आलू किसानों के लिए योगी सरकार का बड़ा तोहफा, तीन योजनाओं का पोर्टल लॉन्च

- 1000 करोड़ रुपये के भामाशाह भाव स्थिरता कोष से मिलेगा उचित मूल्य, शीतगृह भंडारण पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की छूट

लखनऊ। आलू उत्पादक किसानों को बाजार भाव में गिरावट, भंडारण लागत और महंगे बीज से राहत देने के लिए योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में तीन महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को उद्यान भवन, सप्रू मार्ग में इन योजनाओं के पारदर्शी एवं सुगम क्रियान्वयन के लिए नव विकसित ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। तीनों योजनाओं से प्रदेश के 15 लाख से अधिक आलू किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

- भाव गिरने पर किसानों को मिलेगा मूल्य संरक्षण
आलू की बंपर पैदावार के कारण बाजार भाव में आने वाली गिरावट से किसानों को राहत देने के लिए 1000 करोड़ रुपये के भामाशाह भाव स्थिरता कोष की स्थापना की गई है। इसके लिए चालू वित्तीय वर्ष में 100 करोड़ रुपये की टोकन धनराशि का प्रावधान किया गया है।
योजना के तहत कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति आलू की उत्पादन लागत निर्धारित करेगी। किसानों को निर्धारित उत्पादन लागत के 25 प्रतिशत अथवा उत्पादन लागत और बिक्री दर के अंतर में से जो राशि कम होगी, वह अनुदान के रूप में दी जाएगी। एक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर तथा प्रति हेक्टेयर अधिकतम 240 क्विंटल तक के आलू पर अनुदान अनुमन्य होगा। इससे करीब 12 से 14 लाख किसान लाभान्वित होंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्र किसानों को अनुदान की राशि आधार-सीडेड डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। योजना की क्रियान्वयन अवधि 1 जनवरी से 15 अप्रैल तथा 1 जुलाई से 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। लाभ लेने के लिए क्रेता-विक्रेता सौदा प्रपत्र अनिवार्य होगा। किसान मंडी, उपमंडी, शीतगृह परिसर अथवा अपने खेत पर आलू बेचकर योजना का लाभ ले सकेंगे।

- शीतगृह में आलू रखने पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की राहत
निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश के 2,363 निजी शीतगृहों में 173.03 लाख मीट्रिक टन आलू भंडारित है। भंडारण प्रभार में छूट के लिए 1000 करोड़ रुपये की योजना लागू की गई है, जिसमें 100 करोड़ रुपये की टोकन धनराशि रखी गई है।
इस योजना के तहत किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान मिलेगा। एक किसान को अधिकतम 20,000 रुपये तक की छूट दी जाएगी। इससे 15 लाख से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।

-  गुणवत्तापूर्ण बीज पर 1000 रुपये प्रति क्विंटल तक छूट
किसानों को नवीन एवं उच्च गुणवत्ता वाली आलू प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराने के लिए 5 करोड़ रुपये की बीज विक्रय दर छूट योजना भी लागू की गई है। इसके तहत विभागीय आधारीय आलू बीज खरीदने पर किसानों को अधिकतम 1000 रुपये प्रति क्विंटल की छूट मिलेगी। इससे किसानों की प्रति हेक्टेयर उत्पादन लागत कम होगी और करीब 15 हजार से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।

-  पोर्टल से होगा पारदर्शी क्रियान्वयन
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि योगी सरकार किसानों की आय, हित और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। तीनों योजनाओं का संचालन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम होगी। सरकार के इस कदम से आलू किसानों को बाजार भाव में गिरावट, भंडारण लागत और गुणवत्तापूर्ण बीज की लागत—तीनों स्तरों पर आर्थिक राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा, निदेशक उद्यान बीपी राम सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और आलू उत्पादक किसान मौजूद रहे।
पिछड़ा वर्ग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सरकार का विशेष जोर

-  छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति, कंप्यूटर प्रशिक्षण, शादी अनुदान और छात्रावास निर्माण के लिए व्यापक बजट प्रावधान : नरेन्द्र कश्यप

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों, युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यापक बजट प्रावधान किए हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

-  शादी अनुदान के लिए 210 करोड़ का लक्ष्य

मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में शादी अनुदान योजना के लिए 210 करोड़ रुपये का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 106.65 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। अब तक 96,956 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 12,855 आवेदन निरस्त किए गए हैं। 30,466 लाभार्थियों को 60.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

-  31,704 युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण
युवाओं को तकनीकी ज्ञान से जोड़ने और उनकी रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना में 40 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ‘ओ’ लेवल और सीसीसी प्रशिक्षण के लिए 338 संस्थाओं का चयन किया गया है। ‘ओ’ लेवल में 24,242 और सीसीसी में 7,462 समेत कुल 31,704 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। 11 अगस्त से प्रशिक्षण शुरू हो चुका है और लगभग पूरा निर्धारित लक्ष्य प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहा है।

-  11 लाख विद्यार्थियों को पूर्वदशम छात्रवृत्ति का प्रस्ताव
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के लिए 340 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, जिसमें से 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी हो चुकी है। योजना के तहत करीब 11 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का प्रस्ताव है। छात्रावासी विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति की अधिकतम मासिक दर 1,200 रुपये और दिवा विद्यार्थियों के लिए अधिकतम 550 रुपये निर्धारित है।
वहीं, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2,720.50 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान है। इसके सापेक्ष 2,255 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इस योजना से करीब 27 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का प्रस्ताव है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 27.78 लाख विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिला था और आवंटित धनराशि का करीब 98 प्रतिशत खर्च किया गया था।

-  छात्रावास निर्माण पर भी फोकस
मंत्री ने बताया कि पिछड़े वर्ग के निर्धन परिवारों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए छात्रावास निर्माण योजना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में वर्तमान में 102 निर्मित छात्रावास हैं, जिनमें करीब 5,400 विद्यार्थियों के रहने की क्षमता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इनमें 2,013 छात्र-छात्राएं आवासित रहे। वर्ष 2026-27 में छात्रावास निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान प्रस्तावित है।
आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर जनपदवार स्थलों एवं परियोजनाओं का चयन किया जाएगा। स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के साथ निर्माण कार्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी।

-  अंतिम पायदान तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ
नरेन्द्र कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडल, जिला और तहसील स्तर पर विशेष कैंप आयोजित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने तकनीक के बढ़ते उपयोग को देखते हुए सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करने और प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न मदों में व्यय का अनुपात निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, निदेशक उमेश प्रताप सिंह, संयुक्त निदेशक विकास शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ पुलिस मित्र परिवार एवं ईश वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
“एक हाथ तिरंगा, एक हाथ रक्तदान” के संकल्प के साथ 45  रक्तदाताओं ने किया  रक्तदान महादान

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 16 अगस्त 2026 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) हॉस्पिटल, पार्क रोड, हजरतगंज, लखनऊ में लखनऊ पुलिस मित्र परिवार एवं ईश वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 16वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
लखनऊ पुलिस मित्र परिवार पुलिस विभाग के कर्मियों एवं आम रक्तदाताओं का एक संयुक्त समूह है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की जीवन रक्षा के लिए रक्तदान करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता पैदा करना है। समूह पुलिस एवं आमजन के बीच सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का निरंतर प्रयास करता है।
शिविर में 100 से अधिक समाजसेवियों, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों ने सहभागिता की, जिनमें45 रक्तदाताओं एवं रक्त वीरांगनाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर राष्ट्रहित एवं मानवता की सेवा का संकल्प निभाया। 05 रक्त दाताओं ने स्वास्थ्य कारणों से रक्तदान करने मे असमर्थ रहे!
यह आयोजन लखनऊ पुलिस मित्र परिवार के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त IPS श्री कविंद्र प्रताप सिंह की संरक्षता तथा संस्थापक एवं आयोजक श्री जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में उत्साहपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। युवाओं को रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन बचाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर की सफलता में फाउंडर मेंबर सरिता सिंह, ज्योति खरे सिविल डिफेंस ,  फाउंडर मेम्बर नूतन वर्मा, प्रचार जंक्शन के डाइरेक्टर  सत्यम पांडेय,फाउंडर मेम्बर  प्रशांत बाजपेई  सिविल डिफेंस( ए डी सी) मनोज वर्मा, शैल वर्मा,वीरेश सिंह  सहित अश्वनी कुमार, आशीष सिंह,  पवन सिंह, संजय सिंह, अनुज श्रीवास्तव, एडवोकेट रिचा मिश्रा उपाध्यक्ष निर्मल एजूकेशन  वेलफेयर सोसाइटी , बी.के. सिन्हा, दीप्ति शर्मा स्वप्निल शुक्ला सुधा टंडन  एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
C.M.S... डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी  हॉस्पिटल ने शिविर का उद्घाटन कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “आज आप केवल रक्त नहीं, बल्कि किसी के जीवन की आशा दान कर रहे हैं।”
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ संगीता टंडन  एवं  ब्लड बैंक के स्टाफ् का विशेष सहयोग रहा!
शिविर के प्रथम रक्तदाता श्री विपिन शुक्ला,दुतिय रक्तदाता शिवम सिंह  एवं तृतीय  रक्त वीरांगना श्रीमती नूतन वर्मा  रहीं।

उक्त रक्तदान शिविर मे रक्त वीरांगना सरिता सिंह, दीप्ति शर्मा, नूतन वर्मा, स्वप्निल शुक्ला, सिम्मी यादव, चित्रसेन सिंह, अमरेश कुमार,   धीरेंद्र मिश्रा, अविनाश पांडेय, गौरव, शाहू,  रतन सक्सेना,गौरव श्रीवास्तव, बी के सिन्हा, वीरेश सिंह, नीरज मिश्रा, राजेंद्र कुमार, मुरली ,अवधेश राजपूत,  अंकुल कुमार,आशीष कुमार,राजेश कुमार, सिविल डिफेंस से रजत द्विवेदी, विशाल चौरसिया, बाराबंकी से आयुष सिंह,अनिल कुमार गौरी शंकर, अमन गुप्ता,सहित कई रक्तवीरो  ने एक हाथ तिरंगा एक हाथ रक्तदान किये !
शिविर मे  वर्षा फाउंडेशन के फाउंडर अरविंद कुमार जी श्री ईष्ट नारायण चेरिटेबल  सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों  एवं मीडिया बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
व्यापक प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता से प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार
लखनऊ। निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उत्तरी हरियाणा पर बने अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरणों के साथ ही मानसूनी द्रोणी का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर में हिमालय की तराई की ओर खिसककर फिरोजपुर, मुज़फ्फरनगर, गोरखपुर, मुंगेर होते हुए उत्तरी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक जाने एवं मध्य क्षोभमंडलीय अपरूपण क्षेत्र की अनुकूल परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में आगामी 48 घंटो के दौरान प्रदेश में कहीं- कहीं भारी वर्षा के उपरान्त उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी एवं संलग्न पश्चिम बंगाल-उत्तरी उड़ीसा तट पर संकेद्रित अवदाब के आरम्भ में उत्तर- उत्तर- पश्चिमी तथा बाद में उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना के दृष्टिगत 19 अगस्त से प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 23 अगस्त तक भारी वर्षा के साथ 20-21 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन को फंडिंग के आरोप में एक गिरफ्तार

मदरसे के नाम पर चंदा जुटाकर आतंकी संगठन को भेजने का आरोप, पूर्णिया से मोहम्मद जफर गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों को पैसे भेजने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश ए मुहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर से प्रभावित था।

यूपी एटीएस ने इस संबंध में सोमवार को बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मदरसे के नाम पर लोगों से चंदा ले रहा है। उस चंदे के पैसे को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन को, भारत में जेहाद करने के उद्देश्य से भेज रहा है। इस पर एटीएस सक्रिय हुई और तमाम साक्ष्यों के आधार पर बिहार राज्य के पूर्णिया से मोहम्मद जफर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एटीएस और जांच एजेंसियाें ने उससे पूछताछ की।

पूछताछ में जफर ने बताया कि उसने मेरठ में रहकर एक मदरसे से पढ़ाई की है। उसने पढ़ाई के समय जैश ए मुहम्मद के बारे में पढ़ा था। पढ़ाई में जिहाद व मुजाहिदों की शहादत के बारे में पढ़कर उसके अंदर ये जज्बा आया। आतंकी मसूद अजहर के प्रभाव में आकर जफर मुजाहिद बनना चाहता था। जफर के फोन में कई पाकिस्तानी जेहादी व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं जिसमें जफर द्वारा जिहाद के संबंध में की गई बात और चंदे के संबंध में की गई बात मौजूद है। जफर के सोशल मीडिया विश्लेषण से यह भी पुष्ट हुआ कि वह मसूद अजहर की भड़काऊ और जेहादी तकरीरें साझा कर लोगों को हिंसात्मक जेहाद के लिए प्रेरित कर रहा था।

एटीएस के अनुसार जफर अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से अपना चेहरा ढककर जेहाद और खिलाफत के बारे मे बयान देता था। इसी प्रकार यह जैश-ए-मुहम्मद के जिहादी ग्रुप में जुड़कर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया और अपनी तरफ से जिहाद में मदद करने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद पाकिस्तानी हैंडलर ने उसे एक पाकिस्तानी खाता दिया, जिसमें जफर ने पैसे भेजने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद जफर ने हैंडलर से बाइनेंस अकाउंट मांगा। उसने अन्य पाकिस्तानी संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़कर, बाइनेंस की मदद से कई बार पैसा भेजा। पूछताछ में जफर ने अपने सारे अपराध स्वीकार किए हैं।

एटीएस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति आतंकी संगठन जैश ए मुहम्मद का प्रमुख मौलाना मसूद अजहर से प्रभावित है। मसूद अजहर के बयान साझा करके लोगों को भारत में हिसात्मक जेहाद के भड़काता था। एटीएस उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
‘कौशल संपर्क’ QR कोड से युवाओं की आवाज अब सीधे UPSDM तक

-  स्वतंत्रता दिवस पर कौशल विकास मिशन की नई पहल, AI और सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण के लिए दो MoU

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने युवाओं को आधुनिक तकनीक और बेहतर रोजगार अवसरों से जोड़ने के साथ प्रशिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में नई पहल शुरू की। मिशन मुख्यालय में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की समस्याओं, सुझावों और फीडबैक को सीधे मिशन तक पहुंचाने के लिए ‘कौशल संपर्क’ QR कोड लॉन्च किया गया। साथ ही युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सॉफ्ट स्किल्स में प्रशिक्षित करने के लिए दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मिशन निदेशक पुलकित खरे ने ध्वजारोहण के साथ की। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे को नमन किया।
इस अवसर पर मिशन निदेशक ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का बोध भी कराती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को कौशल-संपन्न और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास मिशन लगातार नई तकनीक और नवाचार को प्रशिक्षण व्यवस्था से जोड़ रहा है। वर्तमान समय में युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी दक्षता के साथ संवाद कौशल, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।

-  AI और सॉफ्ट स्किल्स के प्रशिक्षण पर जोर
समारोह में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए ITP तीव्र एजुकेशन टेक प्राइवेट लिमिटेड और फुल्गोर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के साथ दो MoU किए गए। इनके माध्यम से युवाओं को Artificial Intelligence और Soft Skills का विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रशिक्षणार्थियों की तकनीकी समझ के साथ संचार क्षमता, व्यक्तित्व विकास और रोजगार के लिए उनकी तैयारी को मजबूत करने का लक्ष्य है।

-  QR कोड से सीधे मिशन तक पहुंचेगा फीडबैक
‘कौशल संपर्क’ पहल को प्रशिक्षण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्रों पर उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर युवा अपने प्रशिक्षण से संबंधित अनुभव साझा कर सकेंगे। वे बता सकेंगे कि प्रशिक्षण की व्यवस्था कैसी है, उन्हें क्या उपयोगी लगा और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। शिकायत और सुझाव दर्ज कराने की सुविधा भी इसी माध्यम से उपलब्ध होगी।
इस डिजिटल व्यवस्था से प्राप्त फीडबैक सीधे मिशन तक पहुंचेगा। इससे प्रशिक्षण केंद्रों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने और कमियों को समय रहते दूर करने में मदद मिलेगी।

-  'कौशल वाटिका’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान UPSDM मुख्यालय परिसर में ‘कौशल वाटिका’ का भी उद्घाटन किया गया। इसका उद्देश्य परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना है।

-  विश्व युवा कौशल दिवस के आयोजन में योगदान देने वालों का सम्मान
समारोह में 15 जुलाई को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के कार्यक्रमों को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर मिशन निदेशक पूजा मिश्रा, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, वित्त नियंत्रक संदीप कुमार, सहायक निदेशक डॉ. एम.के. सिंह, सहायक निदेशक पवित्रा टंडन, सीओओ आशीष कुमार सहित मिशन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
काकोरी स्तंभ पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई.) और राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच (N.Y.R.M.) के संयुक्त तत्वावधान में काकोरी स्तंभ, जीपीओ पार्क, हजरतगंज में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के साथ ही उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र की एकता और अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान की गरिमा की रक्षा के साथ जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।
जे.पी.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने कहा कि स्वतंत्रता की सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान, समान अवसर, शिक्षा, रोजगार और विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में ऐसी राजनीति की जरूरत है, जो सत्ता प्राप्ति के बजाय जनसेवा और व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव को प्राथमिकता दे।
उन्होंने युवाओं को देश की परिवर्तनकारी शक्ति बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग देश के विकास के लिए किया जाए, इसके लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।
शशांक शेखर सिंह ने कहा कि ‘जनसत्ता से जनसेवा’ संगठन की कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन’ के संकल्प के साथ पार्टी सामाजिक न्याय, पारदर्शिता, रोजगार, शिक्षा और युवाओं के बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे साकार करने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। जाति, धर्म और संकीर्ण राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर न्यायपूर्ण, समतामूलक, मजबूत और विकसित भारत का निर्माण करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण, तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक राष्ट्रगान किया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल ने किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने के संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग और संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने सभी अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान के साथ देश के सम्मान, स्वाभिमान, गौरव और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सुरक्षा एवं सुशासन का वातावरण मजबूत हुआ है। भारत अपनी बढ़ती आर्थिक और सामरिक क्षमता के साथ वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की याद दिलाता है, जिनके बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से देश तथा प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि तिरंगे की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है। उन्होंने एकता, अखंडता और राष्ट्र की प्रगति के लिए निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह एवं अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, रजनी पाण्डेय और राहुल वाल्मीकि, राज्यसभा सदस्य अमर पाल मौर्य, संगीता यादव, एमएलसी अनूप गुप्ता, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव एवं आलोक अवस्थी, मीडिया पैनलिस्ट ओपी सिंह, प्रदेश कार्यालय मंत्री भारत दीक्षित, सह-मंत्री अतुल अवस्थी, चौधरी लक्ष्मण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा कुंवर वासित अली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा संजय गौंड सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर PAC मुख्यालय में ध्वजारोहण, उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित

लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित डीजी पीएसी श्री आलोक सिंह ने पीएसी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

समारोह में मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस, उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा डीजी कमेंडेशन डिस्क गोल्ड एवं सिल्वर से सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। डीजी पीएसी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडल पहनाकर तथा स्क्रॉल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया नमन

अपने संबोधन में डीजी पीएसी आलोक सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और समर्पण को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पीएसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

महिला वाहिनियों और कल्याणकारी प्रयासों की सराहना

डीजी पीएसी ने महिला वाहिनियों के गठन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए पारदर्शितापूर्वक किए जा रहे विभिन्न प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संगठन की गरिमा बनाए रखने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की अपील की।

सोशल मीडिया पॉलिसी का पालन करने की अपील

श्री आलोक सिंह ने पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पॉलिसी का अनिवार्य रूप से पालन करने की सलाह दी। उन्होंने भ्रामक नरेटिव और गलत सूचनाओं से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में डीआईजी ‘पी’ एवं मुख्यालय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यूपी 112 मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, 701 पुलिसकर्मी सम्मानित


- बेहतर रिस्पांस टाइम और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिले प्रशस्ति पत्र, डीजी ने अत्याधुनिक तकनीक से त्वरित पुलिस सहायता पर दिया जोर

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर यूपी 112 मुख्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक, यूपी 112 श्री विनोद कुमार सिंह के आगमन के बाद समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत से हुआ। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान हुआ।
समारोह के दौरान भारत सरकार, राज्य सरकार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदान किए जाने वाले विभिन्न पदकों एवं प्रशस्ति पत्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक यूपी 112 ने अपने संबोधन में पुलिसकर्मियों को आत्मचिंतन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने के लिए प्रेरित किया।

- त्वरित पुलिस सहायता के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

डीजी यूपी 112 ने आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी 112 की व्यवस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक कम से कम समय में पुलिस सहायता पहुंचाना है। इसके लिए बेहतर रिस्पांस टाइम और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल को महत्वपूर्ण बताया गया।

- बेहतर रिस्पांस टाइम वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
समारोह में प्रदेश के प्रत्येक जनपद में संचालित पीआरवी में से बेहतर रिस्पांस टाइम के आधार पर चयनित एक-एक पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा 10 आरओआईपी कर्मियों और प्रभारी निरीक्षक को भी सम्मानित किया गया।
बेहतर रिस्पांस टाइम और सराहनीय कार्य करने वाले 701 पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक यूपी 112 की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इन प्रशस्ति पत्रों को संबंधित जनपदों में पुलिस आयुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों द्वारा पुलिसकर्मियों को वितरित किया गया।

- रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत यूपी 112 मुख्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को श्रीमती पुनीता सिंह, पत्नी श्री विनोद कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक यूपी 112 द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

- पूर्व अधिकारी भी समारोह में हुए शामिल
यूपी 112 मुख्यालय में तैनात रह चुके पूर्व अधिकारी श्री ब्रजेश सिंह, आईपीएस (पुलिस अधीक्षक, सेवानिवृत्त) भी विशेष अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और गरिमापूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने देश के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन की सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यूपी 112 मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने पुलिस सेवा में उत्कृष्ट कार्य, तकनीक आधारित त्वरित सहायता और जनसेवा की भावना को प्रमुखता से रेखांकित किया।