एमएमडीआर संशोधन के विरोध को लेकर झामुमो-कांग्रेस का रवैया केवल राजनीतिक नाटक : बाबूलाल मरांडी*

संसद से पारित एमएमडीआर संशोधन बिल का पुरजोर समर्थन करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान सहित इंडी गठबंधन के नेताओं के द्वारा हाय तौबा मचाने पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार इस विधेयक के बहाने ओछी राजनीति के साथ राज्य की जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

श्री मरांडी ने हेमन्त सोरेन, झामुमो और कांग्रेस को इस मामले पर भ्रम और गुमराह की राजनीति न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को लेकर अनावश्यक राजनीति हो रही है। केवल छात्रों की मांग को डायल्यूट करने के लिए MMDR विधेयक का सहारा लिया जा रहा है।

श्री मरांडी ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर झारखंड सरकार द्वारा फैलाया जा रहा भ्रम तथ्यों के विपरीत है। विधेयक का उद्देश्य राज्यों का खनन राजस्व छीनना नहीं है। रॉयल्टी, डीएमएफ़, एनएमईटी, नीलामी प्रीमियम और जीएसटी में राज्यों की हिस्सेदारी यथावत रहेगी तथा खनन क्षेत्र से होने वाले भुगतानों का लगभग 90 प्रतिशत राज्यों को मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि 2014-15 से 2024-25 के बीच राज्यों का खनिज राजस्व करीब 354 प्रतिशत बढ़कर ₹25,206 करोड़ से ₹1,14,549 करोड़ हुआ है। 2014-15 में कुल खनिज राजस्व में राज्यों की हिस्सेदारी सिर्फ 60 प्रतिशत थी, जो 2024-25 में बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गई। ऐसे में यह कहना कि केंद्र राज्यों का खनिज राजस्व छीन रहा है, जनता को गुमराह करने का प्रयास है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की असली समस्या केंद्र नहीं, राज्य सरकार की अपनी खनिज नीति है। सरकार ने लौह अयस्क पर ₹600 प्रति टन का फ्लैट उपकर लगा दिया, जो छत्तीसगढ़ के ₹22.50 प्रति टन के मुकाबले करीब 27 गुना है। इससे विशेषकर निम्न ग्रेड के लौह अयस्क का उत्पादन और बाजार प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कोयले पर भी राज्य सरकार ने महज 16 महीनों में उपकर ₹100 से बढ़ाकर ₹450 प्रति टन कर दिया। इसी दौरान बीसीसीएल का 2025-26 उत्पादन 40.50 मिलियन टन से घटकर 35.52 मिलियन टन हुआ, यानी 12.3 प्रतिशत की गिरावट।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि सरकार खनिज राजस्व बढ़ाना चाहती है तो उसे पहले अपनी खदानें चालू करनी चाहिए। पिछले 6 वर्षों में झारखंड ने केवल 4 खदानों की नीलामी की और एक भी संचालन में नहीं आ सकी। इसके विपरीत ओडिशा ने 35 खदानें चालू कर करीब ₹87,000 करोड़ का नीलामी प्रीमियम अर्जित किया। झारखंड को नीलामी प्रीमियम से शून्य प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि इसका असर उत्पादन पर भी साफ दिखता है। 2018-19 से 2024-25 के बीच ओडिशा का लौह अयस्क उत्पादन करीब 120 मिलियन टन से बढ़कर 180 मिलियन टन हो गया, जबकि झारखंड का उत्पादन करीब 23 मिलियन टन पर स्थिर रहा। देश के करीब 40 प्रतिशत खनिज भंडार रखने वाला झारखंड अपनी खनिज संपदा का पर्याप्त उपयोग तक नहीं कर पा रहा है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लघु खनिज, बालू और पत्थर पर एमएमडीआर संशोधन का कोई प्रभाव नहीं है और इन पर राज्यों का नियंत्रण पूर्ववत रहेगा। फिर भी राज्य सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं की जिम्मेदारी केंद्र पर डाल रही है। पश्चिमी सिंहभूम में लीज के नवीनीकरण में देरी से खनन और स्थानीय रोजगार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि डीएमएफ़ के नाम पर भी केंद्र को दोष देना गलत है। झारखंड में करीब ₹19,000 करोड़ डीएमएफ़ के तहत जमा हुए हैं, जबकि पश्चिमी सिंहभूम में ही करीब ₹3,700 करोड़ जमा हैं। सवाल यह है कि खनन प्रभावित क्षेत्रों और ग्रामीणों के विकास में इस राशि का प्रभावी उपयोग क्यों नहीं हुआ।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन के विरोध को लेकर झामुमो-कांग्रेस का रवैया भी राजनीतिक नाटक है। संसद में चर्चा के दौरान झामुमो-कांग्रेस सांसदों की अनुपस्थिति उनके कथित विरोध की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। छात्र लगातार अपने अधिकारों और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि जब-जब छात्र सरकार का घेराव करने की बात करते हैं, तभी राज्य सरकार बातचीत के लिए जागती है। पिछले एक सप्ताह से सरकार और मंत्रियों का समूह सोया हुआ था। जैसे ही छात्रों ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा की, सरकार ने बातचीत का न्योता भेज दिया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की संवेदनशीलता नहीं, बल्कि दबाव में काम करने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।

छात्र आंदोलन से आम जनता की मन को भटकाने का प्रयास मात्र है झामुमो का एमएमडीआर विधेयक का विरोध

श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में छात्रों का यहां लगातार जेपीएससी, जेएससीसी और सीजीएल में नौकरी बेचे जाने का विरोध किया जा रहा है छात्र लगातार 20 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। झामुमो,कांग्रेस और राजद के द्वारा राज्य की जनता को गुमराह और दिग्भ्रमित करने के लिए केंद्र सरकार के द्वारा पारित किया गया एमएमडीआर संशोधन बिल का विरोध करने का योजना बना रही है। उन्होंने कहा विधेयक को लेकर झामुमो सहित विपक्ष की सारी आशंकाएं एवं आरोप, बेबुनियाद और निराधार है अतः राज्य की जनता को बरगलाना सरकार छोड़े और छात्रों की मांग को पूरा करे, इसी में राज्य सरकार की भलाई होगी।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बीच जेपीएससी अध्यक्ष पद को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि एल. खियांग्ते द्वारा जेपीएससी अध्यक्ष बनने के लिए कथित तौर पर ₹70 करोड़ दिए जाने की बात भी मीडिया रिपोर्टों से सामने आई है। सरकार को इस गंभीर आरोप पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।

इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

धनबाद में आज शहीद मनिंद्र नाथ मंडल की जयंती समारोह का आयोजन

धनबाद : शहीद मनिंद्र नाथ मंडल की जयंती समारोह आज 17 अगस्त 2026 को धनबाद के शहीद मणिंद्र नाथ मंडल चौक, मैमको मोड़ पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू हुआ

समारोह में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और शहीद को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्राओं ने लोक नृत्य और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद के सांसद माननीय श्री ढुलू महतो थे। उन्होंने अपने संबोधन में शहीद मनिंद्र नाथ मंडल के बलिदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों के कारण ही आज हम स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा में योगदान देने की अपील की।

आयोजकों ने बताया कि हर साल इस दिन को जयंती समारोह के रूप में मनाकर नई पीढ़ी को शहीदों के त्याग और देशभक्ति से परिचित कराया जाता है। कार्यक्रम के अंत में देश की एकता और अखंडता के लिए प्रार्थना की गई।

उपस्थित लोग

सांसद ढुलू महतो,रेखा मंडल,तारा देवी , पूर्व विधायक फूलचंद मंडल, प्रफुल मंडल,संतोष मंडल,अकाश मंडल

आनंद मंडल,गौतम मंडल,मुकेश मंडल,मिथुन मंडल,समीर मंडल, रितेश मंडल,धरणीधर मंडल, मोहन कुंभकार,धर्मेंद्र

इत्यादि उपस्थित थे

सेवा, नेतृत्व और युवा शक्ति का ऐतिहासिक संगम — गढ़वा में चार क्लबों के स्थापना एवं चार्टर इंस्टॉलेशन समारोह संपन्न।

गढ़वा :- गढ़वा मे सेवा, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मैत्री की भावना से ओत-प्रोत एक भव्य समारोह का आयोजन उत्सव गार्डन, नवादा मोड़, गढ़वा में किया गया। समारोह में एक साथ चार महत्वपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए - लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम का 15वां इंस्टॉलेशन समारोह, लायंस क्लब ऑफ रेहला का चार्टर इंस्टॉलेशन, लियो क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम का तीसरा इंस्टॉलेशन समारोह तथा लियो क्लब ऑफ गढ़वा ब्लॉसम का चार्टर इंस्टॉलेशन।

वही समारोह का आयोजन लायंस सेवा भावना और नेतृत्व की नई ऊर्जा को समर्पित रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री लायन मिथिलेश कुमार ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इंडक्शन ऑफिसर PDG MJF लायन सुषमा त्रिवेदी तथा इंस्टॉलेशन ऑफिसर PDG PMCC लायन राजीव लोचन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत दायित्व प्रदान किया।

वही कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में 1st Vice District Governor MJF लायन कंचन कुमार साहू, PDG लायन डॉ. आर. एन. एस. दिवाकर, Region Chairperson MJF लायन रवींद्र जायसवाल, Zone Chairperson MJF लायन डॉ. असजद अंसारी, विशेष अतिथि लायन अनुपमा लोचन तथा Installation Chairperson MJF लायन राकेश पाल सहित अनेक वरिष्ठ लायन लीडर्स एवं सदस्य उपस्थित रहे।

वही समारोह के दौरान चारों क्लबों के नवनियुक्त अध्यक्षों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। लायन उमेश अग्रवाल, लायन संजय कुमार सिंह रेहला, लियो राहुल साहू एवं लियो प्रत्युष शांडिल्य को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। सभी अध्यक्षों ने सेवा कार्यों को नई गति देने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। रेहला में नया लायंस क्लब की गठन में MJF लायन कंचन साहू, MJF लायन राकेश पाल, लायन संजय सिंह, लायन कृपा शंकर सिंह, लायन नीरज सिंह, लायन ज्वाला गुप्ता की विशेष भूमिका रही।

वही दो नए क्लबों का गठन बना समारोह का विशेष आकर्षण।इस अवसर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम द्वारा दो नए क्लबों - लायंस क्लब ऑफ रेहला एवं लियो क्लब ऑफ गढ़वा ब्लॉसम को स्पॉन्सर करना रहा।

यह उपलब्धि न केवल लायंस क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे क्षेत्र में लायंस आंदोलन के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नए क्लबों के गठन से सेवा गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा और अधिक से अधिक लोगों को समाजसेवा एवं मानवीय कार्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से लियो क्लब ऑफ गढ़वा ब्लॉसम के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के क्षेत्र में आगे आने का एक सशक्त मंच प्राप्त हुआ है।

वही समारोह के दौरान 1st Vice District Governor MJF लायन कंचन कुमार साहू का जन्मदिन भी बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। लायंस परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित अतिथियों ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

वही जन्मदिन समारोह ने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया। यह अवसर इस बात का भी सुंदर उदाहरण बना कि लायंस इंटरनेशनल में सेवा के साथ-साथ मित्रता, एकता और फेलोशिप भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

चारों क्लबों के स्थापना एवं चार्टर इंस्टॉलेशन के साथ समारोह ने सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत की। नए पदाधिकारियों, नए क्लबों और नई युवा शक्ति के साथ लायंस परिवार ने समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुंचाने तथा मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

समारोह का समापन उत्साह, सौहार्द और सेवा भावना के साथ हुआ। उपस्थित सभी लायन एवं लियो सदस्यों ने आने वाले कार्यकाल में समाजहित के कार्यों को और व्यापक बनाने तथा “We Serve” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

भगवान भोलेनाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें, देश की एकता व अखंडता सदैव बनी रहे : मिथिलेश ठाकुर


गढ़वा। श्रावण मास के पावन मौके पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर पूजा अर्चना व रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़े इस आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। हर-हर महादेव के जयकारे से वातावरण गुंजायमान होता रहा। विद्वान आचार्यों एवं पुरोहितों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई गई।

पूर्व मंत्री श्री ठाकुर, उनकी पत्नी चंचल ठाकुर, भाई रंजीत ठाकुर, अमरजीत ठाकुर, विनय ठाकुर, रोजी ठाकुर सहित परिवार के सभी सदस्यों, रिष्तेदारों अन्य परिजनों आदि ने रूद्राभिषेक किया। श्री ठाकुर ने भगवान भोलेनाथ से गढ़वा जिला सहित झारखंड एवं देष की खुशहाली, समृद्धि एवं विकास की प्रार्थना की। पूरे वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक संपन्न होने के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।

मौके पर पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि श्रावण का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस पवित्र माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद पूरे गढ़वा जिले के साथ-साथ झारखंड और देश के सभी लोगों पर बनी रहे। भगवान शिव सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें। समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव मजबूत हो,

भगवान शिव से यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने श्रावण माह की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महीना श्रद्धा, भक्ति और आस्था का प्रतीक है। इस महीने में श्रद्धालु भगवान शिव की विशेष अराधना करते हैं। मौके पर काफी संख्या में उपस्थित लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मौके पर मुख्य रूप से भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, बिश्रामपुर विधायक नरेश सिंह, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ़ चुन्ना सिंह, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो,डीसी पशुपतिनाथ मिश्र सहित काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शहरवासी सहित कई पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

रांची में जारी छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी, बोले- खुद जाकर मिलिए

#rahulgandhiaskhemantsorentomeetprotestingstudentshewrites_letter

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी चिंताओं का समाधान निकालने की अपील की है।

प्रदर्शनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की सलाह

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सोरेन को लिखे पत्र में कहा कि झारखंड में छात्र राज्य भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का विरोध कर रहे हैं। उनका विरोध शांतिपूर्ण है और मांगें जायज हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजे पत्र में कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना पूरा समर्थन दिया है।

राहुल गांधी की सीएम हेमंत सोरेन से खास अपील

राहुल गांधी ने आगे कहा कि कुछ छात्र भूख हड़ताल पर हैं; मेरी सलाह है कि आप प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मिलें। विरोध कर रहे छात्रों की बात सुनने और समस्या के समाधान के लिए कृपया उचित कदम उठाने की पूरी कोशिश करें। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की मुलाकात से छात्रों को भरोसा मिलेगा। उनकी बाकी मांगों का हल निकालने में भी मदद मिलेगी। राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा उसका भविष्य हैं। ऐसे समय में उनके साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।

झारखंड सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच वार्ता आज, फैसला नहीं होने पर 20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव

#jpscjsscdisputejharkhandgovernmentinvitesstudentprotestersfortalksagain

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी है। आंदोलनकारी छात्रों ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने और कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई है। इसी बीच राज्य सरकार ने छात्रों से बातचीत की पहल की है।

सरकार ने बातचीत के लिए फिर भेजा न्योता

राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों को सोमवार को फिर से बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उन्हें सरकार के साथ बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। यह बैठक आज 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में प्रस्तावित की गई है। सरकार की ओर से उच्चस्तरीय मंत्रियों के समूह के बैठक में शामिल होने की बात सामने आई है। छात्रों को बातचीत के दौरान अपने कानूनी सलाहकारों को साथ रखने का विकल्प भी दिया गया है।

पहले भी हो चुकी है कई दौर की बातचीत

इस विवाद को लेकर सरकार और छात्रों के बीच पहले भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। रिपोर्टों के मुताबिक छह दौर की बातचीत के बाद भी छात्र अपनी प्रमुख मांगों पर कायम हैं। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और जरूरत पड़ने पर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग शामिल है।

20 अगस्त को सीएम आवास घेराव की चेतावनी

इधर, छात्र नेताओं ने कहा है कि यदि 18 अगस्त तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया जाएगा। इससे पहले 10 अगस्त को विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति भी बनी थी। उस घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने की खबर सामने आई थी।

छात्रों की आड़ में भाजपा की राजनीति बेनकाब, झारखंड की खनिज संपदा पर नजर नहीं डालने देंगे: विनोद पांडेय

झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि आखिर भाजपा कब तक पर्दे के पीछे रहकर राजनीति करती? अब भाजपा खुलकर छात्रों के आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने लगी है। आंदोलन के पहले दिन से ही यह स्पष्ट था कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश हो रही है। घेराव के दिन जिस तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया और बंगाल-बिहार से बसों एवं अन्य वाहनों में लोगों को लाकर आंदोलन में शामिल करने का प्रयास हुआ, उसने भाजपा की मंशा को उजागर कर दिया है। भाजपा संगठन के बड़े पदाधिकारी जिस तरह पल-पल की गतिविधियों की जानकारी दिल्ली तक पहुंचाते रहे, उससे भी तस्वीर साफ हो गई है।

श्री पांडेय ने कहा कि छात्रों का आंदोलन छात्रों का था, लेकिन भाजपा ने उसे राजनीतिक अखाड़ा बना दिया। झारखंड के छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक टकराव पैदा करने की भाजपा की कोशिश अब किसी से छिपी नहीं है। छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय भाजपा अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को साधने में जुटी है।

उन्होंने भाजपा और बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों की आड़ में घटिया राजनीति बंद कीजिए बाबूलाल जी। अब छात्र भी समझ चुके हैं कि कौन उनके मुद्दों के साथ खड़ा है और कौन उन्हें अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करना चाहता है। अपनी महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए स्वयं संघर्ष कीजिए, बच्चों को बरगलाकर राजनीतिक मोहरा बनाने का काम क्यों कर रहे हैं?

श्री पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति का एकमात्र उद्देश्य झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर कब्जा जमाना है। झारखंडियों, आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों एवं संसाधनों को किसी भी कीमत पर लूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये की खनिज संपदा पर नजर रखने वाली भाजपा को झारखंड का हिसाब देना होगा। पहले से बकाया डेढ़ लाख करोड़ रुपये को जोड़ दें तो सवाल ढाई लाख करोड़ रुपये का बनता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। यहां के छात्र, युवा, आदिवासी, मूलवासी और झारखंडी जनता अपने अधिकारों और संसाधनों की रक्षा करना जानती है। भाजपा चाहे जितना पर्दे के पीछे से खेल खेले, अब उसका राजनीतिक चेहरा जनता के सामने आ चुका है। झारखंड की जनता भाजपा की इस साजिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

श्री पांडेय ने कहा कि झामुमो छात्रों की जायज मांगों और लोकतांत्रिक आंदोलनों का सम्मान करता है। लेकिन छात्रों के नाम पर राजनीतिक अशांति पैदा करने और झारखंड की खनिज संपदा पर किसी बाहरी ताकत की नजर को स्वीकार नहीं किया जाएगा। झारखंड की संपदा झारखंडियों की है और इसके अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा।

रांची: आंदोलनरत छात्रों से वार्ता को सरकार की नई पहल, 17 अगस्त को होगी बातचीत

रांची में आंदोलनरत छात्रों के साथ बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से एक और पहल की गई है।

आंदोलनरत छात्रों को दिनांक 17.08.2026 को दोपहर 2:00 बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है।

छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों के साथ बातचीत में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) एवं एडीएम, लॉ एंड ऑर्डर द्वारा छात्रों को इस प्रस्ताव की जानकारी दी गई।

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा: अल्बर्ट एक्का चौक पर सरकार का पुतला फूंका, CBI जांच की मांग

छात्रों की मुख्य माँगें

JSSC-CGL और 14वीं JPSC परीक्षा में धांधली की CBI जांच।

विवादित परीक्षाओं को रद्द कर पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार।

आंदोलनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज/FIR का विरोध और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई।

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची का अल्बर्ट एक्का चौक एक बार फिर युवाओं के आक्रोश का गवाह बना। JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली व पेपर लीक के खिलाफ पिछले 21 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार और मंत्रियों का पुतला दहन किया।

छात्रों का आरोप है कि सरकार उनकी जायज मांगों को सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक JSSC-CGL और JPSC परीक्षाओं की सीबीआई (CBI) जांच की मांग पूरी नहीं होती और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं आती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मौके पर छात्र नेता ने कहा कि पिछले तीन हफ्तों से गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रख रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उल्टे छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। मजबूर होकर हमें पुतला दहन करना पड़ा है। हमारी मांग साफ है—भ्रष्टाचार बंद हो, परीक्षाओं की निष्पक्ष CBI जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

युवाओं ने 'CBI जांच करो' और 'छात्र एकता जिंदाबाद' के नारे लगाए। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती, तो आंदोलन को पूरे राज्य में और तीव्र किया जाएगा।

रांची में एसआईआर की समीक्षा: सीईओ के. रवि कुमार बोले, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्री के. रवि कुमार रविवार को निर्वाचन सदन में रांची जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ), अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर रहे थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक परिवार अथवा घर के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में सूचीबद्ध होना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नजरी नक्शे का सही ढंग से सत्यापन करना संबंधित ईआरओ की जवाबदेही है। सभी ईआरओ नजरी नक्शे के साथ-साथ गृह संख्या एवं नोशनल नंबर का भी सावधानीपूर्वक सत्यापन कर उन्हें सही ढंग से अंकित कराएं, ताकि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में विभाजित न हों। इससे बीएलओ को भी अपने क्षेत्र के मतदाताओं एवं उनके घरों की पहचान करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने इस कार्य की नियमित निगरानी करते हुए पाई गई त्रुटियों को अविलंब दूर करने का निर्देश दिया।

श्री के. रवि कुमार ने कहा कि बीएलओ द्वारा किए गए कार्याें के सही-सही निष्पादन हेतु बीएलओ सुपरवाईजर की जवाबदेही होगी। यदि किसी बीएलओ द्वारा नजरी नक्शा, घरों के नोशनल नंबर देने में त्रुटि अथवा किसी प्रकार के संशय है, तो इस हेतु उनके संबंधित बीएलओ सुपरवाईजर अपने अंतर्गत बीएलओ के कार्यों के लिए जिम्मेदारी लेंगे एवं इसे सही करेंगें। बीएलओ सुपरवाईजर अपने दायित्व में किसी प्रकार की शिथिलता दिखाते हैं, तो संबंधित ईआरओ उन पर कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना जिला निर्वाचन पदाधिकारी को समर्पित करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन, दावा-आपत्ति, नोटिस और उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की नियमानुसार गहन जांच की जाए। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकरण का निष्पादन तथ्यों एवं दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट और सकारण आदेश के माध्यम से किया जाए। सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का समुचित अवसर दिया जाना सुनिश्चित करें।

श्री के. रवि कुमार ने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने ईआरओ एवं एईआरओ को क्षेत्रीय स्तर पर एसआईआर के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को जागरूक करें कि एसआईआर के माध्यम से तैयार होने वाली मतदाता सूची को परमानेंट दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाना है। अतः प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य शामिल कराए। यह मतदाता सूची भविष्य में उनके एवं उनकी संतानों के लिए भी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में उपयोगी होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो तथा उन्हें आवश्यक जानकारी एवं सहायता सहज रूप से उपलब्ध कराई जाए। एसआईआर अथवा मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहयोग के लिए नागरिक टोल-फ्री मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को इसके प्रति भी व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से मतदाताओं की ओर से प्राप्त प्रत्येक शिकायत, सहायता संबंधी कॉल अथवा आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह सहित रांची जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।