शहर कोतवाली के पास हादसा, जलकर गिरा पेड़ के चपेट में कार, बाल-बाल बचे चार


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। शहर कोतवाली के ठीक पास सोनोग्राफी सेंटर के बाहर स्थित एक प्राचीन पीपल का पेड़ 33,000 वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। दो दिनों से लगातार सुलग रहे इस पेड़ की मोटी डाली मंगलवार को अचानक बीच सड़क पर आ गिरी। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार पेड़ के भारी-भरकम तने की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार में सवार चार लोग इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गए।

बिजली के तार से लगी थी आग
स्थानीय निवासियों के अनुसार, 33,000 वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन के संपर्क में आने से पेड़ में आग लग गई थी। खतरे को देखते हुए सोमवार दोपहर कुछ समय के लिए इलाके की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और वन विभाग को दी थी, लेकिन आरोप है कि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे पेड़ दो दिनों तक लगातार सुलगता रहा।

मंगलवार को जब दमकल विभाग की टीम मौके पर आग बुझाने पहुंची, उसी दौरान पेड़ का एक बड़ा तना टूटकर अचानक सड़क पर आ गिरा। इसी दौरान हेमंत कुमार यादव अपनी बहन के इलाज के लिए परिवार के साथ कार से वहां से गुजर रहे थे और वाहन हादसे का शिकार हो गया।

कार चालक हेमंत कुमार यादव ने दमकल विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खतरा स्पष्ट होने के बावजूद प्रशासन ने न तो रास्ते को ब्लॉक किया और न ही कोई बैरिकेडिंग की। यदि समय रहते यातायात रोक दिया जाता तो यह हादसा टल सकता था। कार में चार से अधिक लोग सवार थे, जिनकी जान किस्मत से बच गई, लेकिन वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग और दमकल की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया। लोगों का कहना है कि यदि पहली सूचना पर ही पेड़ की डालियों की छंटाई कर दी जाती या सुरक्षा घेरा बना दिया जाता, तो यह दुर्घटना न होती।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। हालांकि, घटना के दौरान पूरी तरह आवागमन बंद न होने से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नागपंचमी पर मोहटी घाट अखाड़े में गदा प्रतियोगिता, राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव बने भीम गदा विजेता*


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। नागपंचमी के पावन पर्व पर मोहटी घाट स्थित बाबा मोहटी दास आश्रम मठ अखाड़े पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुश्ती व शक्ति प्रदर्शन के इस पारंपरिक आयोजन में पहलवान दीपक यादव द्वारा प्राचीन 50 किलोग्राम वजनी भीम गदा को उठाकर भांजने की खुली चुनौती रखी गई थी, जिसे स्वीकार करने जिलेभर से बड़ी संख्या में पहलवान पहुंचे।
झमाझम हो रही बारिश के बीच प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण दुल्लहपार निवासी राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव का प्रदर्शन रहा। उन्होंने अपने पिता कैलाश यादव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 50 किलो की प्राचीन भीम गदा को न सिर्फ आसानी से उठाया, बल्कि 10 हाथ सफलतापूर्वक भांजकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। आयोजक पहलवान दीपक यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता के इतिहास में बीते 14 वर्षों बाद इस भीम गदा को उठाकर विजय हासिल करने वाले बृजेश यादव जिले के पांचवें विजेता पहलवान बन गए हैं। विजयी पहलवान बृजेश यादव की इस उपलब्धि पर अखाड़ा समिति द्वारा उन्हें भव्य गदा एवं 5,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रुदल साहनी, रघुवीर साहनी, पिंटू, दुधई साहनी सहित अखाड़ा समिति के अन्य सदस्य व बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री ने किया सम्मानित
उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़ नगर के श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका सोनी ने की।

समारोह की शुरुआत विद्यालय के अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल एवं प्रबंधक मनीष रत्न अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर की गई।

विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के उपरांत छात्राएं हरिऔध कला भवन में आयोजित जनपदीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मिलित हुईं। यहाँ छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, मनमोहक नृत्य, ओजस्वी भाषण, मॉडल एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, मंडलायुक्त विवेक कुमार और डीआईजी सुनील कुमार सिंह, द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित एवं प्रशंसित किया गया।

छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि में अनीता यादव का विशेष योगदान रहा। वहीं, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और उसे सफल बनाने में सुरभि अग्रवाल, कंचन प्रजापति, अनुपमा सिंह, रचना राय, अनामिका श्रीवास्तव, सुमन गौतम तथा सीमा सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका सोनी ने सभी शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और छात्राओं के परिश्रम व समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, विद्यालय परिवार की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जिससे हम निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

इस अवसर पर पंकज अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल लड्डू, राजेश अग्रवाल, आशीष गोयल, अमित गोयल, मुकुल अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, डेविड अग्रवाल सहित विद्यालय समिति के अन्य सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कामना की कि विद्यालय की छात्राएं भविष्य में भी इसी अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति के साथ प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेंगी।
आजमगढ़:बलईपुर में अधेड़ की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव में शनिवार सुबह 50 वर्षीय प्रमोद गौड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सलारपुर पुरवा में सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक व्यक्ति पर कुछ दिन पूर्व प्रमोद को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि नहीं मान रही है।

बलईपुर गांव निवासी प्रमोद गौड़ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी माला की करीब 20 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसके दो पुत्र अमन और नमन रोजी-रोटी के सिलसिले में सूरत में रहते हैं।

मृतक के छोटे भाई आनंद गौड़ और मां विद्यावती देवी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे प्रमोद घर पहुंचा था। भोजन करने के बाद वह किसी काम से घर से बाहर चला गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे सलारपुर पुरवा में ग्रामीणों ने उसे सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रमोद मृत मिला।

आनंद गौड़ ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र के देवसरा-गड़वा गांव निवासी राम केवल प्रजापति ने प्रमोद को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि राम केवल का गांव की ही एक महिला से कथित संबंध था और प्रमोद को इसकी जानकारी थी। इसी विवाद को लेकर परिजनों ने प्रमोद की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत नहीं हो रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वतन्त्रता दिवस पर मण्डलायुक्त की नई पहल
मण्डलायुक्त ने 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक समरसता एवं प्रतिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए उत्साहवर्धन हेतु चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के हाथों कराया झण्डारोहण।

राष्ट्र के विकास और उत्थान के लिए हमें पूरी मजबूती से अपना योगदान देना जरूरी है: मण्डलायुक्त


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़ :: मण्डलायुक्त विवेक ने सामाजिक समरसता और प्रतिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए उत्साहवर्धन के दृष्टिगत 80वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयुक्त कार्यालय भवन पर अपने कार्यालय के तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों भूपेन्द्र सिंह, फहीम अहमद तथा सुबाष राम के हाथों झण्डारोहण कराया। तदुपरान्त राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। झण्डारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरान्त आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में कायक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा वर्तमान दो बातों पर निर्भर होता है, अतीत के प्रति सम्मान और भविष्य के प्रति परिकल्पना। यही दोनों बातें हमारे वर्तमान को तय करती हैं। उन्होंने कहा कि स्तन्त्रता प्राप्ति हेतु हमारे पूर्वजों द्वारा दी गयी कुर्बानियों को याद करके स्वतन्त्र भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के सपनों को साकार करने के प्रति दृढ़ संकल्पित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति और समाज में ईंट और इमारत का सम्बन्ध होता है। ईंट जितनी मजबूत होगी इमारत उतनी ही मजबूत और शानदार होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उत्थान और विकास के लिए हमें एक मजबूत ईंट की तरह बनना होगा तथा पूरी मजबूती से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा, तभी हम स्वतन्त्रता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देने वाले अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करते हुए एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकेंगे। मण्डलायुक्त विवेक ने अपने सम्बोधन में राजनीति स्वतन्त्रता, आर्थिक स्वतन्त्रता, नैतिक स्वतन्त्रता एवं सामाजिक स्वतन्त्रता पर विस्तार से चर्चा करते हुए इनके महत्व को बताया।

      अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सम्बोधित करते हुए स्वतन्त्रता संग्राम के अनेकों बिन्दुओं पर प्रकाश डाला तथा आहवान किया कि प्रतिवर्ष स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर हम अन्दर से एक बुराई समाप्त करने का प्रण लें। उन्होंने कहा कि यदि दिल से यह प्रण किया जाये तो आगामी कुछ वर्षों में ही अनेकों अनेकों बुराईयॉं समाप्त हो जायेंगी।

      कार्यक्रम को मण्डलायुक्त के पिता डा. अनिल कुमार सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव के पिता पूर्व प्राचार्य डा. नाथशरण लाल, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं और स्टाफ द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति की गयी। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका निशा राय द्वारा खेती किसानी पर आधारित गीत- ‘‘निचवां से धरती जरे, उपरां से घाम रे। झांवर होला सगरो किसानन क चाम रे।।’’ विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया।
वेदांता नर्सिंग के विद्यार्थियों ने निकाली 300 मीटर लंबी ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। नगर के लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जन-जागरूकता के संदेश के साथ नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली।

इस यात्रा में 300 मीटर लंबी विशाल तिरंगा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल और मैनेजिंग डायरेक्टर रित्विक जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं के उत्साह और देशभक्ति गीतों की धुन के साथ निकली इस तिरंगा यात्रा का नगर चौराहों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। यात्रा संस्थान परिसर से प्रारंभ होकर बिलरिया की चुंगी, पहाड़पुर, तकिया, मुख्य चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जी मंडी, पांडेय बाजार नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वेदांता हॉस्पिटल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा नगर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा। यात्रा के दौरान जगह जगह नर्सिंग की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।

छात्र - छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए डायरेक्टर विशाल जायसवाल एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रित्विक जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। यह आयोजन देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करने का एक विनम्र प्रयास है। संस्थान की प्रिंसिपल रीना पाण्डेय ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी छात्र-छात्राओं के अनुशासन और उत्साह की सराहना की। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज के शिक्षकगण शशांक श्रीवास्तव, अविनाश सिंह, श्रुति कुशवाहा, हेमंत पांडेय, मनोज यादव, खुशबू मोदनवाल, आकांक्षा राव, सुधा मद्धेशिया, कृष्णकांत यादव, अश्विन यादव एवं विकास सिंह सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ मंत्री दीपक पाठक "माइकल" की बहन रिया पाठक ने रचा इतिहास, राज्यपाल के हाथों मिला गोल्ड मेडल

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़:: महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल जी के कर-कमलों द्वारा डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ मंत्री एवं छात्रसभा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे दीपक पाठक "माइकल" की बहन रिया पाठक को परास्नातक कला (M.V.A.) में टॉप करने पर स्वर्ण पदक (Gold Medal) से सम्मानित किया गया। रिया की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे जनपद और विश्विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।इस गौरवपूर्ण अवसर पर स्वर्ण पदक विजेता रिया पाठक ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा: "मैं आज बेहद खुश और खुद को भाग्यशाली महसूस कर रही हूँ। परास्नातक (M.V.A.) में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय टॉप करके गोल्ड मेडल प्राप्त करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। कला मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं है, बल्कि यह मेरी अभिव्यक्ति और जीने का तरीका है। इस मेडल के पीछे कई रातों का जागना और कैनवस/फाइलों पर बिताए गए अनगिनत घंटे हैं। आज लग रहा है कि मेरी वह सारी मेहनत और कला के प्रति मेरा समर्पण सफल हो गया है।मैं इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपने विश्वविद्यालय के प्रोफेसर्स को देना चाहती हूँ, जिन्होंने मेरी सोच को एक सही दिशा दी। साथ ही, मेरे माता-पिता और परिवार के अटूट विश्वास के बिना मैं आज यहाँ नहीं पहुँच पाती। उन्होंने हमेशा मेरे इस कलात्मक सफर का समर्थन किया है। यह गोल्ड मेडल मेरे हौसले को और बढ़ाएगा। एक स्कॉलर के रूप में यह तो बस मेरी शुरुआत है। आगे मैं अपनी कला के जरिए समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हूँ और इस क्षेत्र में और आगे तक काम करूँगी। आप सभी के आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद!"

कलेक्ट्रेट से निकला देशभक्ति का ज्वार

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा के कुशल नेतृत्व में शहर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा के जरिए आम जनमानस में देशभक्ति की भावना जगाने और राष्ट्र एकता का मजबूत संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा गुड्डू तथा विशिष्ट अतिथि श्याम नारायण सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन-बान-शान और एकता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहा है।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क से हुआ। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते हुए यह यात्रा गांधी तिराहा, रैदोपुर त्रिमूर्ति तिराहा और कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए अंत में मेहता पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों ने भी अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए चल रहे बच्चे और महिलाएं आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के सह कोषाध्यक्ष श्रेय अग्रवाल, विभा बरनवाल, सुमन सिंह, शैलेंद्र अग्रवाल, रित्विक जायसवाल, अजय सिंह, किशन सिंह, विवेक निषाद सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कोर्ट की सख्ती के बाद सुधाकर की मौत मामले में FIR दर्ज, साक्ष्य मिटाने का आरोप
आजमगढ़। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र में पत्रकार के भाई की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह के कड़े रुख के बाद पुलिस ने आखिरकार एफआईआर दर्ज कर ली है। परिजनों द्वारा चार महीने तक पुलिस कार्यालयों के चक्कर लगाने और कार्रवाई न होने पर सीजेएम कोर्ट में याचिका दाखिल करने के बाद यह आदेश जारी हुआ। पुलिस ने विजयालक्ष्मी राय के देशी शराब ठेके से जुड़े लोगों सहित छह नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। यह मामला शहर के गुरुटोला निवासी पत्रकार पदमाकर पाठक के भाई सुधाकर पाठक की मौत से संबंधित है। जिसमें परिजनों के मुताबिक 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे पदमाकर पाठक को सूचना मिली कि पुराने जेल के सामने पावर हाउस के पीछे बंधे पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने शव को लावारिस बताते हुए पैक कर लिया था। कुछ देर बाद परिवार को मोबाइल फोन के जरिए मिली जानकारी और शव की तस्वीर देखने पर मृतक की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि पोस्टमार्टम में मृतक के गले पर गंभीर चोटें, गले की हड्डी टूटने तथा शरीर पर कई चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हुई। परिजनों का आरोप है कि सिविल लाइन कोइरी का पोखरा स्थित विजयालक्ष्मी राय के देशी शराब के ठेके पर पैसों के लेन-देन को लेकर सुधाकर पाठक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि ठेके परिवार से जुड़े लोगों और अन्य व्यक्तियों ने उनकी पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को छिपाने के उद्देश्य से शव को टोटो में लादकर पुराने जेल के सामने सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मृतक की जेब से मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज निकाल लिए गए। परिवार ने दावा किया कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है तथा शव ले जाने में इस्तेमाल किए गए टोटो का भी उल्लेख प्रार्थना पत्र में किया गया है। पुलिस अधीक्षक और कोतवाली में शिकायत के बाद भी मामला न दर्ज होने पर पीड़ित पक्ष ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत सीजेएम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट द्वारा रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद हरकत में आई पुलिस ने केस दर्ज किया। जिसमें पुलिस ने शराब ठेकेदार के परिवार के विनोद राय पुत्र जनार्दन राय, निवासी बनगांव थाना निजामाबाद, नन्दू यादव, देशी शराब ठेके का सेल्समैन, हरिहर प्रसाद का पुत्र अंडा विक्रेता धर्मेन्द्र उर्फ पिंटू निवासी कोइरी का पोखरा सिविल लाइन थाना कोतवाली, हरिहर प्रसाद के पुत्र की अंडे की दुकान पर बैठा एक अज्ञात व्यक्ति और टोटो चालक जावेद, टोटो चालक का सहयोगी सोनू संभावित निवासी कांशीराम आवास, पुराने जेल के सामने थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ को नामजद किया हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मृतक की जेब से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज निकाल लिए गए। परिवार का दावा है कि पूरी घटना शराब ठेके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। साथ ही शव ले जाने में प्रयुक्त टोटो संख्या UP50 CT 5777 का भी उल्लेख किया गया है, जो कथित रूप से पुलिस के कब्जे में है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी से डायट प्राचार्य तक की गौरवमयी यात्रा, अमरनाथ राय को दी गई भव्य विदाई*


उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के उप शिक्षा निदेशक अमरनाथ राय के सेवानिवृत्त होने पर हरिऔध कला केंद्र के सभागार में शुक्रवार को एक भव्य सेवानिवृत्ति सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में करने वाले प्राचार्य अमरनाथ राय ने शिक्षा क्षेत्र को दशकों तक अपनी समर्पित सेवाएं दीं। 31 जुलाई 2026 को आयोजित इस सम्मान समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और डायट परिवार ने उनके दीर्घ शैक्षिक अनुभव, कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व और मानवीय दृष्टिकोण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समारोह के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश आर्या ने कहा कि अमरनाथ राय ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा में नवाचारों को हमेशा प्रोत्साहित किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट समर्पण के कारण आजमगढ़ डायट संस्थान ने प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं। कार्यक्रम के दौरान समस्त डायट परिवार द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम् और शुभकामनाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। वही डायट परिवार की ओर से आयोजक वरिष्ठ प्रवक्ता अजय कुमार तिवारी ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए यह संदेश दिया कि आपका अनुभव हमारी धरोहर, आपका मार्गदर्शन हमारी पूंजी और आपकी स्मृति हमारी प्रेरणा है। समारोह में उपस्थित सभी सहयोगियों और शिक्षकों ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सुखद उत्तर-सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें ससम्मान विदाई दी। इस दौरान कौस्तुभ कुमार सिंह प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश एजुकेशनल ऑफिसर्स एसोसिएशन, उमेश शुक्ला प्राचार्य डायट वाराणसी, अतुल कुमार सिंह मांडलिक मंत्री प्राथमिक शिक्षक संघ, डॉ नरेंद्र सिंह वरिष्ठ प्रवक्ता संत कबीर नगर, अशोक राय वरिष्ठ प्रवक्ता महराजगंज, कुलदीप सिंह वरिष्ठ प्रवक्ता देवरिया, धनपत यादव, सुरेन्द्र यादव, अजय सिंह, अखिलेश झा, क्षमा शंकर पांडे, अरविंद कुमार मौर्य प्रवक्ता, उपेन्द्र दत्त शुक्ला, चन्दन प्रसाद भारती वरिष्ठ प्रवक्ता, अरविन्द कुमार मौर्य प्रवक्ता, वीरेन्द्र प्रताप प्रवक्ता, डा भावना मिश्रा प्रवक्ता, आशुतोष कुमार श्रीवास्तव प्रवक्ता, विनय शंकर आनन्द प्रवक्ता, चन्द्रशेखर प्रवक्ता, सत्येन्द्र प्रताप प्रवक्ता, नौशाद अहमद प्रवक्ता, प्रीति गौड प्रवक्ता, निरूपमा गुप्ता प्रवक्ता, बृजराज मौर्य प्रवक्ता, डा पुनीत कुमार मौर्य प्रवक्ता, अनुराग यादव प्रवक्ता, देवव्रत कुमार साहू प्रवक्ता, अभयराज निषाद प्रवक्ता, सतीश चन्द्र यादव प्रवक्ता, अरुण कुमार सिंह वैयक्तिक सहायक, शिवप्रसाद वरिष्ठ सहायक, मनीष कुमार सिंह कनिष्क सहायक, संतोष राय, शैलेश सिंह सहित समस्त कार्यालय स्टॉप गण मौजूद रहे।