सरकार के नेतृत्व में आमजनमानस निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर : मंत्री
*देश की आजादी में बलिदान देने वाले वीर सपूतों की स्मृति में चलाया जा रहा हर घर तिरंगा अभियान*

*हमारे देश की महान विभूतियों ने किया संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन : विधायक अमृतपुर*

*राष्ट्र की उन्नति के लिए हम सभी को करना होगा एकजुटता के साथ कार्य*

*राष्ट्र की उन्नति के लिए कर्तव्यों एवं अधिकारों के बोध के साथ जीवन में क्रियान्वयन भी अतिआवश्यक : विधायक भोजपुर*

*आजादी का वास्तविक अर्थ - अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक अनुपालन : जिलाधिकारी*

*जरूरतमंद व्यक्ति का सहयोग ही "सुशासन एवं लोकतंत्र का मूल उद्देश्य"*

*जनपद में पूर्ण भव्यता, गौरव एवं सम्मान के साथ मनाया गया 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस*

जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को किया सम्मानित


फर्रुखाबाद । 80 वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन पूर्ण भव्यता, गरिमा एवं सम्मान के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत एवं जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में मनाया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी द्वारा जे0एन0बी0 रोड स्थित भारतरत्न डॉ0 भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। राज्य मंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश कैलाश सिंह राजपूत , विधायक अमृतपुर  सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर एवं जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं स्कूली शिक्षक/शिक्षिकाओं तथा छात्र- छात्राओं द्वारा भारत सरकार के निर्देशानुसार ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत (वंदे मातरम) का उच्चारण किया गया, तत्पश्चात पूर्ण गरिमा एवं सम्मान के साथ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान (जन गण मन) का वाचन किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा सुभाष चंद्र बोस जी की मूर्ति पर माल्यार्पण तथा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

वृक्षारोपण के बाद मुख्य अतिथि मंत्री, जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं अन्य महानुभावों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा जनपद से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामचंद्र वर्मा जी की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान स्वरूप शॉल भेंट किया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम पर जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने हमें आजादी के साथ कुछ जिम्मेदारियां भी प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ- हम सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक अनुपालन करना है।

इस देश का जिम्मेदार नागरिक होने के कारण हम सभी का यह अहम कर्तव्य है, कि हम अपने आसपास के वातावरण को साफ एवं स्वच्छ रखें, यातायात नियमों का पालन करें तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करें।उन्होंने कहा कि हम सभी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करके ही भारत को विकसित राष्ट्र बना सकते हैं। इसी प्रकार जनपद के विकास के लिए जिला प्रशासन एवं जनपदवासियों को एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। हमारा यह विशेष प्रयास है कि फर्रुखाबाद में विकास हो, सड़के बेहतर हो एवं शिक्षा का विकास हो, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो, किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण मिले गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमें फर्रुखाबाद को योजनाओं के साथ व्यवहार में भी बेहतर बनाना होगा। शहर हमारा स्वच्छ रहे, हम सभी जल संरक्षण करें, पेड़ लगाए, सड़क सुरक्षा का ध्यान रखें, बेटियों की शिक्षा व सम्मान का ध्यान रखें और अफवाहों की बजाय सकारात्मक सोच का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सरकारी कुर्सी अधिकारों के साथ-साथ एक जिम्मेदारी भी है, जब कोई नागरिक कार्यालय में आता है तो वह सरकारी कर्मचारियों के प्रति एक उम्मीद लेकर आता है, इसलिए हमारा सदैव यही प्रयास होना चाहिए कि जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी कार्यालयों से सम्मान लेकर जाए, यही सुशासन और लोकतंत्र का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आज 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी यह संकल्प लें, कि हम अपने देश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाएंगे, अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी देंगे, जिस भूमिका में है उसी में ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। एक ईमानदार निर्णय, एक पौधा, एक बचाई हुई जान, एक पढ़ाया हुआ बच्चा, एक मदद किया हुआ गरीब एवं एक बेटी की सुरक्षा व सम्मान ही सही मायने में राष्ट्र निर्माण है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत माता की जय के नारे के साथ हम सभी ऐसा भारत बनाने का संकल्प लें, कि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी गर्व से कहें कि हमें ऐसा भारत विरासत में मिला है जिस पर हमको गर्व है, यही हमारी ओर से हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

स्वतंत्रता दिवस पर विधायक भोजपुर  नागेंद्र सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अपने कर्तव्यों एवं अधिकारों का बोध होने के साथ उनका अपने जीवन में पूर्ण क्रियान्वयन भी होना चाहिए, जिससे स्वतंत्रता सदैव कायम रह सके और यह देश निरंतर उन्नति के पथ पर आगे बढ़ सके।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में  विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि हमारे देश में महाभारत, रामायण एवं गीता के रचयिता सहित अनेक ऐसे महान संत हुए हैं जिन्होंने विश्व का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के इतिहास की रचना में भारत के प्रत्येक परिवार ने कोई न कोई योगदान अवश्य दिया है, इसका जीवंत उदाहरण कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व0 रामचरण वर्मा की धर्मपत्नी उर्मिला वर्मा  हैं। हमारे जनपद में महिला सशक्तिकरण के तहत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं नगर मजिस्ट्रेट के रूप में नारी शक्ति मौजूद हैं जो सत्य और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। हम सभी को एकजुट होकर देश की उन्नति के लिए कार्य करना होगा।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक  एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी 80 वें स्वतंत्रता दिवस को बड़ी ही धूमधाम से मना रहे हैं। देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में संपूर्ण भारत में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

इस जनपद में जिलाधिकारी की भूमिका अत्यधिक सक्रिय है, वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करती हैं। वर्तमान सरकार द्वारा अपराध मुक्त प्रदेश के निर्माण हेतु अपराधियों पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। देश के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम सभी निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।सांस्कृतिक कार्यक्रम के अवसर पर जनपद कवि शिवओम अंबर, जिला आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह तथा विद्यालय की छात्राओं द्वारा भारत की गौरव गाथा पर सुंदर प्रस्तुतियां प्रदान की गई, इसके उपरांत जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों को मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्रीय कारागार, जिला कारागार एवं महिला बंदी कारागार के चिकित्सालय में बंदियों से उनका कुशल क्षेम जाना गया तथा बंदियों को मिष्ठान एवं फल वितरण कर कारागार परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित अन्य महानुभाव तथा जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
तिरंगे की शान में गूंजा अमृतपुर, शहीदों को नमन कर दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ
तहसील परिसर से शहीद स्मारक तक दिखा देशभक्ति का जज्बा, राष्ट्रगान के साथ गूंजे भारत माता की जय के जयकारे

 
अमृतपुर, फर्रुखाबाद

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अमृतपुर तहसील परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। उप जिलाधिकारी श्वेता साहू ने तहसील प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
ध्वजारोहण के बाद एसडीएम श्वेता साहू ने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रहित, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करे, यही देश के प्रति सच्ची सेवा है।
इसके बाद एसडीएम श्वेता साहू अमृतपुर स्थित शहीद स्मारक पहुंचीं। यहां उन्होंने वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और लोगों ने “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के जयकारे लगाकर वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस पर तहसील परिसर से लेकर शहीद स्मारक तक राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया गया।
इस मौके पर समस्त कानूनगो, लेखपाल सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर एसबीआई अमृतपुर शाखा में शान से लहराया तिरंगा
अमृतपुर फर्रुखाबाद


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक की अमृतपुर शाखा में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। शाखा प्रबंधक विनोद कुमार यादव ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद बैंक परिसर में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का गायन किया गया।

इस दौरान बैंक परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उपस्थित बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सीएसपी संचालकों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में कैश ऑफिसर जितेंद्र राठौर, बैंक कर्मचारी तथा सीएसपी संचालक आदेश राजपूत, विपिन यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
प्रसूता से 102 एंबुलेंस कर्मियों ने मांगे ₹200, भुगतान के बाद टीकाकरण कार्ड देने का आरोप
पति बाहर मजदूरी करते हैं, परिवार चलाने के लिए कारचोप का काम करती है महिला; सीएचसी प्रभारी बोले—आरोप सही मिले तो होगी कार्यवाही


राजेपुर, फर्रुखाबाद।

सरकार की ओर से प्रसूताओं को निशुल्क स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने के दावों के बीच राजेपुर क्षेत्र में 102 एंबुलेंस सेवा पर गंभीर आरोप सामने आया है। प्रसव के बाद घर लौट रही महिला ने एंबुलेंस चालक और साथ मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों पर उससे ₹200 लेने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि रुपये देने से पहले उसका टीकाकरण कार्ड भी रोककर रखा गया।

जानकारी के अनुसार चंद्रकांति पत्नी धर्मपाल प्रसव के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंची थीं। यहां प्रसव सकुशल होने के बाद उन्हें घर पहुंचाने के लिए 102 एंबुलेंस संख्या यूपी 32 ईजी 1872 उपलब्ध कराई गई।

चंद्रकांति के मुताबिक घर लौटते समय एंबुलेंस चालक और साथ मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने उनसे ₹200 की मांग की। महिला ने कर्मचारियों को अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए कहा कि उनके पति बाहर मजदूरी करते हैं और परिवार का खर्च चलाने के लिए वह स्वयं घर पर कारचोप का काम करती हैं। आरोप है कि इसके बावजूद उनसे रुपये मांगे गए।

महिला का यह भी आरोप है कि ₹200 देने से पहले उसका टीकाकरण कार्ड नहीं दिया गया। मजबूरी में रुपये देने के बाद ही कार्ड वापस किए जाने की बात उसने कही है।

घटना का आरोप सामने आने के बाद सरकारी एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर प्रसव के बाद आर्थिक रूप से कमजोर महिला से कथित वसूली और टीकाकरण कार्ड रोकने के आरोप को स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।

महिला ने मामले की जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित एंबुलेंस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सीएचसी प्रभारी ने कही कार्रवाई की बात

मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी प्रमित राजपूत ने बताया कि यदि जांच में एंबुलेंस कर्मियों द्वारा रुपये लेने का मामला सही पाया जाता है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस शिकायत की कितनी गंभीरता से जांच करता है और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
50 लाख एवं उससे अधिक लागत के निर्माण कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*

फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत के निर्माण कार्यों (सड़कों को छोड़कर) की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
      बैठक में जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत के निर्माण कार्यों की विभागवार एवं परियोजनावार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति, पूर्णता की स्थिति तथा कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
      जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में कार्य प्रगति धीमी है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों को नियमानुसार संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए।
      जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
      सी0एम0 डैशबोर्ड पर पी0एम0 सूर्यघर योजना, 108 एवं 102 एम्बुलेंस संचालन, जिला चिकित्सालय सी0टी0 मशीन क्रियाशीलता, अण्डा उत्पादन, गौवंश सुपुर्दगी, मत्स्य उत्पादन, निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन की रैंकिंग में संबंधित अधिकारी सुधार लाएं, अन्यथा की स्थिति में कार्यवाही की जाएगी।
      बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
परमार्थ संस्थान भट्टी लगाकर बाढ़ पीड़ितों को देगा गरमा गरम भोजन
फर्रुखाबाद।
परमार्थ संस्थान के अध्यक्ष केशवभान साध विगत दो दिन से हमेशा की तरह दिल्ली से फरूखाबाद आकर जिलाधिकारी अपर जिलाधिकारी से मुलाकात की और फिर  बाढग्रस्त इलाको का सघन दौरा कर लोगो को भोजन उपलब्ध करवाया । बाढ का प्रकोप बदस्तूर जारी है केशव भान साध ने बताया कि लोगो की दिक्कत देख कर प्रशासन की डिमांड पर सोलर लाईट टार्च की पिछली बार की भाति बाटी जायेगी आज भैयन मिश्रा कोमल पांडे संजय यादव आदि के साथ दिलीप की मढैया डोलीकी मढैया मे जहा इस बार का सबसे ज्यादा मकानो का नुक्सान हुआ है खाना बांटा गया भैयन मिश्रा ने प्रशासन से मांग की कि इन बेघर हुये लोगो को तुरंत रहने के लिये जमीन का पट्टा दिया जाये केशव भान ने बताया कि परमार्थ संस्थान की तरफ से  जल्द दो तीन जगहो पर भट्टी लगाकर लोगो को भोजन उपलब्ध कराया जायेगा और जब तक लोगो को जरूरत है  भोजन बनता रहेगा
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का किया निरीक्षण, राहत कार्यों का लिया जायजा


फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा तहसील सदर के विकासखण्ड बढ़पुर अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम दिलीप की मड़ैया एवं धौली की मड़ैया का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को उपलब्ध कराए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
      जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा ग्रामीणों को आवश्यकतानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें।
      इस मौके पर जिलाधिकारी ने बच्चों को कुक्ड फूड वितरित किया साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ग्रामवासियों के बाढ़ के पानी के तेज बहाव से कट गए हैं उन्हें तत्काल शासन द्वारा जारी सहायता राशि बैंक खातों में उपलब्ध कराएं, इसके साथ ही बाढ़ के पानी के कटाव के कारण अपने आशियाने को खोने वाले ग्रामीणों की सूची तैयार कर उन्हें आवासीय पट्टे निर्गत करने हेतु पत्रालेख तैयार करने। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है तथा किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक राहत एवं सहायता से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
      निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान सहित अन्य संबंधित राजस्व एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस थीम "सशक्त युवा सशक्त भारत" पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

फर्रुखाबाद।

जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर बुधवार को जागृती स्कीम के अन्तर्गत अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह याकूतगंज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम "सशक्त युवा सशक्त भारत" निर्धारित की गई है। इस कार्यकम का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिंदिया भटनागर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों एवं युवाओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, विधिक प्रावधानों तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनकी भूमिका के संबंध में जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में किशोरों को बताया गया कि युवा किसी भी राष्ट्र की प्रगति एवं विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला होते हैं। शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं विधिक जागरूकता के माध्यम से युवा अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस दौरान किशोरों को उनके विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों, किशोर न्याय, बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किशोरों को यह संदेश दिया गया कि सशक्त युवा ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहते हुए अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी किशोरों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक एवं रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस कार्यक्रम में अधीक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, कर्मचारी, जागृति स्कीम के सदस्य परा विधिक स्वयंसेवक एवं किशोर अपचारी उपस्थित रहे।

पीएम श्री बालिका विद्यालय में हुआ कार्यशाला का आयोजन
फर्रुखाबाद।
पी एम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फ़तेहगढ़ में विकास 2026 के अंतर्गत स्टेम -रोबोटिक्स कार्यशाला का आयोजन हुआ।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से वर्टेक्स ऑफ़ आईओटी , कोडिंग , एआई स्टेम रोबोटिक्स कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष स्टेम -रोबोटिक्स वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम सेंटर फॉर डेवलपिंग इंटेलीजेंट सिस्टम्स,आईआईटी कानपुर के सहयोग तथा विज्ञान भारती ,ब्रह्मावर्त प्रान्त के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्टेम लैब फाउंडेशन नॉलेज पार्टनर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक शिवा पटेल,निखिल वर्मा ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स,कोडिंग , आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस ,आईओटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने ब्रेडबोर्ड पर सर्किट बिल्डिंग, सेंसर्स की असेंबलिंग,बेसिक प्रोग्रामिंग तथा रोबोटिक्स से जुड़ी विभिन्न हैंड्स -ऑन एक्टिविटीज में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि किस प्रकार विज्ञान एवं तकनीक का प्रयोग वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए किया जा सकता है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता,समस्या निदान कौशल , लॉजिकल थिंकिंग तथा इनोवेशन की भावना को बढ़ावा देना है। स्टेम इनफिनिटी लैब फाउंडेशन द्वारा संचालित ऐसे हैंड्स -ऑन प्रोग्राम्स विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें तकनीक के साथ प्रयोग करने और स्वयं कुछ नया बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजकों एवं प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को करके सीखने का अवसर प्रदान करना उनकी वैज्ञानिक एवं रचनात्मक क्षमता को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी जिज्ञासाओं को प्रशिक्षकों के साथ साझा किया और रोबोटिक्स एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज के बारे में नई जानकारियाँ प्राप्त कीं।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा तथा विद्यालय में नवाचार वैज्ञानिक सोच और तकनीकी आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। इस मौके पर विज्ञान भारती के कोषाध्यक्ष धीरेंद्र वर्मा शिक्षिका ज्योति अर्चना गुप्ता निर्मला सिंह एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं ।
संयुक्त संघर्ष संचालन समिति की बैठक में लिए अहम फैसले
फर्रुखाबाद l संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के प्रदेशीय आवाहन पर जनपद में एक दिवसीय संकट सभा" का आयोजन किया गया जिसमे एनपीएस यूपीएस और टेट् भारत छोड़ो के नारों के साथ विरोध प्रस्ताव पारित किया गया हुआ और इसको समाप्त करने व संविदा मानदेय कर्मी नियमित किये जाने के सम्वन्ध में राष्ट्र‌पति प्रधान मंत्री  वित्तमन्ती, राज्यपाल एवं मुख्यमन्त्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संयुक्त संघर्ष संचालन समिति आयोजित संकल्प सभा मे उपस्थित रहे।
प्रमोद कुमार दीक्षित (जिलाध्य),प्रवेश कटियार (संयोजक)
ज्ञान प्रकाश त्रिपाठ  अटलशुक्ल ,सचिन मिश्रा ,विवेक
राजेश शाक्य आदि मौजूद रहे।