शहीदों के सपनों का भारत बनाने में युवाओं की भूमिका अहम : शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’
- अगस्त क्रांति के महानायकों और अमर शहीदों को जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया ने किया नमन, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
लखनऊ। अगस्त क्रांति की स्मृति में जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई.) और राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच (एन.वाई.आर.एम.) के संयुक्त तत्वावधान में जीपीओ पार्क, हजरतगंज स्थित काकोरी स्तंभ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों और अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिचय दिया, वह आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब नई पीढ़ी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में युवाओं को नकारात्मक और दिशाहीन राजनीति से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक सोच को अपनाने की जरूरत है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का इस्तेमाल समाज की समस्याओं के समाधान तथा देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में करें।
‘पुष्कर’ ने कहा कि आज बड़ी संख्या में छात्र, नौजवान और रोजगार की तलाश कर रहे युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वहीं, देश के अमर शहीदों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां भय, भूख, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, जातीय भेदभाव, आर्थिक असमानता, शोषण और अन्याय के लिए कोई जगह न हो।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के भटकाव से बचें और अपनी शक्ति को रचनात्मक दिशा दें। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति यदि जागरूक, संगठित और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत केवल नारों से नहीं बनेगा। इसके लिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में लगातार प्रयास करना होगा। नई पीढ़ी को इसी संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में शशिकांत सिंह, कुनाल दीक्षित, शुभम श्रीवास्तव, अजमत उल्ला खान, एडवोकेट सुरेंद्र यादव, राजेश त्रिपाठी, लियाकत अली, राज गौतम और विनय सोनकर सहित पार्टी एवं मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रहित और समाजहित में निरंतर कार्य करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
Aug 10 2026, 09:51
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.2k