CRPF जवानों और स्कूली बच्चों ने निकाली संयुक्त तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से ओत-प्रोत हुआ माहौल

रायपुर- राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 65वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा आज दिनांक 13 अगस्त 2026 को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ 65वीं वाहिनी के कमांडेंट राधे श्याम सिंह द्वारा 65 BN कैंप, तुलसी-बरादेरा, रायपुर से किया गया। इस अवसर पर अजय मणि त्रिपाठी, द्वितीय-कमांड अधिकारी, उप कमांडेंट संजीव कुमार एवं उप कमांडेंट सुधेन्द्र सिंह सहित वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

तिरंगा यात्रा 65 BN कैंप, तुलसी-बरादेरा से प्रारंभ होकर मोनेट DAV पब्लिक स्कूल पहुंची, जहां विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की। इसके पश्चात CRPF के अधिकारियों, जवानों तथा विद्यालय के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा निकाली।

सभी प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह एवं जोश के साथ “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “हर घर तिरंगा” के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।इस अवसर पर कमांडेंट राधे श्याम सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

मोनेट DAV पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत एवं प्रेरणादायक बना दिया। CRPF के अधिकारियों एवं जवानों के साथ बच्चों की संयुक्त तिरंगा यात्रा ने “राष्ट्र प्रथम, एकता और देशभक्ति” का सशक्त संदेश दिया।

65वीं वाहिनी, CRPF द्वारा आयोजित यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम एवं नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रबल करने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायक पहल रही।

 

सैनिकों के कलाइयों पर सजेंगी अम्बिकापुर की राखियां, छात्राओं ने भेजी बहादुर सैनिकों के लिए रेशम के धागे का प्यार

अम्बिकापुर- सैनिकों का सम्मान, बहनों का प्यार श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं द्वारा बनायी गयी राखियों में दिखी। महाविद्यालय की छात्राओं ने पारम्परिक रक्षाबंधन त्यौहार मनाने के लिए तैयारी पूरी कर ली हैं। मोर्चे पर तैनात सेना के जवानों, भाइयों के लिए राखियां तैयार कर प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव को मंगलवार को सौंप दिया। राखी तैयार करने वाली शिप्रा दत्ता, मीनल सिंह, रागिनी तिवारी, तृप्ति साहू, तुलसी पटेल ने बताया कि जो सैनिक इस त्यौहार पर बार्डर की सुरक्षा कर रहे हैं, घर से दूर हैं, उन तक राखी पहुंचाना हमारी एकजुटता की पहचना है। क्रिएटिविटी क्लब प्रभारी डॉ. वंदना पांडेय ने बताया कि रेशम के धागे, मोतियों और सजावटी सामग्रियों का उपयोग करके 500 से अधिक राखियां बनायी गयी हैं। छात्राओं के इस सार्थक प्रयास ने देशभक्ति, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रेरित किया है।

राखी बनाने एवं संग्रह में सहायक प्राध्यापक स्वाति शर्मा, निशा सिंह, निधि शुक्ला, साक्षी गोयल, विभा तिवारी,आदि ने सहयोग किया।

 

छात्राओं ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ; क्लब, सोसायटी की जिम्मेदारियों से हुए अवगत
लखनपुर- शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने स्टूडेंट यूनियन वेलफेयर क्लब, यूथ रेडक्राूस, स्कॉउट एंड गाइड क्लब, कल्चरल सोसायटी, इको एंड क्लीननेस क्लब, स्कूल एक्टिविटी एंड क्रिएटिव क्लब, इलेक्टोरेल लिट्रेसी क्लब, आईटी क्लब, स्पोर्ट क्लब, साईंस क्लब आदि के पदाधिकारियों के साथ प्रभारियों को शपथ दिलायी।
उन्होंने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इन क्लब , सोसायटियों के माध्यम से आप में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, अनुशासन, आत्मनिर्भरता बढ़ेेगी। प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण भी होगा। सभी में रचनात्मक गतिविधि का विकास होगा। उन्होंने छात्राओं को लोकतंत्र, मतदान, मतदाता अधिकार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। डिजिटल युग में सिटीजन से नेटीजन, लिट्रेसी से कम्प्यूट्रेसी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अनुराधा , जमिला , वंदना, नीलम, आदित्य, प्रियंका सिंह आदि ने सहयोग किया।
पत्रकारों की सुरक्षा, नौकरी और वेतन संरक्षण के लिए व्यापक कानून की मांग, IJU ने तय की आंदोलन की रणनीति

बेंगलुरु- देशभर में पत्रकारों और मीडिया संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन’ (IJU) ने मजबूत और व्यापक राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की है। बेंगलुरु में आयोजित आईजेयू की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, धमकियों और कानूनी कार्रवाई पर चिंता जताते हुए यह मांग उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता आईजेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने की।

बैठक में आईजेयू के पूर्व अध्यक्ष एवं तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी ने पत्रकार सुरक्षा से संबंधित प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है, लेकिन प्रभावी कानूनी संरक्षण के अभाव में देशभर में कार्यरत पत्रकार असुरक्षित हैं। प्रस्ताव में पत्रकारों के गोपनीय स्रोतों को भी कानूनी संरक्षण देने की मांग की गई।

वर्किंग जर्नलिस्ट कानून बहाल करने की मांग

आईजेयू ने वर्ष 1955 और 1958 के वर्किंग जर्नलिस्ट कानूनों के निरस्त होने के बाद पत्रकारों की नौकरी की सुरक्षा, वेतन संरक्षण और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए व्यापक कानून लागू करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से मीडिया संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की अपील की गई।

2 अक्टूबर को ‘पत्रकार मांग दिवस’

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महासचिव डी. सोमसुंदर ने पिछले चार महीनों की संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में छत्तीसगढ़ से राज्य सचिव सुधीर आज़ाद तंबोली, महिला प्रतिनिधि स्वाति कौशिक समेत करीब 15 राज्यों के 90 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आईजेयू ने निर्णय लिया कि 2 अक्टूबर को देशभर में ‘पत्रकार मांग दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान पत्रकार अपनी लंबित मांगों के समाधान के लिए अभियान चलाएंगे।

वहीं, 16 नवंबर यानी राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मजबूत और स्वतंत्र ‘राष्ट्रीय मीडिया काउंसिल’ की आवश्यकता को लेकर देशव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न राज्यों में गोलमेज बैठकें और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हैदराबाद में महिला पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और मीडिया की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रुपिका लॉरेंस को किया गया सम्मानित
रायपुर- इंडिया टुडे न्यूज़ द्वारा आयोजित विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए सालेम इंग्लिश स्कूल की प्राचार्य रुपिका लॉरेंस को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए रुपिका लॉरेंस के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उन्हें इसी तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

यह सम्मान रुपिका लॉरेंस के साथ-साथ सालेम इंग्लिश स्कूल, उसके शिक्षकों, विद्यार्थियों और छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन (CDBE) परिवार के लिए भी गौरव का विषय है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर

CDBE का कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। इसके लिए बच्चों को समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है।

CDBE विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उनके शैक्षणिक, मानसिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने की दिशा में कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना से भी जोड़ना है।

CDBE परिवार ने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं रामविचार नेताम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

CDBE परिवार ने कहा कि इस तरह के सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षकों, प्राचार्यों और विद्यालय प्रबंधन का उत्साह बढ़ाते हैं तथा उन्हें बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

CDBE परिवार की ओर से रुपिका लॉरेंस को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लखनपुर स्कूल में पुलिस ने छात्राओं को सिखाए सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के उपाय
अम्बिकापुर- सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों के जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर के सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें पुलिस थाना लखनपुर के प्रभारी एवं आरक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा पुलिस अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए आरक्षक दशरथ राजवाड़े ने सड़क पर सुरक्षित यातायात की जानकारी दी। सड़क दुर्घटनाओं में जान-माल की हानि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती है। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का पालन करे तो दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने के प्रति प्रेरित किया। वैध ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस होना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि स्वयं नियमों का पालन करें ही, साथ ही अपने परिवार के सदस्यों एवं परिचितों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराधों के बारे में सचेत किया। फर्जी फोन कॉल, लॉटरी का लालच, बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगना, ओटीपी प्राप्त करना डिजीटल अरेस्ट आदि की जानकारी दी। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी संदेशों एवं आकर्षक ऑफरों पर विश्वास न करें। यदि किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें तथा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं को समाधान किया गया। सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया गया।

प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया और सड़क सुरक्षा और साईबर सिक्योरिटी के लिए सावधान किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा और साईबर अपराध से बचना जरूरी : अमोलक सिंह ढिल्लो

अम्बिकापुर- प्रत्येक नागरिक को साइबर सिक्योरिटी और सड़क सुरक्षा से अवगत होना जरूरी है। इन दोनों अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह बातें शनिवार को श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लीगल लिट्रेसी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी विषय पर आयोजित कार्यशाला के दौरान मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने कही। उन्होंने कहा कि डिजीटली सावधान रहते हुए प्रलोभन से बचना होगा। उन्होंने बताया कि साइबर फ्राड करने वाले झूठे सपनों के चंगुल में फंसाते हैं। गांधीनगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा साइबर अपराध होते हैं। भारत में सबसे ज्यादा साइबर ठगों के फेक कॉल कम्बोडिया, थाइलैंड, मलेशिया से आते हैं। उन्होंने बताया कि किसी अपरचित लिंक पर क्लिक मत कीजिये तथा बिना परखे विश्वास मत कीजिये। ठग हमेशा सम्पति, विचार के साथ खेलता है, उससे सावधान रहना होगा। डिजीटल अरेस्ट में साइकोलॉजीकल दबाव बनाया जाता है जिससे बचना है।

ससे पहले अतिथियों ने मां सरस्वती और श्री साई नाथ की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत बैच लगा कर तथा पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि जीवन के लिये सुरक्षा जरूरी है जो सड़क पर हो या साइबर दुनिया की हो। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि जब सुरक्षा के मानकों की नयी तैयारी की जाती है तो साइबर ठग नये पैतरें के साथ अपराध की दुनिया में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि डिलीटल अरेस्ट, साइबर ठगी जैसे मामलों में सावधनी से बचा जा सकता है।

स दौरान प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव, एनईपी प्रभारी डॉ. आरएन शर्मा तथा लीगल लिट्रेसी क्लब के प्रभारी डॉ. दिनेश शाक्य ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो तथा डॉ. महेश मिश्रा को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मीनल सिंह तथा रागिनी शर्मा ने किया। इस अवसर पर सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सावधानी से बढ़ेगी सड़क सुरक्षा : डॉ. महेश

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित यातायात विभाग में सेवाये दे रहे डॉ. महेश मिश्रा ने कहा कि सड़कों की मूक भाषा होती है, उसकी इंजीनियंरिग, शिक्षा, कार्यवाही से यातायात सुलभ होता है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि देश में 5 लाख से अधिक सड़क दुर्घटनायें प्रतिवर्ष होती है जिसमें लगभग 2 लाख लोगों की मौत हो जाती है। भारत में दुनिया के वाहनों की एक फीसदी भागीदारी है लेकिन 12 फीसदी दुर्घटना यहां होती है। सड़कों की हालत, मवेशी, नशा, गति दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि लाइसेंस, इंश्योरेंस, प्रदूषण नियंत्रण जांच के प्रमाणपत्र अवश्य होने चाहिए। डॉ. मिश्रा ने वाहन स्वामी, यातायात के नियम, गोल्डल आवर, मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया।

लखनपुर में हर्षोल्लास के साथ मना शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत

लखनपुर- शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नवप्रवेशी छात्राओं का उत्साहवर्धन करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर में शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया।
अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों को स्वागत तिलक लगाकर, बैज पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक बेहतर व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

विधायक प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रत्येक विद्यार्थी को पूरी लगन एवं मेहनत के साथ अध्ययन करना चाहिए ताकि वे अपने परिवार, नगर एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। राजेंद्र जायसवाल ने कहा कि विद्या से बड़ा कोई धन नहीं होता। धन-संपत्ति समाप्त हो सकती है, लेकिन शिक्षा जीवनभर व्यक्ति के साथ रहती है।

एल्डरमैन प्रदीप गुप्ता ने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन एवं परिश्रम सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियाँ शिक्षित होंगी तो दो परिवारों का भविष्य उज्ज्वल होगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने कहा कि यदि जीवन में आगे बढ़ना है तो मेहनत, अनुशासन और अध्ययन को अपना साथी बनाना होगा।

भाजपा मंडल महामंत्री सचिन अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य का निर्माण केवल अध्ययन एवं अच्छे संस्कारों से कर सकते हैं। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष यतेन्द्र पांडेय ने कहा कि भारत विविधताओं में एकता का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने एवं शिक्षा के माध्यम से समाज और देश की सेवा करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर प्रवेश लेने वाली नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम के दौरान 'माँ के नाम एक पौधा' अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्री रवि अग्रवाल, मंत्री प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, भाजपा मंडल महामंत्री महेश्वर राजवाड़े, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा सनी बंसल, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष राधा दास, शासकीय हाई स्कूल, राजपुरी कला की प्राचार्य वर्षा सिंह, विद्यालय की समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन का अंजना श्रीवास्तव ने किया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

प्राध्यापकों के साथ विद्यार्थियों ने ली नशा से मुक्ति की शपथ

अम्बिकापुर- श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अम्बिकापुर शाखा की संचालिका बीके विद्या ने नशा से मुक्ति की शपथ दिलायी। उन्होंने प्राध्यापक और विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शरीर को नशा मुक्त रखने से परिवार, समाज और देश नशा मुक्त होगा। नशे से परिवार, समाज, देश को क्षति उठानी पड़ती है जो मानवता का सबसे बड़ा नुकसान है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने के लिए नशा मुक्त भारत बनाना ही होगा।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक प्राध्यापक, विद्यार्थी को नशा से दूर रहना होगा और दूसरों को नशा से रोकना भी है। डॉ. श्रीवास्तव ने इस दौरान महाविद्यालय के स्वीप अम्बेसडर निषा निशाद और चंद्र प्रकाश राजवाड़े के नाम की घोषणा की।

इस अवसर पर एनईपी प्रभारी डॉ. आर.एन शर्मा, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, लाइफ साईंस विभाग के अध्यक्ष डॉ. अरविन्द तिवारी, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिनेश शाक्य, कम्प्यूटर एंड आईटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग की प्रभारी अध्यक्ष डॉ. डॉली शर्मा, बीके पुष्पा, बीके बसमती, बीके खिलानन्द तथा सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

गुरु पूर्णिमा पर खारून दाई की महाआरती में शामिल हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी अध्यक्ष अमित बघेल

रायपुर/दुर्ग- गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (जेसीपी) के अध्यक्ष अमित बघेल ने रायपुर और दुर्ग की सीमा स्थित खारून नदी पहुंचकर खारून दाई की महाआरती में भाग लिया। जेल से रिहाई के बाद यह उनका प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम रहा, जिसमें उन्होंने अपने परिवार के साथ खारून दाई की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर रायपुर और दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अमलेश्वर थाना पुलिस बल घाट पर तैनात रहा।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महादेव घाट पर आरती के नाम पर स्थायी निर्माण कर कब्जे की कोशिश किए जाने का पहले विरोध किया गया था। बताया गया कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के सहयोग से उक्त निर्माण को हटवाया था।

विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि हटकेश्वर महादेव मंदिर के सेवादार गिरी महाराज का परिवार पिछले 11 पीढ़ियों से खारून नदी की आरती की परंपरा निभाता आ रहा है और वर्तमान में उनके पुत्र 12वीं पीढ़ी के रूप में इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।