीपल हैंड वॉशिंग यूनिट उपलब्ध एवं क्रियाशील पाई गई।कक्षा-कक्षों के फर्श का टाइलीकरण कार्य पूर्ण पाया गया। फर्श की स्थिति संतोषजनक है। विद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों के आवागमन हेतु रैम्प की सुविधा उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाई गई।
विद्यालय में रसोई घर उपलब्ध है भोजन निर्माण हेतु आवश्यक व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विद्यालय के निरीक्षण के समय तहरी बनी पायी गयी, जो मेन्यू के अनुसार बनयी गयी। तहरी की गुणवत्ता संतोषजनक पायी गयी।
विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई पूर्ण एवं विद्यालय परिसर साफ-सुथरा पाया गया। विद्यालय परिसर में दिव्यांग विद्यार्थियों के सुगम आवागमन हेतु रैम्प एवं रेलिंग की व्यवस्था उपलब्ध पाई गई।कक्षा-कक्षों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक फर्नीचर एवं विद्युत उपकरण उपलब्ध पाए गए।
विद्यालय में विद्युत संयोजन उपलब्ध एवं विद्युत व्यवस्था क्रियाशील पाई गई।
बालकों हेतु पृथक मूत्रालय उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाया गया।
बालिकाओं हेतु पृथक मूत्रालय उपलब्ध एवं उपयोग योग्य पाया गया।
विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने हेतु फर्नीचर एवं डेस्क-बेंच उपलब्ध पाए गए।
विद्यालय में नल-जल आपूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध एवं संतोषजनक पाई गई।
विद्यालय में सुरक्षित प्रवेश हेतु मुख्य गेट एवं परिसर की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध एवं संतोषजनक पाई गई। विद्यालय की साफ-सफाई संतोषजनक पायी गयी।
विद्यालय परिसर में कहीं जल भराव नहीं पाया गया तथा विद्यालय सम्पर्क मार्ग बना है।

विद्यालय में 148 छात्रों का नामंकन पाया गया। विद्यालय की अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के समय समस्त अध्यापक उपस्थित पाए गए। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के समुचित रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने हेतु प्रधानाध्यापक एवं समस्त अध्यापकों को निर्देशित किया गया।
गंगा के पांचाल घाट पर गंगा समिति में चलाया स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम

फर्रुखाबाद।
जिला गंगा समिति के तत्वाधान में  गंगा स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गंगा घाट पांचाल घाट  पर किया गया। सावन माह के दृष्टिगत जिला गंगा समिति की टीम के द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।जिलाधिकारी के दिशा निर्देश पर जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के द्वारा गंगा योध्दाओं ने मिलकर घाट पर स्वच्छता अभियान चला कर घाट पर फैली प्लास्टिक पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां कपड़े इत्यादि एकत्रित कर उनका निस्तारण किया। जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि गंगा तट पर प्रतिदिन हजारों कावरीयें गंगा जल लेने पहुंच रहे हैं इसके दृष्टिगत जिला गंगा समिति के द्वारा प्रतिदिन सुबह व शाम को जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त  गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया। कई लोगों के द्वारा गंगा नदी में पूजा की सामग्री विसर्जित करने एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री छोड़ने के लिए रोका गया।उपस्थित सभी लोगों को गंगा नदी की विशेषता बताते हुए गंगा नदी को स्वच्छ रखने  के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही बाढ़ के दृष्टिगत जल लेने आए कांवरियों को भी गहरे पानी में जाने से रोका गया एवं लोगों को जानकारी दी गई की गंगा में पूरी तरह से सावधानी पूर्वक स्नान करें एवं अत्यधिक गहरे पानी में न जाए।इसके अतिरिक्त गंगा घाट पर दुकानदारों,पंडित पुजारी, नाविकों इत्यादि को भी गंगा स्नान करने आए लोगों को गंगा स्वच्छता के लिए जागरूकता बनाए रखने के दिशा निर्देश दिए गए। अंत मे सभी लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
डीसीएस से टकराकर सिक्योरिटी गार्ड की मौत, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

फर्रुखाबाद । सड़क हादसे में साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड मुकेश अग्निहोत्री की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। थाना जहानगंज के ग्राम पकरिया निवासी कैलाश चंद अग्निहोत्री का 49 वर्षीय पुत्र मुकेश अग्निहोत्री साइकिल से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने जा रहा था। शुक्रवार को सुबह करीब 8.30 बजे थाना मऊदरवाजा के ग्राम ढिलावल चौराहा व रेलवे अंडरपास के बीच फर्नीचर की गोदाम के सामने से गुजर रहा था।

तभी ढिलावल की ओर से पाइप लदी डीसीएम नाला बघार की ओर जाने के लिए खड़ी थी जिससे मार्ग अवरुद्ध था,जब डीसीएम वहां से गुजरी तो उस में रखे पाइप से टकराकर आम के पेड़ की डाल टूट कर नीचे का आ गिरी। पेड़ की डाल के नीचे अचानक नीचे आ कर गिरने पर डीसीएम की चपेट में आने से मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद सड़क के किनारे खड़ी डीसीएम को चालक लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने पाइप लगी डीसीएम को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। मृतक मुकेश के परिजन अस्पताल विलखते रहे। चौकी इंचार्ज रामकेश ने मृतक के शव का पंचनामा भरा।
सांड से टकराई डायल 112 की गाड़ी, तीन पुलिसकर्मी घायल*
सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु बन रहे दुर्घटना का कारण

अमृतपुर, फर्रुखाबाद । थाना राजेपुर क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब दो बजे पूर्वी गोटिया के पास अचानक सड़क पर आए सांड से डायल 112 पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाढ़ के पानी से भरी खाई में पलट गया। हादसे में वाहन सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।जानकारी के अनुसार डायल 112 की गाड़ी संख्या 5604 कुतलूपुर गांव में विवाद की सूचना पर गई थी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वी गोटिया के पास अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पुलिस वाहन की सांड से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाढ़ के पानी से भरी खाई में पलट गया। हादसे में वाहन में सवार दीवान राजकुमार 40 सिपाही सुमित 30 और सिपाही ओमवीर 30 घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। तीनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाढ़ के पानी से भरी खाई में वाहन पलटने के कारण पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में भी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्रीय गांव वासी रामदुलारे दीनानाथ प्यारेलाल होते लाल पुष्पेंद्र राघव दीपक आदि ने बताया कि सड़कों पर आवारा पशु लगातार आते जाते रहते हैं। जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और गंभीर दुर्घटनाएं हो जाती हैं।